प्रदेश
रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में IT का छापा, कई प्रतिष्ठानों में पहुंची टीम, जांच जारी
रायपुर। इनकम टैक्स (IT) की टीम ने रायपुर, दुर्ग, भिलाई और बिलासपुर में राइस मिलर समेत कई अन्य ट्रेड से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारा है. आईटी की टीम सुबह से रायपुर में सत्यम बालाजी ग्रुप के ठिकानों पर जांच कर रही है. दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है. बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका जताई जा रही है.


सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, आईटी की टीम रायपुर के रामसागरपारा, राठौर चौक ,जवाहर मार्केट स्थित कारोबारियों के घर और ऑफिसों में दबिश दी है. बड़ी संख्या में आयकर विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं.
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच अभियान जारी : अमानक उत्पाद बेचने वाले 6 प्रतिष्ठानों पर 16 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार अमानक खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के विरूद्ध जांच पड़ताल का अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं. बेमेतरा जिले में खाद्य पदार्थों और खाद्य तेलों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने आज कई प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया और खाद्य तेलों और खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संकलित किए. इस अभियान के तहत प्रतिष्ठित विक्रेताओं जैसे जय सुपर बाजार से लाल गुलाब कच्ची घानी सरसों तेल और नेहल सुपर बाजार से पतंजलि कच्ची घानी सरसों तेल के नमूने लिए गए. इन नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है.
गौरतलब है कि जिले में पूर्व में की गई जांच पड़ताल और परीक्षण में अमानक खाद्य पदार्थ विक्रय के मामले में 6 दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर 16 लाख 50 हजार रूपए का अर्थदण्ड लगाया गया है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा की गई पूर्व जांच में छह मामलों में खाद्य पदार्थ अमानक पाए गए थे, जिसमें श्री मुरारी फेमिली रेस्टोरेंट एंड स्वीट्स, नवागढ़ चौक, बेमेतरा द्वारा बिना लाइसेंस रेस्टोरेंट संचालन के लिए 4 लाख रुपये, मंडेला स्वीट्स, बेमेतरा द्वारा अमानक मिठाई बनाने के लिए 3 लाख रुपये, स्वाति एरकॉन प्रा. लि., कारेसरा द्वारा अमानक रेडवाइन के भंडारण के लिए 5 लाख रुपये, रामेश्वरी ट्रेडर्स, कण्डरका द्वारा मिथ्याछाप धनिया पाउडर बेचने के लिए 1 लाख रुपये, अपना ढाबा, पिकरी, बेमेतरा द्वारा अमानक ग्रेवी बनाने के लिए 3 लाख रुपये और अश्वनी किराना, पड़कीडीह द्वारा अमानक अरहर दाल विक्रय के लिए 50 हजार रुपये का अर्थदण्ड न्यायालय द्वारा अधिरोपित किया गया.
रायपुर नगर निगम चुनाव 2025 : महापौर पद के लिए 28 उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, जानिए कौन-कौन हैं प्रत्याशी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन था. रायपुर नगर निगम के महापौर पद के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस बार महापौर पद के लिए राजनीतिक दलों और निर्दलीय कुल 28 उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म भरा है.
जानिए किस-किस ने दाखिल किया नामांकन
महापौर पद के लिए आम आदमी पार्टी से डॉ. शुभांगी अंजू चंद्रशेखर तिवारी, भारतीय जनता पार्टी से मीनल चौबे, इंडियन नेशनल कांग्रेस से दीप्ति प्रमोद दुबे, बहुजन समाज पार्टी से डॉ. सितारा खान, शिवसेना से अनीता कुलदीप, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से चांदनी साहू, शिवसेना (यू.बी.टी.) से ज्योति सिंह, धूं सेना से मीना तिवारी (अधिवक्ता), गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से प्रिया शर्मा, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी से ऋचा वर्मा, शक्ति सेना (भारत देश) से सविता शैलेन्द्र बंजारे और निर्दलीय में डॉ. आरती रामेश्वर सोनवानी, गायत्री सिंह, मोबिना खान, नंदिनी नायक, नूसरत बेगम, राधेश्वरी गायकवाड़, रूबीना बेगम, सरिफुन निशा, सरोज बेन सोलंकी, सायरा बेगम, शबिस्ता खान, शगुप्ता अंजुम खान, शोभा, शोभा यादव, सुषमा आनंद अग्रवाल, तहमीना परवीन, तलत उन्नीशा शामिल हैं.
