प्रदेश
हवाई सेवा पर हाईकोर्ट में सुनवाई : कोर्ट ने बिलासपुर एयरपोर्ट के 4C लाइसेंस और नाइट लैंडिंग का पूछा स्टेटस
बिलासपुर। हवाई सेवा को लेकर लगाई गई जनहित याचिका मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान बिलासपुर एयरपोर्ट के 4C लाइसेंस और नाइट लैंडिंग के पूर्ण होने का स्टेटस पूछा गया. कोर्ट ने रक्षा मंत्रालय से इस एयरपोर्ट को विकासित करने के लिए ली गई जमीन के बारे में भी जानकारी ली. सरकार की तरफ से पक्ष रखने वाले अतिरिक्त महाधिवक्ता ने इसको लेकर शपथ पत्र भी मंगलवार को दाखिल किया. वहीं एयरपोर्ट अथॉरिटी की तरफ से भी अधिवक्ता ने नाइट लैंडिंग में हो रही देरी के बारे में अपना पक्ष रखा.
सुनवाई के दौरान एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वकील ने बताया कि नाइट लैंडिंग को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. वहीं कुछ कारणवश साउथ कोरिया से आने वाले उपकरण की जल्द से आपूर्ति से काम शुरू हो जाएगा. कोर्ट ने इसको लेकर शपथ पत्र में जवाब मांगा है. छत्तीसगढ़ सरकार की तरफ से हाईकोर्ट में मंगलवार को शपथ पत्र दाखिल किया गया.
अतिरिक्त महाधिवक्ता ने कहा 4c लाइसेंस के तहत होने वाले काम का डीपीआर 8 हफ्तों में बना लिया जाएगा और क्रियान्वयन कर लिया जाएगा. कोर्ट ने 286.67 एकड़ जमीन को लेकर सवाल पूछे, जिस पर याचिकाकर्ता के वकील सुदीप श्रीवास्तव ने कहा कि ये जमीन जिला प्रशासन से सिविल एविएशन एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर को ट्रांसफर करना है, जो अब तक नहीं हुआ. सरकार का पक्ष रखने वाले वकील ने बताया प्रक्रिया शुरू है. रक्षा मंत्रालय से जमीन की राशि को लेकर कुछ समस्या है, लेकिन इसका विकास में कोई रोड़ा नहीं आएगा. 27 सितंबर 2024 को पिछली सुनवाई में नाइट लैंडिंग को लेकर स्टेटस रिपोर्ट मांगा गया था, जिस आदेश के परिपालन की जानकारी ली. अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर का समय निर्धारित किया गया है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और जस्टिस बिभु दत्त गुरु की बेंच में हुई.
जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में क्विज ट्रिविया, स्क्रीन पर 90 सेकंड में देना है 20 सवालों के जवाब
रायपुर। राज्योत्सव के अवसर पर जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी लोगों के लिए उत्सुकता और आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहाँ लोगों को छत्तीसगढ़ से जुड़े रोचक तथ्यों के साथ शासन की योजनाओं की जानकारी देने के लिए क्विज ट्रिविया का आयोजन किया गया है। जिसमें स्क्रीन पर आये सवालों का जवाब फुर्ती से देना है। 20 सवालों का जवाब देने के लिए 90 सेकंड का समय दिया गया है। क्विज़ ट्रिविया में भाग लेने के लिए लोगों में भारी उत्साह नज़र आया। इस क्विज़ में ख़ासकर युवा वर्ग और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा बहुत रुचि ले रहे हैं। उल्लेखनीय है की इस वेब गेम को जनसंपर्क संचालनालय की इन हाउस डिजिटल टीम द्वारा किया गया है। प्रतिभागियों को विभाग द्वारा तत्काल ई-सर्टिफिकेट भी दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के कट आउट के साथ फोटो क्लिक करवाने उत्साहित जन समुदाय जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कट आउट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसमें मुख्यमंत्री जी की जीवंत तस्वीर के साथ लोग बड़े उत्साह के साथ फोटो क्लिक करवा रहे हैं। ‘कैसा हो मेरे सपनों का छत्तीसगढ़‘ मुख्यमंत्री जी तक पोस्ट कार्ड के माध्यम से पहुँचा रहे अपनी बात जनसंपर्क विभाग के स्टाल में मेरे सपनों का छत्तीसगढ़ विषय पर पोस्ट कार्ड भी रखे गये हैं। इन पोस्ट कार्ड के माध्यम से सीधी अपनी बात मुख्यमंत्री जी तक पहुँचाने के लिए प्रदेश की जानता उत्साहित है।
राज्योत्सव शिल्पग्राम में दिखी छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति की झलक, शिल्पग्राम के अवलोकन से लोग हुए अभिभूत
शिल्पग्राम में मौजूद कलाकारों और शिल्पकारों से लोग उनकी रचनात्मकता के संबंध में चर्चा कर रहे हैं और साथ ही उनकी प्रतिभा की भूरी-भूरी प्रशंसा एवं सराहना भी कर रहे हैं।
राज्योत्सव के दौरान लगी प्रदर्शनी स्थल में बनाए गए शिल्पग्राम जनमानस को आकर्षित कर रहा है और उनकी जिज्ञासा का प्रमुख केन्द्र बना हुआ है, जिसमें प्रदेश स्तर के बुनकर शिल्पी अपने-अपने बेहतरीन व आकर्षक उत्पादों का जीवंत प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आकर्षक छूट के साथ विक्रय भी कर रहे हैं।
