बस्तर पुलिस का ‘इया आपलो सामान निया’ कार्यक्रम : नए साल में लोगों को लौटाए गुम हुए मोबाइल, एसपी ने कहा – घर बैठे कर सकते हैं साइबर अपराध की शिकायत
छत्तीसगढ़ |
01-Jan-2025
दंतेवाड़ा। नववर्ष 2025 के आगमन पर दंतेवाड़ा पुलिस ने आमजन को उनके गुम हुए मोबाइल को CEIR पोर्टल से तलाश कर ‘‘इया आपलो सामान निया’’ कार्यक्रम के माध्यम से मोबाइल धारकों को वापस किया. पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार वर्मन (रापुसे) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला (भापुसे), सायबर सेल नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे गुम मोबाइल तलाश अभियान के तहत् आज 30 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 5,66,370 रुपए है.

क्यूआर कोड को स्केन कर घर बैठे कर सकते हैं शिकायत
दंतेवाड़ा पुलिस ने आम नागरिकों की सुगमता के लिए सायबर हेल्पलाइन नम्बर 9479151665 भी जारी किया है. भारत सरकार द्वारा जारी 1930 हेल्पलाइन नम्बर एवं cybercrime@gov.in में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. सायबर हेल्पलाइन दन्तेवाड़ा के नाम से व्हाटसप अकाउंट भी बनाया गया है, जिसमें आम नागरिक अपने शिकायत व्हाटसप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं. सायबर अपराध होने की स्थिति में 24X7 सायबर हेल्पलाइन दन्तेवाड़ा 9479151665 एवं क्यूआर कोड को स्केन कर घर बैठे अपने साथ हुए किसी भी तरह के सायबर अपराध की शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रार्थी को व्हाटसप के माध्यम से ही एकनालेजमेंट नंबर प्रदाय कर दिया जाएगा.
