रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि टोकन काटने के बाद भी किसान अपना धान बेच नहीं पा रहे है, क्योंकि टोकन कटने की तारीख से 3 से 7 दिन बाद धान बेचने के लिये किसानों को बुलाया जा रहा है। साथ ही सोसाइटियों ने 2 दिसंबर तक टोकन काटने के बाद टोकन काटना बंद कर दिया है। सोसाइटियों को निर्देश है कि एक दिन में अधिकतम 752 क्विंटल यानी 1880 कट्टा धान ही खरीदा जाना है। ऐसे में एक किसान का शेष धान के लिये उसको आगामी दिनों की तारीख दी जा रही है। सरकार भले ही घोषणा कर रही है पूरा धान खरीदेंगे, लेकिन जिस रफ्तार से खरीदी हो रही उससे किसान चिंतित है।प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में फैली अव्यवस्था, बारदानों की कमी तथा टोकन के लिये सरकार द्वारा जारी किये गये निर्देशों तथा मीलरों द्वारा धान का उठाव नहीं करने के कारण किसान परेशान है। समितियों में बारदाने की कमी है। सरकार ने कहा है कि 50 प्रतिशत नये 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाये। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं है, जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि सरकार धान खरीदी सुचारू रूप से चलाने का झूठा दावा कर रही है। सरकार किसानों को तथा समस्या उठाने वालों को धमकाने के बजाय कमियां दुरूस्त करें। धान खरीदी केन्द्रों में फैली अव्यवस्था और सरकार द्वारा जारी फरमान के कारण किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही। सरकार दावा कर रही है कि सभी किसानों का पूरा धान 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से खरीदा जायेगा, लेकिन जिस रफ्तार से धान खरीदी हो रही है। सरकार द्वारा घोषित लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी होना असंभव है। सरकार के द्वारा 14 नवंबर से 31 जनवरी तक कुल 75 दिन के अंदर धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है, इसमें से 30 दिनों लगभग एक महिना से अधिक छुट्टी है, अर्थात लगभग 45 दिन ही सरकार धान खरीदी करेगी। मात्र 45 दिनों में 30 लाख से अधिक किसानों के धान की खरीदी संभव नही। प्रतिदिन 3.5 लाख से 4 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जायेगी तभी निर्धारित लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो पायेगी। पंजीकृत किसानों की संख्या बढ़ी है। रकबा बढ़ा है, पैदावार बढ़ा है, पैदावार भी ज्यादा हुआ है। प्रति एकड़ खरीदी की लिमिट भी बढ़ी है, अतः धान खरीदी अवधि अभी से बढ़ाने की घोषणा की जाये।
शुक्ला ने कहा कि धान की कीमत का भुगतान 3217 रू. में करें क्योंकि 3100 रू. भाजपा ने अपने चुनावी वायदे में कहा था। केन्द्र सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 117 रू. बढ़ा दिया है। इस कारण इस वर्ष धान की खरीदी 3100 रू. से बढ़ाकर 3217 रू. किया जाये। कांग्रेस के समय भी कांग्रेस ने धान का समर्थन मूल्य 2500 देने का वादा किया था लेकिन समर्थन मूल्य बढ़ने पर कांग्रेस ने 2640 रू. में धान खरीदी किया था।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है. अब पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने सरकार को चुनौती दी है. उन्होंने सरकार से पूछा है कि कितने किसानों को 10 हजार रुपए मिले हैं, बताएं.
पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने कहा, सीएम को चुनौती देता हूं कि बताएं कितने किसानों को पैसा मिल रहा है. जहां-जहां किसानों का क्रेडिट कार्ड है उन्हें कितना पैसा मिल रहा है. किसानों की मांग है कि एकमुश्त पैसा मिलना चाहिए, लेकिन सरकार की नियत ऐसी है कि वह चाहते हैं किसान बिचौलियों के पास धान बेचें.
धनेंद्र साहू ने कहा है कि किसानों को धान बेचने में कई समस्याएं हो रही है. सरकार से धान खरीदी की व्यवस्था संभल नहीं रही है. राइस मिलर्स धान का उठाव नहीं कर रहे हैं. कांग्रेस सरकार की धान को लेकर ज्यादा अच्छी पॉलिसी थी. डबल ट्रांसपोर्टिंग का पैसा सरकार को अब देना होगा.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था पर सियासत फिर गरमा गई है. पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ में अपराध की घटनाएं रुक नहीं रही है. कानून व्यवस्था सरकार के हाथों से निकल चुकी है. अगर यह सुशासन है तो कुशासन क्या है.
बैज ने कहा, बिलासपुर में अनाचार पीड़ित महिला सबके सामने रो रही है. रायपुर में बदमाश दुकान में घुसकर तोड़फोड़ कर देते हैं. गृहमंत्री क्या अब भी कहेंगे सरकार अच्छा काम कर रही है? वहीं रायपुर दक्षिण उपचुनाव पर बैज ने कहा, वरिष्ठ नेताओं के साथ हार की समीक्षा करेंगे.
दक्षिण उपचुनाव में हार की करेंगे समीक्षा
रायपुर दक्षिण उपचुनाव में हार को लेकर दीपक बैज ने कहा, कांग्रेस इस हार की समीक्षा करेगी. ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जाएगी. छत्तीसगढ़ में निकाय और पंचायत चुनाव के लिए भी बैठक होगी.
