रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद कई जगह कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कार्यकर्ताओं की शिकायत पर माना और कवर्धा के पिपरिया मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति को रद्द कर दिया है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, कल भाजपा कार्यालय में बैठक होगी, जिसमें बाकी विवादित जगहों की चर्चा कर पार्टी और कार्यकर्ताओं के हित में निर्णय लेंगे.
बता दें कि कल फाइनल अध्यक्षों के नाम का पैनल तय हो सकता है. जिला अध्यक्षों के नामों का पैनल भी फाइनल किया जाएगा. 29 दिसंबर को दिल्ली में संगठन की बैठक होगी, जहां अंतिम मुहर लगेगा. भाजपा मंडल अध्यक्ष चुनाव विवाद पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा, चर्चा के बाद विवादित मंडल अध्यक्षों पर निर्णय लिया जाएगा. बीजेपी का बड़ा परिवार है. एक दो जगहों पर इस तरह के प्रॉब्लम आते हैं. बैठकर पार्टी और कार्यकर्ताओं के हित में निर्णय लेंगे. जहां-जहां विवाद है उस पर बात करेंगे.
शिकायत पर चर्चा के बाद लेंगे फैसला : उपासने
इस मामले में भाजपा पुनर्विचार समिति के सहसंयोजक सच्चिदानंदन उपासने ने कहा कि लगातार शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद कुछ जगह की नियुक्ति रद्द हुई है. इसमें माना मंडल, पिपरिया मंडल जैसे मंडल शामिल हैं. जीतने नियुक्ति निरस्त हो रहे या स्थगित हुए हैं उन सभी के चुनाव जिला चुनाव के बाद होंगे. उन्होंने कहा, 27 दिसंबर को प्रदेश कार्यालय में बैठक बुलाई गई है, जिसमें जहां-जहां से शिकायत मिली है उस पर चर्चा की जाएगी. किसी की उम्र कम है, किसी के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज हुए हैं. प्रमाणित शिकायत पर बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के लोगों को बुलाया गया है. शिकायतकर्ता को भी बुलाया गया है. जितनी भी नियुक्ति रद्द हुई है उसमें सुनवाई के बाद ही फैसला होगा.
बता दें कि भीमवंत निषाद को माना भाजपा मंडल अध्यक्ष बनाए गए थे, जिसका कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था. भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांग्रेस से आए भीमवंत निषाद को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है, जिसके विरोध में भाजपा माना मंडल के सदस्य प्रदेश कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की थी. साथ ही विधायक मोतीलाल साहू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी.
विधायक मोतीलाल पर कार्यकर्ताओं का अपमान करने का आरोप
बताया जा रहा है कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत मेघुराम साहू का नाम सर्वसम्मति से मंडल अध्यक्ष के लिए तय किया गया था, जिसके बाद अचानक भीमवंत निषाद का नाम सामने आ गया. इसके बाद माना स्थित सामुदायिक भवन में तोड़फोड़ करते हुए कार्यकर्ताओं ने विधायक मोतीलाल साहू का विरोध किया था. कई कार्यकर्ता भाजपा विधायक की गाड़ी के सामने लेट गए थे. कार्यकर्ताओं ने विधायक साहू पर आरोप लगाया था कि उन्होंने कर्मठ मंडल अध्यक्ष को नियुक्त नहीं करके उनका अपमान किया है.
गरियाबंद जिले में भी मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति पर विवाद
गरियाबंद में भी भाजपाइयों ने जिले में हाल ही में किए गए मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियों को लेकर विवाद खड़ा किया था. विशेष रूप से झाखरपारा और फिंगेश्वर मंडल में कार्यकर्ताओं के बीच असंतोष है। झाखरपारा में उमाशंकर को मंडल अध्यक्ष बनाने का ऐलान पहले ही किया गया था, लेकिन अंतिम समय में भगवानो बेहेरा का नाम घोषित कर दिया गया, जिससे माली समाज के नेताओं में नाराजगी है. इस फैसले के खिलाफ बिंद्रानवागढ़ के नेता राजधानी रायपुर पहुंचकर नियुक्तियों में अनियमितता का आरोप लगाया था.
मालाओं से लाद मुंह मीठा कराया, लिफाफा दूसरे नाम का खुला
जिलेभर में सबसे ज्यादा अप्रत्याशित नियुक्ति झाखरपारा मंडल मानी जा रही है. इलाका माली समाज बाहुल्य है. वोटर्स का 68 फीसदी हिस्सा माली समाज से आते हैं इसलिए भाजपा संगठन में पूर्व से माली समाज का दबदबा भी रहा है. झाखरपारा मंडल में ज्यादातर बड़े नेताओं ने मंडल अध्यक्ष के लिए उमाशंकर निधि के नाम पर सहमति दी थी. कॉन्फिडेंस इतना कि नाम के ऐलान से एक दिन पहले ही जश्न मना लिया गया. उमाशंकर को फूल मालाओं से लाद मुंह मीठा कराया गया. सोशल मीडिया में बधाई तक दे दी गई, लेकिन अगले दिन प्रभारी ने बंद लिफाफा से भगवानो बेहेरा का नाम खोल दिया था.
