एसीबी की बड़ी कार्रवाई, स्वास्थ्य विभाग का अकाउंटेंट 54,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार…
छत्तीसगढ़ |
08-Jul-2025
रायपुर। ACB ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर एसीबी यूनिट ने मुंगेली जिले में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएमओ कार्यालय में पदस्थ अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी को ₹54,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तखतपुर क्षेत्र के रियांश होटल के पास एक ढाबे में की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी से मांगी थी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फंदवानी निवासी ललित सोनवानी, जो 30 जून 2025 को स्वास्थ्य पर्यवेक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे, ने 5 जुलाई को ACB बिलासपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्त लाभों की स्वीकृति के एवज में अकाउंटेंट बृजेश सोनवानी द्वारा ₹61,000 की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन में मिला सबूत
शिकायत की प्राथमिक जांच के दौरान, आरोपी ने ₹7,000 पहले ही ले लिए थे, जिससे भ्रष्टाचार के आरोप की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी ने शेष राशि के साथ ट्रैप प्लान तैयार किया। आज जब शिकायतकर्ता ने बचे हुए ₹54,000 आरोपी को सौंपे, उसी समय एसीबी टीम ने छापा मारकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के पास से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।