प्रदेश / छत्तीसगढ़
डीएमएफ की राशि का उपयोग जनहित से जुड़े कार्यों में की जाए : मंत्री लखनलाल देवांगन
रायपुर। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा है कि डीएमएफ की राशि गाइडलाइन के अनुरूप व्यय की जाए। उन्होंने कहा कि डीएमएफ मद के अंतर्गत जिले में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधा सहित आवश्यकतानुसार अधोसंरचना की पूर्ति की जा सकती हेै। वे आज कोरबा में आयोजित जिला खनिज न्यास संस्थान के शासी परिषद को सम्बोधित कर रहे थे, बैठक में उन्होंने डीएमएफ के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा आदिवासी बाहुल जिला है और प्रधानमंत्री ने जिले के खनिजों से प्राप्त रायल्टी से संबंधित जिले के विकास हो सके इसके लिए अनेक अधिकार परिषद को दिए हैं। डीएमएफ से जिले में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधा सहित आवश्यकतानुसार अधोसंरचना की पूर्ति की जा सकती हेै। बैठक में उन्होंने विभागों और जन प्रतिनिधियों से प्राप्त विकास कार्यों के प्रस्तावों पर चर्चा की और कहा कि जिले के विकास से संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र ही प्रस्तुत करें। विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक रामपुर फूलसिंह राठिया और जिला पंचायत अध्यक्ष शिवकला कंवर ने भी सम्बोधित किया। कलेक्टर अजीत वसंत ने शासी परिषद अन्तर्गत बैठक के विषय में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में शासी परिषद के सभी सदस्य, अधिकारी पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ संबित मिश्रा, डीएफओ अरविंद पीएम, कुमार निशांत, नगर निगम कोरबा आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई उपस्थित थीं।
प्रस्तावों, कार्य योजनाओं पर हुई चर्चा -
बैठक में नोडल अधिकारी, अपर कलेक्टर दिनेश कुमार नाग ने बताया कि सेक्टर अनुसार प्रगतिरत कार्यों की जानकारी, अप्रारंभ कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। जिला खनिज न्यास संस्थान अन्तर्गत अन्य जिलों को राशि अन्तरण उपरांत कुल प्राप्त राशि 2274.53 करोड़ में से 2134.84 करोड़ व्यय होने तथा 139.70 करोड़ राशि शेष होने की जानकारी प्रदान की गई। प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के प्रावधानों के अन्तर्गत 60 प्रतिशत कार्यों को उच्च प्राथमिकता क्षेत्र एवं 40 प्रतिशत कार्यों को अन्य प्राथमिकता के क्षेत्र में शामिल किया गया है।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल बघेल ने मूढ़ीपार मेले का किया शुभारंभ
रायपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयाल दास बघेल आज बिलासपुर जिले के ग्राम मूढ़ीपार में सतनामी समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
मंत्री श्री बघेल ने संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुरूघासीदास ने मनखे-मनखे एक समान का संदेश दिया है। इसके जरिए हम सब आपस में मिलजुल कर एक रहे। उन्होंने कहा कि किसानों को अब धान बेचने के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नही होगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 फरवरी तक धान बेचने के लिए तारीख बढ़ा दी है। शनिवार और रविवार को भी किसान अपना धान आसानी से बेच सकेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशन कार्ड के नवीनीकरण का कार्य 25 जनवरी से जारी है। राशनकार्ड धारी हितग्राही खाद्य विभाग के नए मोबाईल एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 फरवरी तक प्रस्तुत कर सकते है। ऐसे हितग्राही जिनके पास एंड्राईड मोबाईल नही है अथवा जहां मोबाईल कनेक्टिविटी नही हैं। वे हितग्राही शासकीय उचित मूल्य की दुकान (पीडीएस) में जाकर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डो के नवीनीकरण हेतु अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते है।
सेवानिवृत्त आईपीएस राजेश मिश्रा पीएचक्यू में ओएसडी नियुक्त, आदेश जारी…
रायपुर। सेवानिवृत्त आईपीएस राजेश कुमार मिश्रा को पुलिस मुख्यालय में बतौर विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी पदस्थ किया गया है. यह संविदा नियुक्ति पुलिस मुख्यालय के रिक्त असंवर्गीय पद के विरूद्ध एक वर्ष की अवधि अथवा आगामी आदेश तक के लिये प्रदान की गई है.
