प्रदेश / छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने उद्यानिकी महाविद्यालय जगदलपुर में क्रांतिकारी डेबरीधुर की प्रतिमा का किया अनावरण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जिला मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रांतिकारी डेबरीधुर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र परिसर में भूमकाल आंदोलन के नायक वीर डेबरीधुर जी की प्रतिमा का और उनके जीवन परिचय पर आधारित शिलालेख का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने भूमकाल आंदोलन के क्रांतिकारी डेबरीधुर के योगदान का पुण्य स्मरण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के भूमकाल विद्रोह में आदिवासी जननायक वीर गुंडाधुर के साथ क्रांतिकारी डेबरीधुर जैसे कई अन्य नायकों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। बस्तर के आदिवासी नायकों का योगदान अविस्मरणीय और अतुलनीय है। श्री साय ने कहा कि बस्तर क्रांतिकारियों की धरती है। यहां के आदिवासी जननायकों ने अपनी वीरता और साहस से दमनकारी शक्तियों का पूरजोर मुकाबला किया। वीर गेंदसिंह, हिड़मा मांझी, नागुल दोरला, वीर झाड़ा सिरहा जैसे अनेकों बस्तर के वीरों ने अपनी माटी की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।
इस मौके पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व विधायक संतोष बाफना, बैदूराम कश्यप, सुभाऊ कश्यप सहित बस्तर कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आर. एस. कुरील, कलेक्टर विजय दयाराम के. भी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि डेबरीधुर बस्तर के महान भूमकाल विद्रोह 1910 के महानायक गुण्डाधूर के निकट सहयोगी क्रांतिकारी और बलिदानी के रूप में जाने जाते हैं। बस्तर के ग्राम एलेंगनार में जन्में डेबरीधुर धुर्वा जनजाति के आदिवासी युवक थे। उनका वास्तविक नाम बोरगाधुर था, लेकिन तीर धनुष, तलवार, कुल्हाड़ी आदि हथियार चलाने सहित अन्य सभी कार्य बायें हाथ से करने के कारण वे डेबरीधुर कहलाए। बस्तर अंचल में डेबरी का अर्थ बायाँ होता है।
डेबरीधुर ने अपने वीर साथी क्रांतिकारी नायकों के साथ अंग्रेजों के शोषण, अनाचार, दमन और अत्याचार से बस्तर को मुक्त करवाने के लिए गाँव-गाँव में बैठक के माध्यम से लोगों को जागरूक व संगठित कर संघर्ष के लिए तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने गुण्डाधुर के साथ कदम से कदम मिलाकर लड़ाई का नेतृत्व किया।
भूमकाल विद्रोह विश्वासघातियों के कारण अंग्रेजों के पक्ष में जाने लगा। डेबरीधुर गिरफ्तार कर लिए गए। सम्भवतः दिनांक 29 मार्च 1910 को उन्हें जगदलपुर स्थित गोलबाजार के इमली के वृक्ष में फांसी दे दी गई। उस समय उनकी उम्र महज 22 वर्ष की थी। भूमकाल के इस वीर महायोद्धा के अमूल्य बलिदान को बस्तर कभी विस्मृत नहीं कर सकेगा। भूमकाल के स्मृति दिवस 10 फरवरी को प्रतिवर्ष आदिवासी समाज द्वारा वीर गुण्डाधुर और डेबरीधुर सहित आंदोलन के सभी नायकों के शहादत को यादकर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा मां शाकम्भरी जयंती में शामिल हुए
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज गुरुवार को अपने एक दिवसीय कबीरधाम प्रवास के दौरान विभिन्न ग्रामों में आयोजित मां शाकंभरी जयंती आयोजन में शामिल हुए।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा बोडला विकासखंड के ग्राम मोतिमपुर, बरपेलाटोला, अमलीडीह, मजगांव, समनापुर और नेवारी में आयोजित शाकंभरी जयंती कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मां शाकम्भरी देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने सभी को मां शाकम्भरी देवी जयंती की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मातृत्व शक्ति, माता-बहनों की सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में महतारी सदन बनाने का निर्णय लिया है। जो सिर्फ महिलाओं को समर्पित होगा व इस सदन में महिलाएं पारस्परिक, पारिवारिक सांस्कृतिक, व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करेंगी।
