"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर शाला प्रवेश उत्सव का शुभारंभ
छत्तीसगढ़ |
04-Jul-2025
रायपुर। सांसद एवं पूर्व शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को राजधानी के प्रतिष्ठित नगर माता बिन्नी बाई सोनकर शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर शाला प्रवेश उत्सव का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, मां और प्रकृति, दोनों ही जीवन की जननी हैं। यह अभियान हमें यह स्मरण कराता है कि जड़ों से जुड़े रहकर ही हम ऊँचाइयों को छू सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज को भावनात्मक रूप से भी जोड़ता है। उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाले करीब 1400 विद्यार्थियों से भी एक एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वाहन किया।
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर जब विद्यार्थियों को स्कूल बैग, किताबें, कॉपियाँ और गणवेश प्रदान किए गए, तो उनके नन्हें चेहरों पर शिक्षा की नई शुरुआत की चमक साफ झलक रही थी।







