राजनीति
रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे घोटाले पर राजनीति: डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर कसा तंज, बोले- किसकी नाक के नीचे हुआ यह सब
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस वे घोटाले को लेकर राजनीती गरमाई हुई है. पक्ष और विपक्ष इस घोटाले को लेकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है. इस बीच घोटाले को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस को पहले यह विचार करना चाहिए कि यह मामला कब का है और किसकी नाक के नीचे यह सब हुआ. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पहले खुद सोच-समझ लें कि उन्हें कहना क्या है. इसके साथ ही अरुण साव ने पीएम मोदी के दौरे समेत अन्य मुद्दों पर भी बयान दिया.
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे में भूमि पूजन, लोकार्पण और विभिन्न योजनाओं की घोषणा की संभावना है. इसे लेकर प्रारंभिक चर्चा और बातचीत हो चुकी है, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम निर्धारित होगा, इसकी आधिकारिक सूचना दी जाएगी.
नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों पर हो रही कार्रवाई को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शहर जैसे-जैसे विकसित हो रहा है, अवैध कब्जों को हटाने की आवश्यकता भी बढ़ रही है. जो लोग विस्थापित हो रहे हैं, उनके लिए निर्धारित स्थान रहेगा. सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा नहीं हो इसके लिए नगर निगम अपनी कार्रवाई करता है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर लगाया कांग्रेस नेताओं की जासूसी का आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार पर पीसीसी चीफ दीपक बैज के बाद अब पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने जासूसी के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने सरकार पर कांग्रेस नेताओं की जासूसी कराने का बड़ा आरोप लगाया है.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि मेरा फोन भी सर्विलांस में है, मेरे बगल में खुफिया तंत्र के कर्मचारी खड़े रहते हैं, LIB के कर्मचारी पत्रकारवार्ता में मेरी बात को सुनते हैं. पूर्व सीएम के आरोप के बाद अब सियासत और भी गर्म हो गई है.
बता दें कि पिछले दिनों पीसीसी चीफ दीपक बैज ने अपने घर की रेकी कर जासूसी करवाने का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि बीते दो रातों से लगातार 24 घंटे दंतेवाड़ा पुलिस CG 17 की गाड़ी उनके रायपुर स्थित शासकीय आवास की रेकी कर रही थी, जिसे पैदल टहलने के दौरान हमने पकड़ा. लोकल गंज थाने के TI को भी जानकारी नहीं थी. दंतेवाड़ा के एडिशनल एसपी से भी बात की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया. बिना दस्तावेज के वे यहां पहुंचे थे.
दीपक बैज ने आरोप लगाते हुए कहा था कि पूरी पुलिस प्रशासन एक एजेंट की तरह शासन के लिये काम कर रही. सबूत भी अब हमने पकड़ लिये हैं. पूरे जिले की पुलिस मेरे पीछे लगाये गये होंगे. सरकार चुनाव में धांधली कर रही और जो मुझसे मिलने आ रहे उसकी निगरानी की जा रही है. यदि पीसीसी के अध्यक्ष का ये हाल है, तो जनता का क्या हाल होगा. इस मामले की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारों पर कार्रवाई होनी चाहिए.
PCC चीफ दीपक बैज ने फिर लगाया जासूसी का आरोप, कहा – मुख्यमंत्री और डीजीपी को लिखे पत्र का अभी तक नहीं आया कोई जवाब, मामले की गंभीरता से होनी चाहिए जांच
रायपुर। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने फिर जासूसी का बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, जासूसी और निगरानी खत्म नहीं हुई है बल्कि और बढ़ गई है. सरकारी बंगले आने वाली सभी गाड़ियों की निगरानी की जा रही है. मुख्यमंत्री और डीजीपी को लिखे पत्र का अब तक जवाब नहीं आया है. इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए.
बैज ने कहा, जिला पंचायत और जनपद के जीते प्रत्याशियों पर निगरानी रखकर उन्हें धमकाया जा रहा. मेरा मोबाइल भी सर्विलिएंस पर रखा गया है. बीजेपी के नेता भी हमसे बात करने घबरा रहे हैं. वहीं सेक्स CD मामले में भूपेश बघेल को क्लीन चिट मिलने पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, न्याय की जीत हुई है. उन्होंने सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया.
