27 % आरक्षण के लिए सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने खोला मोर्चा : आरक्षण रोस्टर जलाकर जताया विरोध
छत्तीसगढ़ |
14-Jan-2025
कोंडागांव। निकाय चुनाव और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण में कटौती के खिलाफ पिछड़ा वर्ग समाज ने मोर्चा खोल दिया है. छ्त्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज जिला कोंडागांव ने आज शीतला माता मंदिर में बैठक आहूत की, जिसमें पिछड़ा वर्ग समाज अंतर्गत आने वाले सभी समाज प्रमुख शामिल हुए. सभी समाज के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में न जाकर सांकेतिक विरोध की सराहना की. बैठक में 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर 17 जनवरी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद के निवास का घेराव करने का निर्णय लिया. बैठक के बाद सभी सामाजिक लोगों ने शीतला मंदिर से जय स्तम्भ चौक पहुंचकर आरक्षण रोस्टर की कॉपियां जलाई और साय सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग के अध्यक्ष तरुण धाकड़ ने कहा, सीएम के कार्यक्रम से पिछड़ा वर्ग समाज की दूरी का नतीजा है कि सीएम ने अपने उद्बोधन में समाज का जिक्र तक नहीं किया. सीएम साहब ने प्रथम कोंडागांव आगमन में ओबीसी समाज का उल्लेख तक नहीं किया. हमारा समाज ऐसे ही संगठित होकर आगे भी सरकार के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा. उन्होंने कहा, 17 जनवरी को पिछड़ा वर्ग समाज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप और बस्तर सांसद के निवास का घेराव करेगा. संगठन की मजबूती एवं आरक्षण में हुई कटौती के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप के निवास का घेराव कर 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की जाएगी.