शाकंभरी जयंती के अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने समाज के उत्थान के लिए ग्राम अमलीडीह में मरार समाज के सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए, ग्राम मजगांव में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, आहाता निर्माण के लिए 2 लाख रुपए, ग्राम समनापुर में भवन निर्माण के लिए 05 लाख रूपए, आहता निर्माण के लिए 03 लाख रूपए, ग्राम नेवारी में भवन निर्माण के लिए 08 लाख रूपए देने की घोषणा की। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि क्षेत्र और ग्राम विकास के लिए जो भी मांग और समस्याओं को संज्ञान में लाया जाएगा, उन्हें भी प्राथमिकता से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, कैलाश चन्द्रवंशी, ईश्वरी साहू, पोखराज सिंह परिहार, रामप्रसाद बघेल, मनीराम साहू, मयंक गुप्ता सहित पंच, सरपंच, समाजिक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पटेल (मरार) समाज द्वारा आयोजित मां शाकंभरी जयंती के आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि मां शाकंभरी, मां अन्नपूर्णा और शक्ति स्वरूपा दुर्गा का भी अवतार है। पूरे प्रदेश में मां शाकंभरी जयंती को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है और वन देवी के रूप में भी पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने पटेल समाज की तारिफ करते हुए कहा कि पटेल समाज एक संगठित और सशक्त समाज है। उन्होंने कहा कि समाज पूरे प्रदेश में एक सशक्त और संगठित समाज की अवधारणा को पूरा करते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज का मूल व्यवसाय खेती-किसानी, सब्जी-भाजी के उत्पादन कर अपने अजीवका का साधन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पटेल समाज को अब कृषि के क्षेत्र के साथ ही प्रत्येक क्षेत्र मे अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार मोदी की गारन्टी को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में 18 लाख परिवार को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृत दी है। उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी किया जा रहा है। राशनकार्डधारी परिवारों को अगले 5 साल तक निःशुल्क खाद्यान्न वितरण किया जाएगा। इससे 67 लाख 92 हजार 153 परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) भर्ती मामले की सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया गया है। 02 वर्ष के धान के बोनस राशि 3 हजार 716 करोड़ रूपए 13 लाख किसानों के खाते में हस्तांतरित किया है।

अनूठे विषय को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित छत्तीसगढ़ की झांकी कर्तव्य पथ पर कल बिखेरेगी आदिवासी संस्कृति का सौंदर्य
रायपुर। अपने अनूठे विषय को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हो रही छत्तीसगढ़ की झांकी "बस्तर की आदिम जनसंसद : मुरिया दरबार" कल 26 जनवरी को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में प्रदर्शित होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के शीर्षस्थ लोगों, विशिष्ट अतिथियों तथा आम-नागरिकों की दर्शक-दीर्घा में उपस्थिति होगी। अनेक देशों के अतिथिगण भी गणतंत्र-दिवस की परेड में आमंत्रित होते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की आदिवासी संस्कृति की विशिष्टता और सुंदरता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह महत्वपूर्ण अवसर होगा।
देश के 28 राज्यों के बीच कड़ी प्रतियोगिता के बाद छत्तीसगढ़ की झांकी को इस साल नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र-दिवस परेड में प्रदर्शन के लिए चुना गया है। परेड के लिए स्पर्धा में शामिल 28 में से 16 राज्यों की झांकियों का चयन किया गया है। झांकी का रोचक विषय और डिजाइन रक्षा मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति को रिझाने में कामयाब रहा। छत्तीसगढ़ की झांकी भारत सरकार की थीम 'भारत लोकतंत्र की जननी' पर आधारित है। यह झांकी जनजातीय समाज में आदि-काल से उपस्थित लोकतांत्रिक चेतना और परंपराओं को दर्शाती है, जो आजादी के 75 साल बाद भी राज्य के बस्तर संभाग में जीवंत और प्रचलित है। इस झांकी में केंद्रीय विषय "आदिम जन-संसद" के अंतर्गत जगदलपुर के "मुरिया दरबार" और कोंडागांव जिले के बड़े डोंगर में स्थित "लिमऊ-राजा" को दर्शाया गया है। हाल ही में नई-दिल्ली की रंगशाला में प्रेस-रिव्यू के दौरान प्रदेश की झांकी ने नेशनल-मीडिया से जमकर तारीफें बटोरी हैं।