छत्तीसगढ़ के प्रथम डीजीपी श्रीमोहन शुक्ला का निधन, पुलिस मुख्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्रीमोहन शुक्ला का आज दिनांक 28 जनवरी 2025 को प्रातः आकस्मिक निधन हो गया। रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी श्री शुक्ला (आयु 85 वर्ष) ने भोपाल के वैशाली नगर स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। श्री शुक्ला का अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे भोपाल में हुआ। इस दौरान परिवारजनों, मित्रों और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
श्रीमोहन शुक्ला छत्तीसगढ़ के प्रथम पुलिस महानिदेशक रहे। वे एक नवंबर 2000 से 26 मई 2001 तक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रहे। इसके बाद उन्होंने 26 मई 2001 से 2 अक्टूबर 2004 तक छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के प्रथम अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दीं। श्री शुक्ला के निधन पर छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
चुनाव 2025 : बागी बिगाड़ेंगे खेल… नाराज नेताओं को मनाने में पार्टी रही फेल, जानिए कहां-कहां से फूटे बगावत के स्वर
रायपुर। निकाय चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन था. अंतिम दिन बीजेपी और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों ने जहां तामझाम के साथ नामांकन दाखिल कर दिया है, वहीं टिकट कटने और न मिलने से नाराज नेताओं ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है. अब सवाल है कि नाराज नेताओं की बगावत से क्या राजनीतिक दलों के समीकरण बिगड़ सकते हैं. आखिर पार्टी समय पर नाराज नेताओं को मनाने में क्यों विफल रही है और अब इन बागी नेताओं से पार्टियों को कितना नुकसान होगा. आइए जानते हैं प्रदेश के किन-किन निकायों में बगावत के स्वर फूटे हैं.
बिलासपुर में त्रिलोक श्रीवास ने किया बगावत
बिलासपुर में कांग्रेस नेता त्रिलोक श्रीवास पार्टी के अधिकृत महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक के खिलाफ निर्दलीय मैदान पर उतर चुके है. पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने बगावत करते हुए आज नामांकन दाखिल कर दिया है. वही बिलासपुर में बीजेपी के उमेश चन्द्र कुमार ने पार्षद के लिए निर्दलीय फॉर्म भरा है.
कोरबा निगम में भी मची फूट, मालती किन्नर ने भरा निर्दलीय नामांकन
कोरबा में कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी उषा तिवारी के ख़िलाफ़ कांग्रेस नेता मालती किन्नर ने बगावती तेवर दिखाते हुए निर्दलीय नामांकन भरकर पार्टी को नुकसान पहुंचाने की पूरी तैयारी कर ली है.
बीजेपी में नहीं बनी बात तो रायगढ़ के पूर्व महापौर निर्दलीय तैयार
इधर रायगढ़ नगर निगम में कांग्रेस नेता और पूर्व महापौर जेठूराम मनहर ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है. दो महीने पहले ही पार्टी से उन्होंने इस्तीफा दिया था. खबर है कि जेठूराम मनहर बीजेपी में प्रवेश करने के लिए प्रयासरत थे. इसके साथ ही अपने बेटे के लिये पार्षद की टिकट भी बीजेपी से लेने की तैयारी में थे, लेकिन पार्टी ने किसी प्रकार की दिलचस्पी नहीं दिखाई और अब वे निर्दलीय ही मैदान पर उतर चुके है.
वहीं प्रदेश के 5 से अधिक नगर पालिका परिषद में बगावत कर नेताओं ने अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल की है. इनमें-
गरियाबंद नगर पालिका
भाजपा के बागी नेता- प्रशांत मानिकपुरी ने अध्यक्ष पद के निर्दलीय नामांकन भरा है. यहां भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी रीखी राम यादव हैं.
कटघोरा नगर पालिका
कांग्रेस के बागी नेता- कोमल जयसवाल ने अध्यक्ष पद के निर्दलीय नामांकन भरा है.कांग्रेस से अधिकृत प्रत्याशी हैं राज जयसवाल
रतनपुर नगर पालिका
कांग्रेस के बागी नेता- रमेश सूर्या ने अध्यक्ष पद के निर्दलीय नामांकन भरा है.
बीजेपी के बागी नेता- कन्हैया यादव ने अध्यक्ष पद के लिए फॉर्म भरा है.
कांग्रेस से अधिकृत प्रत्याशी शीतल जसवाल और बीजेपी से लवकुश कश्यप हैं
कुम्हारी नगर पालिका
कांग्रेस के बागी नेता पालिका अध्यक्ष के लिए कांग्रेस की बेबी वर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय नामांकन भरा है. कांग्रेस पूर्व पीआईसी और दो बार के पार्षद थनेश पटेल की पत्नी रामप्यारी पटेल को अध्यक्ष पद का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है
अहिवारा नगर पालिका
बीजेपी के बागी नेता विद्यानन्द साहू ने निर्दलीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा है. भाजपा ने पूर्व पालिका अध्यक्ष नटवर ताम्रकार को बनाया है अधिकृत बनाया
पार्षदों ने भी की जमकर बगावत
वार्डों के फाइनल लिस्ट जारी होने के बाद सिटिंग और दावेदार पार्षदों ने खुलकर पार्टी का विरोध करते हुए बगावत है. इसमें रायपुर से कांग्रेस से-
रायपुर नगर निगम
कांग्रेस के सिटिंग पार्षदों आकाश तिवारी, समीर अख़्तर, जितेंद्र अग्रवाल,बंटी होरा ने टिकट काटने के बाद पार्षद पद के लिए नामांकन भर दिया है. बीजेपी के शुभम यादव, संतोष साहू और तुषार चोपड़ा ने बाग़ी होकर निर्दलीय लड़ने का फैसला किया है.
