प्रदेश / छत्तीसगढ़

बाइक सवार की लापरवाही से गई मंडी निरीक्षक की जान

कांकेर। छत्तीसगढ़ के चारामा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें मंडी निरीक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 2 अगस्त को नेशनल हाईवे 30 पर हुआ था। अब इस घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसने हादसे की भयावहता को और स्पष्ट कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक मंडी निरीक्षक केशकाल से ड्यूटी समाप्त कर चारामा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे पर एक टैंकर के पास से गुजर रहे थे, ठीक उसी वक्त पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद मंडी निरीक्षक असंतुलित होकर सीधे टैंकर की ओर गिर गए, और इसी दौरान चलती टैंकर के पिछले हिस्से में उनका सिर और शरीर बुरी तरह कुचल गया। यह हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद, हादसे की पूरी सच्चाई उजागर हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे बाइक सवार की लापरवाही और तेज रफ्तार ने एक जिम्मेदार अधिकारी की जान ले ली।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही, बाइक सवार के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है।

स्थानीय लोगों और सहकर्मियों में इस हादसे को लेकर गहरा शोक है। मंडी निरीक्षक अपने कार्य के प्रति समर्पित और शांत स्वभाव के अधिकारी बताए जा रहे हैं। उनकी अचानक मृत्यु से मंडी विभाग सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।