पंचायत चुनाव और ED की कार्रवाई की रिपोर्ट लेकर जाएंगे दिल्ली
पीसीसी चीफ ने कहा, आलाकमान ने चुनाव को लेकर रिपोर्ट मांगी है. पंचायत चुनाव और ED की कार्रवाई की रिपोर्ट लेकर दिल्ली जाएंगे. पंचायत चुनाव में सरकार ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया है. ईडी की कार्रवाई पर उन्होंने कहा, ED के अफसरों को कांग्रेस भवन भेजा. नौ घंटे पूछताछ की. बलौदाबाजार के जीते प्रत्याशियों को बलौदाबाजार आगजनी मामले में फंसाने धमकाया जा रहा. अधिकारी चिट्ठा निकालकर खुद अध्यक्ष बना रहे. सभी की रिपोर्ट लेकर दिल्ली जाऊंगा.
‘गरीबों पर अत्याचार कर रही सरकार’
अवैध ठेले गुमटियों पर कार्रवाई करने को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बड़े कब्जों पर कार्रवाई न करने पर सवाल उठाते हुए कहा, ये सरकार गरीबों पर अत्याचार कर रही है. गरीबों के पेट में लात मारने का काम कर रही.
कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर नोंक-झोंक, एक नेता ने चुनाव में पैसा लेकर विपक्षी दल के लिए काम करने का लगाया आरोप, दूसरे ने कहा – मैं सरोज पांडे का पैसा नहीं खाया हूं…
कोरबा। कटघोरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आज कांग्रेसी नेताओं के बीच जमकर कहासुनी और नोंक-झोंक हो गई. दो पदाधिकारियों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा.
पहले तो सांसद ज्योत्स्ना महंत, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व विधायक बोधराम कंवर, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर व संगठन के अन्य नेताओं के सामने दो बड़े नेताओं के बीच जमकर जुबानी जंग हुई. कटघोरा से जब वापस लौटे तो सड़क पर ही इन दोनों के बीच फिर कहासुनी होती रही.
संगठन के एक पदाधिकारी को इस बात का मलाल और गुस्सा है कि पार्टी के कुछ लोगों ने चुनाव में विपक्षी दल के लिए काम किया. उन्होंने बड़ा आरोप लगाया कि चुनाव में भाजपा नेत्री सरोज पांडे से सांठगांठ कर उनसे पैसे लेकर कांग्रेस के विरुद्ध काम किया गया, जिसकी वजह से हार का सामना करना पड़ा. दूसरी तरफ इस बात को संबंधित पदाधिकारी ने नकारते हुए कहा कि उन्होंने सरोज पांडे से कोई पैसा नहीं खाया है.
भाजपा नेता के होटल पर चला बुलडोजर
गुना/ मध्य प्रदेश के गुना में प्रशासन ने बीजेपी नेता अमन नाटले के होटल पर बुलडोजर चला दिया है. अमन नाटले बीजेपी के नगर मंत्री हैं और उनका होटल इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित हो रहा था. इसे अवैध अतिक्रमण मानते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की. इस स्थान पर 35/11 केवी का सब स्टेशन बनाया जाना प्रस्तावित है. पुलिस की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले ने होटल को धराशायी कर दिया.
‘अभिमन्यु की तरह की जा रही घेराबंदी’ : पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने मीनल चौबे पर कसा तंज
रायपुर। रायपुर पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने बीजेपी महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कि मीनल चौबे नेता प्रतिपक्ष थीं और सरकार में थीं, तब भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चुप क्यों रही? क्या उस समय मीनल चौबे आटा गूंथ रही थीं या रोटी बना रही थीं? उस समय सवाल क्यों नहीं उठाई. ढेबर ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ ‘अभिमन्यु की तरह घेराबंदी की जा रही है’.
दरअसल, रायपुर नगर निगम में मतदान करने के बाद पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी महापौर प्रत्याशी मीनल चौबे पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि ‘अभिमन्यु की तरह मेरे लिए घेराबंदी की जा रही है’. मीनल चौबे आज महापौर के चुनाव लड़ रही हैं तो आरोप लगा रही हैं, जब वो नेता प्रतिपक्ष थीं और 13 महीने तक सरकार में रही, तब उन्होंने भ्रष्टाचार की जांच क्यों नहीं करवाई. एजाज ढेबर ने कहा कि क्या उस समय मीनल चौबे आटा गूंथ रही थीं या रोटी बना रही थीं? या फिर कपड़ा धोने में मस्त थीं? सवाल क्यों नहीं उठाई.