दुर्ग नगर निगम में भाजपा के पूर्व पार्षद गोपू पटेल, मोती साहू, दिलीप साहू और महेंद्र सागर वंशी ने बगावत कर निर्दलीय पार्षद का नामांकन भरा है. कांग्रेस की प्रीति सुजाता साहू ने पार्षद पद के लिए निर्दलीय नामांकन भरा है. वहीं गरियाबंद में गीता जगत, पूनराम यादव, पुरोषी सोनी(बाबा), रितिक सिन्हा(सिटिंग पार्षद) ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर बगावत कर दी है.
लेकिन अब देखने वाली बात ये होगी कि निकाय चुनाव में बगावत की स्वर पार्टियों को किस धुन पर नचाने वाली है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रयागराज महाकुंभ स्पेशल ट्रेन की रेल मंत्री से की मांग
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ स्नान हेतु विशेष ट्रेन सुविधा प्रदान करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रायपुर मंडल के डीआरएम को पत्र लिखा है।
श्री अग्रवाल के मुताबिक ने उनके लोकसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण महाकुंभ स्नान हेतु प्रयागराज जाना चाहते हैं लेकिन वर्तमान में उपलब्ध ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद श्री अग्रवाल ने मांग की है कि रायपुर अथवा दुर्ग से प्रयागराज तक महाकुंभ अवधि के लिए विशेष ट्रेन आरंभ की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को इस पवित्र स्नान का अवसर सहजता से प्राप्त हो सके। उन्होंने रेल मंत्री और डीआरएम से अनुरोध किया है कि श्रद्धालुओं की इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाए जाएं।
सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि महाकुंभ भारतीय संस्कृति और परंपरा का एक अनूठा पर्व है, जिसमें देश के कोने-कोने से लोग श्रद्धा और आस्था के साथ शामिल होते हैं। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने में कोई बाधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।


कांग्रेस में बगावत : पार्टी ने काटा टिकट, रायपुर में निर्दलीय चुनाव लड़ने दो पार्षदों ने भरा नामांकन, पार्टी पर लगाए गंभीर आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज समाप्त हो गई है. रायपुर नगर निगम के लिए कांग्रेस ने देर रात तक सभी पार्षद प्रत्याशियों का ऐलान किया, जिसमें करीब 8 पार्षदों का पार्टी ने टिकट काटा है. टिकट वितरण के फैसलों से असंतुष्ट पार्षद अब पार्टी से बगावत पर उतर आए हैं. एक तरफ पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड 35 से आकाश तिवारी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया, तो वहीं शहीद राजीव पांडेय वार्ड 62 से तीन बार के पार्षद समीर अख्तर ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए नामांकन दाखिल कर दिया है. इन बागियों की बगावत ने कांग्रेस की सियासत गर्मा गई है.
वार्ड 35 से निर्दलीय लड़ेंगे आकाश तिवारी
पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड 35 से पार्षद और MIC सदस्य रहे आकाश तिवारी ने कांग्रेस का टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन दाखिल किया. नामांकन भरने के बाद उनका दर्द छलका और कहा कि “यह तो कांग्रेस ही जानती है कि एक निष्ठावान कार्यकर्ता का टिकट क्यों काटा गया है.” आकाश तिवारी ने बताया कि वे 20 वर्षों से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और NSUI व यूथ कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा, “मैंने दिन-रात मेहनत कर रायपुर को स्वच्छता में देश के दूसरे स्थान पर लाया और ‘बेस्ट पार्षद’ का अवॉर्ड भी हासिल किया. पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा के बावजूद मेरा टिकट काटा गया, जो मेरे लिए अविश्वसनीय है.”

आकाश तिवारी ने 2 नामांकन फॉर्म भरे हैं, एक कांग्रेस पार्टी के लिए और दूसरा निर्दलीय. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर कांग्रेस उन्हें अन्य किसी वार्ड से टिकट नहीं देती, तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे.
गौरतलब है कि परिसीमन के बाद पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड 35 में टिकट को लेकर कामरान अंसारी और आकाश तिवारी के बीच प्रतिस्पर्धा थी. पार्टी ने कामरान अंसारी को टिकट दिया है, जिससे नाराज होकर तिवारी ने निर्दलीय लड़ने का निर्णय लिया है.
वार्ड 62 में भी बगावत
शहीद राजीव पांडेय वार्ड-62 से तीन बार के पार्षद समीर अख्तर ने कांग्रेस से टिकट न मिलने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है. उन्होंने निर्दलीय नामांकन दाखिल करते हुए पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए. मीडिया से बातचीत में समीर अख्तर ने कहा कि कांग्रेस में केवल नेताओं के पैर छूने वालों को ही टिकट दिया जाता है. मैंने किसी का पैर छूने का काम नहीं किया, इसलिए मेरा टिकट काटा गया. उन्होंने आगे कहा कि मैं शुरू से कांग्रेस का निष्ठावान कार्यकर्ता रहा हूं. मोदी लहर हो या कोई भी चुनौतीपूर्ण समय, मैं लगातार जीतता आया हूं.

