प्रदेश
युवाओं में राष्ट्रप्रेम एवं अनुशासन की भावना को जागृत करता है एनसीसी- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड में आयोजित 76वें एनसीसी दिवस समारोह में शामिल हुए। एनसीसी दिवस समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एनसीसी युवाओं में राष्ट्रप्रेम और अनुशासन की भावना को जगाता है और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। मुख्यमंत्री ने एनसीसी कैडेट्स की परेड की सलामी ली। एनसीसी दिवस कार्यक्रम में एनसीसी के छात्र-छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति के साथ ही हार्स राइडिंग, एरो मॉडलिंग, सेक्शन मूवमेंट, सीमा फोर जैसे प्रदर्शन किये गए। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले केडेट्स को पुरस्कृत किया। साथ ही 76वें एनसीसी दिवस समारोह के मौके पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी को 76वें एनसीसी दिवस की बहुत-बहुत बधाई देते हुए कहा कि आज एक बार फिर मुझे आप लोगों के बीच आने का अवसर मिला है। आप लोगों के बीच जब भी आता हूं, नई ऊर्जा से भर जाता हूं। आज आप लोगों ने एनसीसी दिवस पर शानदार परेड मार्च किया, एरो मॉडलिंग प्रदर्शन किया, घुड़सवारी का प्रदर्शन किया और सेक्शन अटैक का प्रदर्शन किया। आप लोगों के प्रदर्शन से मैं भी जोश से भर गया हूं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मुझे अच्छी तरह याद है कि नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर जब हमारे कैडेट लौटे थे, तब भी आप लोगों से मुलाकात हुई थी। गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर छत्तीसगढ़ के एनसीसी कैडेटों को परेड करते हुए देखना बड़ा ही सुखद होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कैडेट भारत के विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेटों के साथ कदम से कदम मिलाते हुए जब तिरंगे को सलामी देते हैं तो प्रत्येक छत्तीसगढ़िया गर्व से भर उठता है। हमारे देश की यही खूबसूरती है। अलग-अलग भाषा और अलग-अलग क्षेत्रों के होने के बावजूद हम सभी में राष्ट्रप्रेम की भावना कूट कूट कर भरी हुई है। एनसीसी इसी राष्ट्र प्रेम को सींचता है, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनसीसी एक ऐसा संगठन है जो युवाओं को अनुशासन सिखाता है, उनके चरित्र का निर्माण करता है, उन्हें साहसी बनाता है और निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता है। एनसीसी का ध्येय वाक्य ही है- ‘एकता और अनुशासन’। एनसीसी हमारे युवाओं को सेना और अन्य सुरक्षा बलों में अपना कैरियर बनाने के लिए प्रेरित करता है।
युवाओं को सेना में कैरियर निर्माण के लिए प्रेरित करने के लिए आप लोगों ने अभी कुछ दिनों पहले राजधानी रायपुर में भव्य सैन्य प्रदर्शनी का आयोजन भी देखा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे यह देखकर भी बहुत खुशी होती है कि एनसीसी में बालिकाओं की भागीदारी बढ़ रही है। प्रदेश में अनेक गर्ल्स बटालियन संचालित की जा रही है, यह बड़ी प्रसन्नता की बात है। हमारी बेटियों ने राष्ट्रीय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक एनसीसी का नेतृत्व कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। आज भारत की उपलब्धियों का गौरवगान पूरी दुनिया कर रही है। इन उपलब्धियों में निश्चित रूप से युवाओं की सबसे बड़ी भागीदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है। हमारे ऊर्जावान युवाओं के योगदान से हम सब अवश्य ही विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें से बहुत से कैडेट सेना में अपना कैरियर बनाएंगे। हमने अपनी नई औद्योगिक नीति में अग्नि वीरों के लिए विशेष प्रावधान किए हैं। नई शिक्षा नीति में शिक्षा को कौशल विकास से जोड़ा है। जिससे आप लोग विभिन्न क्षेत्रों के माध्यम से देश की सेवा कर सकें।
रायपुर के साथ बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, जशपुर की हवाई पट्टियों में एनसीसी कैडेटस को हवाई उड़ान का दिया जाना चाहिए प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान में हमारे एनसीसी कैडेटों को हवाई उड़ान का अनुभव और प्रशिक्षण रायपुर में दिया जाता है, जिसका खर्च छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वहन किया जाता है। प्रदेश में रायपुर के साथ-साथ बिलासपुर, अंबिकापुर, जगदलपुर, जशपुर में भी हवाई पट्टियां हैं, यह प्रशिक्षण वहां भी शुरू किया जा सकता है। इससे इन अंचलों के कैडेटों को भी लाभ होगा।
मेजर जनरल विकांत एम. धुमने ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 900 एनसीसी कैडेट्स का चयन अग्निवीर में हुआ है, यह यहां के कैडेटों के उच्च कोटि के प्रशिक्षण को प्रतिबिंबित करता है।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेसी, ब्रिगेडियर वाय. एस. चौहान, एस. एम. एनसीसी ग्रुप समादेशक, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विकांत एम. धुमने, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप कुमार, विभिन्न महाविद्यालयों, विद्यालयों के एनसीसी कैडेट्स के अलावा सैन्य अधिकारी, एनसीसी अधिकारी, पीआई स्टाफ, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



IED की चपेट में आया जवान, एरिया डॉमिनेशन के लिए निकला था डीआरजी का बल…
सुकमा। एरिया डॉमिनेशन के लिए दल के साथ निकला डीआरजी (DRG) का जवान प्रेशर आईईडी (Presser IED) की चपेट में आने से घायल हो गया. घायल जवान के प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है. फिलहाल, जवान की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
जानकारी के अनुसार, जिला सुकमा के थाना चिंतलनार क्षेत्रांतर्गत नवीन स्थापित कैम्प रायगुड़ा से डीआरजी का बल एरिया डॉमिनेशन के लिए निकला था.
