प्रदेश
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025: खैरागढ़ में भाजपा ने जारी की जिला पंचायत सदस्यों की सूची, देखें लिस्ट
खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. भाजपा ने 10 जिला पंचायत क्षेत्रों में से 9 क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिनमें पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह का भी नाम शामिल है. बता दें, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला बनने के बाद पहली बार जिला पंचायत चुनाव होने जा रहा है.

देखें लिस्ट:

निकाय चुनाव 2025 : उपमुख्यमंत्री के निवास में चार मंत्रियों के बीच हुई बैठक, चुनाव के लिए बनी रणनीति
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने निवास में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और मंत्री ओपी चौधरी व केदार कश्यप के साथ बैठक की. लगभग 1 घंटे तक चली बैठक में निकाय चुनाव में नामांकनों की जांच के बाद बनी स्थिति को देखते हुए आगे की रणनीति बनाई गई.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में कहा कि नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाने के संबंध में चर्चा हुई है. वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि रायपुर प्रदेश की राजधानी है, और यहां कैसे कांग्रेस प्रत्याशी होने चाहिए, जनता उन्हें जाने तो… वह कौन है, अब तक क्या किया और आगे क्या करेंगे. एक राजनैतिक कार्यकर्ता मैदान में उतरे.
अवैध रह रहे लोगों की कोई आइडेंटिटी नहीं
वहीं रायपुर में अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि इन लोगों के चलते कानून-व्यवस्था बिगड़ रहा है. ये आम लोगों के लिए खतरा है. इन अवैध लोगों की कोई आइडेंटिटी नहीं है. ये कहां से, कौन हैं, इन सब बातों पर प्रशासन ने गंभीरता बरती है. जो भी अवैध रूप से रह रहे होंगे, उन पर निश्चित ही कार्रवाई होनी चाहिए.
हिन्दू-मुस्लिम कांग्रेस का रटा-रटाया आरोप
मुद्दे पर हिंदू-मुस्लिम के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस का रटा-रटाया आरोप है, बांग्लादेशी और रोहिंग्या के खिलाफ लंबे समय से कार्रवाई चल रही है. हर चीज को चुनाव से जोड़कर देखना कांग्रेस की आदत हो गई है, जबकि ये कानून व्यवस्था, राज्य और आम लोगों की सुरक्षा का मामला है. प्रशासन बांग्लादेशी और रोहिंग्या पर कार्रवाई कर रही है. यहां अवैध तरीके से रह रहे होंगे तो निश्चित ही कानून सम्मत कार्रवाई होगी.
राहुल की झूठे वादों का जनता ने दिया जवाब
झूठे वादे के सवाल पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी की झूठी बातों और वादों का प्रमाण छत्तीसगढ़ के 3 करोड़ जनता ने बार-बार दिया है. उन्होंने 2018 के छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव में झूठा वादा किया था, उसे पूरे देश ने देखा है. वास्तविता यह है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति भारत ही नहीं, बल्कि विश्व में विश्वनीयता है. वहीं कांग्रेस तो समाप्ति को ओर जा रही है.
यमुना के जहरीले पानी पर पलटवार
आप नेता अरविंद केजरीवाल के यमुना के जल को जहरीली बनाने के आरोप पर कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री खुद यमुना के जल को पिया. इससे अच्छा प्रमाण और कुछ नहीं हो सकता है कि वे झूठ बोल रहे हैं. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के लोग एक हो जाते हैं, और कभी एक दूसरे के खिलाफ बोलते हैं. इनकी विश्वसनीयता समाप्त हो गई है. ये झूठे हैं यह भी प्रमाणित हो गया है.
कांग्रेस को बड़ा झटका : महापौर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त, भाजपा ने जताई थी आपत्ति
धमतरी। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. धमतरी में कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी विजय गोलछा का नामांकन निरस्त हो गया है. भाजपा ने गोलछा को निगम का ठेकेदार बताकर आपत्ति जताई थी. इस मामले में आज सुनवाई के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया.

12 प्रत्याशियों का स्वीकृत हुआ है नामांकन
अपर कलेक्टर इंदिरा देवरानी ने बताया कि धमतरी में महापौर के लिए 14 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया था. समीक्षा के बाद कुल 12 प्रत्याशियों का नामांकन स्वीकृत हुए हैं. विजय गोलछा कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन भरा था, जिस पर भाजपा ने गोलछा को निगम का ठेकेदार बताकर आपत्ति जताई थी. इस मामले में आज सुनवाई के बाद रिटर्निंग अधिकारी ने कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी का नामांकन निरस्त कर दिया. बताया जा रहा कि कांग्रेस ने एक मुस्लिम महिला को भी उम्मीदवार बनाया है.