निचले स्तर पर अनियमितता का आरोप
अप्रत्याशित चयन को लेकर माली समाज के बड़े नेता बिन्द्रानवागढ़ के शीर्ष नेताओं के साथ राजधानी पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से शिकायत की थी. निचले स्तर पर अनियमितता का आरोप लगाकर कार्यकर्ताओं की भावना के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया था. भाजपा के ओबीसी प्रकोष्ठ के पूर्व जिला अध्यक्ष व माली समाज के अध्यक्ष नीलकंठ बीसी ने कहा था कि माहौल को असंतोषित करने के लिए कुछ लोगों की यह साजिश है. उमाशंकर पर सबकी सहमति बन गई थी. उन्होंने जल्द ही सामाजिक बैठक लेकर अपना रुख तय करने की बात कही थी.
फिंगेश्वर में बंद कमरे में हुई खींचतान
फिंगेश्वर मंडल में मंजुलता हरित को मंडल अध्यक्ष बनाया गया, ये भाजपा के वरिष्ठ नेता भगवत हरित की बहू है. नाम का ऐलान होते ही भरी बैठक में जमकर हंगामा हुआ. वायरल हुए वीडियो के मुताबिक बंद कमरे में कार्यकर्ता खींचतान करते भी दिख रहे हैं. बताया जा रहा है कि कार्यकर्ता मुकेश साहू पर सहमति दे रहे थे. हंगामा के बीच बड़े नेताओं पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है. यहां का विवाद भी ऊपर तक पहुंच गया है.
रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आजबस्तर संभाग के कोण्डागांव की जुडो खिलाड़ी हेमबती को “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2024” से सम्मानित किया. छत्तीसगढ़ के इस गौरवशाली पल को लेकर सीएम साय ने ट्वीट कर हेमबती को शाबाशी दी है. उन्होंने लिखा- शाबाश बिटिया! राष्ट्रीय जुडो खिलाड़ी, कोंडागांव की बिटिया हेमबती नाग को आज माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार – 2024” से सम्मानित किया जाना, समस्त प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है.
सीएम साय ने बताया कि हेमबती ने कठिन परिस्थितियों में भी अपना हौसला नहीं खोया, अपनी अथक मेहनत और कड़े संघर्ष से उन्होंने खेलो इंडिया नेशनल गेम्स और राष्ट्रीय स्तर की अन्य प्रतियोगिता में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का परचम लहराया है.
हमारी सरकार ऐसे प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है. निश्चित ही बिटिया की यह उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्त्रोत है. उन्होंने हेमबती को मिले सम्मान के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी.
बता दें, अगरतला (त्रिपुरा) में 12 से 15 दिसंबर तक 68वीं राष्ट्रीय स्कूल प्रतियोगिता में जिले 4 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया. इसमें बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हेमवती नाग ने रजत पदक प्राप्त किया.
वहीं पंजाब के लुधियाना में 6 से 11 जनवरी तक आयोजित जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली जूडो खिलाड़ी हेमवती नाग का कलेक्टर कुणाल दुदावत ने अभिनंदन किया तथा उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं.
रायपुर। पंडित प्रदीप मिश्रा के सांता क्लाज को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासत होने लगी है. एक तरफ कांग्रेस बयान को लेकर हमलावर है, तो वहीं भाजपा इस पूरे प्रकरण से अपना पल्ला झाड़ रही है.
कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा कथावाचक हैं, राजधानी आए हैं, उनका स्वागत है. पंडित मिश्रा दुबई में चंद्राकर के आमंत्रण पर कथा करने गए थे. उनसे पूछना चाहिए कि उनसे-उनका क्या संबंध है. कुछ तो क्लू मिलेगा.
वहीं कथावाचक के बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि धर्माचार्य के बयान पर मेरी कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करना उचित नहीं है. मैं तो कहता हूं कि कल हमने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेई की 100वीं जयंती मनाई है. आज छत्तीसगढ़ जिस दिशा में आगे बढ़ा है, वह अटल जी के कारण संभव हुआ है.
जानिए किस बयान पर मचा है बवाल
बता दें कि पंडित प्रदीप मिश्रा ने राजधानी रायपुर के सेजबहार में शिव महापुराण कथा का वाचन करते हुए राजधानी में सांता क्लाज के बिक रहे लाल कपड़े को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा था कि अगर भारत की भूमि पर अगर किसी को पहनाना है तो अपने बच्चों को वीर शिवाजी, महाराणा प्रताप या झांसी की रानी अहिल्या बाई के कपड़े पहनाओ, पर अपने बच्चों को ऐसे कपड़े पहनाकर जोकर मत बनाओ, जिससे उनकी हंसी उड़ जाए.
उन्होंने आगे कहा कि सनातन धर्म की साख को मजबूत करिए. सनातन धर्म की साख को प्रबल बनाइए और सनातन धर्म को मजबूत करने का प्रयास करिए. अपना धर्म छोड़कर किसी दूसरे धर्म में जाकर जूठन मत खाइए. भले अपनी रूखी-सूखी हो, वो खाइए. अपने घर का खाओ, जैसा भी हो. घर की रोटी के आगे कोई रोटी अच्छी नहीं लगती.
