प्रदेश / छत्तीसगढ़

सेवा पर्व: वाराणसी और वडनगर में सेवा कार्य करने वाले भाजयुमो कार्यकर्ताओं का CM साय ने किया सम्मान

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पर्व के तहत छत्तीसगढ़ से वाराणसी और वडनगर गए भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर पहुंचकर सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। साथ ही विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाकाल से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर तक सेवा यात्रा भी आयोजित की गई। इस यात्रा में शामिल होकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता से संपर्क किया।

मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सेवा भावना और समर्पण राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी है।

प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य: कर्मवीर सिंह

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी और वडनगर में जो सेवा कार्य किए हैं, वे अत्यंत सराहनीय हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने प्रधानमंत्री की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर में स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकसित भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं, जो प्रधानमंत्री के 'राष्ट्र प्रथम' के मंत्र को लेकर निरंतर काम कर रहे हैं।

कर्मवीर सिंह ने कहा कि युवाओं की यही सेवा भावना वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कण्डेय, सरगुजा संभाग प्रभारी अवधेश चंदेल, अभियान प्रभारी जगदीश (रामू) रोहरा, बस्तर संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित भाजपा और युवा मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।