ढेबर ने कहा मेरे कार्यकर्ताओं और मेरे वार्ड की महिलाओं को जबरदस्ती पुलिस उठाने का काम कर रही है. रात को उठा-उठा कर जेल भेजा गया, थाने में बैठाया गया. यह तानाशाही का सत्ता का दुरुपयोग है. एजाज ढेबर ने यह भी कहा कि आरोप पूछने पर भी कोई जवाब नहीं दिया जाता है.
जहरीली शराब पीने से 7 ग्रामीणों की मौत : कांग्रेस ने राज्य सरकार पर साधा निशाना
रायपुर। बिलासपुर जिले के लोफंदी में जहरीली शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से बीमार हैं. इनमें से 4 की हालत नाजुक बनी हुई है. कांग्रेस ने इस त्रासदी के लिए भाजपा सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि महुआ शराब बनाने वालों को आबकारी और पुलिस का सरंक्षण मिल रहा है.
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने जहरीली शराब पीने से ग्रामीणों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोग जहरीली शराब पीकर मर रहे हैं. चुनाव का मौसम चल रहा है और शराब बनाकर लोगों में बांट रहे हैं. शासन को इसमें कड़ाई से निर्णय लेना चाहिए. कोरबा क्षेत्र में भी धार्मिक कार्यों के लिए दी गई छूट के अलावा शराब बनाई जाती है, लोग शराब बनाकर दो नंबर में बेंचते है, जिन्हें पूरा संरक्षण आबकारी विभाग और पुलिस का मिलता है. शासन को गंभीरता से इस पर काम करना चाहिए.
जहरीली शराब से मौत के मामले में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अवैध जहरीली शराब की आपूर्ति की जा रही है. चुनावी फायदे के लिए सरकार शराब का सहारा ले रही है, जिससे आम जनता की जान खतरे में पड़ रही है.
भाजपा चुनाव प्रभावित करने के लिए शराब का सहारा ले रही – कांग्रेस
कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव के दौरान भाजपा सरकार बड़े पैमाने पर अवैध शराब प्रदेश में ला रही है. बेमेतरा से सिमगा के बीच 1480 पेटी शराब पकड़ी गई, जो दूसरे राज्यों से लाकर प्रदेश में बांटी जा रही थी. कांग्रेस ने सवाल उठाया कि बॉर्डर से 200 किलोमीटर अंदर तक इतनी बड़ी मात्रा में शराब का कंटेनर सरकार की जानकारी के बिना कैसे पहुंचा? प्रदेश में हजारों पेटी शराब लाकर अलग-अलग इलाकों में बांटी जा रही है, जिससे आम नागरिकों का जीवन संकट में है. कांग्रेस ने आबकारी और पुलिस विभाग पर भी भाजपा के लिए काम करने का आरोप लगाया, क्योंकि बिना सरकारी संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में शराब की आपूर्ति संभव नहीं है.
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष को फंसाने का आरोप
कांग्रेस ने भाजपा पर विपक्ष को दबाने के लिए पुलिस का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. दुर्ग जिले के पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फुंडा में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र वर्मा के फार्म हाउस में पुलिस ने खुद शराब की पेटियां पहुंचाईं और फिर फर्जी जब्ती का नाटक किया. 07 फरवरी की रात 11:30 बजे पुलिस की मदद से ट्रक (MP46 H 0513) फार्म हाउस में लाया गया. फार्म हाउस के चौकीदार और लेबरों को गुमराह कर, उनसे पेटियां उतरवाईं और वीडियो बनवाकर फिर से ट्रक में लोड करवा दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में किसी भी व्यक्ति का बयान नहीं लिया और बिना सबूत कांग्रेस नेता को बदनाम करने की साजिश रची. कांग्रेस ने इस राजनीतिक षड्यंत्र की शिकायत डीजीपी और चुनाव आयोग से की है.