निकाय चुनाव 2025 : M2 जनरेशन के ईवीएम से होगा चुनाव, मतगणना में लगेगा कम समय…
अंबिकापुर। नगरीय निकाय चुनाव M2 जनरेशन के ईवीएम से होगा. इससे जहां निर्वाचन आयोग को सहुलियत होगी, वहीं 15 फरवरी को चुनाव के नतीजे भी तेजी से आएंगे. यह बात निर्वाचन कार्य की समीक्षा के लिए अंबिकापुर पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने कही.
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने मीडिया से चर्चा में ईवीएम को लेकर राजनीतिक दलों में आशंका पर कहा कि इसके (ईवीएम) संबंध में सभी राजनीतिक दलों को संपूर्ण जानकारी दे दी गई. जिला स्तर पर ईवीएम की अलग-अलग चरण में चेकिंग के बाद मशीन की कमीशनिंग होगी. उन्होंने कहा कि मतदान के समय हर स्तर पर राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी. राज्य में निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराए जाएंगे.

11 फरवरी को डाले जाएंगे वोट
बता दें कि 20 जनवरी को राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने नगरीय निकाय के साथ-साथ त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के तारीखों की घोषणा की थी. 22 जनवरी से नॉमिनेशन की प्रक्रिया शुरू हुई थी. 31 जनवरी को नाम वापसी होगी. 11 फरवरी को मतदान के बाद 15 फरवरी को मतगणना होगी. नगरीय निकाय चुनाव जहां एक चरण में होंगे, वहीं पंचायत चुनाव तीन चरणों में होगा. 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नॉमिनेशन होगा. वहीं 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान होगा.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माखनलाल चतुर्वेदी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुप्रसिद्ध कवि और लेखक ’पद्मभूषण’ माखनलाल चतुर्वेदी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन किया है। श्री साय ने माखनलाल चतुर्वेदी की रचनाओं को याद करते हुए कहा कि माखनलाल जी ने अपनी प्रभावशाली लेखनी से लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत किया और उन्हें आजादी की लड़ाई में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया। उनकी रचनाओं में प्रकृति प्रेम के साथ त्याग, बलिदान और देश भक्ति का अनूठा संगम दिखाई देता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान बिलासपुर के सेन्ट्रल जेल में 'पुष्प की अभिलाषा’ लिखी जो बहुत लोकप्रिय रचना है। श्री साय ने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी का साहित्य और देश के लिए अमूल्य योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव : भाजपा ने जारी की जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों की सूची, नए चेहरों को दिया मौका, देखें लिस्ट…
गरियाबंद। भाजपा ने गरियाबंद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है, जिसमें नए चेहरों को मौका दिया है. जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशियों की सूची में चंद्रशेखर साहू को छोड़कर 10 नए प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है. इस बार पार्टी ने गरियाबंद व देवभोग की महिला जनपद अध्यक्ष को जिला पंचायत से मैदान में उतारा है.
जिला पंचायत सदस्य के लिए भाजपा ने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है. जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने बताया, क्षेत्र क्रमांक 1 से नंदनी कोमल ढीढी, क्रमांक 2 से नंदनी ओंकार साहू को मौका दिया गया है. वहीं क्रमांक 3 से पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्र शेखर साहू को दोबारा मैदान में उतारा गया है.
जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 से लेखुराम धुर्वा, क्रमांक 5 से शिवांगी चतुर्वेदी को टिकट दिया गया है. क्षेत्र क्रमांक 6 से गरियाबंद जनपद अध्यक्ष रही लालिमा पारस ठाकुर को प्रत्याशी बनाया गया है. क्रमांक 7 से मुकेश बिसेन, क्रमांक 8 से श्रुति ध्रुवा, क्रमांक 9 से गौरी शंकर कश्यप, क्रमांक 10 से देवभोग जनपद अध्यक्ष रही नेहा सिंघल और क्षेत्र क्रमांक 11 से शोभा चंद पात्र को प्रत्याशी बनाया गया है.