इस दौरान सुबह लगभग 11 बजे रायगुड़ा के जंगल में माओवादियों द्वारा लगाये गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से आरक्षक पोड़ियाम विनोद घायल हो गया. घायल जवान को प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए उचित व्यवस्था की जा रही है.
रायपुर दक्षिण में भाजपा की जीत पर सीएम साय का जनता को धन्यवाद, बताया सरकार के सुशासन की जीत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव में भाजपा की जीत पर क्षेत्र की जनता को मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन पर विश्वास जताने के धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि जितना वोट कांग्रेस नहीं पाई, उतने वोट से बीजेपी जीती है. यह एक बड़ी ही शानदार जीत है. सरकार के सुशासन की जीत है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एनसीसी के 76वां स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में एनसीसी के स्थापना दिवस पर सभी कैडेट को बधाई दी. इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात रेडियो कार्यक्रम को लेकर कहा कि उन्होंने डिजिटल अरेस्ट की बात कही. वो कई बातों में लोगों को जागरूक कर रहे हैं. देश को किन बातों में सतर्क रहना चाहिए, इससे अवगत कराया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किताबों के साथ भी दोस्ती रखने के साथ गौरैया चिड़िया के संरक्षण और संवर्धन पर बातें रखी. इसके अलावा रायपुर दक्षिण उपचुनाव के नतीजों पर भी कहा. वहीं छत्तीसगढ़ में नए डीजीपी की नियुक्ति को लेकर कहा कि समय आने पर यहां भी DGP की नियुक्ति होगी. अभी वर्तमान डीजीपी का कार्यकाल खत्म होने में समय है.
अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, राजस्व विभाग ने मारा छापा, 2 चेन माउंटेन जब्त
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रेत उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई की है. फिंगेश्वर के सूखे नदी में रात के अंधेर में धड़ल्ले से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था, जहां प्रशासन की टीम ने पहुंचकर रेत माफियाओं के इरादों पर पानी फेर दिया है. कलेक्टर के निर्देश पर पहुंचे पुलिस और राजस्व के अधिकारियों को देखते ही रेत माफिया मौके से 2 चैन माउंटेन वहीं छोड़ कर रफु चक्कर हो गए, जिसे जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है. इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
वहीं गरियाबंद क्षेत्र के तर्रा, कुरुसकेरा, छिंदौला और चौबेबांधा खदानों से रेत का अवैध परिवहन अब भी बदस्तूर जारी है, जहां से रोजाना करीब 200 ट्रकों में रेत रायपुर, दुर्ग, महासमुंद और अन्य जिलों में भेजी जा रही है.
राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा अवैध खनन
सूत्रों के मुताबिक, इन खदानों से 10 चक्का हाईवा के लिए 7 हजार और 12 चक्का के लिए 9 हजार रुपये का भुगतान करना होता है. राजनीतिक संरक्षण के चलते खनन माफियाओं को बिना किसी कार्रवाई के रेत निकालने की गारंटी दी गई है. यहां पहले सील की गई चेन माउंटेन मशीनों को भी फिर से चालू कर दिया गया है, और 24 घंटे खनन कार्य जारी है.
