रायपुर। सूरजपुर हत्याकांड मामले में आज सरकार ने सूरजपुर एसपी एम. आर. अहिरे को हटाकर पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर भेज दिया गया है. इस पर पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्हें पहले ही हटाया जाना चाहिए था. उन्होंने कहा, “जिस प्रशासन को पूर्वानुमान और इंटेलिजेंस की कमी हो, उन्हें जिले का दायित्व नहीं संभालना चाहिए.”
अपराधियों के साथ कांग्रेस के फोटोज को फ्रेम करना चाहिए : अजय चंद्राकर
कांग्रेस की तरफ से प्रदेश में हो रहे अपराधों को लेकर कहा गया कि “विजय शर्मा के विधायक बनने के बाद घटनाएं बढ़ी हैं”. अजय चंद्राकर ने कांग्रेस के इस बयान का पलटवार करते हुए कहा कि यहां सूरजपुर, बलौदा बाजार, में गंभीर अपराध हुए. दाढ़ी में तिनका तो कांग्रेस के ही दिख रही हैं. कांग्रेस को अपनी दाढ़ी थोड़ी साफ करनी चाहिए. अपराधियों के साथ कांग्रेस के फोटोज को फ्रेम करना चाहिए.
वहीं उन्होंने चंद्राकर ने कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर तंज करते हुए कहा, “कांग्रेस पूरे देश में केवल वायनाड से चुनाव लड़ रही है. भूपेश बघेल और राहुल गांधी को चुनाव की गंभीरता का आभास तब होगा जब वे वायनाड से फ्री हो जाएँगे.”
सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक
विधायक ने सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक के महत्व पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि ऐसे निर्णय अंचल के विकास के लिए महत्वपूर्ण होते हैं, जैसे जगदलपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण.
डी.एड अभ्यर्थियों का घेराव
डी.एड अभ्यर्थियों के सीएम हाउस घेराव पर चंद्राकर ने कहा कि सरकार को इस मामले को हल करने की पहल करनी चाहिए. उन्होंने अभ्यर्थियों से धैर्य रखने की अपील की.
भाजपा में संगठन चुनाव की तैयारी
भाजपा में संगठन चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. चंद्राकर ने कहा कि सक्रिय सदस्यता के बाद चुनाव होंगे. वहीं, कांग्रेस दक्षिण के लिए उम्मीदवार खोजने में जुटी है.
रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रांची में ‘संविधान सम्मान सम्मेलन’ में कई मुद्दों पर बीजेपी पर निशाना साधा. इस दौरान उन्होंने एक बयान दिया कि ‘आदिवासी देश के पहले मालिक थे, BJP इन्हें वनवासी कहती है’. उनके इस बयान पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ को अबूझमाड़ किसने बनाया? कांग्रेस ने 50 सालों तक छत्तीसगढ़ को उपेक्षित रखा. अबूझमाड़ को सभ्यता के दौड़ से अलग करने का काम कांग्रेस ने किया है. टोडरमल के बाद सर्वे नहीं हुआ, आज सर्वे हो रहा है. राहुल गांधी को राजनीति का ABCD मालूम नहीं है. उनको जो लिखकर देते हैं वह पढ़ देते हैं. इसके साथ ही रमन सिंह ने अन्य मुद्दों पर बयान दिया है.
रायपुर दक्षिण से सुनील सोनी को टिकट मिलने पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सुनील सोनी ने रिकॉर्ड मतों से सांसद का चुनाव जीता था और अब वह रिकॉर्ड वोटों से चुनाव जीतने वाला विधायक बनेंगे. कांग्रेस कोई भी प्रत्याशी को टिकट दे फर्क नहीं पड़ता. जनता सुनील सोनी को प्रचंड मतों से जीतने जा रही है.
नारायणपुर आईईडी विस्फोट में दो जवान शहीद हो गए. इस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार दबाव बन रहा है. उन्होंने बताया कि संयुक्त अभियान का परिणाम बहुत अच्छा रहा है, जिसमें एक ही दिन में 38 नक्सलियों को मार गिराया गया. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की मंशा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का निश्चय इस बात का संकेत है कि आने वाले एक साल में नक्सलवाद का समाप्त होना निश्चित है
सूरजपुर। सूरजपुर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल उठाया है. एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सीके चौधरी को आरोपी बनाए जाने पर बैज ने कहा, सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश रच रही.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सूरजपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, पुलिस ने एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी को साजिश के तहत आरोपी बनाया है. मुख्य आरोपी कुलदीप साहू का एनएसयूआई से कोई लेना देना नहीं था. दीपक बैज ने सूरजपुर हत्याकांड की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग सरकार से की है. उन्होंने कहा, यदि एनएसयूआई का जिला अध्यक्ष सीके चौधरी आरोपी है तो उसे कड़ी सजा मिले.
जानिए पूरा घटनाक्रम
बता दें कि रविवार को सूरजपुर के चौपाटी में एक पुलिसकर्मी से आदतन अपराधी कुलदीप साहू ने बहस किया. यह कहकर कि ‘तुम्हारी पुलिस मेरा जीना हराम कर रखी है’, जिस पर आरक्षक ने कहा ‘मैं तो एक आरक्षक हूं, वरिष्ठ अधिकारी जो कर रहे होंगे, मुझे क्या पता’ तो उसने होटल में कढ़ाई में रखा खौलते हुआ तेल फेंक दिया. इसमें आरक्षक पूरी तरह से जल गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया.