ये है नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का शेड्यूल
बता दें कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन जमा करने की प्रक्रिया 28 जनवरी तक चली. नाम वापसी की अंतिम तिथि 31 जनवरी है. नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग 11 फरवरी को होगी और परिणाम 15 फरवरी को घोषित होंगे. वहीं पंचायत चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 27 जनवरी से शुरू हो गई है और नाम वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी है. पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे, जिनकी तारीखें 17, 20 और 23 फरवरी है. इसके नतीजे क्रमश: 18, 21 और 24 फरवरी को घोषित किए जाएंगे.
देखें लिस्ट –

घुसपैठियों को खदेड़ने की तैयारी, रायपुर में करीब 2 हजार लोगों से पूछताछ कर रही पुलिस
रायपुर। छत्तीसगढ़ में घुसपैठियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. दुर्ग, कवर्धा के बाद अब राजधानी रायपुर में घुसपैठियों की पहचान की जा रही है. आज लगभग 2 हजार बाहरी संदेहियों को बसों में भरकर पुलिस लाइन लाया गया है, जहां पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है. एसएसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी भी पुलिस लाइन पहुंचे हैं.

पुलिस ऐसे लोगों को उठाया है, जो शहर के अलग-अलग थाना इलाकों में बिना मुसाफिरी दर्ज कराए रह रहे थे. पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर, नार्थ ईस्ट, बिहार, UP समेत अन्य राज्यों के रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. पुलिस आधार कार्ड मशीन से संदेहियों के डेटा को मैच कर रही. एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया, बाहरी संदिग्ध लोगों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है. संदिग्ध पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत की आजादी के लिए महात्मा गांधी के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महात्मा गांधी के विचार आज भी दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करते हैं। सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश देने वाले गांधी जी के जीवन मूल्य एवं आदर्श सदैव हम सभी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी गांधी जी के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का प्रण लें और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
धान खरीदी में अनियमितता, उपार्जन केंद्र प्रभारी निलंबित
रायपुर। महासमुंद जिले के झारमुड़ा धान उपार्जन केंद्र में धान खरीदी के दौरान अनियमितताओं और लापरवाही के आरोपों के चलते केंद्र प्रभारी मोतीन प्रधान को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई प्राधिकृत अधिकारी संजय प्रधान द्वारा की गई है.
जानकारी के अनुसार, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जाड़ामुड़ा के अंतर्गत आने वाले इस उपार्जन केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायतें प्राप्त हुई थी. जांच में केंद्र प्रभारी मोतीन प्रधान की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.
गौरतलब है कि कलेक्टर विनय लंगेह ने धान खरीदी में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए थे और अनियमितता मिलने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए थे. इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है. कलेक्टर ने कहा है कि धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को गुप्त नवरात्रि की दी बधाई
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गुप्त नवरात्रि की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर श्री साय ने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है।
नगरीय निकाय चुनाव : महापौर के लिए 109 और अध्यक्ष पदों के लिए 816 अभ्यर्थियों ने भरा नामांकन, जानिए पार्षद पद के लिए कितने उम्मीदवार