सड़कों पर खुलेआम रेत भरे हाईवा
राजिम से रायपुर जाने वाली सड़कों पर दिनदहाड़े रेत से लदी हाईवा ट्रक खुलेआम देखे जा सकते हैं. प्रशासन द्वारा कुछ समय पहले आयातित ठेकेदारों पर की गई कार्रवाई के बाद अब लोकल सिंडिकेट ने इसका फायदा उठाते हुए अवैध रेत परिवहन को फिर से तेज कर दिया है. बताया जा रहा है कि राजनीतिक दबाव के कारण प्रशासन चिन्हित खदानों पर कार्रवाई करने में हिचकिचा रहा है.
मुख्यमंत्री ने गुरु तेगबहादुर के शहीदी दिवस पर उन्हें किया नमन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरु तेगबहादुर के 24 नवंबर को शहीदी दिवस पर उन्हें नमन किया है। इस अवसर पर श्री साय ने कहा कि सिख धर्म के नौवें गुरू तेगबहादुर जी मानवीय धर्म और वैचारिक स्वतंत्रता के लिए अपना बलिदान देने वाले एक क्रांतिकारी युगपुरुष के रूप मे जाने जाते हैं। समस्त मानवता के लिए दिये गये उनके बलिदान के कारण उनको 'हिंद की चादर' कहा गया है। श्री साय ने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं। धर्म की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
झारखंड चुनाव परिणाम: छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी और विजय शर्मा का स्ट्राइक रेट रहा 80 फीसदी, जानिए किन-किन सीटों पर मिली जीत
बता दें कि झारखंड चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी को 6 विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी मिली थी, जिनमें बरही, बड़कथा, हजारीबाग, बढ़ कथा में बीजेपी प्रत्याशी को जीत मिली है। वहीं, 2 सीट रामगढ़ और मांडू में पार्टी प्रत्याशी को हार मिली है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा को 5 सीटों में प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी दी गई थी, जिनमें बगोदर, धनवार, जमुआ में बीजेपी को जीत मिली है। वहीं, गांडेया और गिरिडीह में हार का सामना करना पड़ा है।
कौन कहां से जीता देखिए लिस्ट:
वित्त मंत्री ओपी चौधरी को इन सीटों की मिली थी जिम्मेदारी
इन सीटों पर मिली जीत
बरही – मनोज कुमार यादव – 113274 वोट मिले – 49291 वोटों से मिली जीत
बड़कागांव – रोशन कुमार चौधरी – 122904 वोट मिले – 31106 वोटों से मिली जीत
बड़कथा – अमित कुमार यादव – 82221 वोट मिले – 3660 वोटों से मिली जीत
हजारीबाग – प्रदीप प्रसाद – 137372 वोट मिले – 43516 वोटों से जीत
मांडू – निर्मल महतो (AJSU पार्टी) – 90871 वोट मिले – 231 वोटों से मिली जीत
इन सीटों पर मिली हार
रामगढ़ – ममता देवी (कांग्रेस) – 89818 वोट मिले – 6790 वोटों से मिली जीत
गृहमंत्री विजय शर्मा को इन सीटों की मिली थी जिम्मेदारी
इन सीटों पर मिली जीत
बगोदर – नागेंद्र महतो – 126781 वोट मिले – 32675 वोटों से मिली जीत
धनवार – बाबूलाल मरांडी – 72433 वोट मिले – 24147 वोटों की लीड
जमुआ – मंजू कुमारी – 117532 वोट मिले – 32631 वोटों से मिली जीत
इन सीटों पर मिली हार
गांडेय – कल्पना सोरेन (JMM) – 111618 वोट मिले – 13056 वोटों की लीड
गिरिडीह – सुदिव्य कुमार – 94042 वोट मिले – 3838 वोटों से मिली जीत
गृहमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अलावा पंडरिया विधायक भावना बोहरा को जमशेदपुर पूर्वी की जिम्मेदारी दी गई थी। बीजेपी ने यहां से ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास की बहु पूर्णिमा दास साहू को अपना उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में पूर्णिमा साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय रॉय को 42871 वोटो से हराया है।
