खेल

चोटों ने बढ़ाई भारत की चिंता, नीतीश रेड्डी और अर्शदीप सिंह बाहर, अंशुल कंबोज टीम में शामिल

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में शुरू हो रहे चौथे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को दो बड़े झटके लगे हैं। टीम के प्रमुख ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने इस खबर की पुष्टि करते हुए दोनों खिलाड़ियों की चोटों की जानकारी दी है।

पूरी सीरीज से बाहर हुए नीतीश रेड्डी

नीतीश रेड्डी को बाएं घुटने में गंभीर चोट लगी है, जिसके कारण वह न सिर्फ चौथे टेस्ट, बल्कि सीरीज के आखिरी यानी पांचवें टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। रेड्डी ने टीम के लिए एक उपयोगी ऑलराउंडर के रूप में खुद को साबित किया था और उनकी गैरमौजूदगी से भारत को गेंदबाजी और निचले क्रम की बल्लेबाजी में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

डेब्यू से चूके अर्शदीप सिंह

तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी प्रैक्टिस सेशन के दौरान अंगूठे में चोट लगने के चलते मैनचेस्टर टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। हालांकि, उन्हें अब तक इस सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला था, लेकिन चौथे टेस्ट में उनके डेब्यू की संभावना जताई जा रही थी। अब बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी चोट की निगरानी कर रही है।

अंशुल कंबोज को मिला मौका

दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने के बाद बीसीसीआई ने अंशुल कंबोज को टीम में बतौर कवर शामिल किया है। अंशुल मैनचेस्टर में टीम से जुड़ चुके हैं और अभ्यास सत्रों में हिस्सा ले रहे हैं।

भारत की अपडेटेड टेस्ट टीम 

शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव, अंशुल कंबोज

भारत फिलहाल पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है.