स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर संगीता सिन्हा का तंज, बोलीं- 500 रुपए में सिलेंडर देने की करें घोषणा
बालोद। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है. ऐसे में महिला कांग्रेस कमेटी की प्रदेशाध्यक्ष संगीता सिन्हा ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि दिवाली त्योहार को देखते हुए 500 रुपए में सिलेंडर देने की घोषणा कर दें.
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने गैस सिलेंडर और 35 रुपए शक्कर को लेकर लोकसभा में विरोध प्रदर्शन किया था. आज दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ पहुंची हैं, ऐसे मौके पर छत्तीसगढ़ वासियों को महंगाई कम करने को लेकर सौगात दें.
संगीता सिन्हा ने कहा कि स्मृति ईरानी की ओर से त्योहार के मौके पर 500 रुपए में सिलेंडर और 35 रुपए शक्कर की कीमत करने की घोषणा होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर तीखा हमला करते हुए कि बालोद जिले में पहली बार एसिड अटैक, छोटी-छोटी बच्चियों के साथ रेप जैसी घटना हो रही है, उस पर भी एक सख्त फैसला लें.