गौपालक सम्मेलन में अमित शाह का बड़ा ऐलान, दिसंबर 2029 तक MP को नशामुक्त बनाने का संकल्प
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित भव्य गौपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिरकत की। इस दौरान गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और सहकारिता क्षेत्र व पशुपालकों के विकास के आंकड़े रखे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कई बड़ी घोषणाएं करते हुए प्रदेश के पशुपालकों और गौशालाओं के लिए करोड़ों रुपए की सौगातें दीं।
अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेसियों ने 75 साल में सहकारिता मंत्रालय नहीं बनने दिया, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अलग से बनाकर गौपालकों को सीधा लाभ पहुंचाया। पहले गौपालकों को दूध का भाव 35 रुपये प्रति लीटर मिलता था, जो अब बढ़कर सीधे 55 रुपये मिल रहा है। गृह मंत्री ने मंच से घोषणा की कि उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से गोवंश संवर्धन के लिए 50 एकड़ भूमि मांगी थी, जिसे मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकृत कर दिया है। इस भूमि पर नस्ल सुधार का काम किया जाएगा और ऐसी तकनीकी व्यवस्था की जाएगी जिससे केवल बछिया ही पैदा हो।
दूध उत्पादन के आंकड़े
शाह ने कहा कि 75 साल में कांग्रेस ने देश का दूध उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन तक पहुंचाया था, जबकि मोदी सरकार ने 10 साल में इसे 25 करोड़ टन तक पहुंचा दिया है। देश के टॉप 5 दूध उत्पादक राज्य बीजेपी शासित हैं, जहां कांग्रेस की ‘नो एंट्री’ है। दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश नशा मुक्त: अमित शाह ने एक बड़ा संकल्प लेते हुए कहा कि वे आज ही नशामुक्ति को लेकर बैठक करेंगे और दिसंबर 2029 तक मध्य प्रदेश को पूरी तरह नशा मुक्त बना देंगे।
सम्मेलन की बड़ी सौगातें
गौपालक सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालकों और गोशालाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं और सौगातें दीं। उज्जैन में 255 करोड़ की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का भूमिपूजन किया गया। इसकी शुरुआती क्षमता 3 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे बढ़ाकर 5 लाख लीटर किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में राज्य सरकार 170 करोड़ देगी। राज्य की पंजीकृत गोशालाओं में संरक्षित गोवंश के रखरखाव के लिए 40 रुपये प्रति दिन की दर से जुलाई-अगस्त 2026 की 101 करोड़ रुपये की अनुदान राशि डीबीटी (DBT) के जरिए सीधे खातों में भेजी गई।
‘लखपति गौपालक दीदियों’ को किया सम्मानित
गौमाता के लिए 168 नई एंबुलेंस शुरू करने की घोषणा की गई। इसके अलावा, उन्नत पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रथम पुरस्कार 1 लाख रुपये और द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया। भोपाल-इंदौर दुग्ध संघ के उत्पादकों को करीब 12 करोड़ रुपये का बोनस दिया गया। इसके अलावा, फर्मेटेड मिल्क प्रोडक्ट प्लांट, भोपाल में राज्य स्तरीय केंद्रीय गुणवत्ता लैब और शिवपुरी में मिनी डेयरी प्लांट का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने ‘लखपति गौपालक दीदियों’ को सम्मानित किया। इस सम्मेलन से प्रदेश के पशुपालकों में भारी उत्साह देखने को मिला है।