शाकम्भरी जयंती पर अयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। प्रदेश के स्कूल शिक्षा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल आज राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में आयोजित शाकम्भरी जयंती कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शमिल हुए।
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मां शाकम्भरी जयंती की सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां शाकम्भरी का आशीर्वाद प्रदेश को मिल रहा है और आज दान पुण्य का छेर-छेरा के पर्व है जिसके पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ मरार समाज द्वारा प्रसादी के रूप में निःशुल्क सब्जी वितरण का आयोजन किया गया। ऐसी मान्यता है कि छेर-छेरा के दिन दान करने से पुण्य लाभ प्राप्त होता है और समृद्धि आती है। अच्छी बात है कि इस परंपरा को छत्तीसगढ़ का मरार पटेल समाज निभा रहा है।
ज्ञात हो कि मरार पटेल महासंघ रायपुर जिला कार्यकारिणी के तत्वाधान में आराध्य देवी मां शाकम्भरी जयंती प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राजधानी रायपुर के घड़ी चौक में आज बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। दानपुण्य का पर्व छेरछेरा और मरार समाज की आराध्य देवी माँ शाकंभरी जंयती के अवसर पर प्रसादी के रूप में निःशुल्क सब्जी वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने बस्तर जिले को 100 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर विकासखंड के बुरुंदवाड़ा सेमरा में लगभग 3 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से निर्मित सिरी (एमआरसी) और समृद्धि (एमआरएफ) का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने बस्तर जिले में 100 करोड़ 42 लाख 28 हजार रूपए की राशि के 195 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें 24 करोड़ 44 लाख 60 हजार रूपए की लागत के 110 कार्यों का लोकार्पण तथा 75 करोड़ 98 लाख 88 हजार रूपए के लागत से 89 कार्यों का भूमिपूजन सम्मिलित है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने 7 करोड़ 12 लाख की लागत से चित्रकोट और तिरथा में इंद्रधनुष पार्क निर्माण का शिलान्यास भी किया। इस दौरान इंद्रधनुष पार्क के निर्माण की कार्ययोजना के संबंध में वीडियो के माध्यम से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एमआरएफ और एमआरसी का पुस्तक का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में एमआरएफ और एमआरसी सेंटर के कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का अवलोकन किया और महिला समूह के सदस्यों द्वारा मशीनों के माध्यम से कचरा अलग करने और व्यवस्थित कर विक्रय करने के प्रक्रिया की जानकारी ली। बुरुंदवाड़ा सेमरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता दीदियों को 83 ई-रिक्शा प्रदान किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्व-सहायता समूह के सदस्यों को 30 करोड़ रूपए का ऋण भी वितरण किया गया। इस अवसर पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, पूर्व विधायक संतोष बाफना, कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ प्रकाश सर्वे सहित अन्य गणमान्य अतिथि जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
गौरतलब है कि बुरुंदवाड़ा सेमरा में जिला पंचायत, एचडीएफसी बैंक के सेंटर फॉर एनवायरमेंट एजुकेशन (सीईई) और सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सयुंक्त साझेदारी से 03 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वच्छ केंद्र-एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी एंड मटेरियल रिसाइक्लिंग सेंटर) का संचालन किया जा रहा है। सेंटर का मुख्य उद्देश्य पारिस्थितिकी तंत्र में बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देकर परिवर्तनकारी परियोजना को व्यवहार में लाना है। साथ ही अपशिष्ट प्रबंधन मूल्य श्रृंखला में एक चक्रीय अर्थव्यवस्था और एक व्यवसाय मॉडल को बढ़ावा देना है। इससे संस्था से जुड़ी महिला स्व सहायता समूह को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। जगदलपुर शहर के कचरा प्रबंधन के माध्यम से नगर निगम की स्वच्छता दीदियों से उनके सामानों की खरीदी कर आर्थिक लाभ पहुंचाना है।