समीर अख्तर ने दावा किया कि जिन उम्मीदवारों को पार्टी ने टिकट दिया है, वे हमेशा बड़े अंतर से चुनाव हारते आए हैं. उन्होंने कहा कि मैंने पूर्व सीएम भूपेश बघेल को भी इस बारे में जानकारी दी थी और अपने वार्ड के दूसरे कांग्रेस कार्यकर्ता को टिकट देने की भी मांग की थी. लेकिन दोनों को टिकट नहीं मिलने पर जनता मेरे घर आई और चुनाव लड़ने की मांग रखी.
अख्तर ने कांग्रेस पर अन्याय का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने उनके साथ गलत किया है और इसी कारण उन्होंने निर्दलीय मैदान में उतरने का फैसला किया है. खरीद-फरोख्त की बता पर उन्होंने कहा कि मैंने कभी पैसे लिए न दिए, इसलिए मुझे इसकी जानकारी नहीं है.
रायपुर नगर निगम में कांग्रेस ने इन पार्षदों का काटा टिकट
कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम में थोक में सिटिंग पार्षदों के टिकट काटे हैं. इनमें वार्ड 27 से पार्षद सुरेश चन्नावार, वार्ड 28 से हरदीप सिंह होरा ‘बंटी’, वार्ड 29 से पुरुषोत्तम चंद्र बेहरा, वार्ड 35 से आकाश तिवारी, वार्ड 36 से अनवर हुसैन, वार्ड 37 से रितेश त्रिपाठी, वार्ड 40 से सीनियर पार्षद ज्ञानेश शर्मा और वार्ड 62 से पार्षद समीर अख्तर का टिकट कटा है. वहीं महापौर और वार्ड 46 के पार्षद एजाज ढेबर को वार्ड 57 से टिकट दिया गया है.
महाकुंभ को लेकर विवादित टिप्पणी कर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खड़गे, राजधानी में भाजपा ने दर्ज कराई शिकायत
रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा कुंभ को लेकर की गई विवादित टिप्पणी से पूरे देश में बवाल मचा हुआ है. वहीं रायपुर खिलाफ भाजपा ने नाराजगी जताई और खड़गे के खिलाफ सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है.
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का आज पूरे देश में विरोध किया गया. सिविल लाइन थाना में शिकायत की गई है. आज पूरे देश में विरोध किया गया, सभी जगह शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष में थोड़ा बहुत भी शर्म हो तो कान पकड़ कर हिंदू समाज से माफी मांगे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में शामिल हिंदुओं से मैं पूछना चाहता हूं, हिंदू समाज के अपमान का क्या वे सवाल उठाएंगे? या फिर इस तरह के अपमान करने वाले बयान का साथ देंगे? कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कुंभ को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है. कुंभ में गंगा में स्नान करने से ज़्यादा गरीबी दूर हो जाएगी? भुखमरी दूर हो जाएगी? जब बच्चा भूखा मर रहा है, बच्चा स्कूल नहीं जा रहा है, मजदूरों को मज़दूरी नहीं मिल रही है. ऐसे में हजारों रुपये खर्च करके कम्पटीशन में डुबकियां मार रहे हैं, ऐसे लोगों से देश की भलाई नहीं होने वाली है. हिंदू धर्म की आस्था पर चोट पहुंचाते हुए आपत्तिजनक बयान है. 45 करोड़ धर्म प्रेमी आज इस कुंभ में स्नान कर चुके हैं.