रायपुर। नगर पालिका आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत राज्य के 10 निगमो के महापौर पद हेतु कुल 109 अभ्यर्थियों ने नामांकन जमा किया। इसी तरह नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद हेतु कुल 816 अभ्यर्थियों ने तथा सभी नगरीय निकायों के पार्षद पद हेतु कुल दस हज़ार 776 अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि 28 जनवरी तक नामांकन दाखिल किया।
नगरपालिका आम निर्वाचन 2025 अंतर्गत राज्य के 10 नगर निगम, 49 नगर पालिका परिषद एवं 114 नगर पंचायतों के लिए आम निर्वाचन होना है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा गत 20 जनवरी को निर्वाचन की तारीखों की घोषणा की गई थी। 22 जनवरी को निर्वाचन की सूचना के प्रकाशन के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई और 28 जनवरी 2025 दिन मंगलवार तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। अभ्यर्थियों से नाम वापस 31 जनवरी तक ली जा सकती है। निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार करना, प्रकाशन करना और निर्वाचन प्रतिकों का आबंटन के लिए भी 31 जनवरी 2025 की तिथि निर्धारित की गई है। 11 फरवरी को मतदान तथा 15 फरवरी को मतगणना एवं निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी।
छत्तीसगढ़ राज्य के 10 नगरपालिक निगम जहां निर्वाचन होना है उसमें नगरपालिक निगम जगदलपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, अंबिकापुर एवं चिरमिरी शामिल है।
इसी प्रकार 49 नगर पलिका परिषदों में अध्यक्ष और पार्षदों का निर्वाचन किया जाना है, जिसमें- बीजापुर, किरन्दुल, बड़ी-बचेली, दंतेवाड़ा, सुकमा, कोण्डागांव, कांकेर, नारायणपुर, कवर्धा, पण्डरिया, कुम्हारी अहिवारा, अमलेश्वर, दल्लीराजहरा, बालोद, बेमेतरा, डोंगरगढ़, महासमुंद बागबाहरा, सरायपाली, तिल्दा-नेवरा, गोबरानवापारा, आरंग, अभनपुर, मंदिर हसौद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, भाटापारा, सिमगा, तखतपुर, रतनपुर, बोदरी, गौरेला, पेण्ड्रा, मुंगेली लोरमी, खरसिया, जांजगीर-नैला, चांपा, अकलतरा, सक्ती, दीपिका, कटघोरा, बांकी-मोंगरा, बलरामपुर, रामानुजगंज, सूरजपुर, मनेन्द्रगढ़ और जशपुरनगर शामिल हैं।
इसी प्रकार 114 नगर पंचायतों के लिए जहां निर्वाचन होना है, उसमें गीदम, बारसूर, दोरनापाल, बस्तर, फरसगांव, केशकाल, भानुप्रतापपुर, चारामा, पखांजूर, अंतागढ़, बोड़ला, पांडातराई, सहसपुर-लोहारा, पिपरिया, इंदौरी, धमधा, पाटन, उतई, डौंडी, डौंडीलोहारा, चिखलाकसा, गुरूर, अर्जुन्दा, गुण्डरदेही, नवागढ़, साजा, बेरला, थानखम्हरिया शामिल है। इसी प्रकार देवकर, परपोड़ी, दाढ़ी, भिंभौरी, कुसमी, डोंगरगांव छुरिया, लालबहादुर नगर, गण्डई, छुईखदान, अम्बागढ़ चौकी, कुरूद, मगरलोड, नगरी, भखारा, आमदी, पिथौरा, बसना, तुमगांव, खरोरा, माना कैम्प, कुरा, चन्द्रखुरी, समोदा, राजिम, छुरा, फिगेंश्वर, कोपरा, देवभोग, कसडोल, पलारी, लवन, टुण्डा, रोहांसी, कोटा, बिल्हा, मल्हार, मरवाही, पथरिया शामिल है, जहां निर्वाचन किया जाएगा। सरगांव, बेरला, जरहागांव, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, लैलूंगा, किरोड़ीमलनगर, पुसौर, बलौदा, खरौद, शिवरीनाराण, सारागांव, नवागढ़, राहौद, पामगढ़, नरियरा, डभरा, जैजैपुर, नयाबाराद्वार, अड़भार, चन्द्रपुर, पाली, छुरीकला, सीतापुर, लखनपुर, कुसमी, राजपुर, वाड्रफनगर, विश्रामपुर, प्रतापपुर, जरही, भटगांव, पटना, झगराखंड, खोंगापानी, नई लेदरी, जनकपुर, पत्थलगांव, कोतबा, बगीचा और कुनकुरी शामिल है, जहां निर्वाचन किया जाएगा।
इसी प्रकार जिला दुर्ग के नगरपालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 24 एवं वार्ड क्रमांक 35, नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के वार्ड क्रं. 32 एवं नगरपालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 34 तथा बस्तर संभाग, जिला सुकमा में नगर पंचायत कोन्टा के वार्ड क्रमांक 13 में उप निर्वाचन संपन्न किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य में कुल 192 नगरीय निकाय है, जिनमें से 19 नगरीय निकायों में वर्ष 2026 में चुनाव होना है, जिसमें 04 नगर निगम-नगरपालिक निगम बीरगांव, नगरपालिक निगम भिलाई, नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा तथा नगरपालिक निगम रिसाली शामिल है। इसी प्रकार 05 नगरपालिका परिषद, जिसमें नगरपालिका परिषद सारंगढ़, नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर, नगरपालिका परिषद शिवपुरचरचा, नगरपालिका परिषद जामुल एवं नगरपालिका परिषद खैरागढ़ शामिल है। इसी प्रकार 10 नगर पंचायत जिनमें नगर पंचायत बम्हीनीडीह, नगर पंचायत प्रेमनगर, नगर पंचायत शिवनंदनपुर, नगर पंचायत पलारी, नगर पंचायत मारो, नगर पंचायत घुमका, नगर पंचायत कोंटा, नगर पंचायत नरहरपुर, नगर पंचायत भैरमगढ़ तथा नगर पंचायत भोपालपट्टनम शामिल है, जहां 2026 में निर्वाचन कराया जाएगा।