चुनावी हार से बौखलाई भाजपा कर रही सत्ता का दुरुपयोग – कांग्रेस
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर नगरीय निकाय चुनाव में हार से घबराकर अलोकतांत्रिक हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया. भाजपा सत्ता बल, धन बल और शराब का सहारा लेकर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. सरकार को एक साल से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन अब तक कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों की जांच नहीं हुई, जिससे स्पष्ट होता है कि भाजपा जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है. कांग्रेस ने कहा कि जब सत्तारूढ़ दल के पास अपनी उपलब्धियों को गिनाने के लिए कुछ नहीं बचता, तो वह विपक्ष पर झूठे आरोप लगाने लगता है.
गौरतलब है कि बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी में आज जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई. वहीं 4 लोगों की हालत गंभीर हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है. वहीं इस मामले में प्रशासन का कहना है कि दो से तीन दिन में 4 से 5 लोगों की मौत हुई है. मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. शुक्रवार को सरपंच के भाई की मौत हुई. तब अंतिम संस्कार से पहले मर्ग पंचनामा कर शव को पीएम के लिए भेजा गया.
महाकुंभ में स्नान का निमंत्रण ठुकराया, सीएम साय के सलाहकार पंकज झा ने कसा तंज, कहा- कांग्रेस की राजनीति का स्तर रोज नए गोते लगा रहा…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में महाकुंभ पर सियासी तकरार जारी है. मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की ओर से कुंभ स्नान के आमंत्रण को विपक्ष ने ठुकरा दिया है. विपक्ष के इस रवैये पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने तंज कसा है.
सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर उन्होंने लिखा है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के सभी सांसदों-विधायकों को कुंभ चलने का निमंत्रण दिया गया है. इसे छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा ठुकरा देना अत्यंत ही दुःखद है. कांग्रेस की राजनीति वास्तव में रोज डुबकी लगा रहा है. उनकी राजनीति का स्तर रोज नये गोते खा रहा है.
इसके साथ ही इस विषय पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत की ओर से लिखे पत्र पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस के विधायकों को बिल्कुल भी इस मामले में अपने नेता की बात नहीं मानना चाहिए. नेता प्रतिपक्ष का निर्देश राजनीतिक मामलों में तो समझ में आता है, लेकिन वे विधायकों के धार्मिक मामलों में हस्तक्षेप करें, यह अनुचित है. सभी विधायक-सांसदों को अपनी आस्था और अंतरात्मा अनुसार निर्णय लेना चाहिए.
अभी महाकुंभ में छत्तीसगढ़ सरकार का पैवेलियन देश भर की चर्चा का विषय बना हुआ है. वहां की निःशुल्क सुविधायें सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिये है, न कि राजनीतिक प्रतिबद्धता देख कर वहां प्रवेश दिया जा रहा. ऐसे में नेता प्रतिपक्ष द्वारा सभी कांग्रेस विधायकों को कुम्भ नहीं जाने का निर्देश देना अस्वीकार्य है. महंतजी कौन होते हैं छत्तीसगढ़ के माननीय कांग्रेस विधायकों की धार्मिक-सांस्कृतिक मान्यता और आस्था पर निर्देश देने वाले?

धान खरीदी पर राजनीति: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा- कांग्रेस की वजह से मिला समर्थन मूल्य, उपमुख्यमंत्री अरुण साव बोले- कांग्रेस किन बातों का लेगी क्रेडिट…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी चुनाव से पहले धान खरीदी में समर्थन मूल्य पर सियासत तेज हो गई है. विपक्ष की कांग्रेस पार्टी और सत्ताधारी भाजपा जनता का भरोसा जीतने में लगे हैं. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने आज चुनावी प्रचार के दौरान कहा कि किसानों को 3100 रुपए समर्थन मूल्य कांग्रेस की वजह से मिल रहा है.
उन्होंने कहा कि किसानों को मेहनत का सम्मान मिलना चाहिए. भूपेश सरकार ने किसानों को 2850 समर्थन मूल्य दिया. किसानों को अब 31 सौ समर्थन मूल्य मिल रहा है तो यह कांग्रेस सरकार की वजह से मिल रहा है. लेकिन कांग्रेस सरकार बनती तो 3217 रुपए समर्थन मूल्य किसानों को मिलता.