रायपुर। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तारीख के ऐलान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार की तैयारियां अंतिम चरण में है. सरकार की अलग-अलग एजेंसियां, विभाग काम कर रहे हैं. एक चरण का आरक्षण का बचा हुआ है. बहुत जल्द आरक्षण प्रक्रिया खत्म हो जाएगी. चुनाव आयोग जल्द चुनाव कार्यक्रम तय करेगा.
हरियाणा के तर्ज पर छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल के विस्तार पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है. मुख्यमंत्री केंद्रीय मंत्रियों से बातचीत कर निर्णय करेंगे. वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक प्रमुख मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ दौरे पर कहा कि मोहन भागवत देशभर में प्रवास करते हैं. वे जिनसे मिलेंगे, उनसे मिलना तय रहेगा.
प्रदीप मिश्रा के बयान पर कही यह बात
पंडित प्रदीप मिश्रा के सांता क्लाज को लेकर बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि धर्माचार्य के बयान पर मेरी कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करना उचित नहीं है. मैं तो आपसे कहता हूं कि कल हमने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता अटल बिहारी वाजपेई की 100वीं जयंती मनाई है. आज छत्तीसगढ़ जिस दिशा में आगे बढ़ा है, वह अटल जी के कारण संभव हुआ है.
गरियाबंद। जिले के 31 धान खरीदी केंद्र में बारिश के चलते आज खरीदी नहीं होगी. दरअसल, बीते दो दिनों से लगातार देवभोग अमलीपदर तहसील क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. बारिश से देवभोग अमलीपदर के 10 तो गोहरापदर ब्रांच के 16 खरीदी केंद्र प्रभावित हुए हैं. वहीं मैनपुर ब्रांच के 5 केंद्र में उठाव नहीं होने से खरीदी बंद है.
बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. धान खरीदी केंद्रों में फड़ गीली हो गई है, रख-रखाव भी चुनौती बनी हुआ है. अगर मौसम खुलता भी है तो इनमें से कुछ केंद्रों में खरीदी शुरू हो सकती है, लेकिन ज्यादातर केंद्रों में आज धान खरीदी शुरू कर पाना मुश्किल नजर आ रहा है.
देवभोग ब्रांच मैनेजर अमरसिंह ध्रुव और अमलीपदर ब्रांच मैनेजर नयन सिंह ठाकुर ने कहा कि दो दिनों से बारिश हो रही है. खरीदी केंद्रों में ,खरीदी हुई धान के रखरखाव की पूरी कोशिश की गई है. पर्याप्त पालीथीन भी खरीदी की गई है. फंड गिले होने के कारण व केंद्र तक आवाजाही हेतु बने मार्ग गिले होने के कारण किसानों को केंद्र तक धान लाने में दिक्कत होगी. मौसम खुला और गीली जमीन रास्ते सूखे तो धान की आवाजाही होगी. बीते दिन भी खरीदी प्रभावित रही, आज भी केंद्रों ने खरीदी प्रभावित होने की सूचना दी है.
मैनपुर में भी खरीदी बंद
इधर मैनपुर ब्रांच के 5 खरीदी केन्द्र में धान खरीदी की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. बफर लिमिट से कई गुना ज्यादा धान रखा हुआ है. धीमी गति से उठाव जारी है. अब सहकारी समितियों ने जगह खाली नहीं होते तक खरीदी बंद रखने का निर्णय लिया है. मैंनपुर ब्रांच मैनेजर दुष्यंत इंगले ने बताया कि समितियां खरीदी बंद कर दिए है, उच्च अधिकारियों को सूचना दिया गया है. उठाव के लिए गाड़ियों की संख्या बढ़ाने का आग्रह किया गया है.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस पर दसवें सिख गुरू गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया है। मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह के पुत्रों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों ने धर्म की रक्षा के लिए बहुत कम उम्र में ही अपने आप को बलिदान कर दिया। उन्होंने अपनी वीरता और शौर्य से देश को गौरवान्वित किया है। हम सभी को वीर सपूतों के अदम्य साहस और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण अटल बिहारी बाजपेई की महान उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि क्षेत्रीय पहचान, सांस्कृतिक विरासत, और विकास की संभावनाओं को पहचानते हुए छत्तीसगढ़ को एक स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिले। उनका यह निर्णय राज्य के लोगों के लिए प्रगति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने वाला साबित हुआ। यह कहना है रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल का जो बुधवार को भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई 100 वीं जयंती “सुशासन दिवस” के अवसर पर राजधानी में अटल चौक, अवंती विहार और कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए और अटल जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसमें अटल बिहारी बाजपेई के जीवन, योगदान और विचारधारा को प्रदर्शित किया गया। साथ ही फुंडहर चौक, अटल एक्सप्रेस वे पर अटल परिसर का भूमिपूजन भी किया गया। श्री अग्रवाल ने अटल जी को याद करते हुए कहा कि, अटल जी कोई व्यक्ति नहीं बल्कि युग पुरुष थे, जिनका जीवन राष्ट्र सेवा, भारतीय राजनीति और समाज को नई दिशा देने के लिए समर्पित था। उनकी दूरदर्शी सोच और नीतियों ने भारत को विकास के पथ पर अग्रसर किया।
अटल जी की नेतृत्व क्षमता, कवित्व, और मानवता ने हर भारतीय को प्रेरित किया। वह केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक ऐसे विचारक और मार्गदर्शक थे जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान दिया। उनका जीवन और उनकी सोच हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा समेत नगर निगम अधिकारी और गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी अमित अग्रवाल को केंद्र सरकार में सचिव के पद पर प्रमोट किया गया है. उन्हें फार्मास्युटिकल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अमित अग्रवाल छत्तीसगढ़ कैडर के तीसरे अधिकारी हैं, जिन्हें सचिव बनने का अवसर मिला है.
