खेल

IND A vs AUS A : मानव सुथार की फिरकी में फंसे कंगारू

IND A vs AUS A :  भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे भारत ‘ए’ और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के बीच दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के पहले दिन युवा स्पिनर मानव सुथार ने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए कंगारू बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। एक तरफ जहां सुथार ने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमर तोड़ दी, वहीं दूसरी तरफ सीनियर गेंदबाज मोहम्मद सिराज महंगे साबित हुए।

सुथार का ‘पंजा’ कमाल

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी भारत ‘ए’ टीम के लिए बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने सबसे शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 28 ओवर की अपनी गेंदबाजी में 93 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए। सुथार ने ओलीवर पीक और कूपर कॉनोली जैसे बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया। उनके शानदार प्रदर्शन से ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ की टीम एक समय मजबूत स्थिति में होने के बावजूद बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई।

सिराज और प्रसिद्ध का बेअसर प्रदर्शन

अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, जो भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं, इस मैच में महंगे साबित हुए। उन्होंने 13 ओवर में 73 रन लुटाए और सिर्फ एक विकेट लिया। इसी तरह, प्रसिद्ध कृष्णा ने भी 14 ओवर में 63 रन दिए और एक ही विकेट हासिल किया।

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 350 रन

पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ ने 9 विकेट के नुकसान पर 350 रन बना लिए हैं। टीम के लिए जैक एडवर्ड्स ने 88 और कप्तान नाथन मैकस्वीनी ने 74 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। हालांकि, मानव सुथार की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ‘ए’ मैच में अपनी पकड़ मजबूत करने में कामयाब रहा।