किसानों को तोहफा: केंद्र ने बढ़ाया गेहूं खरीदी का कोटा, 100 लाख मीट्रिक टन होगी खरीदी, CM मोहन ने जताया आभार
भोपाल। मध्यप्रदेश के अन्नदाताओं के लिए एक राहत भरी खबर आई है। प्रदेश में इस वर्ष गेहूं के बंपर उत्पादन को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के अनुरोध पर गेहूं खरीदी का कोटा बढ़ा दिया है। अब राज्य में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की सीमा 78 लाख मीट्रिक टन से बढ़ाकर 100 लाख मीट्रिक टन कर दी गई है।
CM मोहन ने जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्र सरकार के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने प्रदेश के अन्नदाताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय किसानों के परिश्रम का सम्मान है, उन्हें उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सशक्त कदम है।
चरणबद्ध तरीके से होगी खरीदी प्रक्रिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गेहूं की खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। सबसे पहले छोटे किसान, दूसरे चरण में मध्यम श्रेणी के किसान और तीसरे चरण में बड़े किसानों से गेहूं की खरीद की जाएगी।