शिल्पग्राम में कोसा, रेशमी साड़ी ड्रेस मटेरियल तथा काटन बेडशीट का बेहतरीन संकलन खादी के वस्त्र बेलमेटल, काष्ठ कला, माटी कला टेराकोटा के आकर्षक उपयोगी तथा सजावटी सामग्री का बिक्री कर बुनकरों शिल्पियां ने आयोजन का लाभ उठाया है।





शिल्पकार प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का इस आयोजन हेतु आभार व्यक्त कर रहे हैं, उनका कहना है कि इसके माध्यम से उन्हें अनेक उत्पादों के प्रचार-प्रसार व विक्रय का प्लेटफॉर्म मिला, जिससे इन्हें अच्छी आय हो रही है। इस बार शिल्पग्राम के मध्य में रेशम कीट, तितली कोकून की रंग-बिरंगी मनमोहक कृति स्थापित की गई है। जिसमें सेल्फी लेने लोगों में होड़ मची हुई है।
मांदर बजाते हुए कलाकारों के साथ थिरके मुख्यमंत्री श्री साय, जनसंपर्क की छायाचित्र प्रदर्शनी को देखा और सराहा
गौरतलब है कि जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में राज्य की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में दिखाई गई योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की और इसे जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर उन्होंने वहां एलईडी टीव्ही के माध्यम से प्रसारित हो रहे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में दिए गए भाषण को हेडफोन लगाकर सुना।
गौरतलब है 4 अक्टूबर, 1977, भारत के विदेश मंत्री के तौर पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में अपना भाषण दिया था। उन्होंने अपने भाषण में परमाणु निरस्त्रीकरण, आतंकवाद जैसे कई गंभीर मुद्दे उठाए थे। हिंदी में बोलने की वजह से ही उनका यह भाषण अविस्मरणीय और ऐतिहासिक हो गया। उन्होंने कहा कि भारत सभी देशों से मैत्री चाहता है और भारत विश्व शांति के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को विश्व मंच पर पुरजोर तरीके से रखते हुए कहा कि मैं भारत की ओर इस महासभा को आश्वासन देता हूं कि हम एक विश्व के आदर्शों की प्राप्ति और मानव के कल्याण तथा उसके गौरव के लिए त्याग और बलिदान की बेला कभी पीछे नहीं रहेंगे।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के भाषण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत को गौरवान्वित करने वाला है। मुख्यमंत्री श्री साय ने जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में प्रश्न माला कार्यक्रम में विजेता रही दानी स्कूल और काली बाड़ी स्कूल के छात्राओं को पुरस्कृत किया और उनका हौंसला बढ़ाया। छात्रा लविना वर्मा, किरण साहू सुमन, महिमा वर्मा, दीपिका धीवर ने मुख्यमंत्री को इस तरह के आयोजन समय-समय पर कराए जाने का आग्रह किया। जनसंपर्क की प्रदर्शनी में रिखी क्षत्रिय भिलाई ने छत्तीसगढ की संस्कृति को संजोकर रखने और उनका प्रचार प्रसार करने के लिए छत्तीसगढ के वाद्ययंत्रों को प्रदर्शित किया गया है।
राजस्व मंत्री ने किसानों, शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित, सारंगढ़ में एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम सम्पन्न
रायपुर। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में किसानों, गरीबों, मजदूरों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी का हर वायदा सरकार पूरा कर रही है। वे आज खेलभांठा मैदान में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर राज्यगीत ‘‘अरपा पैरी के धार’’ से कार्यक्रम की शुरूआत की।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर किसानों से 3100 रूपए में धान खरीदी कर अपना वायदा पूरा किया है। इससे गांवों में खेती-किसानी मजबूत हुई है। किसानों की आय बढ़ी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण से समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। राज्योत्सव के अवसर पर जिला स्तरीय विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टॉल का उन्होंने अवलोकन किया। कार्यक्रम में श्री वर्मा ने राष्ट्रीय और राज्य पुरस्कार प्राप्त जिले के किसानों और शिक्षकों सहित बोर्ड परीक्षाओं के प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलेक्टर धर्मेश साहू ने शासकीय कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में हासिल की गई उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व विधायक सनम जांगड़े सहित बड़ी संख्या में नागरिक, पत्रकारगण, पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, डीएफओ पुष्पलता टंडन, जिला शिक्षा अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद पटेल सहित जिले के अधिकारीगण उपस्थित थे।




छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर हुआ एक दिवसीय राज्योत्सव कार्यक्रम का आयोजन मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े हुईं शामिल
इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, पिछड़ा आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, जनपद अध्यक्ष विनय पैंकरा, जनपद उपाध्यक्ष भानुप्रकाश दीक्षित, कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल, जिला पंचायत सीईओ रेना जमील, गणमान्य नागरिक ओमप्रकाश जायसवाल, गोपाल मिश्रा, दीनानाथ यादव, दिलीप सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
महिला बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने उपस्थित जनसमुदाय को राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। राज्य बने हुए 24 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में विकास देखने को मिल रहा है। शिक्षा हो या स्वास्थ्य हर क्षेत्र में राज्य नई बुलंदियां छू रहा है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार में निरंतर विकास की पथ पर अग्रसर हो रहा है। डबल इंजन की सरकार सारे वादों को पूर्ण कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ग के लिए कार्य कर रही है। प्राथमिकता से किसान, महिलाएं हर जरूरतमंद परिवार को लाभान्वित किया जा रहा है। युवाओं को शिक्षा के साथ रोज़गार के अवसर उपलब्ध करा रही है।
श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि हमारी सरकार ने खरीफ वर्ष 2023-24 में किसानों से रिकॉर्ड 145 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की है, साथ ही उन्हें दो वर्षों का बकाया बोनस 03 हजार 716 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया। महतारी वन्दन योजना के द्वारा 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए 179 महतारी सदन निर्माण के लिए 52 करोड़ 20 लाख की स्वीकृति दे दी गई है। साथ ही छत्तीसगढ़ में 08 लाख 46 हजार 931 आवासों के निर्माण की स्वीकृति भी दे दी है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य में 07 हजार से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वनवास काल के दौरान भगवान श्री राम ने जिन स्थानों पर प्रवास किया, उन्हें हमारी सरकार पर्यटन तीर्थ के रूप में संवार रही है। आने वाले समय में हमारी सरकार प्रदेश में पर्यटन का और विकास करेगी। पर्यटन के माध्यम से रोजगार के अवसरों का सृजन किया जाएगा। जिससे स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ होगा और उनका जीवन स्तर ऊँचा उठेगा।



सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव पर बधाई देते हुए मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ राज्य बनने के संदर्भ में संक्षिप्त जानकारी दी। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े को कलेक्टर ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।
हितग्राहियों को सामग्री वितरण
राज्योत्सव में महिला बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्रियों का वितरण किया। जिसमें वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को वन्यप्राणी क्षतिपूर्ति मुआवजा का भुगतान किया गया। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, श्रम विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, पशुधन विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजना के तहत 03 हितग्राहियों को चेक, उद्यान विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत अनुदान प्रमाण पत्र, मत्स्य पालन विभाग द्वारा 05 हितग्राहियों को जाल एवं आइसबॉक्स, कृषि विभाग द्वारा 15 हितग्राहियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत सरसों व मसूर बीज का वितरण, पंचायत ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को आवास, नगर पालिका परिषद बलरामपुर के द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 02 हितग्राहियों को चेक तथा खाद्य विभाग द्वारा द्वारा 10 हितग्राहियों को राशनकार्ड का वितरण किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मंत्र मुग्ध हुए दर्शक
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 24 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्योत्सव के मुख्य समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अद्भुत प्रस्तुति दी, जिसमें उनकी प्रतिभा और उत्साह देखने को मिला। इस समारोह में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। नमामि नमामि, आदिवासी संस्कृति, दक्षिण भारत रीमिक्स, असमिया लोक नृत्य, सरगुजिया जैसे सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रदर्शन किया। इन कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस समारोह में न केवल बच्चों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक मंच मिला, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को भी प्रदर्शित करने का एक अवसर रहा।
