लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी, 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में पहुंचे 1835 करोड़ रुपये
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इस दौरान उन्होंने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये की लागत वाले 56 विकास कार्यों की सौगात भी दी, जिनमें चार सांदीपनि विद्यालयों के नए भवनों का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं परिवार की रीढ़ हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को सशक्त बनाना अपनी प्राथमिकता मानते हैं और मध्यप्रदेश सरकार भी इसी दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना को महिला सशक्तिकरण की क्रांतिकारी पहल बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लहार में महाविद्यालय स्तर पर पीजी कक्षाओं के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं चला रही है तथा युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने का लक्ष्य है।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू की जाएगी, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भिंड और चंबल क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहे हैं। शिवपुरी में रक्षा क्षेत्र से जुड़ी आधुनिक मिसाइल इकाई की पहल और अन्य विकास परियोजनाएं इस क्षेत्र को नई पहचान देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसे इसी माह लागू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित समिति ने विभिन्न वर्गों और संगठनों से सुझाव प्राप्त किए हैं।
उन्होंने किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी, गौशालाओं के विस्तार, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उद्योगों के विकास और प्रदेश में कम बेरोजगारी दर का भी उल्लेख किया। साथ ही नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन और ग्रामीण क्षेत्रों में वृंदावन ग्राम की अवधारणा पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल, विधायक अंबरीश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए, योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और लाड़ली बहनों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
भिंड प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मेहगांव तहसील स्थित दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत श्री 1008 रामदास जी महाराज से भेंट भी की।