कांग्रेस किन बातों का लेगी क्रेडिट : डिप्टी सीएम अरुण साव
वहीं डिप्टी सीएम अरुण साव ने उनके इस बयान का पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को 2003 से पहले का समय याद नहीं है. किसानों के धान को रिजेक्ट कर दिया जाता था. उन्होंने कहा कि धान खरीदी की सुव्यवस्था भाजपा की सरकार में आई है. किसानों को समर्थन मूल्य से अतिरिक्त राशि देने की शुरुआत भाजपा ने की.
डिप्टी सीएम साव ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हर एक बात पर 5 साल झूठ बोला. कांग्रेस किन बातों का क्रेडिट लेगी.? कांग्रेस को उनके कार्यकाल में हुए घोटालों का श्रेय लेना चाहिए.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोले- एक साल के कार्यकाल में जनता हो चुकी परेशान, अब फिर से परिवर्तन की लहर…
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर पूर्वी सीएम भूपेश बघेल बीती रात बलौदा बाजार पहुंचे. यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मैं पूरे प्रदेश में दौरा कर रहा हूं. लोग भाजपा के एक वर्ष के कार्यकाल को देख कर परेशान हो चुके हैं और पुनः परिवर्तन की लहर और कांग्रेस के पक्ष में माहौल दिखाई दे रहा है. पूर्व सीएम ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं के हितों की चिंता करने वाली हिमायती नहीं, वरन शोषण करने वाली है.

उन्होंने कहा कि किसानों को धान की खरीद राशि भुगतान की बात कही थी, पूरा नहीं किया. गरीबों के स्वास्थ्य योजना को लेकर हमने जो योजना लागू किया, वह बंद कर दिया गया है. गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए आत्मानंद स्कूल खोला, उस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा, बल्कि नाम बदलने की बात कह रहे हैं. वहीं शिक्षकों को बराबर वेतन नहीं मिल रहा है. युवाओं को नौकरी से निकाल दिये.
पूर्व सीएम ने आगे कहा कि भाजपा के शासन काल में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. इनके प्रशासनिक अधिकारी नियंत्रण में नहीं हैं. बलौदाबाजार-भाटापारा का कलेक्टर एसपी कार्यालय जल गया और ये सम्हाल नहीं पाए. कलेक्टर एसपी कार्यालय छोड़कर भाग गये. निर्दोष लोगों को पकड़ जेल भेजा गया, जबकि वास्तविक अपराधी बाहर घुम रहे हैं. एक समाज विशेष को पकड़कर जेल में ठुंसा गया.
उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षकों को नौकरी से निकाला जा रहा है. शिक्षकों को तनख्वाह नहीं मिल रही है. कांग्रेस की जितनी भी योजना थी, उसे भाजपा ने बंद करवा दिया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं परेशान हैं.
उन्होंने आगे कहा कि झुठ फरेब से यह सत्ता में काबिज है, पर अब जनता समझ गयी है और अब प्रदेश में बदलाव की स्थिति है. पूर्व सीएम बघेल ने इन मुद्दों पर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए लोगों से कांग्रेस को वोट देकर जिताने की अपील की है.
वहीं अमरिका से पंजाब लाए गए भारतीयों के साथ अमानवीय व्यवहार को लेकर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को संज्ञान लेकर काम करना चाहिए.
जनसभा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शैलेष नितिन त्रिवेदी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कालनेमि रूपी है, जो वक्त के साथ रंग बदल देते हैं. मीठी बातें कर जनता को गुमराह करते हैं. इनसे बचकर रहना और कांग्रेस प्रत्याशियों का वोट देकर हाथ मजबूत करना.
केंद्र और ट्रंप सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन, प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में कांग्रेस फूंकेगी पुतला
रायपुर। अमेरिका से 104 अवैध प्रवासीय भारतीय को वापस भेजे जाने को कांग्रेस ने अपमानजनक बताया. इसे लेकर कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है. आज छत्तीसगढ़ में केंद्र और अमेरिका सरकार के खिलाफ कांग्रेस विरोध प्रदर्शन करने जा रही है. प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
कांग्रेस आज सभी जिला मुख्यालयों में दोपहर करीब 3 बजे अवैध प्रवासी भारतीयों को मिल्ट्री प्लेन से हथकड़ी पहनाकर वापस भेजे जाने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. जिसके बाद केंद्र और अमेरिका सरकार के खिलाफ पुतला दहन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
बता दें कि अमेरिका की सत्ता में डोनाल्ड ट्रम्प की वापसी के बाद कई बड़े फैसले लिए गए. 5 फरवरी को अमेरिका से 104 अवैध प्रवासी भारतीयों से भरा अमेरिकी मिल्ट्री प्लेन अमृतसर में लैंड हुआ. प्लेन से बाहर आए मजदूर के हाथो में हथकड़ी लगी हुई थी. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में इसे अमेरिका सरकार की नीति बताई. जिसके बाद कांग्रेस के शीर्ष नेता हमलावर नजर आए.