BJP ने पूर्व IAS को दिया पार्षद का टिकट: 2 साल पहले सिविल सेवा से इस्तीफा देकर भाजपा में प्रवेश करने वाले ‘बग्गा’ को पार्टी ने यहां से बनाया उम्मीदवार …
राजनांदगांव। पूर्व आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को राजनीति खूब भाने लगी है। इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि कई अधिकारियों ने बीच में ही नौकरी से इस्तीफा देकर राजनीति में आने का फैसला किया। कई ने सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आने का मन बनाया। आज हम आपको राजनांदगांव के रहने वाले पूर्व IAS अधिकारी शैंकी बग्गा के बारे में बताने जा रहे है, जो इस बार बीजेपी के टिकट पर राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड 24 शीतला माता वार्ड (जमातपारा) से पार्षद चुनाव लड़ने जा रहे है।
बता दें कि मूल रूप से राजनांदगांव के रहने वाले शैंकी बग्गा 2013 बैच के IAS अफसर रहे हैं। उन्होंने इससे पहले IIT बॉम्बे से एमटेक किया है। सिविल सेवा में चयनित होने के बाद शैंकी बग्गा ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री नागपुर के भंडारा और ओडिशा में काम किया है।
रेलवे स्टेशन पर दिया इस्तीफा, फिर ज्वाइन की बीजेपी
शैंकी बग्गा की बीजेपी में शामिल होने की कहानी काफी दिलचस्प है। दरअसल, शैंकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना आदर्श मानते है और उन्हीं की तरह देश सेवा के लिए अपना जीवन व्यतीत करना चाहते हैं। साल 2022 के 11 दिसंबर के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह ट्रेन राजनांदगांव जब पहुंची तो उसका ग्रांड वेलकम किया गया। इसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता पहुंचे हुए थे। यहीं पर IAS अफसर शैंकी बग्गा भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अपना इस्तीफा भेजा और वीआरएस के लिए आवेदन किया। इसके बाद उन्होंने तत्कालीन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन करने की घोषणा कर दी। फिर भाजपा नेताओं ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। तब शैंकी बग्गा ने सिविल सर्विसेज की नौकरी छोड़ भाजपा ज्वाइन करने और नेता बनने का कारण भी बताया था।
राजनांदगांव के वार्ड 24 से पार्षद चुनाव लड़ेंगे शैंकी बग्गा

PM नरेंद्र मोदी से प्रेरित होकर दिया इस्तीफा
भाजपा ज्वाइन करने के बाद शैंकी बग्गा ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो नेतृत्व है, वह बहुत ही अच्छा है। उससे प्रेरित होकर इस्तीफा दिया। सोचा कि देश सेवा के लिए अपना जीवन व्यतीत करूं। मैंने सात साल आईएएस में काम किया है।
महादेव सट्टा एप मामला : ED ने आरोपी संदीप फोगला को कोर्ट में किया पेश, 14 दिन की बढ़ी न्यायिक रिमांड
रायपुर। महादेव सट्टा एप मामले में कोलकाता से गिरफ्तार किए गए आरोपी संदीप फोगला की मुश्किलें बढ़ गई है. ईडी ने आज आरोपी संदीप को रिमांड खत्म होने पर विशेष कोर्ट में पेश किया. सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी संदीप की न्यायिक रिमांड को 14 दिन के लिए बढ़ा दिया है, अब 10 फरवरी को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा.
बता दें कि संदीप फोगला को बीते दिनों ने ईडी की टीम ने कलकत्ता में छापा मारकर पकड़ा था. संदीप पर आरोप है कि वह सट्टे के कारोबार से कमाए पैसे को फर्जी कंपनियों और शेयर ट्रेडिंग में लगाकर वाइट मनी बनाता था.
क्या है महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामला ?
ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन करने के लिए महादेव बेटिंग ऐप बनाया गया है. जिसमें क्रिकेट, पोकर और कार्ड गेम जैसे अलग-अलग खेलों का यूजर्स हिस्सा बन सकते है. इन्हीं खेलों के जरिए सट्टेबाजी की जाती थी. बताया जाता है कि साल 2019 में भिलाई निवासी सौरभ चंद्राकर ने महादेव सट्टा ऐप को शुरू किया था. बाद में सौरभ चंद्राकर दुबई चला गया. जहां अपने दोस्तों को बुलाकर एप पर काम करना शुरू कर दिया. ईडी की जांच में सामने आया कि एप पर छत्तीसगढ़ के अधिक यूजर्स की आईडी थी. क्रिकेट, चुनाव परिणाम से लेकर अलग-अलग मामलों में सट्टा लगाया जाता था.
सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल ने महादेव सट्टा एप के ऑपरेट करने के लिए अनिल दम्मानी और सुनील को जिम्मेदारी दी थी. मामले में पुलिस, ब्यूरोक्रेट्स, नेता और सेलेब्रिटीज के नाम जुड़े गए. सट्टा एप को प्रमोट करने के लिए सोशल मीडिया सहित अन्य तरीका अपनाया गया.
देश के कई अलग-अलग राज्यों में महादेव बेटिंग ऐप के 30 कॉल सेंटर थे. जो सट्टेबाजी के जरिये बड़ी रकम कमाने का लोगो को लालच देते थे. हामी भरने पर यूजर्स को व्हाट्सएप के एक प्राइवेट ग्रुप से जोड़ दिया जाता था. इसके बाद कुछ वेबसाइट्स पर अपनी आईडी बनाने के लिए बोला जाता था.
यूजर्स को दो फोन नंबर दिए जाते थे. पहले नंबर के जरिए यूजर्स आईडी में पैसे के साथ पॉइंट जमा करते थे. वहीं दूसरा नंबर का इस्तमाल यूजर्स आईडी की पॉइंट को भुनाने और वेबसाइट से संपर्क करने के लिए करते थे. बाद में यूजर्स बिना नाम के खाते में पैसे ट्रांसफर कराते थे. विनिंग अमाउंट को यूजर्स उसी खाते से निकालते भी थे.
नगरीय निकाय चुनाव 2025: चाय वाले, गुपचुप वाली के बाद भाजपा ने लेडिस टेलर पर जताया भरोसा, बनाया नगर पालिका अध्यक्ष पद का प्रत्याशी…
जांजगीर। नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की सभी को सत्ता में हिस्सेदारी देने की राजनीति चरम पर है. कहीं चाय वाले को तो कहीं गुपचुप वाली को प्रत्याशी बनाया है. ऐसा ही कुछ जांजगीर-नैला नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में भी किया है, जहां टेलरिंग का काम करने वाली चित्ररेखा गढ़ेवाल को पार्टी प्रत्याशी बनाया है.