मामले की जानकारी के बाद कुलदीप के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई. इस दौरान अंधेरे में वह एक कार में बैठा हुआ था, इस दौरान उसने पैदल खोजबीन कर रहे पुलिस वालों पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया. इसी बीच शहर से बाहर महगंवा स्थित प्रधान आरक्षक तालिब शेख के किराए के मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा तभी तालिब शेख की पत्नी ने अपने पति को कॉल किया, लेकिन बात नहीं हो पाई. उसके बाद तालिब शेख ने भी अपनी पत्नी से कांटेक्ट करने की कोशिश की लेकिन बात नहीं हो पाई. इसके बाद प्रधान आरक्षक को अंदेशा हुआ और घर पहुंचा. जहां प्रधान आरक्षक शेख ने देखा कि घर में खून फैला हुआ था, बीवी और बच्ची घर पर नहीं थे. वहीं घर के बाहर चाकू मिला और काफी सरगर्मी से तलाश शुरू की गई तो पत्नी और बेटी की लाश शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर मिली थी. आईजी अंकित गर्ग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि इस मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. पुलिस कार्रवाई और प्रधान आरक्षक की सक्रियता के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया है.
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव का बिगुल बजते ही अब तरह-तरह के चुनावी कयास लगाए जा रहे है। इसमें सबसे ज्यादा कयास इस बार उपचुनाव में यह लगाया जा रहा है कि उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा व कांग्रेस में होगा तथा निर्दलीय इस बार और घट सकते हैं। पिछले चुनावों में रायपुर दक्षिण में अक्सर यही कहा जाता रहा है कि यहां चुनावी गणित के चलते ज्यादा से ज्यादा संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी खड़े किए जाते रहे है और इस वर्ष ऐसा देखने नहीं मिलेगा। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण बहुत से कारण माने जा रहे है।
प्रत्याशी चयन के लिए चल रहा मंथन
भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अभी तक इस सीट से अपने प्रत्याशी का चयन नहीं कर पाई है। दोनों ही पार्टियां इस कश्मकश में है कि रायपुर दक्षिण से प्रत्याशी चुनने में जातिगत समीकरण में उलझ गई है। भाजपा ने दो दिन पहले ही तीन नामों का पैनल मुख्यालय भेजा है, लेकिन अभी तक नाम तय नहीं हुए है। भाजपा इस कश्मकश में है कि अनुभव को प्राथमिकता दी जाए या किसी नए चेहरे को लाया जाए। वहीं कांग्रेस में यह देखा जा रहा है कि भाजपा से कौन प्रत्याशी फाइनल हो रहा है।
दावेदारों ने शुरू किया प्रचार-प्रसार
दोनों ही पार्टियों के मुख्य दावेदारों ने अब इंटरनेट मीडिया के साथ ही व्यक्तिगत संपर्क करते हुए अपना प्रचार- प्रसार शुरू कर दिया है और वोट मांगने लगे है।
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने कहा है कि अपने आपको किसान हितैषी बताने और ढोंग करने वाली पिछली भूपेश सरकार धान खरीदी के राशि का भुगतान भी चार किश्तों में करती थी। वह राशि कभी किसानों के उपयोग में नहीं आ पाई। अभी जब एकमुश्त धान का पैसा किसानों के खाते में जा रहा है तो वह किसान आज घर बनवा रहा है तो कोई सामान खरीद रहा है, अन्य उपयोगी कामों में खर्च कर पा रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सभी किसानों का पूरा धान 21 क्विंटल प्रति एकड़ 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार किसानों की पालनहार सरकार है और प्रदेश सरकार ने बिल्कुल स्पष्ट कहा है कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर पर खरीदेंगे। भाजपा ने यह कहा, वह करके दिखाया भी और आगे भी भाजपा की प्रदेश सरकार किसानों से किए गए वादे का पालन करने के लिए वचनबद्ध है। धान खरीदी की संपूर्ण राशि एकमुश्त देंगे। इसके साथ ही साथ दो वर्षों के धान के बकाया बोनस का देने का वादा भी पूरा कर दिया है। पूरी स्पष्टता के साथ काम हो रहा है। 144 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी पिछले वर्ष हुई है और इस बार 160 हजार मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी। यह बहुत ही बड़ी खरीदी है और इस बहुत बड़ी खरीदी की व्यवस्था करनी है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हर विवाहित महिलाओं को महीना रुपए देने का वादा किया था, लेकिन पाँच वर्षों में पाँ रुपए तक नहीं दिए, 5 बरस तक पलटकर नहीं देखा, किसी से पूछा तक नहीं। परंतु भाजपा सरकार प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को उनके बैंक खातों में एक और दो तारीख को महतारी वंदन योजना के तहत 1000 रुपए की राशि पहुंचा रही है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर सियासत तेज है. सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस प्रदेश में हो रहे आपराधिक गतिविधियों के लिए एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. भाजपा ने सूरजपुर हत्याकांड में NSUI नेता की गिरफ्तारी के बाद आज फिर एक बार सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी कर कांग्रेस की पूर्ववर्ती भूपेश सरकार पर गुंडाराज के बीज बोने का आरोप लगाया है.
