खेल

हैदराबाद ने लखनऊ को दी करारी शिकस्त, 9.4 ओवर में 10 विकेट रहते चेज किया लक्ष्य, हेड-अभिषेक ने ठोकी तूफानी फिफ्टी

हैदराबाद।    आईपीएल सीजन 17 के 57वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) को हरा 10 विकेट से हरा दिया है. इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में चार विकेट गंवाकर 165 रन बनाए थे. जवाब में हैदराबाद ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड (85) और अभिषेक शर्मा (75) के बीच हुई शतकीय साझेदारी की बदौलत 9.4 ओवर में 10 विकेट रहते लक्ष्य हासिल कर लिया.

बता दें कि हैदराबाद ने 62 गेंद शेष रहते आज यह मैच जीता है. SRH के लिए ट्रेविस हेड ने 30 गेंद में आठ चौके और आठ छक्के की मदद से 89 रन और अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में आठ चौके और छह छक्के की मदद से 75 रन की नाबाद पारी खेली. अभिषेक ने 10वें ओवर की चौथी गेंद पर छक्के के साथ मैच को खत्म किया.

अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची हैदराबाद

हैदराबाद की टीम इस जीत के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गई है. उसके 12 मैचों के बाद सात जीत और पांच हार के साथ 14 अंक हैं. हैदराबाद का नेट रन रेट +0.406 है. वहीं, लखनऊ की यह 12वें मैच में छठी हार रही. टीम 12 अंक और -0.769 के नेट रन रेट के साथ छठे स्थान पर है. हैदराबाद का अगला मैच 16 मई को गुजरात टाइटंस और 19 मई को पंजाब किंग्स से है. यह दोनों मुकाबले हैदराबाद की टीम अपने होमग्राउंड पर खेलेगी. वहीं, लखनऊ की टीम 14 मई को दिल्ली से अरुण जेटली स्टेडियम में और 17 मई को मुंबई से वानखेडे़ में भिड़ना है.