भारत ने रचा इतिहास, अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर दर्ज की अपनी सबसे बड़ी टेस्ट जीत
चंडीगढ़। भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन से शानदार जीत दर्ज की। महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मिली यह जीत टेस्ट क्रिकेट में भारत की रन अंतर के हिसाब से सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले भारत ने वर्ष 2018 में राजकोट टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था।
गिल और राहुल के शतकों से भारत ने बनाये 564 रन
भारतीय टीम ने पहली पारी में 8 विकेट पर 564 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की। कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 100 रन बनाए। इसके अलावा ऋषभ पंत और साई सुदर्शन ने 81-81 रन का योगदान दिया। वॉशिंगटन सुंदर 52 रन बनाकर नाबाद रहे।
जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 412 रन की विशाल बढ़त हासिल हुई। इसके बाद टीम इंडिया ने मेहमान टीम को फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर किया।
दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान का संघर्ष जारी
फॉलोऑन के बाद भी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 112 रन पर ऑलआउट हो गई। दूसरी पारी में केवल तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। सेदिकुल्लाह अटल ने सर्वाधिक 42 रन बनाए, जबकि पूरे मैच में रहमत शाह अफगानिस्तान के एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने अर्धशतक लगाया।
डेब्यू मैच में मानव सुथार का शानदार प्रदर्शन

अपने टेस्ट करियर का पहला मैच खेल रहे युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट लेकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। दूसरी पारी में भी उन्हें एक सफलता मिली और इस तरह उन्होंने मैच में कुल सात विकेट अपने नाम किए।।मानव ने पहली पारी में रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक और अफसर जजई समेत छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
सुंदर और कुलदीप ने दूसरी पारी में संभाली कमान
अफगानिस्तान की दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने सामूहिक रूप से दबदबा बनाए रखा। वॉशिंगटन सुंदर ने चार विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने तीन विकेट झटके। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को एक-एक विकेट मिला। अफगानिस्तान के एक बल्लेबाज अशरफ चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतर सके।
दूसरे दिन से ही भारत का दबदबा
मैच के दूसरे दिन से ही भारत ने मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया था। अफगानिस्तान ने दूसरे दिन का खेल पांच विकेट पर 113 रन के स्कोर पर समाप्त किया था और वह भारत से 451 रन पीछे था। तीसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने शेष विकेट जल्दी समेटते हुए अफगानिस्तान को दोनों पारियों में कम स्कोर पर आउट कर ऐतिहासिक जीत अपने नाम कर ली।