भाजपा की तरफ से जारी पोस्टर में छत्तीसगढ़ के दो आम आदमी न्यूज पेपर पढ़ते आपस में कानून व्यवस्था को लेकर बात करते दिखाई दे रहे हैं. वहीं समाचार पत्र में कांग्रेस पार्टी के गुंडों पर साय सरकार के एक्शन की हेडलाइन लिखी नजर आ रही है. इस पोस्टर को जारी करते हुए भाजपा ने छत्तीसगढ़ी में लिखा है कि प्रदेश म अब नई चलय कांग्रेसी गुंडा मन के राज…काबर कि अपराधी मन ऊपर नकेल कसत हे विष्णु सरकार…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे अपराध को लेकर प्रदेश की सियासत तेज है. सत्ताधारी भाजपा और विपक्ष की कांग्रेस पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है. एक तरफ कांग्रेस राज्य की भाजपा सरकार को कानून व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम साबित करने में लगी है, तो वहीं आज भाजपा ने सोशल मीडिया पर कार्टून पोस्टर जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा है.
भाजपा ने सूरजपुर हत्याकांड में आरोपी एनएसयूआई जिला अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी (सूरजपुर) की गिरफ्तारी को लेकर कार्टून पोस्टर जारी करते हुए लिखा है कि प्रदेश में हो रहे आपराधिक गतिविधियों में कांग्रेसियों का हाथ है. गुंडे हो या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधी कांग्रेस के संरक्षण में पल रहे हैं. राज्य में अराजकता फैलाने वाले सभी दोषियों पर विष्णु का सुदर्शन चलेगा.
रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव का बिगुल बच चुका है. तारीख के ऐलान के साथ राजनीतिक दल खासकर भाजपा और कांग्रेस जोर-शोर से चुनाव की तैयारियों में जुट गई हैं. उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आत्मविश्वास भरा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि हम इस चुनाव को एक चुनौती मानते हैं. सामने वाले को कमजोर नहीं समझना चाहिए. रायपुर दक्षिण सीट भारतीय जनता पार्टी की है, बृजमोहन अग्रवाल 8 बार लगातार विजयी हुए हैं. विधानसभा चुनाव 2023 में बड़े मार्जिन से जीते हैं. निश्चित रूप से इस सीट को भाजपा भारी मतों से जीतेगी.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह बयान हरियाणा दौरे पर रवाना होने से पहले दिया. मुख्यमंत्री साय के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी हरियाणा के लिए रवाना हुए. मुख्यमंत्री साय ने दौरे को लेकर कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में जा रहे हैं, दोनों उपमुख्यमंत्री भी साथ जा रहे हैं. शपथ के बाद प्रधानमंत्री के साथ बैठक भी है.
रायपुर दक्षिण विधानसभा में उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे. नामांकन की प्रक्रिया 18 अक्टूबर से शुरू होगी. नामांकन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर होगी. 28 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी. वहीं नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है.
बता दें कि विधानसभा चुनाव 2023 में बृजमोहन अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज की थी. जिसके बाद भाजपा की सरकार बनने के बाद उन्हें शिक्षा विभाग सौंपा गया था. उसके बाद लोकसभा चुनाव 2024 में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को रायपुर लोकसभा से टिकट दी गई थी, जिसमें उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी. उनकी जीत के बाद रायपुर दक्षिण एक मात्र ऐसी सीट है, जहां उपचुनाव हो रहा है.
रायपुर। कांकेर में भानुप्रतापपुर से भाजयुमो मंडल अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें वह नोटों की गड्डियों के साथ कार से सफर करते नजर आ रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है. वहीं अब इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि नोटों के बंडल वाले वीडियो का वेरीफाई कर रहे हैं. आजकल फेक वीडियो भी बहुत चल रहा है. हमारे लोग और सरकार को बदनाम करने की साजिश चल रही है.
बता दें कि मंगलवार को भानुप्रतापपुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी का नोटों के गड्डियों के साथ कार में सफर करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. आकाश सोलंकी भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजा पांडे का करीबी माना जाता है.
सुशासन तो गाड़ियों में नोट बनकर छलक रहा है – भूपेश बघेल
नोटों के गड्डियों के साथ वीडियो पर पूर्व सीएम ने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर निशाना साधा था. उन्होंने कहा कि क्या बात है! विष्णुदेव साय जी आपका “सुशासन” तो गाड़ियों में नोट बनकर छलक रहा है! पहचाना इन्हें जो नोट की गड्डियों के साथ मूछों में ताव दे रहे हैं? लीजिए, आसान कर देता हूं, ये भानुप्रतापपुर भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी हैं. सुना है बेरोजगार हैं. सामान्य परिवार से आते हैं. अब ये बताइए कि ‘सुशासन’ में इसकी जांच होगी या वॉशिंग मशीन वाला फॉर्मूला लगेगा?
जो कुछ महीने पहले बेरोजगार था, वह 70 से 80 लाख रुपये नकद का खुलेआम दिखावा कर रहा- कांग्रेस
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर लिखा, भानुप्रतापपुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष आकाश सोलंकी, जो कि कुछ ही महीने पहले बेरोजगार था, वह 70 से 80 लाख रुपये नकद का खुलेआम दिखावा कर रहा है. छोटे से भाजपा कार्यकर्ता के इस दौलत से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इनके बड़े नेता क्या गुल खिला रहे होंगे. क्या भाजपा सरकार की पुलिस, ईडी, आईटी कोई कार्रवाई करेगी या फिर सिर्फ निर्दोष कांग्रेसियों को सताया जाएगा???