मुख्यमंत्री ने लगाये चौके-छक्के : बिलासपुर में मिनी स्टेडियम खिलाड़ियों को समर्पित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने न्यायधानी बिलासपुर में आज शहर के पुराने और प्रतिष्ठित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला “मल्टीपरपज़ स्कूल“ के मैदान को संवार कर बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 21 करोड़ 79 लाख रूपये की लागत से तैयार किए गए मिनी स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में उतर कर बल्ला थामा और शॉट्स लगाए। इनडोर स्टेडियम में अवलोकन के दौरान उन्होंने बिलियर्ड्स स्नूकर में भी हाथ आजमाए। यहाँ फिजिकल एक्सरसाइज के लिए लगाए गए जिम में भी कसरत कर सभी को फिट रहने का संदेश दिया। लोकार्पण अवसर पर अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री को क्रिकेट का बल्ला थामे और शॉट्स लगाते देख मैदान में मौजूद अन्य जनप्रतिनिधियों और खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया। सभी ने तालियों के साथ मुख्यमंत्री श्री साय का अभिनन्दन किया। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने मैदान पर बॉलिंग की।

भव्य आतिशबाजी के बीच खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस सौगात के पश्चात बिलासपुर के खिलाड़ियों में खुशी नजर आई। इस सौगात के बाद खेल के साथ खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने और पहचान बनाने का मौका मिलेगा। मिनी स्टेडियम में 14115 वर्ग मीटर का सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट मैदान तैयार किया गया है। जिसकी दर्शक क्षमता 850 है, मिनी स्टेडियम में दिन और रात में भी मैच खेले जा सकेंगे। मैदान में दो अलग से भवन का निर्माण किया गया है जिसके एक भवन में इनडोर गेम्स जैसे स्नूकर, बिलियर्ड्स, टेबल टेनिस, स्क्वैश, खेले जाएंगे, इसके अलावा आधुनिक उपकरणों के साथ जिम तैयार किया गया है । दूसरे भवन में एक ट्रेनिंग हाल का निर्माण किया गया है जो खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के काम आएगा। इसी भवन में अलग से वीआईपी गैलरी, एनाउंसमेंट बॉक्स और पेंट्री रूम भी बनाया गया है इसके अलावा स्टेडियम में ही एक हास्टल बनाया गया है जिसमें बाहर से आए खिलाड़ियों के ठहराने की व्यवस्था की जाएगी, दो लान टेनिस कोर्ट भी बनाया गया है। स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए जा रहे स्टेडियम में सौंदर्यीकरण के साथ-साथ फ्लड लाइटिंग की पूरी व्यवस्था की गई है ताकी डे नाइट मैच का आयोजन हो सके।
शहर में एक सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट स्टेडियम की ज़रूरत काफी समय से महसूस की जा रही थी, जहां बड़े स्तर के मैच का आयोजन किया जा सके। बिलासपुर जिसे अरपा नदी दो भागों में विभक्त करती है, नदी के इस तरफ बीच शहर में कोई दूसरा स्टेडियम नहीं था, जहां सुविधा हो और बड़े स्तर के आयोजन किया जा सके, इसके लिए मिनी स्टेडियम की नींव रखी गई। यहां क्रिकेट के अलावा विभिन्न प्रकार के इनडोर गेम्स के लिए पूरा सेटअप है, जिससे खिलाड़ी प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकेंगे और खेल भी सकेंगे। मिनी स्टेडियम के शुरू होने से ना सिर्फ बिलासपुर पूरे अंचल के खिलाड़ियों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरूण साव, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक उपस्थित थे।
पीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को कहा थैंक्यू
मिनी स्टेडियम लोकार्पण समारोह में पहुँचे मुख्यमंत्री श्री साय का बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने जोरदार अभिवादन किया। प्रतिभागियों ने पीएससी में हुए गड़बड़ी की निष्पक्ष जाँच कराने को लेकर उन्हें धन्यवाद भी दिया।
संविधान दिवस के 75वें वर्ष पूरे होने पर सालभर चलेगा स्मरणोत्सव, गांवों में निकलेगी संविधान यात्रा, ग्राम सभा होगी, स्कूलों में होंगे कई कार्यक्रम…