जांजगीर-नैला नगर पालिका के वार्ड 25 में घर से टेलरिंग दुकान चलाकर परिवार चलाने में पति का हाथ बंटाने वाली चित्ररेखा गढ़ेवाल महज 8वीं तक पढ़ी है. बीते 20 वर्षों से बीजेपी से जुड़ी चित्ररेखा एक बाद वार्ड पार्षद भी चुनी जा चुकी है. पार्षदी के बाद उन्होंने बीजेपी महिला मोर्चा की जिम्मेदारी संभाली और वर्तमान में महिला मोर्चा की सोशल मीडिया प्रभारी हैं.
अध्यक्ष पद का टिकट हासिल करने के बाद अपना नामांकन दाखिल कर चुकी चित्ररेखा अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए बीजेपी नेतृत्व को धन्यवाद देती है. उन्होंने अपने टेलरिंग काम से महिलाओं और घर-घर बने संबंधों के भरोसे अपनी जीत के साथ नगर विकास के लिए आश्वस्त है.
चित्ररेखा गढ़ेवाल ने चर्चा में जांजगीर-नैला नगर पालिका के कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल को भ्रष्टाचार और नगर के विकास में बाधक बताया. उन्होंने नगर में बीजेपी की सरकार बनने पर चहुंमुखी विकास का भरोसा दिलाया है.
चार दशकों से कांग्रेस के साथ रहे सतपाल को मंत्री ओपी चौधरी ने करवाया भाजपा प्रवेश, बग्गा ने कहा- चाय बेचने वाले को टिकट देने से हुआ प्रभावित
रायगढ़। जिला भाजपा कार्यालय में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के समक्ष चार दशकों से सक्रिय कांग्रेस नेता सतपाल बग्गा ने आज भाजपा में प्रवेश किया. इस दौरान उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि कांग्रेस के पास नीतियों का अभाव है, जबकि भाजपा में ओपी चौधरी के नेतृत्व में स्पष्ट विजन और विकास की राजनीति है. सतपाल बग्गा ने आगे कहा कि भाजपा ने एक चाय बेचने वाले को महापौर प्रत्याशी बनाकर यह साबित कर दिया कि जमीनी कार्यकर्ता और गरीब व्यक्ति को उसकी ईमानदारी का उचित पुरस्कार मिल सकता है.
सतपाल जीवन के चार दशक कांग्रेस के साथ व्यतीत करने वाले कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में से एक रहे हैं. राजनीति के साथ-साथ सिक्ख समाज में भी सतपाल बग्गा की गहरी पैठ है. ओपी चौधरी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर सतपाल बग्गा ने कहा विकास के लिए किसी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए क्योंकि इससे जनता का भला होता है. निगम क्षेत्र में बन रही गुणवत्ता पूर्वक सड़कों की मिशाल देते हुए उन्होंने कहा पहली बार इतनी अच्छी सड़के बन रही है. राजनीति में अक्सर लोग पद पाकर कर्तव्यविमुख हो जाते हैं लेकिन ओपी चौधरी ने एक साल के कार्यकाल में नालन्दा परिसर लाइब्रेरी, ऑक्सी जोन, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय, केलो बांध की नहरें, क्रिकेट बॉक्स, मेडिकल कॉलेज में उपकरणों की स्वीकृति, सड़कों का गुणवत्ता पूर्वक डामरीकरण शहर का सौंदर्यीकरण तालाबों का सौंदर्यीकरण जैसे ढेरों विकास कार्य है जिससे आम जनता ओपी चौधरी से प्रभावित है.
एक चाय वाले को महापौर का प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने बता दिया कि यहां परिवार वाद का कोई स्थान नहीं है. रायगढ़ वासियों से अपील करते हुए सतपाल ने कहा जनता को निगम चुनाव के दौरान ओपी चौधरी की कल्पना को साकार करने के लिए भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाए.