फाइनेंस ब्रोकर के यहां आईटी का छापा
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से आईटी की कार्रवाई जारी है. आज टीम ने राजनादगांव के फाइनेंस ब्रोकर नंदू सोनी के यहां छापा मारा है. आईटी के अधिकारी 3 गाड़ियों में राजनांदगांव पहुंचे है. रामाधीन मार्ग स्थित नंदू सोनी के यहां कार्रवाई जारी है.
इससे पहले आईटी की टीम ने बुधवार की सुबह प्रदेशभर में 45 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, प्रदेश के बड़े कारोबारियों और बिल्डर्स के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है. अब तक आईटी की टीम ने करोड़ों रुपये नगदी समेत जेवर और अहम दस्तावेज जब्त किए हैं.
रायपुर, दुर्ग, भिलाई, रायगढ़ समेत प्रदेश के कई जिलों में पिछले 48 घंटों से आयकर विभाग की छापेमार कार्रवाई जारी है. चौहान बिल्डर्स, प्रदीप जैन, विजय जैन, संदीप जैन, पप्पू बंसल, चंद्रभान शेरवानी समेत 47 ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. इन छापेमारी कार्रवाई में आयकर विभाग के सीनियर ऑफिसर भोपाल से रायपुर पहुंचे हुए हैं.
खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा - मंत्री टंकराम वर्मा
रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने आज राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंग जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित नेशनल ताइक्वांडो का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी है। मंत्री श्री वर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने दो दिनों तक चलने वाले इस राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से आये खिलाड़ियों को उन्होंने शुभकामनाएं दी। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 25 राज्यों के 800 खिलाड़ी शामिल हो रहे है। विभिन्न राज्यों से आए ताइक्वांडो के नन्हें-नन्हें 14 बालक और 14 बालिका खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का आईटी छापे पर बड़ा बयान
सूरजपुर। सूरजपुर में आज महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सूरजपुर दौरे पर पहुंची। जहां मीडिया से चर्चा करते हुए 1 मार्च से महतारी वंदन योजना लागू होने के मामले में कहा कि, मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के बैठक में योजना पर मंजूरी दे दी है। सभी महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए मार्च से आने शुरु हो जाएंगे। वहीं पूर्व खाद्य मंत्री के यहां आई टी के छापे में कहा कि, पिछली सरकार भ्रष्टाचार करके बैठी है और भ्रष्टाचार निकल कर सामने आ रहा है।
वहीं राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा छत्तीसगढ़ में आने को लेकर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़ें ने कहा कि राहुल गांधी या कांग्रेस के कोई भी नेता आने से फर्क नहीं पड़ेगा। केंद्र में मोदी सरकार ही बनेगी। वही दूसरी ओर केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से भी मुलाकात के मामले में उन्होंने कहा कि फिल्हाल सौजन्य भेंट हुई है आने वाले समय में उनके मार्गदर्शन में काम होगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का किया अनावरण
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायगढ़ में शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में स्थापित शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की प्रतिमा का अनावरण किया, इस दौरान वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी की माता आशा त्रिपाठी व पिता सुभाष त्रिपाठी उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार, बीते 13 नवंबर 2021 को मणिपुर में आतंकवादी हमले में कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनकी पत्नी अनुजा त्रिपाठी और 6 वर्षीय पुत्र अबीर त्रिपाठी शहीद हुए थे। भूतपूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों द्वारा सलामी दी गई। शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के अमर शहादत को नमन करने परिवारजनों के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शहर के नागरिक व आमजन कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।
शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी ने 13 नवंबर 2021 को म्यांमार सीमा से लगे विहाँग में अलगाववादी समूह द्वारा घात लगाकर किए हमले में अपने जवानों को बचाते हुए अंतिम गोली तक मुकाबला किया और सर्वोच्च बलिदान देते हुए अपनी पत्नी अनुजा, बेटे अबीर के साथ वीरगति को प्राप्त हुए थे। सेना की ओर से ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, ब्रिगेडियर आशीष दास मंच पर उपस्थित होकर यह बात बताई।