रायपुर। केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) ने मंगलवार को रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इस सीट पर 13 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को मतगणना होगी। यह सीट भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल के सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई है। उपचुनाव की घोषणा के बाद इसे लेकर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव का बयान सामने आया है। दोनों ही नेताओं ने इस सीट पर अपनी-अपनी पार्टी के जीतने का दावा किया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “रायपुर के दक्षिण विधानसभा सीट में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान हुआ है। पिछले 8 चुनावों से भारतीय जनता पार्टी के नेता बृजमोहन अग्रवाल उस सीट का प्रतिनिधित्व करते आए हैं। हमारे बृजमोहन अग्रवाल का दक्षिण सीट के हर एक घर से व्यक्तिगत संबंध रहा है। भारतीय जनता पार्टी अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से जनता तक पहुँची है। हम उपचुनाव के लिए पूरे तरीके से तैयार हैं। पिछले हर चुनाव की तरह दक्षिण की जनता हमें आशीर्वाद देगी।”
दक्षिण की जनता हमें आशीर्वाद देने के लिए तैयार
उप मुख्यमंत्री साव ने पूर्व की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले पाँच सालों में विकास ठप्प हो गया था, लेकिन हमारी डबल इंजन की सरकार में लाभकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक-एक व्यक्ति तक पहुँच रहा है। हर घर तेज गति से विकास पहुँच रहा है। शहरों का विकास तेजी से हो रहा है। मोदी की एक-एक गारंटी हम पूरी करते आ रहे हैं। इस कार्य का लाभ निश्चित रूप से मिलने वाला है। पूरे दक्षिण की जनता हमें आशीर्वाद देने के लिए तैयार है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हमने प्रत्याशी के लिए हर पैमाने पर विचार किया है। केंद्रीय नेतृत्व जिस कार्यकर्ता को अधिकृत करेगा, पूरी पार्टी एकजुटता के साथ उसे जिताने का प्रयास करेगी।
जनता की बढ़ती नाराज़गी – पूर्व डिप्टी सीएम सिंह देव
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने साय सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता समझदार है और सरकार के कामकाज को देखकर जनता की नाराज़गी बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि बृजमोहन अग्रवाल के प्रत्याशी न होने का फायदा कांग्रेस को मिलेगा, क्योंकि जिस दिन से बृजमोहन ने इस्तीफ़ा दिया, उसी दिन से कांग्रेस ने तैयारी शुरू कर दी थी। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि समय के साथ बीजेपी की जीत का मार्जिन कम होता जा रहा है। पिछले उपचुनावों में भाजपा 20 में से केवल तीन सीटें जीती थीं। पूर्व डिप्टी सीएम ने दावा करते हुए कहा कि “मैंने कई राज्यों में देखा है कि जहां जिस पार्टी की सरकार है, उसके विपरीत परिणाम आए हैं।
रायपुर। नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने प्रदेश मे लगातार घट रही आपराधिक घटनाओ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, सुशासन का राग अलापने वाली भाजपा सरकार मे लगातार घटनाओ से प्रदेश भयभीत है। छत्तीसगढ़ राज्य को अस्तित्व मे आये 24 साल हो गए कभी भी क़ानून व्यवस्था इतनी लचर नहीं रही, जितनी पिछले दस महीने मे हो गयी है। “हम ही बनाएँ हैं, हम ही सँवारेंगे“ का यह नारा देने वाली भाजपा की सरकार से जनता पूछ रही है कि, छत्तीसगढ़ में क़ानून का राज कब सुधरेगा.?
डॉ. महंत ने कहा बलौदाबाजार, कवर्धा अब सूरजपुर जिला जल रहा है। प्रदेश के फेलवर गृहमंत्री विजय शर्मा कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त करने के बजाय उलजुलूल बयानबाजी कर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ रहे हैं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में तल्ख शब्दों में बयान जारी करते हुए कहा कि आरोपी कोई भी हो और किसी से भी वास्ता रखता हो उस पर कठोर कार्यवाही करने से गृहमंत्री को किसने रोका है। हद तो तब हो गई जब इसी हत्यारे ने एक दिन पहले आरक्षक पर गर्म तेल उडेला था, उसके बाद भी पुलिस प्रशासन ने सतर्कता क्यों नहीं बरती। इससे पहले भी बलौदाबाजार में कलेक्ट्रेट को आगजनी के हवाले किया गया और कवर्धा के लोहारीडीह में भी इसी तरह की घटना घटित हुई। पूरे मामले में कानून व्यवस्था को नियंत्रित करने के बजाय प्रदेश के फेलवर गृहमंत्री केवल बयानबाजी करते रहे और अधिकारियों को बलि का बकरा बनाया गया जबकि इसकी पूरी जिम्मेदारी सबसे पहले गृहमंत्री पर बनती है जिन्हें प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आखिर इतनी खुली छूट क्यों दे रखी है, चिंता का विषय है।
नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत ने सूरजपुर में दोहरे हत्याकांड के बाद दशहरा देखने पहुंची एक 12वीं की छात्रा के साथ एक बेहद ही शर्मनाक गैंगरेप की घटना ने मन को उद्वेलित कर दिया है। अपराध और अपराधी किसी के सगे नहीं होते उन पर कड़ी कार्यवाही किया जाना चाहिए।
रायपुर। सूरजपुर में हिंसक घटना को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. राजीव भवन जगदलपुर में आयोजित पत्रवार्ता में पीसीसी चीफ ने कहा, भाजपा ने छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया है. वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा है कि ये क्या हो रहा है हमारे छत्तीसगढ़ में? लगने लगा है कि शांति का टापू कहे जाने वाले हमारे प्रदेश से कानून नाम की चीज समाप्त हो चुकी है. उन्होंने लोगों से शांति की अपील भी की है. बघेल के बयान पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा है कि आरोपी की तस्वीर कांग्रेस नेताओं के साथ है. कहीं कोई षड्यंत्र तो नहीं है.