रायपुर। भारतीय संविधान के 75वें वर्ष पूर्ण होने पर 26 नवंबर 2024 से साल भर स्मरणोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वर्ष भर चलने वाले इस स्मरणोत्सव को ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान‘ के टैगलाइन के तहत संचालित किया जाएगा। स्मरणोत्सव का यह आयोजन चार स्तंभों संविधान की प्रस्तावना, अपने संविधान को जानें, संविधान का निर्माण और संविधान के गौरव विषय पर केन्द्रित होगी। संविधान दिवस 26 नवम्बर को मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्रीगण, विधायकगण और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा संविधान की प्रस्तावना वाचन किया जाएगा। संविधान दिवस पर स्कूलों और कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इस मौके पर अनुसूचित जाति, जनजाति गांवों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम सार्वजनिक स्थान पर बड़ी संख्या में लोगों के साथ आयोजित किया जाएगा तथा उक्त कार्यक्रम में भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय द्वारा संविधान के ऊपर निर्मित फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में संविधान निर्माण में राज्य के विशिष्ट लोगों की भूमिका को केन्द्रित किया जाएगा तथा संविधान से संबंधित कला-प्रदर्शनी प्रदर्शित की जाएगी। संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यकम हेतु संस्कृति विभाग नोडल विभाग होगा एवं की गई सभी कार्यवाहियों की जानकारी एवं छायाचित्र को भारत सरकार की वेबसाइट में अपलोड होगा।
संविधान दिवस के अवसर पर पंचायतों में 15 दिवसीय संविधान यात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। ये यात्राएं अनुसूचित जाति, जनजाति की आबादी के बहुलता वाले गांवों में आयेाजित की जाएगी। यात्रा के दौरान, जहां भी बाबा साहेब की प्रतिमाएं होंगी, उन पर पुष्पांजलि अर्पित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का भी आयोजन होगा, जिसमें संविधान के अनुच्छेद 51ए के तहत नागरिकों के मौलिक कर्तव्यों को पढ़ा और समझाया जाएगा। साथ ही इस मौके पर जीवित स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा। संविधान सभा के सदस्यों से जुड़े गांवों में, जिसमें संविधान सभा की महिला सदस्यों के योगदान पर विशेष जोर देते हुए विशेष समारोह आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में संविधान के प्रावधान, संविधान निर्माण की प्रकिया, मौलिक अधिकार, कर्तव्य एवं राज्य के नीति-निर्देशक सिद्धांत तथा नवीनतम संशोधन आदि विषयों पर प्रश्नोत्तरी आयोजित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों तथा अन्य संवैधानिक मुद्दों पर वाद-विवाद सेमिनार, जिसमें सामाजिक सशक्तिकरण, महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने, समय के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए संविधान को लचीला बनाने तथा नवीनतम तथा प्रमुख संशोधनों पर विशेष ध्यान दिए जाने हेतु आयोजित करेंगे। स्कूली बच्चों को https://www.mygov.in पर MyGov प्रतियोगिताओं और MyBharat.gov.in पर युवा सहभागिता गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
शिक्षा के साथ वेस्ट पदार्थों से सजावटी सामान बनाना सीख रहे स्कूली बच्चे, प्रदर्शनी में पालकों ने जमकर की तारीफ
बलौदाबाजार। जिले में स्कूलों में शिक्षा के साथ ही बच्चों के अंदर छुपी प्रतिभाओं को आगे लाने प्रयास किया जा रहा है. इसी क्रम में गुरुकुल स्कूल बलौदाबाजार में बच्चों को वेस्ट पदार्थों से सजावटी सामान बनाने का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा. इसको लेकर आज एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने वेस्ट पदार्थों से बने सजावटी सामान का प्रदर्शन किया. वही वैज्ञानिक अविष्कारों की भी प्रदर्शन कर पालकों का ध्यान खींचा।

प्रदर्शनी में बच्चों ने बताया कि कैसे हम वेस्ट पदार्थ के साथ ही वेस्ट पानी का ऊपयोग कर सकते हैं. इसके अलावा स्वास्थ्य व पर्यावरण को कैसे सुरक्षित व सुव्यवस्थित करे इसको बताया. बच्चों ने बताया कि स्कूल में एक दिन हमे इस तरह के सजावटी सामान बनाना सिखाया जाता है और यह वे सामान हैं, जिसे हम उपयोगी नहीं समझते.
बच्चों ने बताया वेस्ट पदार्थों को हम कलर पेंट कर सजावटी सामान बनाना सीख रहे हैं, जिससे हम घर को सजा सकते हैं. इससे एक फायदा यह होगा कि कचरा नहीं फैलेगा और घर भी सज जायेगा। वहीं पालकों ने बच्चों के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि बच्चों के अंदर इस तरह से कलात्मक चीजें बनाने की जागरूकता आये निश्चित ही यह बहुत उपयोगी होगा.