“आदिवासी ही सबसे बड़ा हिन्दू” मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को बोड़ला में आयोजित हिंदू संगम कार्यक्रम में एक बड़ा बयान दिया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के बारे में अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि आदिवासी समाज सदियों से हिंदू धर्म के मूल तत्वों का पालन करता आया है और वे आदिकाल से सबसे बड़े हिंदू रहे हैं। सीएम साय के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि आदिवासी समाज हमेशा से शिव, पार्वती, पेड़-पौधों और प्रकृति की पूजा करता रहा है। वे कर्मा पूजा को भगवान मानते हैं और अपनी आस्थाओं का पालन करते हुए इस पूजा को अपनी धार्मिक पहचान मानते हैं। सीएम साय ने बताया कि आदिवासी समाज की महिलाएं व्रत करती हैं, जो प्रकृति के पूजक होते हुए गौरा गौरी की पूजा करते हैं।
उन्होंने आगे कहा, “आदिवासी समाज ने सदियों से अपनी धार्मिक परंपराओं को निभाया है और यह कहना गलत होगा कि वे हिन्दू नहीं हैं। हम लोग कर्मा पूजा करते हैं, और यही पूजा हमारे धर्म का अभिन्न हिस्सा है। जो प्राकृतिक तत्वों की पूजा करते हैं, जो गौरा गौरी की पूजा करते हैं, उनसे बड़ा हिंदू कौन हो सकता है?”
देखें वीडियो
गौरतलब है कि सीएम साय ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब आदिवासी समुदाय में कुछ मत-मतांतरों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान का मकसद आदिवासी समाज की धार्मिक पहचान को मान्यता देना और यह स्पष्ट करना था कि आदिवासी समाज की परंपराएं और पूजा पद्धतियां हिंदू धर्म के मूल सिद्धांतों से जुड़ी हुई हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह 30 जनवरी को सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे, स्ट्रांग रूम एवं मतदान केन्द्रों का करेंगे निरीक्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह 30 जनवरी को राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ सरगुजा और सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह इस दौरान उक्त दोनों जिलों में नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर स्थापित स्ट्रांग रूम एवं मतदान केन्द्रों की व्यवस्था का जायजा लेंगे। श्री सिंह दोनों सम्बंधित जिलों के संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं रिटर्निंग ऑफिसर की बैठक लेकर निर्वाचन की प्रक्रिया और तैयारियों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ 30 जनवरी को रायपुर एयरपोर्ट से सबेरे 10 बजे राजकीय विमान/हेलीकॉप्टर से अम्बिकापुर के लिये प्रस्थान होंगे और वहां पूर्वान्ह 11 बजे से 12 बजे तक स्ट्रांग रूम, मतदान केन्द्रों का निरिक्षण तथा जिला मुख्यालय में संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं रिटर्निग ऑफिसर की बैठक लेकर निर्वाचन प्रक्रिया और तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह, अम्बिकापुर से दोपहर 12 बजे सड़क मार्ग से सूरजपुर जाएंगे और वहां दोपहर एक बजे से 2 बजे तक स्ट्रांग रूम, मतदान केन्द्रों का जायजा लेने के बाद जिला मुख्यालय में संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं रिटर्निंग ऑफिसर की बैठक लेकर निर्वाचन के संबंध में प्रशासनिक तैयारियों पर चर्चा करेंगे। इसके पश्चात राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सिंह सूरजपुर से अम्बिकापुर जाएंगे और वहां से हवाई मार्ग से संध्या 5 बजे रायपुर लौट आएंगे।
भाजपा पार्षद प्रत्याशी का नामांकन रद्द, इधर टिकट ना मिलने से नाराज कांग्रेस प्रवक्ता की मां ने भरा निर्दलीय नामांकन, क्या मिलेगा वॉकओवर ?
