महिला व्याख्याता को नोटिस जारी: स्कूल से छात्रों को बुलवाकर करवायी घर की सफाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सरकारी स्कूल की एक महिला शिक्षक का छात्रों से अपने घर की सफाई और पेड़ों की कटाई-छंटाई कराते हुए वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रजनीश तिवारी ने महिला व्याख्याता संध्या चौहान को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
क्या है पूरा मामला?
2 अगस्त 2025 को सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें शासकीय बहु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा में पढ़ने वाले छात्र, शिक्षिका संध्या चौहान के निजी निवास पर बाड़ी की सफाई और पेड़-पौधों की कटाई करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

शिक्षकीय गरिमा के खिलाफ आचरण
DEO द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि विद्यार्थियों से निजी कार्य कराना शिक्षकीय पद की मर्यादा के विपरीत है और यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है। इसके अलावा यह कृत्य उच्च अधिकारियों के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना और अनुशासनहीनता भी दर्शाता है।
जवाब देने के निर्देश, कार्रवाई की चेतावनी
DEO ने संध्या चौहान को निर्देशित किया है कि वे स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण दें। यदि निर्धारित समय पर संतोषजनक उत्तर नहीं मिला, तो उनके विरुद्ध छत्तीसगढ़ सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु मामला उच्च कार्यालय भेजा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं शिक्षिका की होग