प्रदेश / छत्तीसगढ़
कांग्रेस ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को सौंपी बड़ी जिम्मदारी, रायबरेली का बनाया गया ऑब्जर्वर
रायपुर। लोकसभा चुनाव के बीच पूर्व सीएम भूपेश बघेल को कांग्रेस पार्टी (AICC) ने बड़ी जिम्मदारी सौंपी है. भूपेश बघेल को रायबरेली का सीनियर ऑब्जर्वर बनाया गया है. इस संबंध में AICC ने आदेश जारी किया है. इसके साथ ही राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत को अमेठी का सीनियर आब्जर्वर (पर्यवेक्षक) बनाया गया है.
7 लोकसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी पूरी, 1 करोड़ 40 लाख मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला, 15 हजार से अधिक मतदान केंद्रों में होगी वोटिंग
रायपुर। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 12 राज्यों की 94 सीटों पर 7 मई को वोटिंग होगी. छत्तीसगढ़ के 7 सीटों में वोट डाले जाएंगे. जिसमें रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, सरगुजा, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र में वोट डाले जाएंगे. वहीं आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की 7 लोकसभा सीटों के 58 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. इन लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 1 करोड़ 39 लाख 01 हजार 285 है. पिछले चरण की तुलना में इस बार मतदाताओं की संख्या में 9.34 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इस बार के चुनाव में 11 लाख 87 हजार 470 मतदाता नए हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि कल राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है.
7 लोकसभा सीटों में मतदाताओं का आंकड़ा
कुल मतदाता 1 करोड़ 39 लाख 01 हजार 285
पुरुष मतदाता 69 लाख 33 हजार 121
महिला मतदाता 69 लाख 67 हजार 544
तृतीय लिंग मतदाता 620
फर्स्ट टाइम वोटर्स की संख्या 3 लाख 98 हजार 416
मतदान केंद्र और ड्यूटी में तैनात कर्मियों की जानकारी-
तीसरे चरण में मतदान के लिए 77592 मतदान कर्मियों की नियुक्ति की गई है.
कूल 2809 संगवारी मतदान केंद्र बनाये गए हैं.
306 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
235 मतदान केंद्र युवाओं द्वारा संचालित होंगे.
तृतीय चरण में कुल 25 मतदान केंद्र को असुरक्षित, 1072 मतदान केंद्र को संवेदनशील घोषित किया गया है. इन मतदान केंद्रों में अतिरिक्त सुरक्षा के लिए वेब कास्टिंग, वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी. कुल 283 मतदान केंद्र shadow area के रूप में चिन्हांकित किए गए हैं.
15 हजार 701 मतदान केंद्रों में से 7887 मतदान केंद्रों पर वेब कास्टिंग की सुविधा उपलब्ध होगी.
रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, सरगुजा, रायगढ़ के 15 हजार 701 मतदान केंद्र में 37855 बैलट यूनिट, 19097 कंट्रोल यूनिट, 20984 वीवीपैट से मतदान होगा.
NEET की परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी: पहले बच्चों को बांटा गया गलत प्रश्नपत्र, फिर 45 मिनट बाद बदल दिया, आक्रोशित परिजनों ने किया हंगामा
बालोद। जिले में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET UG 2024) परीक्षा के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां परीक्षा के दौरान पहले गलत एग्जाम पेपर बांटकर छात्र-छात्राओं को कंफ्यूज किया गया, फिर 45 मिनट अन्य परीक्षा प्रश्न पत्र को भरने के बाद उसे कैंसल कर दूसरा पत्र भरने कहा गया. उसके बाद एक्स्ट्रा समय देने की बात कही और समय भी नहीं दिया गया. परीक्षा खत्म होने के बाद जब इस बात की खबर बच्चों के परिजनों को लगी तो उन्होंने परीक्षा केंद्र में हंगामा खड़ा कर दिया.