घायल जवानों से मिले राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा
रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा आज सुकमा जिले के टेकलगुड़ेेम में बीते 30 जनवरी को नक्सल मुठभेड़ में घायल जवानों के स्वास्थ्य जानकारी लेने राजधानी रायपुर के मोवा स्थित एक निजी अस्पताल पहुँचे। इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने घायल जवानों का हाल चाल जाना और चिकित्सकों से उपचार के संबंध में आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने जवानों के द्वारा अपनी जान का परवाह न करते हुए माओवादी आतंक का मुकाबला करने के लिए उनकी सराहना की।
ज्ञातव्य है कि 30 जनवरी को प्रदेश के सुकमा जिले के जगरगुण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम टेकलगुड़ेम में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमलें का मुंहतोड़ जवाब देते हुए तीन जवान शहीद हो गए थे। जिसमें 201 कोबरा सीआरपीएफ बटालियन के आरक्षक देवेन सी. और आरक्षक पवन कुमार तथा 150 वीं बटालियन के आरक्षक लम्बाधर सिंघा शहीद को गए थे। इस घटना में 16 जवान घायल हो गए थे जिसमें से 8 जवानों को बेहतर उपचार के लिए राजधानी रायपुर के निजी चिकित्सालय में बेहतर उपचार के लिए लाया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुसौर धान खरीदी केंद्र का किया औचक निरीक्षण
रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रायगढ़ जिले के प्रवास के दौरान पुसौर धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की। वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव भी इस दौरान साथ रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा की। उन्होंने पूछा धान बेचने में कोई तकलीफ तो नही हो रही है। किसान पार्थिव केदार ने बताया कि हाल के कुछ दिनों में हुई बारिश के चलते धान नही बेच पाए थे। लेकिन आपके द्वारा खरीदी की तारीख बढ़ाने के फैसले से हमारी चिंता दूर हो गई। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि किसान हित में शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन भी खरीदी होगी। उन्होंने कहा कि किसानों को अंतर की राशि का जल्द भुगतान कर दिया जाएगा। धान के दो वर्ष का बकाया बोनस जारी करने को लेकर भी किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। किसानों ने कहा कि एक मुश्त राशि मिलने से आर्थिक राहत मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान समिति में हो रही खरीदी को देखा और धान बेचने आए दूसरे किसानों से भी चर्चा की। उन्होंने अपने सामने धान का तौल करवाया और मॉइश्चर मीटर से नमी मपवायी। मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों से व्यवस्थित रूप से खरीदी पूर्ण कर ली जाए
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संवेदनशील निर्णय से धान खरीदी की अंतिम तारीख 4 तारीख तक बढ़ाई गई है। छत्तीसगढ़ में पहली बार शनिवार और रविवार को अवकाश के दिनों में भी खरीदी होगी।

राजीव युवा मितान क्लब योजना को बंद किया गया
रायपुर। कांग्रेस सरकार की एक और योजना राज्य की भाजपा सरकार ने बंद कर दी है. इस बार सरकार ने राजीव युवा मितान क्लब योजना को खत्म कर दिया है. इस संबध में खेल एवं युवक कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए ये योजना बनाई गई थी. छत्तीसगढ़ के युवाओं को इससे लाभ नहीं हो रहा था. इसलिए राजीव युवा मितान योजना को बंद कर दिया गया है. हमारी सरकार युवाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाएगी.
बता दें कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वित्तीय वर्ष 2021-22 से राजीव युवा मितान क्लब योजना शुरू की थी. योजना अंतर्गत प्रति तिमाही प्रति क्लब 25 हजार प्रदाय किया जा रहा था. यह राशि राज्य शासन द्वारा जिला स्तरीय समिति, जिला स्तरीय समिति से अनुविभाग स्तरीय समिति के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा नगर निगम आयुक्त के चालू खाते में ट्रांसफर की जाती थी.
सरकार ने योजना के उद्देश्य राज्य के युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकसित करने, स्वावलंबन को बढ़ावा देना, शिक्षा को बढ़ावा देना, स्वच्छता अभियान से जोड़ना, खेल, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतिस्पर्धाओं को बढ़ावा देना जैसी बातों को शामिल किया गया था. लेकिन जानकार बताते हैं कि इस योजना का एकमेव उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आर्थिक मदद प्रदान करना था.