सड़क सुरक्षा नियम से टाले जा सकते हैं सड़क हादसे, प्ले के ज़रिये लोगों को किया जा रहा जागरूक
रायपुर। हर साल हज़ारों लोग सड़क हादसे का शिकार होते हैं। कभी कोई हँसता खेलता परिवार सड़क हादसे की वजह से उजड़ जाता है , तो कभी कोई माँ अपनी संतान खो देती है। सड़क हादसे कभी ख़ुद की गलती , कभी दूसरे की लापरवाही से होते हैं । सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति लोगों को सचेत करने के लिए राज्योत्सव मेला स्थल में लगे शिल्प ग्राम में स्टे फिट विथ मी नामक संस्था ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक उम्दा प्ले किया गया। अंतर विभागीय अग्रणी संस्था है ये। जिसमें अलग अलग क्षेत्र के लोग जुड़े हैं। प्ले में सहज तरीक़े से सड़क सुरक्षा के लिए हेलमेट, स्पीड नियंत्रण, मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, एकाग्रता, नशे में वाहन ना चलाने का संदेश दिया गया। शिल्प ग्राम में मज़े से स्थानीय शिल्पियों के उत्पादों की ख़रीदी करते लोग सहसा ठिठककर प्ले को देखने लग गये। प्ले का भरपूर आनंद लेते हुए लोग सोचने पर मजबूर हो गये कि वास्तव में अक्सर सड़क हादसे टाले का सकते हैं अगर हम ख़ुद सचेत , जागरूक रहें।
प्ले करने वाले लोग विविध क्षेत्र से हैं इस पूरे प्ले को संचालित कर रहे अतिरिक्त महानिदेशक और संयुक्त आयुक्त सड़क सुरक्षा संजय शर्मा। उनके साथ इंजीनियर, ब्यूटिशियन, सिविल सेवा एस्पिरेंट, गृहिणी, मार्केटिंग मैनेजर सब मिलकर लोगों को प्ले के ज़रिये जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। इन सबका यही कहना है कि अगर हमारे प्ले से कुछ लोग भी जागरूक हो कर वाहन चलायें और सड़क के नियमों का पालन करें तो हमारे अभियान के उद्देश्य की पूर्ति हो जाएगी।



नगरीय प्रशासन विभाग की विकास प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना की झलक, देख सकते हैं बड़े शहरों के आवासीय निर्माण के मॉडल
रायपुर। नया रायपुर में राज्योत्सव स्थल डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्टॉल में प्रदेश के विभिन्न शहरों में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निर्मित आवासों और कॉलोनियों के मॉडल्स प्रदर्शित किए गए हैं। विभाग की विकास प्रदर्शनी में निमोरा में 90 एमएलडी क्षमता के निर्माणाधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का भी मॉडल दर्शाया गया है। यहां दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) की स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्रियों की प्रदर्शनी के साथ बिक्री भी की जा रही है। राज्योत्सव देखने आने वाले इस स्टॉल में विभिन्न समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए सजावट के समान, धूप, अगरबत्ती, फ्लावर-पॉट, मधुबनी प्रिंट से बनी साड़ी जैसी अनेक चीजें खरीद सकते हैं।
राज्योत्सव स्थल पर नगरीय प्रशासन विभाग के स्टॉल में राजनांदगांव, रायपुर और भिलाई-चरोदा नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों द्वारा एक जगह निर्मित आवासों को समग्र कॉलोनियों के रूप में दर्शाया गया है। यहां भिलाई नगर निगम में किफायती आवासीय परियोजना (Affordable Housing Project) के तहत निर्मित आवासों को भी आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 और मिशन अमृत 2.0 सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की भी जानकारी दी जी रही है।


मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को सौंपी आवास की चाबी
रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल कन्या हाई स्कूल मैदान बलरामपुर में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत 04 पहाड़ी कोरवा हितग्राहियों को पक्के आवास की चाबी सौंपी।
गौरतलब है कि 01 नवम्बर राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज 05 नवम्बर को जिला मुख्यालय के कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर के खेल मैदान में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पहुँची। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया। इसमें प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 04 पहाड़ी कोरवाओं को उनके पक्के आवास की चाबी दी। ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के माध्यम से पहाड़ी कोरवाओं को बेहतर और सुरक्षित जीवन देने का प्रयास जारी है, योजना से न केवल उन्हें पक्के आवास मिल रही है बल्कि बेहतर जीवन जीने के लिए प्रेरित कर सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।