परियोजना का लक्ष्य एक स्थायी अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली बनाना है, जो रिसाइक्लिंग को बढ़ावा देता है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सूखे और प्लास्टिक कचरे की मात्रा को कम करता है। एमआरएफ/एमआरसी विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों की छंटाई, प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण के लिए एक केंद्र के रूप में काम करेगा, उचित निपटान सुनिश्चित करेगा और पर्यावरणीय दुष्प्रभाव को कम करेगा।
मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) और मटेरियल रिसाइक्लिंग सेंटर (एमआरसी) की स्थापना ‘सूखे और प्लास्टिक कचरे से मुक्त ग्रामीण और शहरी परिदृश्य‘ परियोजना के तहत की जा रही है। सभी एकत्र किए गए सूखे कचरे और प्लास्टिक को शहर के नगर निगमों (सीएमसी), अपशिष्ट बीनने वालों और अन्य हितधारकों से एमआरएफ के लिए प्राप्त किया जाता है। एमआरएफ सभी प्रकार के सूखे कचरे को अलग करता है, इसमें प्लास्टिक भी शामिल है, जो अपशिष्ट आपूर्ति श्रृंखला में मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देगा। पीईटी, पीई, एचडीपीई, एलडीपीई, पीवीसी, पीएस और पीपी कचरे को जमा किया जाता है और टुकड़े कर रिसाइक्लर्स (पैलेट या अन्य सामग्री/उत्पादों का उत्पादन करने के लिए), सीमेंट भट्टियों (सह-प्रसंस्करण) को आपूर्ति की जाती है। जिसका उपयोग ईंधन, सड़क निर्माण आदि में किया जाता है।

सही प्रत्याशी को वोट देने का मतलब राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। युवा शक्ति को केवल वोट नहीं देना है। बल्कि अपने आस पास के लोगों को जागरूक भी करना है। लोगों को बताना होगा कि, सही वोट का मतलब राष्ट्र निर्माण में योगदान है। यह बात वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर डिग्री कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
जहां वर्चुअल माध्यम के जरिए 'नमो नवमतदाता सम्मेलन' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने देश भर के युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भी अग्रवाल ने कहा कि, राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की अहम भूमिका है। जो खुद जागरूक होने के साथ ही समाज को भी जागरूक बनाता है। हमारे युवा उज्ज्वल भविष्य की आकांक्षाओं से परिपूर्ण हैं। जिसके पास सक्षम, आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पहले कहा जाता था कि नौजवान कल का नागरिक हैं। लेकिन वो आज के नागरिक है जो बेहतर भारत का निर्माण कर सकते हैं। पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनकर एक मजबूत राष्ट्र के नींव रखी जा चुकी है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक लक्ष्यों की प्राप्ति की है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से मताधिकार का सदुपयोग करने किया गया जागरूक
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति टी पी शर्मा ने कहा है कि लोकतंत्र को निरंतर सुदृढ़ करने और लोकतंत्र की सफलता में मतदाताओं की सशक्त तथा अहम भूमिका है। 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि अपने मताधिकार का उपयोग करना मतदाताओं का अधिकारी भी है और कर्तव्य भी। इंदिरा गांधी कृषि महाविद्यालय रायपुर के विवेकानंद सभागार में आयोजित समारोह में कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी पी एस ध्रुव, जिला निर्वाचन अधिकारी रायपुर गौरव कुमार सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
न्यायमूर्ति टी. पी. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ साथ शहरी क्षेत्रों में भी मतदान के प्रति जागरूकता बढ़नी चाहिए । उन्होंने कहा कि जरूरत इस बात की है कि हम मतदान के अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य के महत्व को स्वयं समझे और साथ ही अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता कर रहे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कहा कि युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ी है जो आश्वस्त करता है कि देश में लोकतंत्र आने वाले दिनों में और सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में लगातार पारदर्शिता बढ़ती जा रही है जो यह भी आश्वस्त करती है आम मतदाताओं की भूमिका बढ़ रही है। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने सभी उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