मांगी गई थी खर्च की जानकारी
राज्य के समस्त जिला कलेक्टरों को राजीव युवा मितान क्लब योजना अंतर्गत अब तक विभिन्न व्यय की जानकारी और व्यय की गई राशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित करने को कहा गया था. राजीव गांधी युवा मितान क्लब योजना के तहत बीते 2 सालों में राज्य के 13 हजार 269 क्लबों को कुल 132 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई थी. कांग्रेस शासन काल में योजना का शुभारंभ 18 सितंबर 2021 को किया गया. इसमें हर क्लब में 20 से 40 युवा थे. प्रदेश में 13,261 राजीव युवा मितान क्लब गठित करने के लक्ष्य पर 13,242 क्लब बनाए गए थे. हर क्लब को प्रति तीन महीने में 25 हजार रुपये का अनुदान राशि दिए जाने का प्रविधान था. बता दें कि इससे पहले इस योजना के तहत दी जाने वाल राशि पर रोक लगाई गई थी. अब योजना को ही बंद कर दिया गया है.
सीएम साय ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- यही तो है डबल इंजन की सरकार, फर्क साफ है…
रायपुर। मोदी सरकार ने गुरुवार को नई संसद में अपने दूसरे कार्यकाल के अंतिम बजट के तौर पर साल 2024-25 के लिए अंतरिम बजट पेश किया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट में छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास के लिए लगभग 6 हजार 896 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. इस घोषणा पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो 311 करोड़ मिलते थे अब मोदी सरकार में 7 हजार करोड़ मिले हैं. यही तो डबल इंजन की सरकार है.
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर ट्वीट कर लिखा, “छत्तीसगढ़- 2014 से पहले और 2014 के बाद” 2009 से 2014 तक जब केंद्र में कांग्रेस सरकार थी, तब रेलवे विकास के लिए ₹311 करोड़ मिलते थे. आज पीएम मोदी की सरकार है. रेलवे विकास के लिए लगभग ₹7000 करोड़ मिले हैं. यही तो डबल इंजन की सरकार है. फर्क़ साफ़ है.
बजट पेश होने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये पत्रकारों को संबोधित किया. इस दौरान अश्विनी वैष्णव ने बताया कि छत्तीसगढ़ में रेलवे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने 6 हजार 896 करोड़ रुपये देने की घोषणा की है. ये राशि तीन प्रमुख आर्थिक रेलवे कॉरिडोर में खर्च किए जाएंगे. जिसमें ऊर्जा, खनिज और सीमेंट कॉरिडोर, पोर्ट कनेक्टिविटी कॉरिडोर और उच्च यातायात घनत्व कॉरिडोर शामिल है.
बजट विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के नींव के रूप में करेगा कामः श्री चौधरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अंतरिम केंद्रीय बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि यह बजट विकसित भारत के नींव के रूप में काम करेगा। श्री चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के अमृतकाल की नींव रखने की दिशा में जिस रोडमैप पर काम किया है ये बजट इसी रोडमैप को दिखाता है। श्री चौधरी ने कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने इस बजट में ये बताया है कि अगले दो दशक में विकसित भारत कैसा होगा।
श्री चौधरी ने कहा कि इस बजट में महिलाओं, गरीबों व युवाओं के लिए बहुत सी मदद करने वाली योजनाएं हैं। आज बजट में केंद्रीय वित्तमंत्री द्वारा श्री मोदी के जय अनुसंधान शब्द का उल्लेख किया है। क्योंकि जब तक कोई राष्ट्र वैज्ञानिक सोच की दिशा में काम नहीं करेगा तब तक वो बड़ा नहीं बन सकता है। युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए बजट में नवाचार के लिए 1 लाख करोड़ रूपए का 50 साल तक का ब्याज मुक्त ऋण देने का प्रावधान है जो भारत को नालेज बेस कंट्री के हब के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री वो सारे कार्य करते हैं जो जनता के लिए वाकई में अच्छे होते हैं और उनकी नीतियां लोगों को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर केंद्रित रहती है। भारत में पिछले 10 सालों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा के बाहर आए हैं जबकि इस बजट में 3 करोड़ लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य रखा गया है । श्री चौधरी ने कहा कि अंतरिम बजट से समाज के अंतिम छोर पर खड़े लोगों को फायदा होगा और देश तेजी से आर्थिक तरक्की की दिशा में आगे बढ़ेगा।