आईएएस अमित अग्रवाल से पहले बी.एस. बासवान और बीवीआर सुब्रमण्यम को केंद्र सरकार में सचिव प्रमोट हो चुके हैं. छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव के लिए भी अमित अग्रवाल का नाम सुर्खियों में है.
देखिये आदेश की कॉपी-
आईएएस अमित अग्रवाल छत्तीसगढ़ कैडर के 1993 बैच के आईएएस अफसर हैं. उनका जन्म 27 जून 1970 को उत्तर प्रदेश में हुआ था. उन्होंने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की है. IAS अमित अग्रवाल ने मध्यप्रदेश कैडर चुना था. पृथक छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद अमित अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ कैडर चुन लिया. कई जिलों में कलेक्टरी करने के अलावा अमित अग्रवाल राज्य सरकार में वित्त सचिव और वाणिज्य कर एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव रहे हैं.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को जशपुर जिले में गृहग्राम बगिया से सीएम कैम्प कार्यालय की उपलब्धियों को दर्शाती 'सेवा एवं समर्पण का 1 साल' पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ की एक समृद्ध और विकसित राज्य बनाने कि दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में निरंतर अग्रसर है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के स्वप्न को मूर्तरूप देते हुए छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयासरत है। सरकार के निर्माण के साथ घोषणा पत्र में की गई मोदी की गारंटी के तहत किये गए वादों में से अधिकांश वादे पूरे किए जा चुके हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार ने जशपुर जिले सहित क्षेत्र के लोगों की समस्या का निदान के लिए बगिया में सीएम कैम्प कार्यालय को प्रारम्भ किया गया था। जो लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है और क्षेत्र के विकास के लिए निरन्तर कार्य कर रहा है। सीएम कैम्प कार्यालय में विगत एक वर्ष में 4569 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें से 3787 आवेदन का निराकरण किया जा चुका है।
विगत एक वर्ष में जशपुर जिले में विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं जैसे सड़क, बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर सुधार के परिणाम स्वरूप लोगों की जीवन शैली में सकारात्मक बदलाव आया है। क्षेत्र के विकास के लिए कुनकुरी में 400 केव्ही के विद्युत उपकेंद्र की स्थापना, 345 करोड़ रुपये से अधिक लागत से 36 सड़कों के निर्माण, महतारी वंदन योजना से जिले की 2 लाख 29 हजार से अधिक महिलाओं को लाभान्वित करने के साथ विभिन्न विकास कार्य किये जा रहे हैं।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर कुनकुरी के सलियाटोली में आयोजित अटल सुशासन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम सबके श्रद्धेय नेता, छत्तीसगढ़ के निर्माता, भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का शताब्दी जयंती वर्ष है। हम यह वर्ष अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रहे हैं। अटल जी की जयंती हम सब सुशासन दिवस के रूप में मनाते हैं। आज छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती मना रहा है और भारत के नक्शे में 26 वें राज्य के रूप में उभरा है तो इसके पीछे अटल जी की दूरदर्शी सोच थी। छत्तीसगढ़ की जनता से किया गया वायदा न केवल अटल जी ने निभाया अपितु नये राज्य को संवारने के लिए हर संभव मदद भी की।अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य में विकास की जिस तरह परिकल्पना की थी उसके अनुरूप हम छत्तीसगढ़ को संवारने में जुटे हुए हैं। उन्होंने जो सुशासन के आदर्श हमारे समक्ष रखे हैं उन पर चलते हुए हमने प्रशासन के हर स्तर पर डिजिटल गवर्नेंस को अपनाया है। सुशासन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए हमने सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया है। अटल मानिटरिंग एप, सिंगल विंडो सिस्टम 2.0, ई-आफिस, सुगम एप, संगवारी एप जैसे नवाचारों के माध्यम से हम डिजिटल गवर्नेंस को हर स्तर पर अपना रहे हैं। इससे प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। अटल जी की चिंता किसानों के प्रति थी। छत्तीसगढ़ बनने के बाद हमने धान खरीदी का बढ़िया माडल बनाया। आज छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का सबसे ज्यादा मूल्य मिलता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए हम हर महीने एक हजार रुपए 70 लाख माताओं-बहनों के खाते में दे रहे हैं। एक साल के भीतर ही हमने माओवादियों को उनके सबसे सुरक्षित समझे जाने वाले इलाकों से खदेड़ दिया। अब माओवाद अंतिम सांसें ले रहा है। इससे बस्तर में विकास की नई राह खुली है। पीएम जनमन योजना एवं नियद नेल्ला नार जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में खुशियों की लहर आई है। नई उद्योग नीति के माध्यम से हमने ढाई लाख करोड़ रुपए निवेश का लक्ष्य रखा है इससे पांच लाख लोगों के लिए रोजगार की संभावनाएं बनेंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कुनकुरी और जशपुर में ऑडिटोरियम निर्माण, कुनकुरी नगर के विकास के लिए 5 करोड़ रूपए, कुनकुरी इंडोर स्टेडियम के लिए 20 लाख रूपए, ग्राम पंचायत नारायणपुर ओघेश्वर आश्रम में दो प्रवेश द्वार निर्माण, तपकरा तहसील में लिंक कोर्ट की स्थापना, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सलियाटोली