न्यायमूर्ति टी पी शर्मा एवं कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर कृषि महाविद्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता पर आधारित एक दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले मतदाता जागरूकता अभियानों पर आधारित छायाचित्रों को प्रदर्शित किया गया है।
राज्य स्तरीय समारोह के दौरान निर्वाचन कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। प्रमुख लोकायुक्त न्यायमूर्ति टी पी शर्मा तथा कुलपति डॉ गिरीश चंदेल ने जिला सूरजपुर के तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आईएएस संजय अग्रवाल, जिला गरियाबंद के तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आईएएस आकाश छिकारा और राज्य स्तरीय सर्वश्रेष्ठ जिला (स्वीप) पुरस्कार से जिला कांकेर के तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला व जिला धमतरी के तत्कालीन कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आईएएस ऋतुराज रघुवंशी को सम्मानित किया ।
इसके अलावा निर्वाचकीय कार्यों में उत्कृष्टता के साथ कार्य करने हेतु विशेष जूरी पुरस्कार से जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंदर यादव (नोडल अधिकारी स्वीप) को और उत्कृष्ट उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुरस्कार से उप जिला निर्वाचन अधिकारी जिला मुंगेली के प्रवीण तिवारी, जिला सूरजपुर की प्रियंका वर्मा और जिला कबीरधाम के रितुराज बिसेन को सम्मानित किया गया।
इसी तरह बेस्ट इलेक्शन सुपरवाइजर पुरस्कार जिला रायगढ़ के निर्वाचन पर्यवेक्षक फकीर मोहन षड़ंगी, सर्वश्रेष्ठ क्रियेटिव तैयार करने हेतु राज्य स्तरीय प्रोत्साहन पुरस्कार जिला कोरिया के पटवारी योगेश कुमार गुप्ता, उत्कृष्ट रिटर्निंग ऑफिसर पुरस्कार कोरबा विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी श्रीकांत वर्मा, कुरूद विधानसभा के सोनाल डेविड, रायपुर शहर दक्षिण के पुष्पेंद्र शर्मा को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पुरस्कार से कोरबा जिला के भूषण मंडावी, राजनांदगांव जिला के विजय कोठारी, मुगेली जिले की छाया अग्रवाल को सम्मानित किए गए।
उत्कृष्ट निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पुरस्कार से खरसिया विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रोहित कुमार सिंह, अंतागढ़ के अंजोर सिंह पैकरा, प्रेमनगर के रवि सिंह, बेमेतरा की सुरूचि सिंह, सिहावा की गीता रायस्त को सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ठ सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पुरस्कार से जिला सक्ती के मनमोहन प्रताप सिंह, जिला बस्तर के आशीष साहू, जिला सूरजपुर के समीर शर्मा, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की प्रीति लोरोकर, जिला धमतरी के केतन कुमार भोयर, उत्कृष्ट सहायक प्रोग्रामर पुरस्कार से जिला कोरबा के शीतल अग्रवाल, जिला बस्तर के शिवभान सिंह, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के आशीष कुमार द्विवेदी, जिला राजनांदगांव के भूपेन्द्र सिंह, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के ओंकार वर्मा और उत्कृष्ट डाटा एंट्री ऑपरेटर पुरस्कार से जिला जांजगीर-चांपा के आकाश कुमार शर्मा, जिला बीजापुर के नंदिनी देहारी, जिला जशपुर के सुनील डनसेना, जिला दुर्ग के देवप्रकाश साहू व जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रविशंकर प्रजापति को सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त सेवा मतदाताओं और मतदाता जागरूकता के लिए दो राज्य स्तरीय आइकन को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नव मतदाताओं को उनके मतदाता परिचय पत्र भी सौंपे गए।