छत्तीसगढ़ वारियर्स स्क्वॉयड’ के लॉन्चिंग कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कल राजधानी रायपुर के निजी होटल में छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित छत्तीसगढ़ वार्रियर्स स्क्वॉयड’ के लॉन्चिंग कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वारियर्स स्क्वॉयड के लोंगो तथा पोशाक को लॉन्च करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ वारियर्स के माध्यम से खेल जगत में भी राज्य को विशिष्ट पहचान मिलेगी। क्रिकेट काफी लोकप्रिय खेल है शहर से लेकर गांव तक में भी इसे लोग बडे़ उत्साह के साथ खेलते है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेलों को आगे ले जाने के लिए खेलो इंडिया कार्यक्रम की शुरूआत की। इससे नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आ रही है। आज खेल के क्षेत्र में भी भारत में काफी मेडल आने लगे हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह खुशी की बात है कि छत्तीसगढ़ वारियर्स नाम की टीम तैयार की गई है। इससे पूरे छत्तीसगढ़ राज्य के खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिला है। छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है। यहां क्षेत्र खनिज और वनोंपज से भरपूर है। यह राज्य कला, साहित्य तथा संस्कृति आदि के क्षेत्र में आगे है ही और अब छत्तीसगढ़ वारियर्स से खेल जगत के क्षेत्र में भी छत्तीसगढ़ को नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा राज्य में खेलो को बढ़ावा देने निरंतर कार्य किए जा रहे है। इनमें नवा रायपुर स्थित शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय मैंचों का आयोजन हो रहा है। साथ ही खेल के आधारभूत संरचनाओं का तेजी से निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। जिससे खिलाड़ियों को अपने प्रतिभा को निखारने का अवसर मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग छत्तीसगढ़ वारियर्स सहित देश के विभिन्न राज्यों से कुल 6 टीमें भाग ले रही है। इनके बीच कुल 18 मैचेस आयोजित होंगे। इसका आयोजन देहरादून-उत्तराखंड में 23 फरवरी से 03 मार्च 2024 तक किया गया है। छत्तीसगढ़ वारियर्स की टीम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके यूसुफ पठान, मुनाफ पटेल, नमन ओझा, स्टुवर्ड बिन्नी, डवेन स्मिथ आदि खिलाड़ी शामिल है। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा तरूणेश परिहार, योगेश अग्रवाल, प्रवीण त्यागी, सदत घोष सहित क्रिकेट जगत से जुड़े खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।

खाद्य विभाग एप के जरिये राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य 25 जनवरी से जारी है। 01 फरवरी की स्थिति में केवल एक सप्ताह के भीतर 21 लाख 15 हजार राशन कार्डधारियों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है। राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग द्वारा दी गई, ऑनलाइन सुविधा का लोग भरपूर लाभ उठा रहे हैं और स्वयं अपने मोबाइल से खाद्य विभाग के एप के जरिये राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं।
गौरतलब है कि राशनकार्ड नवीनीकरण 25 जनवरी से 15 फरवरी 2024 तक किया जा रहा है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहले स्थान पर बालोद जिला में कुल 2 लाख 21 हजार 809 हितग्राहियों में से 1 लाख 13 हजार 606 हितग्राहियों ने अपना ऑनलाईन आवेदन जमा किया है। इसी प्रकार पर द्वितीय स्थान पर कांकेर जिले में कुल 1 लाख 87 हजार 998 हितग्राहियों में से 75 हजार 698 हितग्राहियों ने अपना ऑनलाईन आवेदन जमा किया है और तीसरे स्थान पर धमतरी जिले में कुल 2 लाख 42 हजार 319 हितग्राहियों में से 95 हजार 453 हितग्राहियों ने अपना ऑनलाईन आवेदन जमा किया है।
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।
अंतरिम बजट पर कांग्रेस का तंज : महंत बोले- कर्ज में डुबोने वाला दिशा-हीन और खोखला
रायपुर। गुरुवार को पेश हुए अंतरिम बजट 2024 पर प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने तंज कसा है. छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने इस बजट को खोखला बताया है. वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि न राहत, न रियायत, आम जनता की अपेक्षा के विपरीत घोर निराशाजनक बजट कहा है.