मंत्री के हाथों आवास की चाबी पाकर प्रफुल्लित विकासखण्ड बलरामपुर के ग्राम गोविंदपुर निवासी केन्दू आत्मज श्री तेज ने बताया कि मंत्री श्री राजवाड़े द्वारा पक्के आवास की चाबी मिली है और पक्का आवास मिलने से हमारी मुश्किलें कम हो गई है। श्री केन्दू ने बताया कि वह सोचा नहीं था कि मैं अपने जीवन में परिवार के साथ पक्के आवास में रह पाऊंगा। मैं खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता हूं मेरे पास इतनी बचत नहीं होती है कि मैं खुद से पक्का घर बना सकूं। लेकिन इस योजना से मुझे पक्के का घर मिला। अब मेरे बच्चे भी पक्के घर में रहेंगे और अब हमें किसी भी मौसम में पेरशानियों का सामना करना नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री द्वारा गरीब और वंचित परिवारों को आवास प्रदान करने की चलाई जा रही इस योजना से पहाड़ी कोरवाओं को जीवन को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। वे कहते है कि पीएम जनमन आवास से हम जैसे परिवारों को सुरक्षित जीवन जीने का अवसर मिला है। लाभान्वित हितग्राहियों ने आवास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया।
राज्योत्सव : पीएचई की विकास प्रदर्शनी में हर घर नल से जल वाले गांव का जीवंत मॉडल, हर घर लगे नल से अनवरत गिर रही पानी की धार
रायपुर। राज्योत्सव स्थल नया रायपुर के डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की विकास प्रदर्शनी में हर घर नल वाले आदर्श गांव का जीवंत मॉडल प्रदर्शित किया गया है। गांव के मॉडल में हर घर लगे नल से लगातार गिर रही पानी की धार देखने वालों को वास्तविक गांव में ही मौजूदगी का अहसास करा रहा है। विभाग के स्टॉल में फील्ड टेस्ट किट से जल की गुणवत्ता जांचने के लिए प्रशिक्षित महिलाएं लोगों को किट के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांचने के बारे में भी बता रही हैं।
राज्योत्सव स्थल पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्टॉल में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल के बारे में लोगों को जागरूक करने फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से दस तरह की परीक्षण की जानकारी प्रदर्शित की गई है। इसके माध्यम से लोगों को पेयजल में टर्बिडिटी (मटमैलापन), पीएच वेल्यू, लौह तत्व, क्षारीयता, कठोरता, क्लोराइड, रेसिडुअल क्लोरीन (Residual Chlorine), अमोनिया, नाइट्रेट और फ्लोराइड के परीक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है।




महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रदर्शनी स्टॉल का किया अवलोकन, राज्य स्थापना दिवस पर लगाई गई एक दिवसीय प्रदर्शनी
इस अवसर पर सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, पिछड़ा आयोग सदस्य कृष्णा गुप्ता, जनपद अध्यक्ष विनय पैंकरा, जनपद उपाध्यक्ष भानुप्रकाश दीक्षित, कलेक्टर रिमिजियुस एक्का, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रामनलाल सहित जनप्रतिनिधिगण तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
गौरतलब है कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की एक दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसमें 13 विभागों ने अपनी विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन किया। आदिवासी विकास विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में एकलव्य मॉडल, वन उपज संग्रहण, और पारंपरिक स्थानीय वाद्य यंत्रों, आभूषण का प्रदर्शन किया गया। आदिवासी समुदायों के पारंपरिक वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन किया गया है, जो उनकी सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में महतारी वंदन योजना की जानकारी प्रदर्शित की गई है। यह छत्तीसगढ़ सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। इसके अलावा, प्रदर्शनी में पोषण आहार और सब्जी के बारे में भी जानकारी दी गई, जो महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
जिला पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का मॉडल प्रदर्शित किया गया। योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों को आवास प्रदान करना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अग्रसर हो रही समूह के बारे में बताया गया। वन विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में लोगों को वन संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता के महत्व, वन अधिकार पट्टा, जड़ी बूटी के औषधि गुण के बारे में जानकारी दी गई है।