बता दें कि देश में नीट की परीक्षा मेडिकल क्षेत्र की सबसे बड़ी परीक्षा मानी जाती है. जिसके लिए इस साल पहली बार बालोद जिले में दो केंद्र बनाए गए थे. इनमें से गवर्नमेंट आदर्श हाई स्कूल में बनाए गए केंद्र में यह लापरवाही देखने को मिली है. परीक्षा हॉल से निकले बच्चों ने शिक्षकों के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि- हड्डियां टूट जाती है पढ़ाई करते-करते पैसे खर्च हो जाते हैं सुबह 3:30 बजे तक पढ़ते हैं, उसके बाद यहां पर इस तरह का रवैया किया जाता है. जिससे हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
परीक्षा केंद्र में ड्यूटी पर तैनात आत्मानंद विद्यालय के प्राचार्य अरुण साहू ने बताया कि हम अपनी गलती मान रहे हैं कि बच्चों को गलत एग्जाम पेपर दिया गया था, उन्होंने कहा कि बैंक से एग्जाम पेपर लाने में गलती हुई स्टेट बैंक और केनरा बैंक दोनों जगह नीट का एक प्रश्नपत्र जमा थे वहां से दोनों जगह से प्रश्न पत्र ले गए उसके बाद हम खुद कंफ्यूज हो गए थे, पहले बच्चों को दूसरा प्रश्न पत्र हल करने कहा गया फिर हमें लगा कि यह नहीं है तो फिर दूसरा प्रश्न पत्र दिए.
दोबारा परीक्षा कराने पर अड़े परिजन
परीक्षार्थी और उनके परिजन दोबारा परीक्षा कराने और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गए हैं. भारी हंगामे के बीच मौके पर पहुंची पुलिस टीम परीक्षार्थियों का बयान ले रही हैं.
राधिका खेड़ा के आरोप पर पीसीसी चीफ दीपक बैज का बयान, कहा- सच है कि विवाद हुआ था, क्या कार्रवाई करनी है ये पार्टी को करना है निर्णय
रायपुर। कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद राधिका खेड़ा ने आज दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस लिया. कॉन्फ्रेंस में रोते हुए उन्होंने सुशील आनंद शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए. राधिका खेड़ा के प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी मीडिया से चर्चा कर बयान दिया है. उन्होंने कहा कि दो-तीन चीज उन्होंने कहा है. मैं राम भक्त हूं और पार्टी कार्यालय में अभद्रता हुई है. मैंने एआईसीसी से इसका परीक्षण करने कहा है. मैंने जांच कर रिपोर्ट एआईसीसी को भेज दी है. आज हमारे कंट्रोल रूम में हो या अन्य जगह महिलाएं काम कर रही है. कांग्रेस में ऐसा कभी नहीं हो सकता है. उन्होंने बताया कि राधिका खेड़ा और सुशील आनंद के बीच छोटी-मोटी बहस होती रहती थी. पीसी के अधिकार को लेकर विवाद हुआ था यह सच है. रही बात राम मंदिर जाने की तो ये सही नहीं है, तो उससे किसी को कोई दिक्कत नहीं है.
राधिका खेड़ा के बीजेपी में शामिल होने की संभावनाओं पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि शामिल होना न होना उनका व्यक्तिगत निर्णय है. अगर जो गलत है तो पार्टी करवाई करेगी. राधिका खेड़ा के लगाए गए आरोपों पर पीसीसी दीपक बैज ने कहा, गुस्से में हैं तो आरोप लगा रही हैं. शराब के मामले में कुछ नहीं कहना है. कौन दोषी है उनके साथ क्या करना ये पार्टी को निर्णय करना है.
राधिका खेड़ा के भूपेश बघेल समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात करने के विषय पर दीपक बैज ने कहा कि उन दोनों के बीच क्या बात हुई इसपर मैं कुछ नहीं कह पाऊंगा. अभी देखेंगे आगे जो भी पार्टी का निर्णय होगा.
राधिका खेड़ा के इस्तीफे पर पीसीसी चीफ बैज ने कहा, पार्टी के निर्णय का करना था इतंजार
रायपुर। कुछ दिन पहले राधिका खेड़ा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला पर अभद्रता करने का आरोप लगाया था और रविवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दी. उनके इस्तीफे के बाद से कांग्रेस पर लागतार सवाल उठ रहे हैं और भाजपा आरोप लगा रही है. वहीं भाजपा वरिष्ठ नेता और विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राधिका खेड़ा को कांग्रेस से उन्हें न्याय नहीं मिला, वे अपमानित हुई. उनके अपमान से छत्तीसगढ़ का सर शर्म से झुक गया है. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. कांग्रेसियों ने उनका अपमान किया इसलिए भाजपा की ओर आ रही हैं. इसके साथ ही अजय चंद्राकर ने अन्य मुद्दों पर भी बयान दिया है.
मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अजय चंद्राकर ने राधिका खेड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा देने पर कहा कि कांग्रेस से उन्हें न्याय नहीं मिला, वे अपमानित हुई. उनके अपमान से छत्तीसगढ़ का सर शर्म से झुक गया है. दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि कोई प्री प्लान नहीं होता, क्या अपमान प्री प्लान होता है ? लड़ाई झगड़ा प्री प्लान नहीं होता. कांग्रेसियों ने उनका अपमान किया इसलिए भाजपा की ओर आ रही हैं.
इसके साथ ही राधिका खेड़ा के सुशील आनंद शुक्ला पर एफआईआर की मांग पर अजय चंद्राकर ने कहा, एफआईआर करवाना चाहिए और तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है. राधिका के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा पर चंद्राकर ने कहा कि हर राष्ट्रवादी का बीजेपी में स्वागत है. जो राष्ट्र को प्रेम करता है, उसका बीजेपी में स्वागत है.
तीसरे चरण के चुनाव को लेकर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि बीजेपी पूरी तरह से आश्वस्त है. भाजपा के पक्ष में नतीजें आयेंगे. भाजपा प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी. कांग्रेस चुनाव लड़ने की औपचारिकता कर रही है.
आचार संहिता में रायपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अब तक 2 करोड़ 77 लाख की जब्तियां
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 7 मई को रायपुर सहित 7 सीटों पर मतदान होने हैं। चुनाव के चलते आचार संहिता में रायपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई और धरपकड़ की है।
आपको बता दें, लोकसभा चुनाव के चलते 16 मार्च से प्रदेश में आचार संहिता लागू है। इस दौरान रायपुर पुलिस ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 3997 स्थाई/गिरफ्तारी वारंटों की तमीली, 6544 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, 4723 लीटर अवैध शराब और 1करोड़ 71 लाख नगद सहित कुल 2 करोड़ 77 लाख की जब्तियां की है।
विरूद्ध आर्म्स एक्ट
रायपुर पुलिस ने 125 आरोपियों के विरूद्ध आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की है, जिसमें से 122 आरोपियों के कब्जे से धारदार चाकू एवं 03 आरोपियों के कब्जे से फायर आर्म्स जप्त किए गए। वहीं कुल 1 हजार 838 हथियार लायसेंसधारी लोगों में से 1 हजार 549 लोगों के हथियार जमा कराये गये और बाकी के 244 लोगों को विशेष संस्थानों के सुरक्षा में तैनाती के चलते छूट प्रदान की गई। इसके अलावा, दण्ड प्रक्रिया संहिता के विभिन्न प्रतिबंधात्मक धाराओं 107, 108, 109, 110, 151, 116(3) के तहत कुल 6,544 आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई करने के साथ ही 923 आरोपियों के विरूद्ध बाउंड ओव्हर की कार्रवाई भी की गई है।
लंबे समय से फरार आरोपीयों को जेल
आचार संहिता के दौरान पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए लंबे समय से पेंडिंग 3127 स्थाई वारंट और 870 गिरफ्तारी वारंट मिलाकर 3 हजार 997 स्थाई/गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की और वारंटियों को कोर्ट में पेश किया। इसके साथ ही लंबे समय से फरार आरोपी भी जेल भेजे गए।
बड़ी रकम में नगद कैश जब्त
राजधानी पुलिस ने कुल 1 करोड़ 71 लाख 55 हजार 780 रूपये नगद कैश जप्त कर आगे की कार्रवाई के लिए इनकम टैक्स विभाग और इलेक्शन कमिशन द्वारा गठित कमेटी को सौंपा। वहीं आबकारी एक्ट के मामलों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब के परिवहन/भण्डारण या बिक्री करने वाले आरोपियों से कुल लगभग 19 लाख 50 हजार 620 रुपए के कीमत की 4,723 लीटर शराब जब्त कर आरोपियों पर कार्रवाई की।
बड़ी मात्रा में चांदी सहित नशीले पदार्थ जब्त
आचार संहिता के दौरान रायपुर पुलिस ने नारकोटिक्स एक्ट के प्रकरणों में कुल 50,93,818/- रूपये के नशीले पदार्थ जब्त कर आरोपियों पर कार्रवाई की। इसके अलावा लगभग 33,01,400/- रूपये की चांदी सहित अवैध रूप से बाटने के लिये रखे गए सामान जब्त कर कार्रवाई की। इस तरह आचार संहिता से अब तक राजधानी पुलिस ने कुल 2,77,22,793/- रूपये कीमत की मशरूका जब्त की है।
आपको बता दें, जिले में 24 फ्लाईंग स्क्वॉड टीम और 25 एस.एस.टी द्वारा सभी प्रकार के गाड़ियों सहित संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार चेकिंग की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने ली अम्बेडकर अस्पताल की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश
रायपुर। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने आज पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर एवं इससे संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर अस्पताल एवं डीकेएस अस्पताल की आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर उच्च अधिकारियों की बैठक ली तथा मरीजों की जाँच एवं उपचार व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में उनके साथ विशेष सचिव स्वास्थ्य चंदन कुमार, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ऋतुराज रघुवंशी, चिकित्सा महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. तृप्ति नागरिया एवं सीजीएमएससी की एमडी पद्मिनी भोई साहू भी मौजूद रहीं।
अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों की उपचार व्यवस्था एक अति आवश्यक सेवा में से एक है, इसलिए विभिन्न बीमारियों की खून संबंधी वे सभी जाँच जो वर्तमान में रीएजेंट्स की कमी के कारण नहीं हो पा रहे हैं, उनके लिए आदर्श आचार संहिता के मद्देनज़र छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियम को ध्यान में रखते हुए सीजीएमएससी के साथ समन्वय स्थापित कर अतिशीघ्र व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने एक शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से दूसरे शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में अति आवश्यक कन्स्यूमेबल एवं रीएजेंट्स के लिए इंटर मेडिकल कॉलेज ट्रांसफर (अंतर चिकित्सा महाविद्यालयीन स्थानांतरण) व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डी के एस अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिप्रा शर्मा, उप अधीक्षक डॉ. हेमंत शर्मा, चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल, डॉ. देवप्रिय रथ, प्रशासनिक अधिकारी रंजना ध्रुव, लेखा अधिकारी ऋतु कौशिक, डॉ. दिवाकर धुरंधर तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बृजमोहन अग्रवाल के समर्थन में आया पसमांदा मुस्लिम समाज
रायपुर। कांग्रेस की एक ही नीति रही है फूट डालो और राज करो। कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा ही अंतर रहा है। उसने वोट बैंक के चलते तुष्टिकरण को बढ़ावा दिया है लेकिन मुसलमान के साथ भी न्याय नहीं किया। आज भी मुस्लिम समाज का एक बड़ा वर्ग आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर है उनमें ही एक है पसमांदा मुस्लिम।यह समुदाय भारत के सामाजिक ताने-बाने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसको बुनियादी सुविधाएं से भी वंचित रखा गया है।
रविवार को रायपुर में पसमांदा मुस्लिम समाज, रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के समर्थन में आगे आया। कैलाशपुरी स्थित भाजपा कार्यालय तत्पर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पसमांदा मुस्लिम ने बृजमोहन अग्रवाल के पक्ष में वोट देने की बात कही।
समाज के लोगों का कहना था कि कांग्रेस ने हमेशा से ही उनके साथ छल किया है जबकि भाजपा ने सही मायने में समाज का साथ दिया है। आज केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का फायदा पसमांदा मुस्लिम समाज को भी मिल रहा है। महतारी वंदन, उज्जवला गैस कनेक्शन , मुफ्त में राशन, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य लाभ, मुद्रा योजना के अंतर्गत ₹50000 तक का लोन सभी सरकारी योजनाओं का फायदा पसमांदा समाज को भी मिल रहा है इसीलिए समाज ने निर्णय लिया है कि वह समाज और राज्य के विकास के लिए भाजपा को वोट देंगे और रायपुर में बृजमोहन अग्रवाल को प्रचंड मतों से जीता कर एक नया इतिहास बनाएंगे।
समाज के लोगों संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास की विचारधारा पर काम करती है। भाजपा के लिए सभी नागरिक एक समान है कांग्रेस ने हमेशा से ही मुसलमानों को डरा कर वोट हासिल किए हैं अब वक्त आ गया है कि लोग कांग्रेस की चल को समझ गए हैं और भाजपा के साथ आ रहे हैं।
कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल के साथ विधायक मोतीलाल साहू,
भारतीय पसमांदा महिला मुस्लिम मंच राष्ट्रीय अध्यक्ष नौरीन, प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल हफीज, महामंत्री फिरोज गांधी, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा नरगिस अख्तर, कोषाध्यक्ष मोहम्मद खान, शाइस्ता सिद्दीकी आसिफ कुरैशी, आयशा खान, सायरा समेत हजारों की संख्या में मुस्लिम उपस्थित रहे।

अपने बृजमोहन के माथे विजय तिलक लगाने रायपुर में उमड़ा जन सैलाब...
लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन रायपुर ग्रामीण विधानसभा में बृजमोहन का रोड शो
रायपुर। बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर में अपने रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं देश के उन चंद सौभाग्यशाली लोगों में शामिल हूं जिन्हें जनता ने आठ बार निरंतर अपना आशीर्वाद दिया और विधायक बनाया। अब रायपुर की जनता और मेरे समक्ष एक कीर्तिमान बनाने का अवसर है। और वह कीर्तिमान प्रचंड जीत का है। आपने मुझे लगातार 35 वर्षों से जांचा और परखा है। मेरे काम को सराहा है। अब आपका यह बृजमोहन रायपुर लोकसभा से भाजपा सांसद बनने के लिए पुनः आपके पास आशीर्वाद लेने आया हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि मेरे माथे आप विजय तिलक जरुर लगाएंगे और मुझे बड़ी जीत दिलाकर दिल्ली भेजेंगे।
बृजमोहन अग्रवाल का रोड शो रायपुर ग्रामीण विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों में हुआ। जिसका प्रारंभ पाटीदार भवन से होकर भानपुरा में रोड विजय द्वार, तालाब चौक, रामेश्वर नगर,रिंग रोड गोगांव, सोनडोंगरी, मजदूर नगर चौक सरोरा मेन रोड सरोरा बाजार चौक,उरला बाजार चौक अछोली बाजार चौक, बिरगांव बाजार चौक, बुधवारी बाजार, व्यास तालाब, रावण भाटा आदि क्षेत्रों में हुआ। इस दौरान अपने रथ रूपी चुनावी वाहन से जनता को संबोधित करते हुए बृजमोहन ने कहां की पिछले 10 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र की हमारी भाजपा सरकार ने भारत देश को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हर क्षेत्र में हमारा देश आज दुनिया के अन्य देशों के मुकाबले अग्रिम पंक्ति पर खड़ा है। आज हमारा भारत विश्व की पांचवी आर्थिक महाशक्ति है। दुनिया हमारे ताकत का लोहा अब मानने लगी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की हमारी भाजपा सरकार प्राथमिकता के साथ जनता की सेवा में तत्पर है। सभी जाति व धर्म के लोगों को समान भाव से देखते हुए सबके बेहतरी के लिए काम कर रही है। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला योजना के तहत बहनों को गैस सिलेंडर, घर-घर नाल लगाने की योजना जैसे बहुत से कम है जो आम लोगों की जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में सहायक सिद्ध हुआ है। बेरोजगार युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट के अनेक प्रोग्राम बने है उन्हें सरकारी योजनाओं के तहत लोन देकर व्यापार में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आप सड़कों का जाल देश में देखा ही रहे हैं।
इस दौरान रायपुर ग्रामीण विधानसभा के विधायक मोतीलाल साहू ने भी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की हमारी मोदी सरकार यानी भाजपा सरकार फिर से बड़ी जीत के साथ सरकार बना रही है। अबकी बार 400 पार का आंकड़ा पार करने जा रही है। ऐसे में रायपुर लोकसभा की जनता ने अपने लाडले नेता बृजमोहन अग्रवाल को देश में सबसे बड़ी जीत दिलाने का मन बना लिया है। इसके लिए 7 मई को अपने एक नंबर नेता को 1नंबर का बटन दबाकर जीत दिलाने का रही है।
इस रोड शो में सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं हजारों की संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे। जगह-जगह लोगों ने विशेष रूप से महिलाओं ने अपने बृजमोहन अग्रवाल की आरती उतार कर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और माथे तिलक लगाकर जीत का आशीर्वाद दिया।

राधिका खेड़ा के इस्तीफे पर सीएम साय का कांग्रेस पर तंज, कहा- नारी न्याय की बात करने वालों की कथनी और करनी में फर्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीन जिलों में चुनावी सभाएं ली. चुनावी दौरे से राजधानी रायपुर लौटे सीएम साय ने कहा कि तृतीय चरण का चुनाव प्रचार थम गया. आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का सूरजपुर में रैली हुई. सभा में भारी संख्या में लोग आए थे. सीएम साय ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के करकमलों से चुनाव प्रचार समाप्त हुआ. जहां भी हमारे नेता गए वहां भाजपा के पक्ष में माहौल है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता राधिका खेड़ा के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा.
