प्रदेश / मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री मोहन यादव की सौगात, अतिथि शिक्षकों को 10 CL देने का निर्णय

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अतिथि शिक्षकों के हित में बड़ा फैसला लिया है। अब अतिथि शिक्षकों को भी 10 दिन का आकस्मिक अवकाश मिलेगा। प्रदेश के शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। 

शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह लिखा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के हित में स्कूल शिक्षा विभाग का एक और महत्वपूर्ण निर्णय। अतिथि शिक्षकों को उनकी कार्य-सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सत्र के दौरान कुल 10 आकस्मिक अवकाश (CL) प्रदान करने का निर्णय लिया है।

अतिथि शिक्षक साथियों को कार्यभार ग्रहण करते ही 1 दिवस की CL पात्रता होगी। साथ ही प्रत्येक 30 दिवस का कार्य पूर्ण होने पर 1 अतिरिक्त CL अर्जित होगी। अतिथि शिक्षक सत्र के दौरान उपलब्ध अवकाश में से एक बार में अधिकतम 3 CL ले सकेंगे।

स्कूल शिक्षा विभाग प्रदेश के शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनके कार्य परिवेश को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने हेतु विभाग को निर्देशित किया गया है।