उद्यान विभाग द्वारा फल और सब्जी प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से लोगों को फल और सब्जी के महत्व के बारे में जानकारी के साथ स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। फल और सब्जियों में विभिन्न प्रकार के विटामिन, खनिज और फाइटोकेमिकल्स पाए जाते हैं, जो शरीर को रोगों से बचाव के लिए आवश्यक ऊर्जा प्रदान करते हैं। इनके सेवन से हृदय रोग, उच्च रक्तचाप जैसे रोगों की रोकथाम होती है। इसके साथ ही पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने के लिए उत्पादन और खपत को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना है।
पशुधन विकास विभाग द्वारा पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनका मुख्य उद्देश्य पशु रोगों के नियंत्रण और निवारण के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करना है, ताकि वे अपने पशुओं का उचित तरीके से उपचार करवा सकें। पशुधन विकास विभाग द्वारा चलाई जा रही मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना है ताकि पशुओं को उचित तरीके से उपचार मिल सके।
जिला कौशल विकास प्राधिकरण एवं जिला परियोजना लाइवलीहुड के तहत मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के बारे में जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में आयुष्मान कार्ड, सिकल सेल, एनीमिया और टीबी जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी दी गई। आयुष्मान कार्ड योजना के तहत गरीब वर्ग के लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जाता है, जिससे वे अपने स्वास्थ्य की देखभाल कर सकें। इसके अलावा, सिकल सेल, एनीमिया, और टीबी जैसे रोगों के बारे में भी जानकारी दी गई, जिनके लिए समय पर उपचार करना आवश्यक है।



शिक्षा विभाग द्वारा प्रदर्शनी में कबाड़ से जुगाड़ का प्रदर्शन किया गया, जो विद्यार्थियों की कलात्मकता और संसाधनों का सही उपयोग करने की क्षमता को दर्शाता है। इस प्रदर्शनी में विभिन्न विषयों पर मॉडल प्रदर्शन किए गए। लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन का मॉडल प्रदर्शित किया गया। मछली विभाग और कृषि विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी में विभागीय योजनाओं का प्रदर्शन किया गया। मछली बीज की उपलब्धता, कृषि में नवाचार और फसल बीमा योजना योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जिससे अपने क्षेत्र में इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
अम्बेडकर अस्पताल के न्यू ट्रामा विभाग में आग लगने की घटना में मरीज एवं डॉक्टर सुरक्षित, स्वास्थ्य मंत्री ने किया मौके का निरीक्षण, तीन दिन के भीतर जाँच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
रायपुर। डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय के तृतीय तल में स्थित न्यू ट्रामा विभाग में आज दोपहर आग लगने की घटना घटित हुई थी जिसमें कोई भी मरीज एवं मेडिकल स्टाफ घायल नहीं हुआ है। घटना के दौरान वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं। न्यू ट्रामा की जिस ओटी में आग लगने की घटना घटित हुई वहां ओटी के बाद साफ-सफाई करके ओटी को बंद कर दिया गया था। बगल में जो ओटी थी वहां पर ऑपरेशन चल रहा था। ऑपरेशन टीम में तीन-चार डॉक्टर एवं अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ शामिल थे। जैसे ही उन्होंने धुआं उठता देखा तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन को दी। इसके साथ प्रबंधन ने आग लगने की घटना के दौरान तुरंत तत्परता दिखाते हुए अस्पताल के स्टाफ की मदद से ओटी से लगे हुए खिड़की के ग्रिल को इलेक्ट्रिक कटर से काटकर और कांच को तोड़कर मरीज एवं डॉक्टरों को सुरक्षित बाहर निकाला। ऑपरेशन टीम के डॉक्टरों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही थी इसलिए उन्हें ऑब्जरवेशन में भर्ती रखा गया है। सभी लोग अभी सामान्य स्थिति में हैं।
आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है परंतु प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि एयर प्यूरीफायर एवं ए.सी. में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी जिस पर त्वरित काबू पा लिया गया था किंतु दोनों उपकरणों के प्लास्टिक बॉडी के जलने से कक्ष में अत्यधिक धुआं भर गया था। इस सम्बन्ध में अम्बेडकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता विद्युत/यांत्रिक को पत्र लिखकर घटनास्थल का निरीक्षण कर निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के त्वरित निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संपूर्ण अस्पताल परिसर के विद्युत प्रवाह सिस्टम की ऑडिट कराकर ऑडिट रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।