सीएम साय ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की महिला कांग्रेस प्रवक्ता अपमानित हुई हैं. नारी न्याय की बात करने वालों की कथनी और करनी में जमीन आसमान का फर्क है. कांग्रेस की आज दुर्गति हो रही है. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने देश में एक छत्र शासन किया वो विलुप्त होने की कगार पर हैं.
सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस प्रभु राम विरोधी है. कांग्रेस ने राम भगवान पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया था. प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण भी उन्होंने स्वीकार नहीं किया था. भगवान राम का निमंत्रण हर कोई स्वीकार करता है. उसमें शामिल होना या नहीं होना यह अलग बात है. पर निमंत्रण अस्वीकार कर क्या जताना चाहते हैं. यही जताना चाहते हैं कि प्रभु राम विरोधी हैं. जम्मू कश्मीर में हुए आतंकी हमले पर सीएम साय ने कहा पहले की अपेक्षा घटनाएं कम हो रही है. पहले रोज होती थी, जब से मोदी सरकार आई है तब से पत्थरबाजी नहीं हो रही है.
सड़क पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 10 गांव के ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान
कोरबा। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव को केवल एक ही दिन बाकी है। ऐसे में 10 गांव ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला कर लिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि, अब तक उन्हें मूलभूत सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है।
बता दें, प्रदेश के गांव- पाली,पडनिया,जटराज,सोनपुरी,खोडरी, आमगांव, खैरभवना,कनबेरी,रिसदी समेत कई गांव के लोगों ने बैठकें कर मतदान नहीं करने का फैसला किया है। इस बैठक में महिला पुरुष और युवा भी शामिल रहे। ग्रामीणों में उनकी मांगे पूरी नहीं करने को लेकर भारी आक्रोश है।
लंबे समय से कर रहे मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें एसईसीएल (SECL) द्वारा मुआवजा, नौकरी, सड़क, पानी, बिजली समेत मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा गया है। उनका कहना है कि, वे काफी लंबे समय से मांग कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी उनकी मांगों को सरकारें पूरी नहीं कर पाईं।
सूरजपुर में नड्डा बोले-समय आ गया है विकसित भारत के संकल्प का, पहले वोट बैंक की राजनीति होती थी, मोदी जी ने तरीका बदल डाला
सूरजपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सूरजपुर के हाईस्कूल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया। नड्डा भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज के पक्ष में प्रचार किया। सरगुजा में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 7 मई को होंगे। इसके साथ ही तीसरे और अंतिम चरण का शोर शाम 5 बजे थम जाएगा। 13 दिन में जेपी नड्डा का यह दूसरा दौरा होगा।
कांग्रेसी और गठबंधन वाले भ्रष्टाचारियों को बचाने में जुटे। मोदी जी कहते हैं भ्रष्टाचारियों को हटाओ और ये कहते हैं भ्रष्टाचारियों को बचाओ। कांग्रेसियों ने कोयला घोटाला किया। चीनी घोटाला, 2G घोटाला किया।
राजनीति में उजाले का महत्व समझने है तो अंधेरे की त्रासदी को पहले जानो। अगर आपको ये पता न हो की अमास्या की अंधेरी रात कैसी होती है, तो पुण्यवासी का मजा नहीं आता है। सरगुजा में 23 एकलव्य मॉडल के स्कूल खोले गए हैं। अंबिकापुर के रेलवे स्टेशन को नाया बनाया जा रहा है। उस पर 34 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।
सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मैंने आपसे वादा मांगा था कि छत्तीसगढ़ में कमल खिलाइए। आपने इसके बाद यहां मजबूत सरकार बनाई। 7 मई को सभी लोग वोट डालेंगे। आपने मन तो बना ही लिया है। क्योंकि जो लोग इतनी गर्मी में भी डटे हैं। उन्होंने फैसला कर लिया है कि चिंतामणि तो लोकसभा भेजना है। यह चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में है।
देश का हर एक-एक सिख भाजपा के लिए वोट करेगा, मोदी ने सिख कौम का मान बढ़ाया
