टेक्नोलॉजी

अब WhatsApp पर होगी Google और OpenAI के AI से बात, सीधे चैटिंग में मिलेंगे ये शानदार फीचर्स

WhatsApp अपने यूजर्स के चैटिंग एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने की तैयारी कर रहा है। कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है, जिसकी मदद से यूजर्स WhatsApp से बाहर जाए बिना Google, OpenAI और दूसरे थर्ड-पार्टी AI एजेंट्स से चैट कर सकेंगे।

इस फीचर के आने के बाद हर AI एजेंट के लिए WhatsApp में अलग चैट विंडो मिल सकती है। इससे यूजर्स रोजमर्रा के कई काम सीधे WhatsApp के जरिए कर सकेंगे।

सेटिंग्स में मिलेगा AI एजेंट्स का विकल्प

WhatsApp के फीचर ट्रैकर WABetaInfo के मुताबिक, ऐप की सेटिंग्स में Agents नाम से एक नया सेक्शन जोड़ा जा सकता है। यहां से यूजर्स अपने पसंद के AI एजेंट को WhatsApp से कनेक्ट कर पाएंगे।

फिलहाल यह फीचर Android के कुछ बीटा यूजर्स के लिए टेस्ट किया जा रहा है। आने वाले समय में इसे ज्यादा यूजर्स के लिए जारी किया जा सकता है। हालांकि, WhatsApp ने अभी इस फीचर की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

API Key से होगा AI एजेंट कनेक्ट

AI एजेंट को WhatsApp से जोड़ने के लिए यूजर को एक API Key मिल सकती है। इस की को संबंधित AI सर्विस की वेबसाइट या ऐप में दर्ज करके WhatsApp अकाउंट से कनेक्शन बनाया जा सकेगा। कनेक्ट होने के बाद AI एजेंट के लिए WhatsApp में अलग चैट उपलब्ध होगी।

AI एजेंट का नाम और फोटो भी बदल सकेंगे

यूजर्स कनेक्ट किए गए AI एजेंट को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज कर सकेंगे। इसके लिए एजेंट का नाम और प्रोफाइल फोटो बदली जा सकेगी। एक WhatsApp अकाउंट से अधिकतम 5 AI एजेंट जोड़े जाने की जानकारी सामने आई है।

दूसरी चैट्स का एक्सेस नहीं मिलेगा

इस फीचर में यूजर की प्राइवेसी का भी ध्यान रखा जाएगा। जानकारी के मुताबिक, WhatsApp से कनेक्ट होने के बाद AI एजेंट को यूजर की दूसरी निजी चैट्स, कॉन्टैक्ट्स या मीडिया फाइल्स का एक्सेस नहीं मिलेगा। AI एजेंट को किसी ग्रुप चैट या कम्युनिटी में जोड़ने की सुविधा भी नहीं होगी। इसका इस्तेमाल सिर्फ पर्सनल चैट में किया जा सकेगा।

एजेंट हटाने पर क्या होगा?

अगर यूजर किसी AI एजेंट को WhatsApp से हटा देता है तो उसका कनेक्शन खत्म हो जाएगा। हालांकि, उस एजेंट के साथ हुई पुरानी चैट हिस्ट्री WhatsApp में बनी रहेगी। यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से इस चैट हिस्ट्री को बाद में खुद डिलीट कर सकता है।

फिलहाल यह फीचर टेस्टिंग फेज में है। इसलिए इसके अंतिम फीचर्स और सभी यूजर्स के लिए रोलआउट की तारीख में बदलाव हो सकता है।