डॉ. चरणदास महंत ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से प्रस्तुत बजट, कर्ज में डुबोने वाला दिशा-हीन और खोखला बजट है. देश पर बढ़ता क़र्ज़ मोदी सरकार की गलत नीतियों की देन है. देश आज जीडीपी के 81% कर्ज मैं डूब चूका हैं. 2014-15 में 64 लाख करोड़ का कर्ज था जो मोदी सरकार के 2023-24 में बढ़कर 173 लाख करोड़ हो चुका है.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने कहा, 2014 में मोदी सरकार ने वादा किया था 2022 तक सबके पास पक्का मकान होगा, किसानों की आय दुगनी होगी,100 दिनों में महंगाई कम होगी, पैट्रोल डीजल के दम कम होगा, 100 स्मार्ट सिटी बनने वाली थी, बुलेट ट्रेन चलने वाली थी, एक देश एक कर की बात की गई थी, दो करोड़ प्रितिवर्ष नौकरियां मिलनी थी. उन्होंने कहा कि देश के हर वर्ग को ठगने का काम केंद्र की मोदी सरकर ने पिछले 10 वर्षों में किया है.
वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि पिछले 9 सालों की तरह इस साल का चुनावी बजट भी पूरी तरह से झूठे सपने, जुमले और झांसे का बजट साबित हुआ है. यथार्थ में आम जनता को किसी भी तरह की कोई राहत या वस्तावित रियायत नहीं दी गई है, फिर भी राजकोषीय घाटा अनियंत्रित है. मोदी 2.0 का यह अंतिम बजट देश की अर्थव्यवस्था को गर्त में ले जाने वाला बजट है, आयकर की दरों में राहत नहीं मिलने से मध्यम वर्ग भी निराश हुआ है.
सासंद बैज ने कहा, पुरानी झूठ को एक बार फिर से परोसा गया है कि 7 लाख तक आयकर में छूट रहेगी जबकि हकीकत यह है कि पिछले बजट में ही नए टैक्स रिजीम के तहत केवल 7 लाख के भीतर आय वालों को टैक्स में छूट दी गई ना की बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट बढ़ाया गया है. नए टैक्स रिजिम में किसी भी तरह की कटौती का प्रावधान नहीं है. असलियत यह है कि आयकर के लिए बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट आज भी ढाई लाख ही है. पिछले 10 साल से 1 रुपए भी नहीं बढ़ाया गया है. बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट और टैक्स रिबेट में अंतर है, टैक्स रिबेट का लाभ है लिमिट क्रॉस होने पर खत्म हो जाती है, जबकि बेसिक एक्जंपप्शन लिमिट बढ़ाये जाने का लाभ प्रत्येक करदाता को मिलता.
राज्य कर मुख्यालय में ईओडीबी कक्ष के सृजन से छोटे-बड़े व्यवसाइयों को होगी सहूलियत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी के निर्देश पर राज्य कर मुख्यालय रायपुर में ईओडीबी-इज ऑफ डूविंग बिजीनेस कक्ष का सृजन किया गया है। श्री चौधरी के निर्देश पर प्रशासनिक कार्य सुविधा तथा करदाताओं की सुविधा की दृष्टि से उक्त कक्ष ‘ईओडीबी‘ का सृजन किया गया है।
उक्त कक्ष के अस्तित्व में आने से व्यवसाइयों तथा करदाताओं को सहूलियत होगी। साथ ही नए व्यवसाइयों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन में जो दिक्कतें आती हैं उसके भी निराकरण का काम यह कक्ष करेगा। ‘ईओडीबी‘ कक्ष का प्रभार संयुक्त आयुक्त राज्य कर को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ सौंपा गया है.