भारत सरकार के एडिशनल सेक्रेटरी चरणजीत सिंह ने छत्तीसगढ़ में बिहान समूह के कार्यों को सराहा, प्रमुख सचिव से नए प्रोजेक्ट पर की चर्चा
एडिशनल सेक्रेटरी सिंह आज छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के लिए नये प्रोजेक्ट्स की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके बाद एडिशनल सेक्रेटरी सिंह धमतरी ज़िले के कुरुद विकासखंड के नारी एवं चर्रा गांव पहुंचे और वहां बिहान समूह की महिलाओं द्वारा किये जा कार्यों का अवलोकन किया। यहां कृषि आधारित उत्पाद, पशुपालन, ग्रीन आर्मी की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों को सराहा।

सिंह ने विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों के स्वावलंबन के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से बिहान अंतर्गत आजीविका गतिविधियों से हो रही आय व्यय के बारे में भी पूछा। सिंह ने इस अवसर पर ग्राम चर्रा में महिला समूह के उत्पाद के स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने बैंक सखी के कार्य में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर मिशन संचालक एनआरएलएम जयश्री जैन, ज्वाइंट मिशन डायरेक्टर आरके झा, वीरेन्द्र जायसवाल, ऐलिस लकड़ा, कलेक्टर धमतरी नम्रता गांधी, सीईओ ज़िला पंचायत रोमा श्रीवास्तव सहित अन्य राज्य के अधिकारी उपस्थित रहे।
रेडक्रास सोसायटी के जिला प्रबंध समिति का गठन, सर्वसम्मति से चेयरमैन चुने गए अरविंद शुक्ला
बलौदाबाजार। जिला रेडक्रास सोसायटी के प्रबंध समिति का गठन आज हुआ, जिसमें कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक में अरविन्द शुक्ला सर्वसम्मति से चेयरमैन चुने गए. वहीं उपाध्यक्ष पद पर ललिता यदु, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र वर्मा व राज्य में जिला प्रतिनिधि के लिए संजय पटेल को चुने गए हैं।
कलेक्टर व अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी दीपक सोनी के निर्देशानुसार आज जिले में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में प्रबंध समिति के बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में निर्वाचन/अपर कलेक्टर अधिकारी भूपेन्द्र अग्रवाल, डॉ राजेश अवस्थी सचिव/मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ अशोक वर्मा सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक की उपस्थिति में प्रबंध समिति बैठक का आयोजन कर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
प्रबंध समिति की बैठक में प्रतिनिधि निर्वाचित किए जाने हेतु नाम प्रस्ताव आमंत्रित किए गए, जिसमें सदस्यों को उपरोक्तानुसार पदों पर चयन हेतु प्रस्तावक समर्थकों द्वारा नाम सुझाए गए। तत्पश्चात अपर कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र अग्रवाल द्वारा अरविंद शुक्ला को सर्व सम्मति से रेडक्रॉस सोसायटी का चेयरमैन चुने गए. इसके अलावा ललिता यदु को वाइस चेयरमेन, सुरेन्द्र वर्मा को कोषाध्यक्ष तथा संजय पटेल जी को रेडक्रॉस राज्य प्रबंध समिति का प्रतिनिधि निर्वाचित घोषित किया गया. निर्वाचन अधिकारी द्वारा नई प्रबंध समिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
बैठक में प्रबंघ समिति के सदस्य सुरेन्द्र वर्मा, सोनल केशरवानी, दलजीत सिंह चावला, डीवी बघेल, बुधराम अग्रवाल, नितेश शर्मा, पुरषोत्तम सोनी, आलोक अग्रवाल, अरविंद मिश्रा, आनंद अग्रवाल, संदीप पाण्डेय, उपस्थित थे. नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरविन्द शुक्ला ने सभी सदस्यों को उनपर विश्वास व्यक्त करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि सभी मिलजुलकर काम करेंगे, ताकि लोगों को रेडक्रास सोसायटी का लाभ मिल सके.
रायपुर दक्षिण में प्रचंड जीत पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दी बधाई, कहा- जनता के विश्वास की हुई जीत
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा से 46,167 मतों के भारी अंतर से प्रचंड विजय प्राप्त करने पर सुनील सोनी को हार्दिक बधाई दी है।
श्री अग्रवाल ने इस ऐतिहासिक विजय को रायपुर दक्षिण की जनता के भाजपा की विचारधारा, विकास और जनसेवा में अटूट विश्वास का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा, “यह जीत रायपुर दक्षिण की जनता की आकांक्षाओं और सपनों की जीत है। जनता ने लगातार 9वीं बार कमल को खिलाकर यह साबित कर दिया है कि उनका भरोसा केवल भाजपा की नीति, नीयत और नेतृत्व पर है।”
उन्होंने कहा कि रायपुर दक्षिण हमेशा से उनका घर रहा है और वहां की जनता उनके दिल में बसती है। श्री अग्रवाल ने 35 वर्षों के विश्वास को बनाए रखने के लिए और एक बार पुनः भाजपा को जिताने के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आज मैं जो कुछ भी हूं, वह जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हूं। जब तक जीवन है, तब तक मैं जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहूंगा।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह विजय केवल मतों की नहीं, बल्कि जनता और भाजपा के बीच के उस गहरे रिश्ते की जीत है, जो सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर आधारित है। रायपुर दक्षिण ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि वह विकास और सुशासन की राह पर भाजपा के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस जीत के बाद अब क्षेत्र की जनता को दो विधायक मिल गए हैं आधिकारिक रूप में सुनील सोनी और दूसरे वो स्वयं, दोनों मिलकर रायपुर दक्षिण को नई ऊंचाइयों पर ले जायेंगे। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा देंगे और हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लायेंगे।