खाद्य विभाग ने ऑनलाईन की सुविधा देकर नवीनीकरण की प्रक्रिया को बनाया आसान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य आज से शुरू हो गया है। खाद्य विभाग ने राशन कार्डों के नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा देकर इसे काफी आसान बना दिया है। पहले दिन आज एक लाख 41 हजार 547 राशनकार्डधारियों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, इनमें से एक लाख 33 हजार 640 लोगों ने स्वयं मोबाइल एप्प के माध्यम से तथा 7 हजार 907 हितग्राहियों ने उचित मूल्य दुकान संचालक के माध्यम से नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।
राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा का लोग भरपूर लाभ उठा रहे हैं और स्वयं अपने मोबाइल से खाद्य विभाग के एप्प के जरिये राशनकार्डों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह ग्राम बगिया के राशनकार्डधारी हितग्राही भी उत्साह के साथ अपना कार्ड का नवीनीकरण करवा रहे हैं। बगिया निवासी सरस्वती बाई ने प्राथमिकता श्रेणी के राशन कार्ड का नवीनीकरण के लिए आवेदन किया। गौरतलब है कि राशनकार्ड नवीनीकरण 25 जनवरी से 15 फरवरी 2024 तक किया जा रहा है। हितग्राही राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए अपने मोबाइल एप्प के माध्यम से या उचित मूल्य दुकान संचालक के माध्यम से नवीनीकरण के लिए आवेदन भी कर सकते है।
बालोद जिले के ग्राम हीरापुर के राशनकार्डधारी त्रिवेणी साहू ने बताया कि ऑनलाईन आवेदन करना बहुत ही आसान है। राशनकार्ड नवीनीकरण करने का कार्य अपने हाथ में है, घर बैठे मोबाइल एप्प में आसानी से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकता श्रेणी के राशनकार्ड के लिए उन्होंने ऑनलाइन नवीनीकरण के लिए आवेदन किया है, उनका राशनकार्ड क्रमांक 226465366111 है। इसी प्रकार ग्राम झलमला के राशनकार्डधारी सुरूचि के पुत्र टीकेश्वर ने बताया कि उनका सामान्य राशनकार्ड क्रमांक 226465806718 का मोबाइल एप्प से आवेदन किया गया है और बहुत ही कम समय में नवीनीकरण का कार्य पूरा हो गया। छत्तीसगढ़ शासन ने ऑनलाईन की सुविधा देकर प्रक्रिया को बहुत ही सरल बना दिया है। जगदलपुर जिले के ग्राम तेलीसेमरा निवासी सुजाता राव ने भी राशन कार्ड का नवीनीकरण कराया।

शिक्षा विभाग के भ्रष्ट अफसर नपेंगे, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एक्शन मोड में
रायपुर। पूर्व सरकार में शिक्षक भर्ती में गड़बड़ी करने वालों अब जल्द ही गाज गिरने वाली है. इस मामले की जांच के आदेश शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने दे दिया है. मंत्री बृजमोहन ने कहा, एक-एक शिकायत की जांच कराएंगे. दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा.
शिक्षा मंत्री बृजमोहन ने कहा, कुछ शिकायतों पर जांच के लिए निर्देश दिया है. और भी शिकायत मिलेगी तो जांच के निर्देश दिए जाएंगे. जांच में चाहे कोई भी दोषी हो, किसी को नहीं बख्शा जाएगा. दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.
भर्ती में विषय बाध्यता ख़त्म किया गया है, इसे लेकर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, इसकी जानकारी लेकर आगे कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि कांग्रेस सरकार में 14580 और 12289 शिक्षक का पोस्ट निकाला गया था, जिसमें जमकर गड़बड़ी करने का आरोप अभ्यर्थियों ने लगाया है.
क्रेडा द्वारा स्टेकहोल्डर्स को दी गई ऊर्जा संरक्षण भवन कोड की जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए वाणिज्यिक भवनों के डिजाइन और संरचना में आवश्यक सुधार कर ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ ऊर्जा संरक्षण भवन कोड बनाया गया है। इस कोड से नए वाणिज्यिक भवनों की ऊर्जा दक्षता में सुधार होगा। यह कोड बिजली में खपत में कमी के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। इस नए कोड में अक्षय ऊर्जा का उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) और ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, भारत सरकार की सहायता से छत्तीसगढ़ विगत 24 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ ऊर्जा संरक्षण भवन कोड की विस्तार से जानकारी देने के लिए स्टेकहोल्डर्स की बैठक आयोजित की गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश सिंह राणा ने बताया कि वाणिज्यिक भवनों और नई इमारतों में ऊर्जा दक्षता लाने में ऊर्जा संरक्षण भवन कोड एक महत्वपूर्ण नियामक उपाय है। इस कोड का उपयोग से निर्मित