धर्मांतरण रोकने विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ सेना का किया गठन
रायपुर। छत्तीगसगढ़ में पिछले कुछ समय से धर्मांतरण से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से आए दिन लोगों का धर्मांतरण करवाने का मामला सामने आता है। प्रदेश में लगातार बढ़ रही धर्मांतरण की घटनाओं के बीच रायपुर उत्तर विधानसभा से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने एक बड़ा कदम उठाया है।
दरअसल, भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने धर्मांतरण रोकने के लिए जगन्नाथ सेना का गठन किया है। इतना ही नहीं विधायक पुरंदर मिश्रा धर्मांतरण रोकने के लिए आज खुद ही वार्डों के भ्रमण पर निकले थे। अपने भ्रमण के दौरान विधायक मिश्रा लोगों को धर्मांतरित न होने की समझाइश के साथ धर्मांतरण कराने वालों का पुरजोर विरोध करने की बात समझाते हुए नजर आए। इस दौरान भाजपा विधायक मिश्रा ने लोगों से कहा कि, धर्मांतरण कराने वालों की पिटाई करनी है। उन्होंने आगे कहा कि, किसी भी हिंदू व्यक्ति को धर्मांतरित होने नहीं देंगे।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने बयान में आगे कहा कि, आज से हर रोज अलग-अलग मोहल्लों में दौरा किया जाएगा और लोगों को धर्मांतरण के खिलाफ प्रेरित किया जाएगा। विधायक मिश्रा ने आगे कहा कि, विदेशी तत्व भारत को बदनाम करने के लिए जो प्रयास कर रहे हैं, हम उसका पुरजोर विरोध करेंगे। भाजपा विधायक ने अपने बयान में आगे कहा कि, जहां-जहां भी लोग धर्मांतरण करवाने आएंगे हम उनका जमकर विरोध करेंगे।
पीसीसी चीफ बैज ने विधायक मिश्रा के बयान पर उठाया सवाल

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सवाल उठाया कि बीजेपी के पास पहले से ही बजरंग दल, आरएसएस, हिंदू सेना और न जाने कितनी सेना है. क्या ये सब कम पड़ गए जो अब भगवान जगन्नाथ के नाम पर सेना बना ली है? इस तरह की सेना खड़ी कर भाजपा जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाना चाहती है, बीजेपी चाहे हजारों सेना बना ले, लेकिन इन सभी घटनाओं से जनता के सामने बीजेपी बेनकाब हो चुकी है.
गृह मंत्री विजय शर्मा पर भी कांग्रेस का हमला
बजरंग दल द्वारा कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में लेने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा पर भी निशाना साधा। दीपक बैज ने कहा कि क्या बीजेपी के अनुसांगिक संगठनों को दादागिरी और दंगा करने की खुली छूट दे दी गई है? क्या ये संगठन कानून से ऊपर हैं?
बैज ने कहा कि गृह मंत्री को ऐसे असामाजिक तत्वों पर तत्काल सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि देश में कानून व्यवस्था बनी रहे, लोगों में भय का माहौल समाप्त हो.