कन्वेंशनल हॉल की छत गिरने के मामले में एक्शन, दो इंजीनियर सस्पेंड
छत्तीसगढ़ |14-Jul-2025
कोरबा। कोरबा में 17 करोड़ों की लागत से बने अहिल्याबाई होलकर कन्वेंशन हॉल का छज्जा उद्घाटन के महज एक महीने बाद भरभराकर गिर गया। इस गंभीर लापरवाही के मामले में हाउसिंग बोर्ड के दो इंजीनियर – कार्यपालन अभियंता आर. के. दंदेलिया और सहायक अभियंता कांशी प्रसाद पैकरा को निलंबित कर दिया गया है।
यह कन्वेंशन हॉल रिसदी क्षेत्र में करीब 17 करोड़ रुपए की लागत से डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) निधि के तहत बनाया गया था। इसका लोकार्पण एक माह पूर्व ही एक कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति में भव्य आयोजन के साथ किया गया था। लेकिन उद्घाटन के चंद दिनों बाद ही छज्जा और छत का हिस्सा गिर जाना न केवल निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है, बल्कि सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी गंभीर शंका उत्पन्न कर रहा है।
हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह दुर्घटना किसी आयोजन के दौरान होती, तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने भी इस घटना को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े किये थे।