नगर निगम चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने मैदान में उतरे सांसद बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए नगरीय निकाय चुनाव में पूरे जोश और समर्पण के साथ मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन उन्होंने राजधानी रायपुर और महासमुंद में भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैलियों में भाग लेकर कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साहवर्धन किया।
श्री अग्रवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने पहले विधानसभा और फिर लोकसभा चुनावों में कमल खिलाकर भाजपा पर जो विश्वास जताया है, वही विश्वास राज्य में तेज विकास का आधार बना है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अगुवाई और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्ग दर्शन में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के कारण गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1000 की राशि, किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल धान खरीदी, स्वास्थ्य तथा अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। अब समय आ गया है कि एक बार फिर नगर निगम में कमल खिलाकर अपने गली-मोहल्लों को सुंदर और विकसित बनाएं।”












उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता जनसेवा और विकास है। नगरीय निकायों में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से जुटे हैं। श्री अग्रवाल ने जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशियों को अपना समर्थन दें ताकि राज्य का सर्वांगीण विकास जारी रह सके।
इस अवसर पर मंत्री राम विचार नेताम, विधायक राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। नामांकन रैलियों में उमड़ा जनसैलाब यह संकेत दे रहा है कि नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।

महासमुंद में नगर पालिका अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी डॉ. विमल चौपड़ा, रायपुर से महापौर उम्मीदवार मीनल चौबे और पार्षद प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया।
रायपुर नगर निगम चुनाव के संचालक बनाये गए सांसद बृजमोहन अग्रवाल
बता दें कि, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की राजनीतिक समझ, अनुभव और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें रायपुर नगर निगम चुनाव का संचालक बनाया गया है। यह उनकी रणनीतिक क्षमता और जनता के बीच उनकी पकड़ को दर्शाता है।
पार्षद प्रत्याशी विशाल पाण्डेय, भगतराम हरवंश, मनमोहन मनहरे, नन्दकुमार साहू, अम्बिका साहू, खगपति सोनी, खेमकुमार सेन, आर्ची साहू, गोपेश कुमार साहू, देवदत्त द्विवेदी, मोहन साहू, साधना प्रमोद साहू, महेंद्र खोडियार, सूर्यकांत राठौर, राजेश देवांगन, गज्जू साहू, प्रमिला साहू, सोहन साहू, प्रीतम ठाकुर, अमन ठाकुर, गायत्री सुनील चंद्राकर, मीना ठाकुर, कृष्णा पंचुराम भारती, राधिका साहू, भोलाराम साहू, रामहीन कुरें, अवतारसिंह बागल, कृतिका जैन, कैलाश बेहरा, राजेश कुमार गुप्ता, पुष्पा रोहित साहू, प्रभा मनोज विश्वकर्मा, प्रदीप कुमार वर्मा, ज्ञानचंद चौधरी, घनश्याम रक्सेल, श्वेता विश्वकर्मा, दीपक जायसवाल, आनंद अग्रवाल, सुमन अशोक पाण्डेय, आशु चंद्रवंशी, सरिता दुबे, अम्बर अग्रवाल, अजय साहू, मुरली शर्मा, प्रीति परताले, संजना संतोष हियाल, संतोष साहू, महेश ध्रुव, अनामिका सिंह, गायत्री नौरंगे, उत्तरा सिंह, विनय पंकज निर्मलकर, मनोज जांगडे, सुषमा तिलक साहू, विनय प्रताप सिंह ध्रुव, सचिन मेघानी, अमर गिदवानी, श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, अंजलि जितेन्द्र गोलछा, रमेश सपहा, रवि सोनकर, बद्री प्रसाद गुप्ता, प्रमोद कुमार साहू, मनोज वर्मा, मंजू राजेंद्र सिंह यादव, श्याम सुंदर अग्रवाल, ममता तिवारी, दुर्गा यादराम साहू, महेंद्र औसर और अर्जुन यादव ने भी रैली में शामिल होकर नामांकन दाखिल किया।
बड़ी कार्रवाई : लंबे समय से अनुपस्थित 27 चिकित्सा अधिकारियों-विशेषज्ञ चिकित्सकों को किया सेवा मुक्त
रायपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित 27 चिकित्सा अधिकारियो व विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा समाप्त कर दी गई हैं। साथ ही 21 चिकित्सा अधिकारियों के विरूद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए है।
विदित हो कि चिकित्सा अधिकारियों व विशेषज्ञ चिकित्सकों को अपने कर्तव्यस्थल से लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने के फलस्वरूप कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लगातार तीन वर्ष से अधिक अवधि के लिए अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहते हुए शासन के मूलभूत नियम और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (अवकाश) नियम का उल्लंघन किया गया था।
अनुपस्थित अधिकारियों व चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी करके अपना पक्ष प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया गया था। सुनवाई में उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों/ विशेषज्ञ चिकित्सकों के पक्ष को सुना गया तथा उनके द्वारा प्रस्तुत अभ्यावेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए चिकित्सा अधिकारियो व विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा समाप्त कर दी गई हैं।
नगरीय निकाय चुनाव : टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस के असंतोष पर भाजपा सांसद और विधायक ने दिया बयान, परिणाम की कर दी भविष्यवाणी…
रायपुर। कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद कार्यकर्ताओं के असंतोष को देखते हुए भाजपा के नेता मुखर हो गए हैं. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तो निकाय चुनाव परिणाम की भविष्यवाणी कर दी है. वहीं विधायक सुनील सोनी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का दर्द बयां किया है.
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कहा कि असंतुष्टि ही कांग्रेस को डुबायेगी, और उनकी असंतुष्टि में ही बीजेपी का कमल फूल खिलेगा. टिकट खरीदी-बिक्री को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता. ऊपर स्तर तक पैसे पर पैसे से ही बात होती है, फिर ये तो निचले स्तर की बात है.