प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घटना स्थल पर पहुंचकर मरीज के परिजनों एवं डॉक्टरों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के संबंध में इलाज कर रहे डॉक्टरों से जानकारी ली। उन्होंने घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन एवं डॉक्टरों की त्वरित तत्परता और सूझबूझ की तारीफ़ की। स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी को संपूर्ण घटनाक्रम की जांच तकनीकी टीम से कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने घटना की वास्तविक वस्तुस्थिति से अवगत होकर प्रबंधन को तीन दिन के भीतर न्यू ट्रामा विभाग को ठीक करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मांदर बजाकर वादकों का उत्साह बढ़ाया, परंपरागत वाद्ययंत्रों को सुना
रायपुर। छत्तीसगढ की संस्कृति को संजोकर रखने और उनका प्रचार प्रसार करने के लिए छत्तीसगढ के वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी भी राज्योत्सव में लगाई है। कलाकार रिखी क्षत्रीय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को मांदर भेंट किया, मुख्यमंत्री ने वादकों के साथ मांदर बजाकर उनका उत्साह वर्धन किया।



रिखी क्षत्रीय ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ के वाद्ययंत्रों सारंगी, नगाड़ा, मृदुल,चिकारा, कोंडोडका, खनखना, कुतुर्गी, खेती, मुंडाबाजा, हुलकी, मोहरी, तुर्रा, रुंजू, तुरही, मांदरी मांदर, तोड़ी, चरहे, तम्बुरा, बांसबाजा, सींगबाजा, गतका, माडिया ढोल, दमउ, खर्रा, चरहे, चटका, झंडी डंडा, खल्लर, छडी, कोटेला, खडका , सिलफिली, खरताल, अलगोजा, गुदुम बाजा, झुनझुना, डफरा, टिमकी की जानकारी दी। छत्तीसगढ की परम्परागत वाद्ययंत्रों का उपयोग किए जाने और उसकी उपयोगिता से भी परिचित कराया।
रायपुर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने किया जनसंपर्क, कहा- रायपुर दक्षिण को विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाना हमारा संकल्प
रायपुर। पूर्व सांसद और रायपुर दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने मां भक्त कर्मा वार्ड (चंगोराभाठा) और डॉ. खूबचंद बघेल वार्ड में जनसंपर्क किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसंपर्क करते हुए जहां भी हम पहुंच रहे हैं वहां अद्भुत उत्साह के साथ स्थानीयजन का आशीर्वाद मिल रहा है, मेरे महापौर और सांसद रहते रायपुर में हुए विकास कार्य, लम्बे समय से बृजमोहन अग्रवाल द्वारा किए गए कार्य और डबल इंजन की भाजपा सरकार से चारो ओर जनता में खुशी का माहौल है इससे यह तो स्पष्ट है कि रायपुर दक्षिण में इस बार भी कमल निशान की विजय जनता ने निश्चित कर दी है।
इस उपचुनाव में भाजपा की जीत के बाद हम रायपुर दक्षिण को विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने का संकल्प लेकर कार्य करेंगे, भाजपा का मूल मंत्र है सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास और इसी मूलमंत्र के साथ हम हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे और विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में हम सब मिलकर रायपुर दक्षिण का अहम योगदान सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही प्रत्याशी सुनील सोनी ने कहा कि हम अंत्योदय की विचारधारा के अनुरुप हर व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सतत समर्पित रहकर क्षेत्र के गरीब से गरीब व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य करेंगे और रायपुर दक्षिण की तस्वीर और तकदीर बदलने में सफलता प्राप्त करेंगे। यह सब तभी संभव होगा जब रायपुर दक्षिण में एक बार फिर कमल खिलेगा इसलिए मेरा आग्रह है कि आगामी 13 नवंबर को 2 नंबर पर कमल निशान का बटन दबाएं और मुझे अपना आशीर्वाद प्रदान कर सेवा का अवसर दें। इस जनसंपर्क में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के साथ रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे समेत भाजपा के कार्यकर्तागण साथ रहे।





राज्योत्सव में शामिल होने पहुंची गायिका नीति मोहन ने भगवान राम को किया याद, कहा- वनवास के दिन बिताए थे यहां…
रायपुर। छत्तीसगढ़ की पवित्र भूमि आशीर्वादित है. राज्य 50 प्रतिशत वन क्षेत्र और शुद्ध जल और हवा के साथ आशीर्वादित है. भगवान राम अपने वनवास के 10 वर्ष छत्तीसगढ़ में गुजारे थे. यह बात छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दूसरे दिन अपनी प्रस्तुति देने रायपुर पहुंची मशहूर बॉलीवुड गायिका नीति मोहन ने कही.