में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रूपए एवं बार एसोसिएशन कुनकुरी में फर्नीचर, पुस्तकालय के लिए 25 लाख रूपए प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के पुनीत अवसर पर आयोजित "अटल सुशासन समारोह" में जशपुर जिले के स्पेशल लोगो, वार्षिक प्रगति पत्रक, जशप्योर कैलेंडर और जशपुर के पर्यटन स्थलों के कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही पीएम आवास योजना (ग्रामीण) और पीएम जनमन आवास योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को उनके नवनिर्मित आवास की चाबी सौंप कर बधाई दी। उन्होंने अटल सुशासन समारोह में शासन के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित स्टाल्स का अवलोकन कर हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को हितग्राहीमूलक सामग्री प्रदान की।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, रामप्रताप सिंह, यश प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, रोहित साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
रायपुर। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान आज बिलासपुर के अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ‘कुल उत्सव’ समारोह में शामिल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। राज्यपाल श्री खान ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधा भी लगाया। उन्होंने विश्वविद्यालय की त्रैमासिक पत्रिका ‘कन्हार’ के नए अंक सहित विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन भी किया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने समारोह की अध्यक्षता की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विधायकगण अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला और जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने ‘कुल उत्सव’ में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी को उनकी 100वीं जयंती पर नमन करते हुए कहा कि अटल जी सच्चे जननायक थे। सभी वर्गों में उनकी समान रूप से स्वीकार्यता थी। जटिल विषयों पर भी वे देशहित में त्वरित निर्णय लेते थे। देश के प्रति उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। वे कुशल राजनीतिज्ञ थे। राज्यपाल श्री खान ने भारतीय ज्ञान परंपरा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञान और शिक्षा से आदमी इंसान बनता है। ज्ञान और शिक्षा से ही मनुष्य का विकास संभव है। ये ही सशक्तिकरण का जरिया है। भारत की संस्कृति ज्ञान की संस्कृति रही है। भारत ज्ञान का बड़ा केन्द्र रहा है। पूरी दुनिया में भारत को ज्ञान एवं प्रज्ञा के संवर्धन के लिए जाना जाता है। उन्होंने शैक्षणिक एवं अन्य उपलब्धियां हासिल करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
‘कुल उत्सव’ समारोह की अध्यक्षता कर रहे केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि अटल जी के जीवन वृत्तांत को शब्दों मे पिरोना कठिन है। अटल जी की जीवनी से प्रेरणा लेकर हमें उनके मार्ग पर चलना चाहिए। अटल जी ऐसे मनीषी थे जो सदियों में एक बार जन्म लेते हैं। संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए उन्होंने काम किया। श्री साहू ने अटल जी की कविताओं का पठन भी किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समारोह में अटल जी को नमन करते हुए कहा कि वे प्रखर राष्ट्रवादी और जननायक थे। वे अपने दृढ़ संकल्पों के लिए जाने जाते थे। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र संघ में जो भाषण दिया वो राष्ट्रवादिता का प्रतीक है। उन्होंने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया। छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा दिलाया। आज छत्तीसगढ़ राज्य जो संवर रहा है, बढ़ रहा है, यह अटल जी की ही देन है। उनके कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ का रोम-रोम कृतज्ञ है। उनकी स्मृतियों को संजोने राज्य के 187 नगरीय निकायों में अटल परिसर बनाया जा रहा है। अटल संकल्पों के साथ यह विश्वविद्यालय भी आगे बढ़ रहा है।
समारोह में कुलपति आचार्य अरूण दीवाकर नाथ वाजपेयी ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने पौधे भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अन्य क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियों की जानकारी दी। कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार और जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
रायपुर। महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिला के रामनगर में सुशासन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में 4729 प्रधानमंत्री आवास का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनके कुशल नेतृत्व क्षमता और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। वे कवि, सम्पादक, एक दूरदर्शी राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। किसी एक व्यक्ति का उनके समान हर विधा में पारंगत होना आज सम्भव नहीं है। उन्होंने आगे कहा हमारा छत्तीसगढ़ उन्हीं की देन है, जो निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और जिस तरह से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार सेवा भावना से जनता के हित को केन्द्र में रखकर निर्णय ले रही है, जिससे निश्चित ही हमारा प्रदेश समावेशी विकास करेगा।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने जानकी स्व-सहायता समूह को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से 100 शटरिंग प्लेट उपलब्ध कराया। जिसका उद्देश्य स्व-सहायता समूह की दीदियों को निर्माण के क्षेत्र में आगे लाना है।