भवनों में ऊर्जा की आवश्यकता 25 से 30 प्रतिशत तक कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि ऊर्जा संरक्षण भवन कोड के नियमों की अधिसूचना प्रक्रियाधीन है। इस कोड के क्रियान्वयन से नए वाणिज्यिक भवनों के माध्यम से प्रति वर्ष कम से कम 3 करोड़ यूनिट बिजली की बचत होगी। उन्होेंने यह भी बताया कि स्टेकहोल्डर्स के सहयोग से बिल्डिंग के नियमों बिल्डिंग अनुमति प्रक्रिया और एसओआर में इसे शामिल किया जाना है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक मनोज खरे ने कहा चूंकि अधिकांश थर्मल पावर प्लांट कोयला आधारित हैं और राज्य में उत्पादित बिजली कई अन्य राज्यों को निर्यात की जाती है, इसलिए औद्योगिक क्षेत्र के माध्यम से कार्बन उत्सर्जन का भार पहले से ही अधिक है। छत्तीसगढ़ के भवन निर्माण क्षेत्र और बुनियादी ढांचे के विकास से इन उत्सर्जन में बढ़ोतरी हो रही है। हमारे पर्यावरण को बचाने के लिए, उद्योगों, भवनों, परिवहन, डिस्कॉम और नगर पालिकाओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में ऊर्जा दक्षता पहल लागू की जानी चाहिए। प्रत्येक क्षेत्र की संचयी बचत, ग्रीन हाऊस गैस के उत्सर्जन में पर्याप्त बचत हासिल करने में सक्षम होगी।
बैठक में जानकारी दी गई ऊर्जा संरक्षण भवन कोड को 17 मार्च 2023 को छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अधिसूचित किया गया था। यह एक तकनीकी कोड है जो विभिन्न भवन डिजाइन और सिस्टम दक्षता मापदंडों के अनुपालन के माध्यम से कुल निर्मित क्षेत्र 1000 वर्गमीटर से अधिक या 50 किलोवाट और उससे अधिक के कनेक्टेड लोड या 60 के.वी.ए. और उससे अधिक की अनुबंध भार के साथ वाणिज्यिक भवनों में ऊर्जा दक्षता प्राप्त करने के लिए न्यूनतम आवश्यकताओं को पूरा करता है। बैठक में डिजाइन ऑक्यूपेंसी सर्विसेज, जयपुर के सस्टेनेबिलिटी कंसल्टेंट और बिल्डिंग एनर्जी विशेषज्ञ मोहित त्रिपाठी ने राज्य में सीजीईसीबीसी के क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों से एकीकृत दृष्टिकोण के लिए आगे बढ़ने के तरीके पर एक तकनीकी प्रस्तुति दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय श्रीमद भागवद कथा में हुए शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर मैदान में आयोजित “श्रीमद भागवत कथा” में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यास पीठ पर विराजमान कथा वाचक अनिरुद्धाचार्य जी महाराज को शाल और पुष्प हार पहना कर आशीर्वाद ग्रहण किया। इस अवसर पर विधायक राजेश मूणत, रायपुर विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
सीएम साय ने कहा – किसानों की मांग पर धान खरीदी की तारीख बढ़ाने पर विचार करेगी सरकार
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नमो नव मतदाता सम्मेलन में शामिल हुए. उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, आप सभी ने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया, इसके लिए आप सभी का आभार. सभी ने विश्वास कर भाजपा की सरकार बनाई. राजतंत्र में रानी के पेट से राजा पैदा होते थे. लोकतंत्र में जनता के वोट से होते हैं. वहीं धान खरीदी को लेकर सीएम साय ने कहा, किसानों की मांग पर खरीदी की तारीख बढ़ाने पर विचार करेंगे.
सीएम साय ने कहा, दुनियाभर से लोग हमारे देश में शिक्षा प्राप्त करने आते थे. प्रधानमंत्री हमारे देश को फिर उसी दिशा में ले जाना चाहते हैं. पीएम देश के लिए 18 घंटे काम करते हैं. रात और दिन 140 करोड़ जनता के लिए कार्य करते हैं. पीएम देश को विश्व गुरु और सोने की चिड़िया बनाना चाहते हैं.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ करते हुए कहा, हमारी सरकार गरीबों को समर्पित सरकार रही है. प्रधानमंत्री ने शौचालय बनाया, नारियों का सम्मान किया. नारियों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना लाकर सम्मानित किया. पहले विदेश कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दुबक कर बैठे रहते थे. अब दूसरे देशों के प्रधानमंत्री हमारे पीएम के पैर छूते हैं. यह हमारे देश के लिए गर्व की बात है. हमारा देश विश्व गुरुओं की ओर आगे बढ़ रहा है. सौर ऊर्जा के लिए योजना की शुरुआत हमारे प्रधानमंत्री ने की. वन नेशन वन ग्रीन की ओर हमारे पीएम ने बड़ा कदम बढ़ाया है.