रायपुर। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आज आयोजित पत्रकार वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के हाथ सिखों के खून से रंगे हैं। उन्होंने 1984 में हुए दंगे का भी जिक्र किया। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव में सिख कौम शत प्रतिशत मतदान करें इसके लिए हम सभी पंजाबी और सिख समाज से एक वार्ता रखीं हैं। जिसमें गुरूद्वारा कमेटी के प्रबंधक और अध्यक्ष शामिल हो रहें हैं। छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटें जीताकर मोदी को दें तो उसमें हमारे समाज के वोटों की भी भागीदारी सुनिश्चित हो। 75 साल के इतिहास में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असंभव के बराबर काम किए हैं। कांग्रेस ने सिखों के पवित्र स्थल दरबार साहिब में टैंकों से हमला कराया था। हमारे पवित्र स्थल अकाल तख्त को गिराने का प्रयास किया। गुरू ग्रंथ साहिब के सीने में गोलियां तक उतारी। बेगुनाहों को दरबार साहिब में कुचला।
भाजपा राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि देश में 8 हज़ार सिखों को मरवाने का काम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इन दंगों में शामिल जगदीश टाइटलर, सच्चर, और कमलनाथ जैसों को जेल में डालने का काम किया। गुरू नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर करतारपुर साहिब को खोलवाया अब दुनिया का कोई भी व्यक्ति बिना पासपोर्ट के दर्शन करने जा सकतें हैं। श्री सिरसा ने आगे कहा कि दिल्ली में बाबर, अकबर और औरंगजेब रोड इनका इतिहास किताबों में पढ़ाया जाता था इनका नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह संदेश दिया कि यह देश इनके नहीं गुरुनानक देव जी और गुरु तेग बहादुर जी के नाम से जाना जाएगा। गुरू तेग बहादुर जी के 400वें साला दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लालकिले पर खड़े होकर कहा कि यही लालकिला है जहां से औरंगजेब ने गुरू तेग बहादुर जी की शहादत का फरमान सुनाया था। हमें इस बात पर फक्र है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरू गोविन्द सिंह जी के पुत्रों वीर शहजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की शहादत में वीर बाल दिवस घोषित किया। जिनको 9 और 7 वर्ष की आयु में दिवाल पर चुनवाकर शहीद किया था।
भाजपा राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी है जिसने हमारे पवित्र स्थलों तोपें चलायी और एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं जिन्होंने अफगानिस्तान में जब सिखों पर तालीबानियों ने हमला किया तो एयरफोर्स भेजकर उन्हें बाहर निकाला और पवित्र गुरूगंथ साहिब के स्वरूप को एयरपोर्ट पर केंदीय मंत्री हरदीप पुरी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लेनें गये और सिर पर रखकर सेवा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा कि मुझे सेवा करने का अवसर मिला। हम चाहते हैं कि सिख समाज का एक एक युवा मतदाताओं से मिले और मतदान करने जाएं। एक तरफा वोट भाजपा में पड़ना चाहिए। जब केंद्र में एनडीए की 400 सीटें वाली सरकार बनें तो हम कह सकें हम हैं मोदी का परिवार।
पत्रकार वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, आरंग के विधायक गुरु खुशवंत साहेब, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत छाबड़ा, स्टेशन रोड़ गुरूद्वारा कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र छाबड़ा सहित सिख समाज के लोग उपस्थित थे।
राधिका खेड़ा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खगड़े को पत्र लिखकर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. इसके साथ ही राधिका ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर अपना प्रोफाइल फोटो बदलकर अयोध्या के राम मंदिर के आगे खींची गई फोटो को लगा दिया है.
बता दें कि राधिका खेड़ा ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रवक्ता के व्यवहार को लेकर कांग्रेस आलाकमान से शिकायत की थी, जिसके बाद हाई कमान के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच समिति का गठन किया था, जिसकी रिपोर्ट कल हाई कमान को भेज दी गई है. जांच समिति की रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई होती, इसके पहले ही राधिका खेड़ा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है.
