लोरमी में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने ली शपथ पद और गोपनीयता की ली शपथ, डिप्टी सीएम अरुण साव ने जनता का जताया आभार, कहा- ” सभी की सहभागिता से तेजी से होगा क्षेत्र का विकास”
छत्तीसगढ़ |
16-Mar-2025
लोरमी। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज मुंगेली जिले के लोरमी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद लोरमी और जनपद पंचायत लोरमी के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होकर उन्हें बधाई दी। यह कार्यक्रम मानस मंच लोरमी में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद लोरमी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुजीत वर्मा सहित 18 पार्षदों ने शपथ ली। वहीं, जनपद पंचायत लोरमी की अध्यक्ष वर्षा विक्रम सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पदभार ग्रहण किया। समारोह में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
विकास कार्यों को गति देने का संकल्प
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि क्षेत्र का विधायक के रूप में वह नगर पालिका और जनपद पंचायत की टीम के साथ मिलकर तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए सभी की सहभागिता से क्षेत्र का बेहतर विकास करने की बात कही।