गौरतलब है आज देश के भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100 वीं जयंती पर प्रदेश में ’’सुशासन दिवस’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।जिसके अंतर्गत जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी की छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी की कविता का पाठ, विष्णु की पाती का वितरण व सुशासन के संकल्प के साथ-साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य में सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत सभी जिलों में जन औषधि केंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस एवं "सुशासन दिवस" के उपलक्ष्य में राज्य के शासकीय चिकित्सालयों में जन औषधि केंद्र का शुभारंभ कर उनका संचालन शुरू किया जा रहा है। सुशासन दिवस के मौके पर इसी सप्ताह राज्य में 51 नवीन जन औषधि केंद्रों का संचालन शुरू कर छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित किया जाएगा।उल्लेखनीय है कि राज्य में नवंबर माह तक 68 जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे थे जिनमें दिसबर माह के अंत तक 51 जन औषधि केंद्रों की वृद्धि हो जाएगी।
छत्तीसगढ़ मे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन में 26 जनवरी 2025 तक राज्य में 151 जन औषधि केंद्रों की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है एवं 31 मार्च 2025 तक राज्य में 200 जन औषधि केंद्रों की स्थापना एवं संचालन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध चिकित्सालयों, जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं अन्य शासकीय अस्पतालों में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों का संचालन अस्पताल प्रबंधन अथवा रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री जन औषधि योजना में शासन द्वारा उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाईयों के दाम बाजार मूल्य से कम दर पर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। जन औषधि केंद्र, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के तहत खोले गए आउटलेट हैं। जन औषधि केंद्रों का उद्देश्य सभी वर्गों के लोगों को किफ़ायती दामों पर अच्छी गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध कराना है। इन केंद्रों पर दवाइयां खुले बाजार की तुलना में 50 फीसदी से 90 फीसदी तक कम कीमत पर उपलब्ध होती हैं।
रायपुर। केन्द्र सरकार की सहकार से समृद्धि अभियान के तहत छत्तीसगढ़ में सहकारिता आंदोलन को मजबूत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सहकारी समितियों में नई सुविधाएं बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेयरी, मत्स्य पालन के क्षेत्र में नई सहकारी समितियों के गठन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने आज जगदलपुर में राज्य में गठित 300 से अधिक नवगठित बहुउद्देशीय पैक्स, डेयरी व मत्स्य सहकारी समितियों का शुभारम्भ किया। गौरतलब है कि भारत के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के द्वारा नईदिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में देशभर के नवगठित 10 हजार से अधिक बहुउद्देशीय पैक्स, डेयरी एवं मत्स्य समितियों के शुभारंभ अवसर पर वन एवं सहकारिता मंत्री वर्चुअल रूप से जुड़े।
वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कार्यक्रम में सुशासन दिवस पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि अभी प्रदेश में कार्यरत 2058 पैक्स तथा लैम्प्स द्वारा प्रदेश के कृषकों को कृषि ऋण तथा खाद-बीज एवं विभिन्न तरह की सेवाएं प्रदान की जा रही है। इन्हें और अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। राज्य में 500 नये बहुउद्देशीय पैक्स के गठन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि राज्य में दुग्ध उत्पादक कृषकों की आय में वृद्धि के लिए एनडीडीबी के साथ राज्य दुग्ध संघ तथा राज्य सरकार के साथ त्रिपक्षीय एमओयू किया गया है। राज्य में 57 से अधिक नवीन दुग्ध समितियों का पंजीयन कर लिया गया है। राज्य के 113 वन-धन समितियों को भी प्राथमिक बहुउद्देशीय लघु वनोपज सहकारी समिति के रूप में पंजीकृत किया गया है। 169 नवीन मत्स्य समितियों का गठन किया गया है।
सहकारिता मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि पिछले एक वर्ष में सहकारी बैंकों की 16 नवीन शाखाएं प्रारंभ किए गए हैं। पैक्स समितियों में 2058 माईक्रो एटीएम उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश के 2014 पैक्स समितियों को कॉमन सर्विस सेन्टर की सुविधा, 25 पैक्स समितियों में प्रधानमंत्री जनऔषधि केन्द्र प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक तथा 06 जिला सहकारी केन्द्रीय बैंकों में 300 से अधिक पदों पर भर्ती की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है और अभ्यर्थियों को नियक्ति पत्र प्रदान किया गया है। राज्य के 2058 पैक्स में प्रधानमंत्री किसान संमृद्धि केन्द्र स्थापित किया गया है, पूर्ण रूप से विकसित होने के उपरान्त इन केन्द्रों में कृषकों को मिटटी परीक्षण, मौसम पूर्वानुमान तथा कृषि तकनीक संबंधी जानकारियां प्राप्त हो सकेंगी। वहीं अन्न भण्डारण योजनांतर्गत 200 मेट्रिक टन क्षमता के 725 नवीन गोदामों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें से 625 गोदामों का निर्माण पूर्ण हो चुके हैं।