ईओडीबी कक्ष द्वारा व्यवसायों तथा करदाताओं की सुविधा हेतु विभिन्न कार्य संपन्न किए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से व्यवसाईयों/करदाताओं की सुविधा हेतु विभिन्न विषयों पर एफएक्यू/क्लीयरीफिकेशन जारी करना तथा सभी हितधारको विभागीय अधिकारियों/करदाताओं/व्यवसायिक संगठनों इत्यादि के लिए ऐसे विषयों पर प्रशिक्षण /सेमीनार /कार्यशालाएं आयोजित करना, जो ईओडीबी के लिए आवश्यक हो।
इसी तरह ईओडीबी के कार्यों में चिन्हित बड़े कर दाताओं/कंपोजिशन करदाताओं आदि के लिए ‘ग्रीन कॉरिडोर‘ परियोजना की रूप रेखा तैयार करना और विभाग द्वारा ‘ईओडीबी‘ के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का प्रचार-प्रसार एवं करदाता जागरूकता हेतु कार्यक्रम आयोजित करना शामिल है। इसके अलावा विभाग के सोशल मीडिया पर उपस्थिति हेतु वेब पेज/एप्लीकेशन तैयार करना व उसे अद्यतन रखना है।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र जारी, इस तरह से अभ्यर्थी करें डाउनलोड
रायपुर। संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) के प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइटों में अपलोड होंगे। छत्तीसगढ़ व्यापंम द्वारा संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़ रायपुर के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) का आयोजन 04 फरवरी 2024 को किया जायेगा।नियंत्रक, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने इस आशय का पत्र जारी किया है। जारी पत्र में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी, चिप्स स्टेट डाटा सेंटर, सिविल लाईन रायपुर, आयुक्त जनसंपर्क संचालनालय छत्तीसगढ़ और अपर संचालक कृषि संचालनालय इन्द्रावती भवन को ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) के प्रवेश पत्र अपने विभागीय वेबसाईट में परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए लिंक vyapamonline.cgstate.gov.in/online में भी अपलोड करने के लिए अनुरोध किया है, ताकि परीक्षार्थी उक्त लिंक से भी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। गौरतलब है कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) के प्रवेश पत्र व्यापम की वेबसाईट (vyapam.cgstate.gov.in) एवं (https://vyapamaar.cgstate.gov.in), पर 29 जनवरी 2024 को अपलोड कर दी गई है।
प्रवेश परीक्षा 4 फरवरी को आयोजित
संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैैं। छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा संचालनालय कृषि, छत्तीसगढ़ रायपुर के अंतर्गत ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा (RAEO23) का आयोजन 04 फरवरी 2024 को किया जायेगा।
अभ्यर्थी अपनी प्रोफाइल में जाकर एडमिट कार्ड दिनांक 29.01.2024 से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी उक्त भर्ती परीक्षा के प्रवेश पत्र व्यापम की वेबसाइट (vyapam.cgstate.gov.in) एवं (https://vyapamaar.cgstate.gov.in), चिप्स की वेबसाइट (http://cgstate.gov.in), जनसंपर्क की वेबसाइट (https://dprcg.gov.in), संचालनालय कृषि, छ.ग. की वेबसाइट (https://agriportal.cg.nic.in) पर उपलब्ध लिंक में से किसी भी एक लिंक पर क्लिक करके अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS के माध्यम से एक संक्षिप्त यू.आर.एल. भी भेजा जावेगा। अभ्यर्थी इस यू.आर.एल. को क्लिक कर अपने मोबाइल पर सीधे एडमिट कार्ड प्राप्त कर उसका प्रिंट आउट ले सकते हैं। प्रवेश पत्र में अभ्यर्थी की प्रति के साथ ही प्रत्येक परीक्षा पाली के दौरान परीक्षा केन्द्र में जमा की जाने वाली ‘व्यापम की प्रति’ भी है । अतः अभ्यर्थी संपूर्ण प्रवेश पत्र डाउनलोड करें और उसका प्रिंट आउट निकालें ।
परीक्षा दिवस को प्रत्येक परीक्षार्थी डेढ़ घंटे पूर्व अपने परीक्षा केन्द्र में उपस्थित रहें, जिससे उनके मूल पहचान पत्र से उनकी पहचान की जा सके एवं परीक्षा केंद्र में जाने हेतु अनुमति दी जा सके। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र के सम्बंध में कठिनाई होती है तो हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 एवं मोबाइल नंबर 8269801982 पर भी संपर्क कर सकते हैं । यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है तो अन्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केंद्र में जाएं।
नियंत्रक व्यापम द्वारा जारी पत्र में इस बात का भी उल्लेख है कि परीक्षार्थियों को डाकघर के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। यह उचित होगा कि, परीक्षार्थी परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केन्द्र की भौगोलिक स्थिति से भलीभाँति परिचित हो जायें। परीक्षा प्रारंभ होने के पश्चात् किसी को भी परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा। परीक्षार्थियों को अपना फोटोयुक्त मूल आई डी. प्रूफ जैसे मतदाता पहचान पत्र/ड्रायविंग लायसेंस/पेन कार्ड/आधार कार्ड (ई-आधार कार्ड भी मान्य)/पासपोर्ट/विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र/फोटोयुक्त अंकसूची मूलरूप में (फोटो कॉपी मान्य नहीं) परीक्षा दिवस में परीक्षा केन्द्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