दीपक बैज ने सूरजपुर घटना की न्यायिक जांच की मांग की है. उन्होंने सरकार को चुल्लूभर पानी में मर जाने तक की बात कह दी. साथ ही बैज ने सीएम साय से गृह मंत्री विजय शर्मा को बर्खास्त करने की भी मांग की है.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा है कि ये क्या हो रहा है हमारे छत्तीसगढ़ में? लगने लगा है कि शांति का टापू कहे जाने वाले हमारे प्रदेश से कानून नाम की चीज समाप्त हो चुकी है. सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी गई. उसी हत्यारे ने इस घटना से पहले एक आरक्षक पर गर्म तेल उड़ेला था. जनता के मन में कानून व्यवस्था और सरकार से पूरी तरह विश्वास इस कदर उठ चुका है कि जनता अब स्वयं न्याय करने निकल पड़ी है.
भूपेश बघेल ने की शांति बनाए रखने की अपील
बघेल ने कहा, घरों में आगजनी की घटनाएं सुनकर व्यथित हूं. कवर्धा के लोहारीडीह में भी यही हुआ था. इससे पहले लोगों ने कलेक्ट्रेट में आग लगा दी थी. उन्होंने सभी से शांति की अपील करते हुए कहा कि वे कानून व्यवस्था अपने हाथों में न लें. शासन प्रशासन से स्थिति नियंत्रित करने की अपेक्षा है.
चरणदास महंत बोले – प्रदेश में अपराधी बेखौफ
सूरजपुर घटना पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा है कि ये है विष्णु का सुशासन…? सूरजपुर कोतवाली में प्रधान आरक्षक की पत्नी और नन्ही बेटी की हत्या बेहद दुःखद, हृदय विदारक है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं. महंत ने आगे कहा, ये छग की बेलगाम कानून व्यवस्था का जीवंत प्रमाण है. फिर से दो बेगुनाहों की बली चढ़ गई. अब आप खुद सोचिए जहां कानून के रखवाले का परिवार ही सुरक्षित नहीं रहा, वहां आम जनों का क्या होगा.? प्रदेश में अपराधी बेखौफ है. भाजपा सरकार सत्ता के नशे में चूर है. आम लोगों की सुरक्षा भी नहीं कर पा रही है.
गलत बयानबाजी कर राजनीति कर रहे भूपेश : गृह मंत्री
सूरजपुर की घटना को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल के बयान पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा, इससे पहले भूपेश बघेल ने अन्य विषयों से जुड़े मामलों पर नेताओं से जुड़े फोटो शेयर किए थे. अब फोटो आ रहे हैं ये कौन है, किसके साथ खड़े हैं, सब दिख रहा है. अपराधी के साथ भूपेश बघेल का फोटो है. शर्मा ने कहा, जिस तरह से भूपेश बघेल गलत बयानबाजी कर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें अपने गिरेबान पर झांक कर देखना चाहिए.
विजय शर्मा ने कहा, जो आरोपी है उसके घर वालों की सुरक्षा पुलिस वालों ने की है. आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा, इसमें कोई संशय नहीं है. इस घटना के कारण अभी क्या है पूरा पता नहीं चला है इसलिए अधूरा साझा करना सही नहीं है. सूरजपुर में आगजनी की घटना करने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया है. लोहारीडीह, बलौदाबाजार की घटना से जोड़ेंगे तो उसमें भी पुलिस ने काम किया है. कानून के हाथ लंबे हैं. गुनहगार कोई भी हो पुलिस उस तक पहुंचेगी.
गृहमंत्री शर्मा ने कहा, पुलिस का मनोबल ठीक है. पुलिसिंग ठीक है, लेकिन इनको समझने की जरूरत है. ऐसे मुद्दों पर राजनीति नहीं करना चाहिए. हर एक मौत पर राजनीति करना अच्छा नहीं है. मुझे ऐसा नहीं लगता कि कोई षड्यंत्र है, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से सब कुछ कंट्रोल में है.
घटनाओं के पीछे कहीं षड्यंत्र तो नहीं : विजय शर्मा
छत्तीसगढ़ का तासीर ऐसा नहीं है, लेकिन एक के बाद एक घटना हो रही है, इसके पीछे का क्या कारण है ? इसका जवाब देते हुए गृह मंत्री ने कहा, कही षड्यंत्र तो नहीं है, लेकिन पुलिस ने सब कंट्रोल कर लिया है. पहले भी घटनाएं हुई है. बिरनपुर, भिलाई और कवर्धा में घटनाएं हुई. पहले किस तरह की कार्रवाई होती थी, क्या जो जिम्मेदार थे उस पर कार्रवाई हुई है. इस पर शर्मा ने कहा, तह तक जाकर देखिए, सब समझ में आ जाएगा. पहले और अब की पुलिसिंग में अंतर आपको समझ में आ जाएगा.