कार्यक्रम को सांसद बस्तर महेश कश्यप ने भी सम्बोधित किया। इस मौके पर बस्तर अंचल के 10 नवीन सहकारी समितियों को पंजीयन प्रमाण पत्र, 25 किसानों को रुपे किसान क्रेडिट कार्ड तथा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति बड़े कापसी को माइक्रो एटीएम प्रदान किया गया। साथ ही प्रदेश के पहले ई-पैक्स समिति ओरछा सहित माइक्रो एटीएम से सर्वाधिक ट्रांजेक्शन करने वाले सहकारी समितियों मद्देड़, केशरपाल एवं नारायणपुर सहित लोक सेवा केन्द्र के बेहतर संचालन के लिए पैक्स समितियों माड़पाल, कांकेर, केरलापाल एवं बांसकोट को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की 100वीं जयंती पर आज जशपुर के सलिया टोली में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में बनने वाले अटल परिसर का भूमिपूजन किया। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव बिल्हा से भूमिपूजन कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े। राज्य के सभी नगरीय निकाय भी मुख्यमंत्री श्री साय के मुख्य आतिथ्य में सलिया टोली में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिल्हा नगर पंचायत में निर्मित अटल परिसर के लोकार्पण के साथ ही वहां 16 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। इनमें अकेले बिल्हा नगर पंचायत में तीन करोड़ 74 लाख रुपए के विकास कार्य शामिल हैं। बिल्हा में आयोजित लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक धरमलाल कौशिक ने की।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नगरीय निकायों में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम को बिल्हा से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि 163 निकायों में एक साथ अटल परिसर का निर्माण कार्य शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर से इसका शुभारंभ किया है। राज्य सरकार ने इसके लिए नगरीय निकायों को 46 करोड़ रुपए आबंटित किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक साल में सरकार ने 7000 करोड़ रुपए नगरीय निकायों को आबंटित किया है। इससे सभी शहरों में तेजी से विकास के काम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगरीय निकायों में भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद लोगों को सलिया टोली से वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि सांसद के रूप में मुझे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के साथ काम करने का मौका मिला। वे उत्कृष्ट राजनेता के साथ-साथ कवि एवं साहित्यकार भी थे। उनकी भाषण शैली एवं अदा ऐसी थी कि सभी बड़े चाव से उन्हें सुना करते थे। उन्होंने हमें पृथक छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर दिया। उनके आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ आज तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। देश में सड़कों का जाल बिछाने और किसानों को क्रेडिट कार्ड देने की शुरूआत उनके नेतृत्व में उनके कार्यकाल में ही हुई।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी को उनकी 100वीं जयंती पर नमन करते हुए कहा कि वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने भारत के वैभव और ताकत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया। विदेश मंत्री रहते हुए 1977 में संयुक्त राष्ट्र में हिन्दी में भाषण देकर पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया। 1998 में पोखरण में परमाणु परीक्षण कर भारत की ताकत दिखाई। श्री साव ने कहा कि अटल जी अपने वादे के पक्के थे। उन्होंने 1999 में रायपुर के सप्रे स्कूल में की गई घोषणा को पूरा किया और छत्तीसगढ़वासियों को अलग राज्य और पृथक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार अटल जी के सपने को पूरा करने का काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार से इसमें पूरी मदद मिल रही है।
बिल्हा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की तरक्की में अटल जी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने यदि छत्तीसगढ़ राज्य नहीं बनाया होता, तो छत्तीसगढ़ का इतना विकास संभव नहीं था। उन्होंने राष्ट्रीय और विश्व स्तर पर भी भारत का मान-सम्मान बढ़ाया। परमाणु परीक्षण के साथ ही गांव-गांव को सड़कों से जोड़ने तथा चतुर्भुज परियोजना में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। अटल जी सुशासन के पर्याय हैं। समारोह को गृह निर्माण मण्डल के पूर्व अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी ने भी सम्बोधित किया। बिलासपुर के कलेक्टर अवनीश शरण, जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल, नगर निगम के आयुक्त अमित कुमार और बिल्हा नगर पंचायत की अध्यक्ष जमाबाई कोसले सहित कई पार्षद और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