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बीजेपी पर साधा निशाना, कांग्रेस के घोषणा पत्र को बताया गेम चेंजर
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के वोटिंग में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और राजनीतिक पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में जुटी हुई हैं. इसी बीच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आज रायपुर में महापौर और पार्षदों के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र को चुनावी ‘गेम चेंजर’ बताया. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी पर हमला भी बोला. बैज ने कहा कि बीजेपी के नेता हताश होकर घर बैठ चुके हैं और चुनाव में रुचि नहीं दिखा रहे हैं. उन्हें पता है कि एक साल में कुछ नहीं हुआ है. जनता उन्हें खदेड़ देगी इसलिए वे घर पर बैठे हैं.
पीसीसी चीफ दीपक बैज की आज रायपुर के विभिन्न वार्डों में कई जनसभाओं का आयोजन होगा. वहीं एक जनसभा में जब बैज पहुंचे तो उन्होंने पहले मीडिया से बातचीत की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र को चुनावी गेम चेंजर बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घोषणा पत्र जन-जन तक पहुंच रही है. प्रत्याशी भी दमदारी के साथ चुनाव में जुटे हुए है.
दीपक बैज ने बताया वे आज 12-13 सभाएं कांग्रेस के प्रत्याशियों के पक्ष में करने जा रहे हैं. जनता में कांग्रेस के लिए जबरदस्त उत्साह है और घोषणा पत्र सभी निकायों में गेम चेंजर साबित होगा.
कांग्रेस के घोषणा पत्र को कॉपी पेस्ट बताने वाले वाले बयान पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की 36 बिंदुओं की घोषणा पत्र है, जबकि बीजेपी की 20 बिंदुओं की गोल-गोल जलेबी है. एक साल में बीजेपी ने कुछ काम नहीं किया है इसलिए इस पत्र को जनता नकारेगी.
वहीं रायगढ़ के महापौर प्रत्याशी के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा चाय बनाने को लेकर उन्होंने कहा कि सीएम साय चाय बनाकर मोदी की कॉपी कर रहे हैं.
बीजेपी पर निशाना साधते हुए दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी के नेता हताश होकर घर बैठ चुके हैं और चुनाव में रुचि नहीं दिखा रहे हैं. उन्हें पता है कि एक साल में कुछ नहीं हुआ है. जनता उन्हें खदेड़ेगी इसलिए घर पर बैठे हैं. सीएम सिर्फ अपनी क्षेत्र में जा रहे हैं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सिर्फ़ जगदलपुर के ही नेता है. बीजेपी के नेता अपने क्षेत्र से बाहर नहीं निकल रही है. उन्होंने ये भी कहा कि निकाय चुनाव में कही अमित शाह स्टार प्रचारक बनकर तो नहीं आ रहे.
भाजपा ने कार्टून के जरिए फिर किया कांग्रेस पर हमला, कहा- भूपेश के आतंक से खुद त्रस्त थे कांग्रेसी…
रायपुर। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के टीएस सिंहदेव के नेतृत्व में अगला चुनाव लड़ने वाले बयान को भाजपा ने हाथों-हाथ उठाया है. इस पर अब कार्टून के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा है.
भाजपा छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया एकाउंट में जारी कार्टून में एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हैं, तो दूसरी तरफ टीएस सिंहदेव, जिनके साथ खड़े नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत महंत उन्हें फोटो सेशन के लिए तैयार करते नजर आ रहे हैं. कार्टून के साथ भाजपा ने टिप्पणी की है कि महंत ने इस बात पर मुहर लगा दी कि भूपेश के आतंक से खुद कांग्रेसी त्रस्त थे. वैसे कोई भी कांग्रेसी आ जाये, करप्शन का पर्याय ही रहेगा.