ये है पूरा मामला
बता दें कि कोतवाली थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक तालिब शेख सूरजपुर रिंग रोड के पास किराए के मकान में पत्नी मेहू फैज और बेटी आलिया शेख (16 वर्ष) के साथ रह रहे थे. रविवार रात प्रधान आरक्षक पेट्रोलिंग से वापस लौटे तो देखा कि घर खून से सना था. घर से पत्नी और बेटी गायब थी, जिनकी लाश सूरजपुर से करीब 5 किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव में खेत के नहर में अर्धनग्न अवस्था में मिली. इस वारदात को अंजाम देने के बाद जिलाबदर रह चुके आदतन बदमाश कुलदीप साहू फरार हो गया है. बताया जा रहा कि आरोपी की पहचान एनएसयूआई में पूर्व जिला पदाधिकारी रह चुका है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
सूरजपुर। सूरजपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. डबल मर्डर से इलाके की गुस्साई भीड़ ने आरोपी आदतन बदमाश कुलदीप साहू के घर को आग हवाले कर दिया है. इसके साथ ही उसकी गाड़ी और गोदाम में भी आग लगा दी गई है. वहीं भीड़ को नियंत्रित करने पहुंचे एसडीएम जगन्नाथ वर्मा पर भी भीड़ ने हमला कर दिया और एसडीएम ने भागकर अपनी जान बचाई. इधर इस घटना को लेकर प्रदेश में सियासत गरमा गई है.
भीड़ से जान बचाकर भागते एसडीएम
इस घटना से लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोग नाराज हैं. इस दौरान गुस्साई भीड़ ने आरोपी के घर और वाहनों में आग लगा दी. वहीं मौके पर पहुंचे एसडीएम जगन्नाथ वर्मा पर भी भीड़ ने हमला किया, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने उन्हें बचा लिया. उनके जान बचाकर भागने का वीडियो भी वायरल हो रहा है. वहीं मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.
लोग कानून न हाथ में न लें- डिप्टी सीएम अरुण साव
इस घटना पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रही है. जो भी दोषी पाया जाएगा उन पर कार्रवाई होगी. किसी को भी कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं है.
सरकार समाज को लड़ाने में लगी है – शिवकुमार डहरिया
डबल मर्डर पर पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि पहले भी बदमाश उनके घर में घटना कर चुका था. छत्तीसगढ़ में यदि पुलिस सुरक्षित नहीं है. ऐसे कानून व्यवस्था की स्थित क्या है यह सोच सकते हैं. जनता ने जनादेश दिया है तो सरकार को उसका सम्मान करना चाहिए. बहुत से अक्षम लोग बैठे हैं, जो निर्णय लेने में सक्षम नहीं है. कभी सांप्रदायिकता, कभी साहू-सतनामी समाज को लड़ाया जा रहा है.
बता दें कि रविवार को जिलाबदर बदमाश कुलदीप साहू ने गर्म तेल डालकर पुलिसकर्मी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उसकी तलाश कर रहे पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने की भी कोशिश किया था. जिसकी तलाश में प्रधान आरक्षक तालिब शेख भी जुटा हुआ था. इस बीच जब देर रात प्रधान आरक्षक तालिब शेख अपने महगंवा स्थित किराए के मकान में पहुंचा तो देखा कि घर खून से सना था. घर से पत्नी और बेटी गायब थी. जिनकी लाश आज घर से करीब 5 किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव में खेत के नहर में अर्धनग्न अवस्था में मिली. दोनों की हत्या चाकू मारकर की गई है. एसपी सूरजपुर एमआर अहिरे का कहना है आदतन बदमाश कुलदीप साहू पर हत्या की आशंका है. ऐसे में पुलिस संदेही की तलाश में जुटी हुई है.
रायपुर। सूरजपुर के कोतवाली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या (Double Murder) कर दी गई है. दोनों की लाश घर से करीब 5 किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव में नहर के पास खेत में संदिग्ध हालात में मिली है. इस हत्याकांड के बाद प्रदेश में सियासत भी गरमा गई है. पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़वासी बहुत ही कष्ट के साथ प्रदेश को एक ‘भयावह अपराध प्रदेश’ में तब्दील होते हुए देख रहे हैं. प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या ने एक बार फिर सरकार और कानून-व्यवस्था की निष्क्रियता को उजागर किया है.
इस हत्या को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने पोस्ट में लिखा, सभी छत्तीसगढ़ वासी बहुत ही कष्ट के साथ प्रदेश को एक ‘भयावह अपराध प्रदेश’ में तब्दील होते हुए देख रहे हैं. अपराधी निर्भीक हैं जैसे उन्हें या तो प्रशासन का डर नहीं, या उसके समर्थन पर पूरा भरोसा है.
सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या ने एक बार फिर सरकार और कानून-व्यवस्था की निष्क्रियता को उजागर किया है. जब एक पुलिसकर्मी के परिवार को इस तरह के खतरे में है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या हाल होगा? सरकार की सुरक्षा व्यवस्था में चूक ने हमारे समाज को एक डरावने भविष्य में धकेल दिया है. दुर्दांत अपराधी निर्मम हत्याएं जैसे भयंकर से भयंकर अपराध कर किस प्रकार फरार हो जा रहे हैं – क्यों पुलिस प्रशासन को इतना कमज़ोर कर दिया गया है कि वो स्वयं खतरे में हैं? क्यों लगातार हो रहे अपराध और समाज में फैलते भय के बाद भी सरकार में सुधार की कोई योजना नहीं है? भाजपा सरकार जवाब दे कि आखिर कब तक प्रदेश को ऐसी बर्बरता और अराजकता को सहन करना पड़ेगा? याद रहे हमारे सुरक्षा बल और उनके परिवार भी छत्तीसगढ़ परिवार का हिस्सा हैं- उनके विरुद्ध ऐसे अन्याय और अपराध नाकाबिले बर्दाश्त हैं. अब और खामोशी नहीं!.