रायपुर। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की 100वीं जयंती पर आज बिलासपुर में 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले अटल परिसर के निर्माण का भूमिपूजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इसका भूमिपूजन किया। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर के रिवर-व्यू रोड का नामकरण अटल पथ और चौक का नाम अटल चौक करने की घोषणा की। विधायकगण धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला भी भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी के सपनों को साकार करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण में अटल जी की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उनके कारण ही एक नए प्रदेश के रूप में छत्तीसगढ़ को पहचान मिली। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अटल जी की कविता का पाठ करते हुए उन्हें स्मरण किया और कहा कि सुशासन का जो सपना अटल जी ने देखा है, उसे पूरा करने की दिशा में केंद्र और प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने अटल जी के व्यक्तित्व और उनकी दूरदर्शिता को याद किया।
बिलासपुर के विधायक अमर अग्रवाल ने कार्यक्रम में अटल जी के बिलासपुर प्रवास की स्मृति को साझा किया। उन्होंने कहा कि वे युग पुरूष और लोकप्रिय व्यक्तित्व थे। ऐसे अद्भुत राजनेता को आज पूरा देश स्मरण कर रहा है। उनके द्वारा देखे गए सपनों को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग द्वारा चयनित 20 संविदा शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। बिलासपुर जिला पंचायत के अध्यक्ष अरुण चौहान, नगर निगम के कमिश्नर अमित कुमार और जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल सहित अनेक पार्षद, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम में मौजूद थे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के विकास के लिए कई बड़ी सौगाते दीं। मुख्यमंत्री ने कुनकुरी अंचल के ग्राम सलियाटोली में आयोजित कार्यक्रम में 726 करोड़ 27 लाख रूपए की लागत के 172 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जिनमें 65 करोड़ 94 लाख रूपए की लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण और 660 करोड़ 33 लाख रूपए की लागत के 122 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने शासन के विभिन्न विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं के अंतर्गत अनेक हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री एवं उपकरण प्रदान किए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने 660.33 करोड़ रूपए की लागत के जिन 122 कार्यों का भूमिपूजन किया, उनमें जशपुर विधानसभा के 58.83 करोड़ रूपये की लागत के 21 कार्य, कुनकुरी विधानसभा में 498.01 करोड़ रूपये की लागत के 58 कार्य, पत्थलगांव विधानसभा में 103.48 करोड़ रूपये की लागत के 43 कार्य शामिल हैं। भूमिपूजन होने वाले कार्याे में मुख्य रूप से जशपुर में प्रयास आवासीय विद्यालय, बगीचा में नवीन पॉलिटेक्निक कॉलेज, कुनकुरी में रिक्रिएशन पार्क, जिला कार्यालय जशपुर के द्वितीय तल, 15 धान उपार्जन केन्द्रों में अधोसंरचना-गोदाम, सलिहाटोली में इंडोर जिम, बगीचा में बैडमिंटन कोर्ट, कुनकुरी में अमृत मिशन 2.0 के विभिन्न कार्य शामिल है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री श्री साय ने 65.94 करोड़ की लागत के जिन नवनिर्मित 50 कार्यों का लोकार्पण किया, उनमें जशपुर विधानसभा में लगभग 27.76 करोड़ लागत के 26 कार्य, कुनकुरी विधानसभा में 5.65 करोड़ लागत के 12 कार्य और पत्थलगांव विधानसभा में 32.51 करोड़ लागत के 12 कार्य शामिल है। लोकार्पित होने वाले कार्यों में मुख्य रूप से पोंगरों एनीकट हाइड्रो पावर आधारित पम्पिंग योजना, 4 प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास भवन, 6 स्टाप डेम, सेन्द्रीमुण्डा में नवीन आदिवासी कन्या आश्रम, नारायणपुर में हाई स्कूल भवन शामिल है।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति भगत, मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, रामप्रताप सिंह, यश प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, रोहित साय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
कांकेर। पिछड़ा वर्ग ने नगरीय निकाय चुनाव के आरक्षण में बस्तर और सरगुजा संभाग में पिछड़ा वर्ग को कम आरक्षण मिलने का आरोप लगाकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पिछड़ा वर्ग ने 30 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आव्हान किया है. सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगन्नाथ साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छत्तीसगढ़ बंद और चक्काजाम की जानकारी दी है.
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने आरोप लगाया है कि प्रदेश की राजनीति में पिछड़ा वर्ग को पहले ही 25 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त था, लेकिन वर्तमान में सभी वर्गों को मिलाकर 50 प्रतिशत आरक्षण कर दिया गया है. इससे पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण ही नहीं बचा है.
कांकेर नपा में पिछड़ा वर्ग को इस बार 4 सीट, पहले मिली थी 5 सीटें
हाल ही में हुए नगरीय निकाय के आरक्षण में कांकेर नगर पालिका में पिछड़ा वर्ग को सिर्फ 4 सीट मिली है, जबकि पिछले बार ये संख्या 5 थी. वहीं अंतागढ़ नगर पंचायत में पिछड़ा वर्ग के लिए एक भी सीट आरक्षित नहीं हुई है. यही हाल पूरे बस्तर और सरगुजा संभाग में है. प्रदेश सरकार पर आरक्षण की नीति से छेड़छाड़ कर पिछड़ा वर्ग को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने 30 दिसंबर को चक्काजाम और प्रदेश बंद का आव्हान किया है.