भीषण सड़क हादसे में 5 लोगों की गयी जान, मुख्यमंत्री ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ |
11-Jul-2025
रायपुर। कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। घटना में 5 लोगों की जान चली गयी। हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ने भी दुख जताया है। जानकारी के अनुसार, आगरपानी घाट पर एक बोरिंग मशीन लेकर जा रही ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 मजदूरों को गंभीर चोटें आईं हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रक ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। बता दें कि ट्रक मध्यप्रदेश के शहडोल से छत्तीसगढ़ के पंडरिया की ओर जा रहा था, और उसमें ट्यूबवेल बोरिंग का सामान और 9 मजदूर सवार थे। नींद की झपकी के चलते वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में 5 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल कवर्धा ले जाया गया।
इलाज के दौरान दो और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस तरह अब तक हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार मजदूरों का इलाज जारी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कवर्धा जिले के आगरपानी के पास हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के दुःखद निधन और चार अन्य के घायल होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों की समुचित चिकित्सा एवं आवश्यक मदद के निर्देश जिला प्रशासन को दिए हैं।मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।