रायपुर। हरियाणा के विधानसभा चुनाव में भाजपा शानदार जीत की साथ सत्ता की ‘हैट्रिक’ लगाई है। रिजल्ट आने से पहले कांग्रेस ने जीत की उम्मीद के साथ जलेबी का ऑर्डर दिया था। इसे लेकर अब छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने तंज कसते हुए विपक्ष की कांग्रेस पार्टी को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले 15 वर्षों से लगातार मिठाइयों को ऑर्डर दे रही है, लेकिन ऑर्डर उठा नहीं पा रही है। उनका काम नहीं चल पा रहा है, उनके नेता नहीं चल पा रहे हैं। इस बार भी उन्होंने जलेबी का आर्डर दिया था, लेकिन जलेबी भी नहीं चल पाई।
शपथ ग्रहण समारोह में जलेबी खिलाएंगे: केदार कश्यप
मंत्री कश्यप ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हम आमंत्रित करते हैं उनको (कांग्रेस को)। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में आए उस दिन उनको जलेबी खिलाएंगे। कांग्रेस के लोग बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे, उनके राष्ट्रीय प्रवक्ता कह रहे थे कि अपना नाम बदल लेंगे अब पता नहीं कौन सा नाम रखेंगे।
पूर्व मंत्री अमरजीत भगत पर ली चुटकी
छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले अमरजीत भगत ने भी हार पर मूंछ मुंडवाने का दावा किया था। इसे लेकर मंत्री केदार कश्यप ने चुटकी लेते हुए कहा कि मूंछ कटवाने की बात हुई थी, बाद में पता चला कि मूंछ छटवाया है। जिनकी मूंछ को जनता ने ही काट दिया है, वो तो अब मूंछ दिखाने के लायक भी नहीं रहे।
जम्मू-कश्मीर में हार को लेकर मंत्री कश्यप का बयान
वहीं उन्होंने जम्मू कश्मीर में आए परिणाम को लेकर कहा कि हमारा जो परफॉर्मेंस था, उससे वहां वोट प्रतिशत बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. आने वाले समय में बेहतर काम करेंगे, क्योंकि जम्मू कश्मीर भारत का ही अंग है। नरेंद्र मोदी की जो भी योजनाएं हैं उनका वहां कार्य नजर आया है।
रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
मंत्री कश्यप ने रायपुर दक्षिण विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार चुने जाने को लेकर विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए देश में नेता खोजना मुश्किल हो चुका है। कांग्रेस के बड़े नेता ही सर दर्द बन चुके हैं।
छत्तीसगढ़ में सेक्स एजुकेशन को लेकर बयान
वहीं सेक्स एजुकेशन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सेक्स एजुकेशन को वेस्टर्न कॉन्सेप्ट मानना गलत है। इससे युवाओं में अनैतिकता नहीं बढ़ती। इसलिए भारत में इसकी शिक्षा बेहद जरूरी है। छत्तीसगढ़ में सेक्स एजुकेशन को लेकर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हमारे बच्चों को गुड टच और बेड टच की जानकारी दी जाती है। इसे बेहतर और वृहद रूप में कैसे अच्छा करें, इस पर कार्य किया जाएगा।
वहीं छत्तीसगढ़ में महतारी सदन के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है। इसे लेकर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पंचायत मंत्री ने हमारी माता बहनों को सशक्त करने के लिए लगातार नई योजना बनाई है। निश्चित तौर पर माता बहनों के लिए कार्य किया है और इसी दिशा में महतारी सदन की भी स्वीकृति दी है।
रायपुर। कवर्धा जिले के लोहारीडीह गांव में घटित घटना पर कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर बनी हुई है, क्योंकि कांग्रेस के लिए सरकार को घेरने का सबसे बड़ा मुद्दा इन दिनों लोहारीडीह कांड से मिला हुआ है. कांग्रेस के तमाम बड़े नेता इस कांड पर सरकार को घेरने में पीछे नहीं रहे है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो लगातार प्रेसवार्ता कर सरकार से जवाब मांग रहे हैं.
आज एक बार फिर भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर प्रेसवार्ता कर उस सूची को जारी किया, जिसे अब तक पुलिस की ओर से जारी नहीं किया गया है. पूर्व मुख्यमंत्री ने रघुनाथ साहू हत्याकांड में दर्ज एफआईआर में 167 लोगों के नाम की सूची जारी की. बघेल ने बताया कि इस सूची में जो नाम शामिल हैं उनमें- 137 साहू समाज, 20 यादव समाज, 8 आदिवासी समाज, 1 मानिकपुरी समाज और 1 पटेल समाज से हैं.
बघेल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने विवेचना करने में बड़ी लापरवाही बरती है. पुलिस ने मृतक रघुनाथ साहू के बेटे विनोद साहू के बयान के आधार पर ही 167 लोगों के नाम एफआईआर दर्ज कर दी है, जबकि पूरे गांव का बयान लेना था, फिर कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और सभी को जेल में डाल दिया गया है.