लोकसभा निर्वाचन 2024 : अपना बूथ जीतो अभियान में पहुंचे मतदाता मतदान केन्द्र
रायपुर। लोकसभा चुनाव-2024 के परिपेक्ष्य में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा एक दिवसीय अपना बूथ जानो अभियान चलाया गया। इसके तहत मतदाताओं ने अपने मतदान बूथ पहुंच कर विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह फॉरेस्ट कॉलोनी और बी.पी. पुजारी स्कूल मतदान केन्द्र पहुंचे और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही सभी विधानसभा के एआरओ भी अपने मतदान केन्द्र गए और आवश्यक जानकारी ली।
इस बार मतदान केन्द्र में मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई है। जह जहां नींबू पानी और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है वहीं मतदाताओं के बैठने के लिए बेंच लगाए गए हैं, यहीं नही यथासंभव प्रतिक्षा कक्ष भी बनाए गए हैं। इसके अलावा सेल्फी बूथ की व्यवस्था की गई है, ताकि वे मतदान करने के बाद सेल्फी ले सकें।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार इस बार कर्मचारी कल्याण को भी केन्द्र में रखा गया है। हर बूथ में कर्मचारियों के रूकने की उत्तम व्यवस्था की गई है जिसमें कूलर, पेयजल और शौंचालय इत्यादि भी शामिल है।
एक-एक लाख के तीन ईनामी माओवादियों के साथ 35 ने किया आत्मसमर्पण…
दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर के तीनों जिले के सरहदी इलाकों में सक्रिय 35 माओवादियों ने एक साथ आत्मसमर्पण किया है, इनमें से तीन माओवादियों पर शासन की ओर से एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था.
दक्षिण बस्तर में पुलिस व सीआरपीएफ का माओवादियों पर बढ़ते दवाब का परिणाम नजर आने लगा है. जिसके असर के तौर पर सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में सक्रिय 35 माओवादियों ने एक साथ आज समर्पण किया है. आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की मौजूदगी में मीडिया को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि माओवादी खोखली विचार धारा को समझ चुके हैं. जो लोग नक्सली संगठन को छोड़ कर आ रहे हैं, उनको शासन की पुनर्वासनीति का पूरा लाभ मिलेगा.
कलेक्टर और एसपी ने बसों में यात्रियों को मतदान करने दिया निमंत्रण, पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाल कर बताई मौजूदगी
बलौदाबाजार। लोकसभा चुनाव के तृतीय चरण में 7 मई को मतदान होना है. इसमें सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ ही मतदाताओं को निर्भिकता और बिना डर भय के मतदान के प्रति जागरूक करने और पूर्ण सुरक्षा की गारंटी के साथ कलेक्टर और एसपी के नेतृत्व में पुलिस ने जिले में फ्लैगमार्च निकाला. इसके साथ ही नगर के चौक चौराहे के साथ आम नागरिकों एवं बसों में सफर करने वाले यात्रियों को मतदान के लिए निमंत्रण कार्ड देकर 7 मई को मतदान करने के लिए आमंत्रित किया.
वही बस में सफर कर रही पहली बार मतदान करने वाली शैल बाला मिश्रा ने कलेक्टर व एसपी के इस तरह आमंत्रण देने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि आज बहुत अच्छा लग रहा है कि कलेक्टर व एसपी बस में आकर आमंत्रित किए हैं और मोटिवेट किए हैं मैं अब निश्चित मतदान करूंगी.
कलेक्टर केएल चौहान ने कहा कि जिला प्रशासन 7 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तैयारी कर चुका है. वाहनों की व्यवस्था के साथ ही मतदान दलों के रूकने की पूरी व्यवस्था है तथा पुलिस भी सुरक्षा के लिए तैयार है. इसी क्रम में हमने फ्लैगमार्च निकाला है. साथ ही नगर के नागरिकों, बसों में सफर करने वाले यात्रियों को आमंत्रण पत्र देकर मतदान के लिए आमंत्रित किया है.
एसपी सदानंद कुमार ने बताया कि लोकसभा चुनाव शांतपूर्ण तरीके से संपन्न हो इसलिए पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल व पुलिस के अधिकारी व जवान तैयार है. आज हमने फ्लैगमार्च निकालकर लोगों को संदेश दिया है कि लोग निर्भिकता पूर्वक मतदान करें.