राज्योत्सव में अपनी प्रस्तुति देने से पहले मीडिया से चर्चा में नीति मोहन ने कहा कि छत्तीसगढ़ को 24 साल पूरा होने पर इतना बड़ा सेलिब्रेशन किया जा रहा है. आज स्टेट में उत्साह काफी ऊंचा और हाई है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बहुत शुक्रगुजार हूँ. आज हम सभी म्यूजिकल माहौल बनाएंगे और सेलिब्रेट करेंगे.
वहीं सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई से मिली धमकी के बारे में नीति मोहन ने कहा कि ऐसा किसी के भी साथ नहीं होना चाहिए. इसका खेद है. सभी को अपना काम करने का अधिकार है. महिला कलाकारों को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी जगह बनाने में काफ़ी वक्त लगता है. इस इंडस्ट्री में अभी प्रतिभाशाली महिलाएँ आ रही हैं. सभी को खूब बधाई देती हूँ.
नीति मोहन के बारे में कुछ रोचक बातें
संगीत यात्रा: नीति मोहन की संगीत यात्रा दिल्ली से शुरू हुई, जहां स्कूल के दिनों में गायन, नृत्य, बैंड में बजाने और अभिनय में भाग लिया.
बॉलीवुड में प्रवेश: 2012 में विशाल शेखर द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” से बॉलीवुड में कदम रखा.
प्रमुख गीत: उन्होंने “इश्क वाला लव” जैसे कई हिट गीत गाए हैं।
राज्योत्सव 2024 : फूड कोर्ट में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद लेने लोगों की भीड़
रायपुर। राज्योत्सव स्थल नवा रायपुर में दूसरे दिन फूड कोर्ट में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्वाद के लिए गढ़ कलेवा में लोगों की भीड़ देखते ही बन रही है।
छत्तीसगढ़ केवल अपने सांस्कृतिक धरोहर के लिए ही नहीं जाना जाता है बल्कि यहां के बड़ा , फरा , चीला और भजिया जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों में जो स्वाद है , वह हर छत्तीसगढ़िया के मुंह में बसा हुआ है।उड़द दाल से बने बड़े व्यंजन का शादी-ब्याह तथा पितर में विशेष चलन है।
चावल आटा से बना फरा दो तरह से बनता है पहला मीठा ,जिसमे फरा में गुड़ का घोल उपयोग होता है और दूसरा भाप में पकाया हुआ जिसको बघार लगाकर अधिक स्वादिष्ट किया जाता है
चीले के दो रुप प्रचलन मे है मीठा एवं नमकीन । चावल के आटे में नमक डालने से नुनहा चीला बनता है एवं घोल में गुड़ डाल देने से गुरहा चीला। इन दोनों चीले का स्वाद हरी मिर्च और पताल की चटनी से बढ़ जाता है ।उड़द की पीठी या बेसन दोनों से भजिया बनाने का रिवाज है। छत्तीसगढ़ी व्यंजन संतुलित, स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट होते हैं । साथ ही पारंपरिकता की सौंधी महक इनको बेजोड़ बनाती है।
अभनपुर के पास से आई कल्याणी यादव, राजमती साहू, बेमेतरा की रानी वर्मा, गीता वर्मा जैसी अनेक महिलाओं ने बताया कि वे सभी राज्योत्सव स्थल में गढ़ कलेवा में छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्वाद लेने आई है और उन सबको यहां बहुत अच्छा लग रहा है। राज्योत्सव स्थल के फूड कोर्ट में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्वाद उन सबको अपने घर में बनाए गए व्यंजनों के स्वाद जैसा ही लग रहा है।
रायपुर में थाना प्रभारियों का तबादला
रायपुर। राजधानी पुलिसिंग में कसावट लाने एएसपी संतोष सिंह ने तीन निरीक्षकों काे इधर से उधर किया है. रविंद्र कुमार यादव को सरस्वती नगर थाना प्रभारी बनाए गए हैं. कमलेश कुमार देवांगन को पंडरी थाने के टीआई बनाए गए हैं. वहीं हरीश कुमार साहू को माना थाने से यातायात में पदस्थ किया गया है.