उन्होंने कहा कि हद तो यह हो गई है कि कई ऐसे लोगों का नाम भी एफआईआर में दर्ज कर लिया गया, जो गांव में घटना के दिन थे ही नहीं. अभी बहुत से ऐसे लोग हैं, जो गांव से बाहर है उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. एफआईआर में अन्य लिखकर भी छोड़ गया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि कभी किसी का नाम इस घटना में जोड़ा जा सकता है. और तो और कई गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर किया गया है. यहां तक की मॉब लीचिंग के तहत पूरे देश में पहली एफआईआर 167 लोगों के खिलाफ इसी घटना में दर्ज की गई है. गांव वालों से यह भी पता चला है कि पुलिस ने एक-एक घर नाम दर्ज करने के लिए रजिस्टर लेकर घूमती रही है.
उन्होंने एफआईआर में दर्ज नाम के आधार पर सरकार से सवाल किया है कि अब सरकार ही बताए क्या पूरे गांव को फांसी दिलाना चाहती है ? क्योंकि आजीवन कारावास, मृत्युदंड जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तारियां की गई है. सरकार से हमारी यही मांग है कि इस मामले में दोबारा विवेचना की जाए. जो आरोपी है उन्हें गिरफ्तार करें, जो निर्दोष है उन्हें रिहा करे.
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोहारीडीह घटना पर सरकार से पांच सवाल किए हैं. इसके साथ ही उन्होंने कवर्धा को अपराध की राजधानी करार देते हुए इसके पीछे गृह मंत्री विजय शर्मा की भूमिका बताई. यही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने लोहारीडीह की घटना को लेकर गृहमंत्री पर स्थानीय लोगों को धमकाने का आरोप लगाया है. इन आरोपों पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा व विकास उपाध्याय की मौजूदगी में मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर में 31 नक्सलियों को ढेर करने में मिली सफलता पर जवानों को शुभकामनाएँ दी.
इसके साथ ही भूपेश बघेल ने लोहारीडीह घटना पर पाँच सवाल पूछे. इसमें पहला पत्र लिखने में बाद भी सरकार ने कचरू साहू के शव का दोबारा पोस्टमार्टम क्यों नहीं कराया. दूसरा प्रशांत साहू के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या निकला. तीसरा जो 69 लोग गिरफ्तार हुए थे, उनके खिलाफ धाराएं क्या लगी. 169 लोग कौन है, जिनपर FIR दर्ज किए हैं.
चौथा सवाल कि दंडाधिकारी के जांच का दायरा क्या है, किन-किन मामलों की जांच की होगी और अंत में दोषी पुलिस अफसरों के खिलाफ कब एफआईआर की जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि झनक नाम का व्यक्ति काचरू के साथ गया, लेकिन उससे कोई पूछताछ नहीं की गई. वह आज भी गाँव में खुलेआम घूम रहा है.
वहीं कवर्धा में अपराध बढ़ने का हवाला देते हुए कहा कि आज कवर्धा अपराध की राजधानी बन चुका है. हत्या, बलात्कार, जुआ-सट्टा कवर्धा में पूरे प्रदेश में सबसे ज़्यादा है. ये स्पष्ट है कि इसमें गृह मंत्री की भूमिका है. वहीं लोहारीडीह की घटना पर गृहमंत्री के लोगों को धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री ने बच्ची से कहा तुम बहुत ज्यादा मोबाइल में बात कर रही हो.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का पलटवार
उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लगाए आरोपों पर कहा कि पहले आप इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को इन्वेस्टिगेशन करने दीजिए, खुद इन्वेस्टिगेशन एजेंसी मत बनिए. मैं पूछना चाहता हूं कि बिरनपुर में भुनेश्वर साहू को मारा गया, उनके गृह मंत्री क्यों नहीं गए?. कवर्धा में जब लोगों को पीटा गया, तब मुख्यमंत्री क्यों नहीं गए?, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री थे. कवर्धा में गांव में एक परिवार के बीच का झगड़ा है, उसे शांत होने दीजिए. इन्वेस्टिगेशन पूरा होगा. सभी मामलो पर जाँच होगी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
रायपुर। कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, अपने कैलीबर को जनता के बीच उदय करने कांग्रेसी घूम रहे हैं. कांग्रेस अपनी जमीन तलाश रही है. गुटबाजी कांग्रेस की जननी है. विधानसभा और लोकसभा चुनाव हारे हैं, अब निकाय भी हारेंगे. मूणत ने कहा, थानों में जिनके खुद के नाम में जुर्म दर्ज है, वह न्याय की गुहार लगा रहे हैं. मूणत के इस बयान पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है.
बैज ने कहा, अब कांग्रेस क्या राजेश मूणत को पूछकर यात्रा निकालेगी. राजेश मूणत ने जिस मुद्दे को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की थी उसको प्रदेश की जनता ने देखा है. हमारे हर कार्यक्रमों में सीनियर नेता एक साथ मिलकर सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं. इसका नतीजा है कि सरकार पूरी तरह से घबराई है इसीलिए राजेश मूणत इस तरह का बयान दे रहे हैं.
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, यात्रा का समापन नहीं विराम है. 125 किमी यात्रा की शानदार सफलता के बाद प्रदेश की जनता तक अच्छा संदेश गया. प्रदेश में बढ़ते अपराध के बीच कांग्रेस की न्याय यात्रा से लोगों में उम्मीद जगी है. कांग्रेस ने न्याय की लड़ाई लड़ने का जनता को भरोसा दिलाया है. आगे नई रणनीति के साथ कांग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ लड़ने को तैयार है.