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी निकायों में पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इस बीच देवभोग नगर पंचायत के वार्ड 12 से एक दिलचस्प मामला सामने आया है। दरअसल यहां भाजपा-कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी ने अपना नामांकन दाखिल किया था, लेकन भाजपा प्रत्याशी रानू सोनी की उम्र कम होने से उनका नामांकन रद्द कर दिया है। अब इस वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी कौशल्या यादव और निर्दलीय प्रत्याशी कुंती रेंगे के बीच मुकाबला है, जो की कांग्रेस जिला प्रवक्ता गोविंद रेंगे की मां है।
बता दें कि भाजपा प्रत्याशी रानू सोनी का नामांकन रिटर्निंग अफसर ने रद्द कर दिया है। इस मामले में देवभोग एसडीएम तुलसी राम मरकाम ने आदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी कौशल्या यादव द्वारा उम्र पर लिखित आपत्ति दर्ज कराया था, जिसकी विधिवत जांच व सुनवाई की गई। जांच में भाजपा प्रत्याशी की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई जिसके बाद उनका नामांकन निरस्त कर दिया गया है।

भाजपा प्रत्याशी रानू सोनी
कांग्रेस को मिल सकता है वॉकओवर
गौरतलब है कि देवभोग नगर पंचायत के वार्ड 12 से कांग्रेस प्रवक्ता गोविद रेंगे ने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने यहां से कौशल्या यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे नाराज होकर गोविंद रेंगे ने अपनी मां कुंती रेंगे को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में खड़ा कर दिया है। अब ऐसे में अगर कांग्रेस अपने नाराज प्रवक्ता और उसकी मां को मनाने में कामयाब हो जाती है तो यह सीट कांग्रेस के लिए वॉकओवर साबित होगी।
बता दें कि इससे पहले, भाजपा प्रत्याशी रानू सोनी का नामांकन रद्द कर दिया गया था, क्योंकि कांग्रेस ने उनकी उम्र को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। अब, वार्ड 12 में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा। कांग्रेस, इस वार्ड को जीतने के लिए सभी प्रयासों को तेज कर चुकी है। पार्टी की कोशिश है कि वह नाराज कांग्रेसी गोविंद रंगे को मना कर निर्विरोध जीत हासिल कर सके।
कांग्रेस ने समय रहते बदला प्रत्याशी
देवभोग नगर पंचायत के लिए वार्ड क्रमांक 11 के लिए कांग्रेस ने नेहा यादव को अपना प्रत्याशी बनाया था। लेकिन नामांकन दाखिल करते वक्त दस्तावेजों की जांच में नेहा की उम्र 21 वर्ष से कम पाई गई जिसके बाद तत्काल कांग्रेस ने प्रत्याशी बदलते हुए नेहा के देवर मनीष यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।
"छत्तीसगढ़ में गूंजेगा खेलों का शंखनाद, नेशनल गेम्स के आयोजन का संकल्प – सांसद बृजमोहन अगरवाल"
रायपुर। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उत्तराखंड में चल रहे 38वें नेशनल गेम्स में भाग लेने जा रही राज्य की विभिन्न खेल टीमों को किट वितरण कर खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कालिरियपायट्टू में गोल्ड मेडल जीतने वाली प्रदेश की खिलाड़ी को मिशा सिंधु को बधाई देते हुए इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण बताया।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए समर्पित रही है। उनके खेल मंत्री कार्यकाल के दौरान खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, सरकारी नौकरी तथा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में अतिरिक्त अंक देने की पहल की गई थी। रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम और हॉकी स्टेडियम का निर्माण भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।
श्री अग्रवाल ने कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेलों में भाग लेना होता है, जिससे अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को कम से कम एक खेल अवश्य अपनाने के लिए प्रेरित करें।
श्री अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में नेशनल गेम्स के आयोजन किया जाएगा जिसके लिए वो दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री और संघ के पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। जिससे राज्य के खिलाड़ियों को अपने घरेलू मैदान पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के कार्यकारी सदस्य डॉ. अतुल शुक्ला, रूपेंद्र सिंह चौहान, डॉ. कार्मिष्ट शंभरकर, विजय अग्रवाल सहित संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हैंडबॉल, कबड्डी महिला, जूडो, कुश्ती, एथलेटिक्स, फेंसिंग और जिम्नास्टिक्स के खिलाड़ियों को किट वितरित की गई।