श्री अग्रवाल ने सुनील सोनी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह विजय जनता के साथ उनके स्नेह, संवाद और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री सोनी अपने कार्यकाल में जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
उन्होंने भाजपा की इस जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि, पार्टी के कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ताओं के बिना इस जीत की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। आज की इस जीत को पार्टी कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हैं।







मुख्यमंत्री श्री साय ने पर्वतारोही निशा यादव को 3.45 लाख रुपए का चेक प्रदान किया, पर्वतारोही निशा माउंट किलिमंजारो की चोटी पर तिरंगा फहराएंगी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बिलासपुर में आयोजित रिवर व्यू पर बने श्री रामसेतु मार्ग के लोकार्पण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पर्वतारोही निशा यादव को स्वेच्छानुदान से स्वीकृत 3.45 लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया।
निशा यादव अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलीमंजारों पर्वत फतह करना चाहती हैं। वे माउंट एवेरेस्ट भी फतह करना चाहती हैं। उनके पिता ऑटो चालक हैं। मुख्यमंत्री को जब कुछ दिन पहले निशा की कमजोर आर्थिक स्थिति का पता चला तो उन्होंने निशा से फोन पर बात कर सरकार की ओर से उन्हें सभी तरह के सहयोग का भरोसा दिया और स्वेच्छानुदान से राशि निशा बेटी के लिए स्वीकृत कर दी। निशा ने इसके लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में ’श्री रामसेतु मार्ग’ का किया लोकार्पण
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार की शाम बिलासपुर के रिवर व्यू पर बने श्री रामसेतु मार्ग का लोकार्पण किया। लेजर शो और आतिशबाजी के माध्यम से श्री रामसेतु मार्ग के लोकार्पण का जश्न मनाया गया और साथ में बिलासपुर विकास दीप महोत्सव मनाया गया। इस मौके पर 10 हजार दीपक अरपा नदी में छोड़े गए। इस अवसर पर शहर के दो छोरों को आपस में जोड़ने वाले अरपा के दोनों पुलों को आकर्षक लाइट से सजाया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के विकास के लिए आज का दिन बड़ा महत्वपूर्ण है जहां एक साथ कई विकास कार्यों की सौगात मिली है। इन सब कार्यों से बिलासपुर शहर की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी, नागरिक सुविधाओं का विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरपा मइया केवल एक नदी नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति की धारा इसमें बहती है। अरपा मइया के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए हम संकल्पित हैं। अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के तहत श्रीराम सेतु मार्ग का आज लोकार्पण किया गया है। इसके अलावा अरपा नदी के संवर्धन और उत्थान के लिए और भी प्रोजेक्ट चल रहे हैं। नदी के दोनों किनारों पर इंदिरा सेतु से शनिचरी रपटा तक लगभग 2 किलोमीटर की फोर लेन की सड़क बनाई जा रही है। नदी के किनारे नाला बनाया गया है, शहर के गंदे पानी को इस नाले के जरिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा, इससे नदी को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिए लक्ष्य के अनुरूप विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में इस शहर को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए मल्हार महोत्सव को बिलासपुर में फिर से शुरू करने और महोत्सव के लिए 20 लाख रुपए के बजट का प्रावधान किए जाने की बात कही।
श्री रामसेतु मार्ग
अरपा उत्थान और तट संवर्धन प्रोजेक्ट के एक हिस्से के तहत अरपा नदी के दांयी तरफ की सड़क का नाम रामसेतु मार्ग रखा गया है। इसकी लागत 49 करोड़ 98 लाख रूपये है जिसमें फ़ुटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट, रिटेनिंग वॉल और सौंदर्यीकरण कार्य शामिल है। इस सड़क के लोकार्पण से शहर का यातायात सुगम तरीके से संचालित हो सकेगा। इससे नेहरू चौक से शहर के व्यस्ततम गोल बाज़ार-सदर बाज़ार और शनिचरी बाज़ार की तरफ़ जाने के लिए शहरवासियों को एक व्यवस्थित वैकल्पिक मार्ग मिला है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में 14 करोड़ 60 लाख रूपये की लागत से निर्मित स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का किया लोकार्पण
इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ टेबल टेनिस, स्क्वैश और बैडमिंटन में हाथ आजमाए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक ही छत के नीचे एक से ज्यादा खेलों की सुविधा मिलने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से मुलाकात की। बिलासपुर में तीन मंजिला स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में बेसमेंट पार्किंग, ग्राउंड फ्लोर में रिसेप्शन और रेस्टोरेंट संचालित किए जाने का प्रावधान है। इसके प्रथम तल में बैडमिंटन, स्क्वैश कोर्ट, टेबल टेनिस, स्नूकर, बिलियर्ड्स जैसे खेलों की सुविधा है। द्वितीय तल में मल्टीपरपज हॉल, योगा की सुविधा है। यह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बिलासपुर के मेट्रो सिटी की संकल्पना को साकार करने के लिए बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है जहां नागरिकों को खेल भावना के साथ फिटनेस और मनोरंजन के लिए सर्वसुविधायुक्त क्लब की स्थापना की गई है।




इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, विधायक तखतपुर धर्मजीत सिंह, बिलासपुर अमर अग्रवाल, बिल्हा धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ में 6.76 लाख मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी, अब तक राज्य के लगभग 1.44 लाख से अधिक किसानों ने बेचा धान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में अनवरत धान खरीदी का सिलसिला जारी है। 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी अभियान में अब तक 6.76 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हो चुकी है। राज्य में अब तक 1.44 लाख किसानों ने अपना धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 1288 करोड़ 55 लाख रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.68 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.45 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। अधिकारियों ने बताया कि 22 नवम्बर को 24602 किसानों से 1.22 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी हुई है। इसके लिए 25840 टोकन जारी किए गए थे।
बिलासपुर जिले में लगभग 16 करोड़ रूपए की लागत से बनी सड़क का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण
रायपुर। बिलासपुर जिले के सकरी में संकरी सड़क को लेकर परेशान आम नागरिकों को अब राहत मिल गई है। उन्नयन के पश्चात चौड़ी हुई उस्लापुर-सकरी रोड़ में आवागमन आसान होने के साथ राहगीरों को ट्रैफिक जाम से भी मुक्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बिलासपुर के उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक 15वें वित्त आयोग और डीएमएफ फंड से लगभग 16 करोड़ की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। उस्लापुर रेल्वे ओव्हरब्रिज से लेकर सकरी बाईपास चौक तक नगर निगम द्वारा सवा चार किमी सड़क का उन्नयन और चौड़ीकरण किया गया है। सड़क चौड़ीकरण और उन्नयन होने से राहगीरों को काफी राहत मिली है। उन्नयन और चौड़ीकरण के तहत मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई गई है, डिवाइडर बनाया गया है, स्ट्रीट लाइट और दोनों तरफ नाली निर्माण भी किया गया है। यह मार्ग शहर का प्रवेश द्वार है जिसकी काफी दिनों से चौड़ीकरण की जरूरत महसूस की जा रही थी
उल्लेखनीय है कि बिलासपुर शहर अब महानगर के रूप में विकसित हो रहा है। शहर के चारों तरफ कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। इसके अलावा व्यापारिक गतिविधियां भी तेजी के साथ बढ़ने लगी है। चौड़ीकरण के पूर्व सड़क संकरी थी, जिसके कारण आए दिन ट्रैफिक जाम और हादसे होते रहते थे। इसके अलावा इस सड़क पर ट्रैफिक का अत्याधिक दबाव रहता था। प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से गुजरती है। इस मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण होने से राहगीरों खासकर तखतपुर, मुंगेली, कवर्धा, लोरमी, पेंड्रा और पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश से आने वाले यात्रियों तथा बिलासपुर नगर निगम में नए जुड़े चार वार्डों के निवासियों को काफी राहत मिलेगी, साथ ही यातायात सुगम होगा।
मिनोचा कॉलोनी से उस्लापुर क्रॉसिंग सड़क का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर शहर के मिनोचा कॉलोनी से उस्लापुर क्रॉसिंग तक सड़क निर्माण का लोकार्पण किया। इस सड़क का 5 करोड़ 91 लाख की लागत से उन्नयन किया गया है। इसमें प्रमुख रूप से महावीर नगर चौक से उस्लापुर ओव्हर ब्रिज तक 800 मीटर सड़क, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट शामिल है। शहर के विभिन्न सड़कों का डामरीकरण, साइनेज, रोड मार्किंग के कार्य शामिल हैं। सड़क उन्नयन से राहगीरों को काफी राहत मिलेगी और ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिल मिलेगी ।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, विधायक तखतपुर धर्मजीत सिंह, बिलासपुर अमर अग्रवाल, बिल्हा धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।