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं को रुलाया
वहीं टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस में नेताओं और कार्यकर्ताओं की बगावत को लेकर दूसरी ओर विधायक सुनील सोनी ने कहा कि कांग्रेस ने अंतिम समय तक कार्यकर्ताओं को रुलाया है. पैसों के नाम पर कार्यकर्ताओं ने खून के आंसू बहाए हैं, और फिर टिकट के लिए चक्कर कटवाए. कांग्रेस नेताओं को शर्म आना चाहिए.
कांग्रेस में टिकट खरीदी-बिक्री को लेकर विधायक ने कहा कि इनके पूर्व विधायक ही बता रहे हैं कि टिकट खरीदा और बेचा जाता है. छोटे कार्यकर्ताओं के साथ ऐसा करेंगे तो जनता दूर होगी ही. आने वाले समय में कार्यकर्ता भी दूर हो जाएंगे.
निकाय चुनाव 2025 : तखतपुर बनी हाई प्रोफाइल सीट, भाजपा और कांग्रेस ने उतारे सशक्त महिला प्रत्याशी…
तखतपुर। नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही राजनीतिक पार्टियों के अखाड़े तैयार हो चुके हैं. तखतपुर नगर पालिका में भाजपा और कांग्रेस ने दमदार महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है. इन दोनों प्रत्याशियों की वजह से ठंड के मौसम में भी राजनीतिक गर्माहट बढ़ने के साथ ही सीट हाई प्रोफाइल हो गई है.
एक तरफ भाजपा ने वंदना सिंह ठाकुर को मैदान में उतारा है. जो कि तखतपुर विधायक धर्मजीत की बेहद करीबी है. और वर्तमान में नगर पालिका की उपाध्यक्ष है. तो वहीं दूसरी तरफ पूर्व विधायक जगजीत सिंह मक्कड़ की बहू और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आत्मजीत की धर्मपत्नी रविंदर (पूजा) मक्कड़ को मैदान में उतार कर इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है.
एक तरफ भाजपा अपने महतारी वंदन योजना और डबल इंजन की सरकार का हवाला देते हुए विकास के दावे को लेकर मैदान में उतरने जा रही है. वंदना ने बताया कि कांग्रेस के 5 साल में विकास कार्य नहीं हुए हैं, लेकिन जब से भाजपा की सरकार बनी है, यहां विकास कार्य बहुत तेजी से हो रहा है.
वहीं कांग्रेस की प्रत्याशी रविंदर (पूजा) मक्कड़ अपने ससुर विधायक जगजीत सिंह मक्कड़ और सास पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेन्द्र कौर मक्कड़ के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और दोबारा तखतपुर को विकसित तखतपुर बनाने का दावा करते हुए जनता के दरबार में पहुंचने की तैयारी है.
पूजा मक्कड़ ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि तखतपुर धूल का शहर बन चुका है. उम्मीद थी कि भाजपा की सरकार आई तो तखतपुर नगर धूल मुक्त होगा. विकास के इबारत गढ़े जाएंगे, लेकिन धूल की समस्या और बढ़ गई. नगर की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं. महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय की कमी हैं, जिनके कारण उनको प्रसाधन के लिए भटकना पड़ता है. साफ-सफाई जैसे कई अनेक समस्याएं बनी हुई है.
इस तरह से दोनों ही पार्टियों ने दमदार महिला प्रत्याशी उतारकर अपनी-अपनी ओर से संदेश दे दिया है, लेकिन अब देखना होगा कि जनता के दरबार में इन दोनों प्रत्याशियों का भविष्य क्या होगा. भाजपा अपना कमल खिला पाएगी या कांग्रेस का हाथ तखतपुर की जनता मजबूत करेगी.
तखतपुर की प्रमुख समस्याएं –
1. सड़क में धूल का गुबार
2. बढ़ता ट्रैफिक समस्या
3. महिला प्रसाधन की समस्या
4. मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण से सदर बाजार और जनकपुर रोड पर चलना दूभर
5. शहर के गंदे पानी का संगम बना मनियारी नदी
6. मॉर्निंग वॉक और बच्चों के खेलने के लिए के लिए गार्डन का अभाव
7. थोक सब्जी बाजार की स्थाई व्यवस्था नहीं होना.
8. प्रकाश व्यवस्था ठप.
ICAI रायपुर ब्रांच को मिला नया नेतृत्व, प्रबंधन समिति का हुआ गठन
रायपुर। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की रायपुर शाखा ने अपनी नई प्रबंधन समिति का गठन करते हुए अगले सत्र के लिए एक नई शुरुआत की है. इस अवसर पर समिति के सदस्यों के नाम घोषित किए गए, जो अपनी कुशलता, अनुभव और प्रतिबद्धता से शाखा और पेशे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे.
नवनिर्वाचित प्रबंधन समिति के सदस्य इस प्रकार हैं:
1. सीए ऋषिकेश यादव
2. सीए विकास गोलछा
3. सीए संस्कार अग्रवाल
4. सीए रश्मि वर्मा
5. सीए रवि जैन
6. सीए आयुषी गर्ग
7. सीए शीतल काला