रिकॉर्ड धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, 1 लाख 30 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी का जो लक्ष्य था, वह 31 जनवरी तक पूरा हो जाएगा. उसके बाद भी यदि किसानों की मांग आएगी. किसान यदि धान नहीं बेच पाए होंगे तो धान खरीदी की तारीख बढ़ाने सरकार जरूर विचार करेगी.
अपराधियों के घर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, जिनके भी मकान टूट रहे हैं। वह अवैध निर्माण है. उनकी खुद की जमीन नहीं है. अगर कोई आपत्ति है तो उनके लिए कोर्ट का दरवाजा खुला है. धीरेंद्र शास्त्री द्वारा कुनकुरी के चर्च को तोड़े जाने वाले बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसा हमने नहीं सुना है. हम उनके कार्यक्रम में गए थे, धर्मांतरण के खिलाफ उन्होंने कहा है. धर्मांतरण और गौ हत्या के खिलाफ में हम भी हैं. यह नहीं होना चाहिए.
अपर कलेक्टर का तबादला, दो अफसरों को अतिरिक्त प्रभार
रायपुर। राज्य सरकार ने अपर कलेक्टर का तबादला किया है. इसी के साथ दो अफसरों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे है.

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेमेतरा जिले के ग्राम ग्राम ढनढनी स्थित जूनी माता मंदिर में पूजा अर्चना की
रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बेमेतरा ज़िले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम ढनढनी जूनी सरोवर मेला में पहुँचे। मुख्यमंत्री यहां मेला स्थल में 17 जनवरी से प्रारंभ श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ व जूनी सरोवर मेला में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जूनी देवी माता मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा । इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल सहित विधायक बेमेतरा दीपेश साहू व विधायक साजा ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे ।
7 IAS अफसरों के तबादले
रायपुर। राज्य शासन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए गए है। जारी सूची में 7 आईएएस अफसरों के नाम शामिल है। जिसमें अमित कुमार, अभिषेक कुमार, सुरुचि सिंह, हेमंत रमेश नंदनवार , रोमा श्रीवास्तव और आकांक्षा शिक्षा खलखो शामिल है।
गणतंत्र दिवस पर पुलिस पदकों का ऐलान, छत्तीसगढ़ से 11 पुलिसकर्मियों को मरणोपरांत वीरता, 26 को वीरता और एक को मिलेगा विशिष्ट सेवा के लिए सराहनीय सेवा पदक
रायपुर। गणतंत्र दिवस पर केंद्र सरकार ने हर साल दिए जाने वाले पुलिस पदकों का ऐलान कर दिया है। गैलेंट्री अवार्ड, सराहनीय सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक का ऐलान कर दिया है। 26 पुलिसकर्मियों को इस बार वीरता पदक के लिए चयनित किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ के 11 पुलिसकर्मियों को मरनोपरांत वीरता पदक से सम्मानित किया जायेगा।
26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक

विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक
डीआईजी कन्हैया लाल ध्रुव को विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस का सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जायेगा।

सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक
वहीं कमांडेंट दुखूराम अचला, एएसपी नेहा पांडेय, डीएसपी यशेश्वरी यारेवर, सहायक कमांडेट टीकाराम कुर्रे सहित 11 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक दिया जायेगा।

IAS रिचा शर्मा को केंद्र ने किया छत्तीसगढ़ के लिए रिलीव
रायपुर। हाल में अतिरिक्त मुख्य सचिव पदोन्नत 1994 बैच की आईएएस रिचा शर्मा लौट रही हैं। वह बीते तीन वर्ष से केंद्रीय सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्हें 24 जनवरी 2024 को छत्तीसगढ़ के लिए रिलीव किया जा रहा है। पदोन्नति का लाभ राज्य कैडर में लेने उन्हें रिलीव किया जा रहा है। उनकी वापसी पर राज्य में चार एसीएस हो जाएंगे।
2019 में दूसरी बार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गई शर्मा केंद्र में फूड एंड पब्लिक डिस्ट्रब्यूशन में एडिश्नल सेकरेट्री रही हैं। छत्तीसगढ़ में IAS की सीनयरिटी लिस्ट को देखें तो वो फिलहाल 5वें नंबर पर हैं। 1989 बैच के अमिताभ जैन, 1991 बैच की रेणु पिल्ले, 1992 बैच के सुब्रत साहू, 1993 बैच के अमित अग्रवाल के बाद 1994 बैच की रिचा शर्मा का पांचवा नंबर है।
