महतारी वंदन योजना में एक और फर्जीवाड़ा : गलत जानकारी देकर शिक्षिका पत्नी के नाम से उठा रहा था लाभ, पंचायत सचिव निलंबित
छत्तीसगढ़ |
31-Dec-2024
महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना में फर्जीवाड़ा का एक और गंभीर मामला सामने आया है. मामले में ग्राम पंचायत घोडारी के सचिव रमाकांत गोस्वामी को निलंबित कर दिया गया है. सचिव गलत जानकारी देकर अपनी पत्नी के नाम से योजना का लाभ उठा रहा था. सचिव रमाकांत और उनकी पत्नी नीलम गोस्वामी दोनों ही सरकारी नौकरी में होने के बावजूद गलत तरीके से 420 और धोखाधड़ी कर महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये ले रहे थे. मामले में सचिव, शिक्षिका और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ भी एफआईआर हो सकती है. यह पूरा मामला महासमुंद जिले का है.
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सचिव रमाकांत गोस्वामी ने अपनी शिक्षिका पत्नी नीलम गोस्वामी, जो कि ग्राम केशवा में पदस्थ है. उनके नाम पर गलत जानकारी देकर महतारी वंदन योजना का लाभ उठाया. जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सचिव ने योजना के तहत फर्जी दस्तावेजों का उपयोग कर अपनी पत्नी के बैंक खाते में राशि जमा करवाई.