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा की करारी हार के बाद पार्टी एक बार फिर ईवीएम पर ठीकरा फोड़ रही है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हार के बाद मीडिया से चर्चा में कहा कि ईवीएम पर संदेह था, और हमेशा रहेगा.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा और कांग्रेस संचार अध्यक्ष सुनील आनंद शुक्ला के साथ प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस की हार में ईवीएम की भूमिका को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि मैं इस विषय में अभी कुछ नहीं कहूंगा. लेकिन ईवीएम पर संदेह था, और हमेशा रहेगा. वकील भी संघर्ष कर रहे हैं. रिजल्ट आए उसमें भी सवाल खड़े हुए. महाराष्ट्र में हो या कही और हो. ईपीएम पर संदेह रहेगा ही.
रायपुर दक्षिण उप चुनाव में करारी हार पर बैज ने कहा कि उपचुनाव किसी भी क्षेत्र में हो, सरकार ही जीतती है. रायपुर दक्षिण 34 साल से बीजेपी का गढ़ रहा है. मैं सभी को जीत की बधाई देता हूं. प्रियंका गांधी ऐतिहासिक जीत के साथ वायनाड की सांसद बनी हैं. झारखंड में चुनाव जीतने के लिए हेमंत सोरेन को बधाई. महाराष्ट्र में हम लोगों ने देखा कि परिणाम कुछ और आया है, और एक्जिट पोल में कुछ ओर था.
छत्तीसगढ़ की बात कहते हुए दीपक बैज ने कहा कि जनता के मुद्दों को लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा. वादा खिलाफी, बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दे हैं. धान खरीदी पर उन्होंने सरकार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया. इसके साथ उन्होंने कहा कि हम आम जनता के लिए खड़े रहेंगे.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब बंदी को लेकर सियासत जारी है. शराब बंदी का मामला अब अपराध के साथ-साथ धर्म के मुद्दे से भी जुड़ता नजर आ रहा है. सत्ताधारी भाजपा और विपक्ष की कांग्रेस पार्टी शराब बंदी को लेकर लगातार एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. छत्तीसगढ़ के पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने आज मीडिया से बातचीत में प्रदेश में शराब बंदी को लेकर सरकार के राम राज्य परिकल्पना पर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने कहा कि राम राज्य की परिकल्पना यह नहीं है. राम राज्य की परिकल्पना यह है कि भय मुक्त शासन चले. शराब परोसने की व्यवस्था पर रोक लगनी चाहिए. अगर सरकार शराब परोसने लगे, तो कौन रोकेगा? राम राज्य की परिकल्पना को आगे बढ़ाने का काम धरातल पर करना चाहिए. जहां नशे का कारोबार बढ़ेगा तब अपराध भी बढ़ेंगे.
धर्मांतरण पर पूर्व मंत्री अमरजीत का बयान
उन्होंने धर्मांतरण को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राजनीति में संवैधानिक व्यवस्था के तहत कानून बने हैं. भारत धर्म निरपेक्ष राष्ट्र है, सबको पूजा विधि मानने का संवैधानिक अधिकार है. अगर कोई कानून को तोड़ता है, तो उनके खिलाफ कार्रवाई होने चाहिए. सरकार बहुत सारी बातें बोलती है लेकिन करती नहीं है. लोगों की भावनाओं को अपने पक्ष में करने बातें बोलते रहती है.
राज्य सरकार पर धान खरीदी में कालाबाजारी का लगाया आरोप
इन दिनों प्रदेश में धान खरीदी का दौर जारी है. इसे लेकर भी पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने राज्य सरकार को घेरा है. उन्होंने राज्य सरकार पर धान खरीदी की कालाबाजारी करने के आरोप लगाए है. पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कई धान खरीदी केंद्रों में अब तक बोहनी नहीं हुई. एक लिमिट टाइम में कैसे खरीदी और तौलाई होगा. धान खरीदी में इससे कालाबाजारी की संभावना बढ़ जाती है. खेल में माहिर बिचौलिये धान खपाने की कोशिश कर रहे हैं.
राज्य सरकार का मॉनिटरिंग सिस्टम फेल है. एक से 14 नवंबर तक लोगों को स्टॉक करने का कारण मिल गया है. राज्य सरकार ने इसमें कोई कार्रवाई नहीं की है. स्टॉक का ना कोई वेरिफिकेशन हुआ, ना जांच हुई. दूसरे राज्यों से जो धान आते हैं, उसे रोकने के लिए सुरक्षा होनी चाहिए. सरकार की नीति प्रदेश के किसानों के लिए है, इसका हक दूसरे के प्रदेश के लोग ना मारें.
प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर पूर्व मंत्री भगत का बयान
छत्तीसगढ़ में लगातार सामने आ रहे आपराधिक घटनाओं को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने राज्य की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की जवाबदारी कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने की है. सरगुजा से बस्तर, मध्य क्षेत्र, राजधानी में हर दिन घटना हो रही है. घटनाओं से लोग चिंतित है और अपराधियों के हौसले बुलंद है. सरकार को नए सिरे से समीक्षा करने की जरूरत है. लोगों को लगना चाहिए कि सरकार उनकी सुरक्षा के लिए चिंतित है. अपराध के नए नए तरीकों पर रोक लगाना जरूरी है.
रायपुर दक्षिण उपचुनाव में ईवीएम पर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का बयान
बता दें 13 नवंबर को रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई. इससे पहले कांग्रेस ने ईवीएम पर सवाल खड़े किए थे. इसे लेकर उन्होंने कहा कि EVM पर प्रश्न आज भी खड़े हैं. पिछले चुनाव से EVM पर प्रश्न आज भी चल रहे हैं. जहां पारदर्शिता नहीं है, ऐसे सिस्टम को लागू करना प्रजातंत्र में उचित नहीं. जिसके ऊपर भी प्रश्न उठा है, उसे बंद कर देना चाहिए.
रायपुर। बिटकॉइन मामले में ईडी की कार्रवाई पर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमाई हुई है. पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भाजपा के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि मैं किसी गौरव मेहता को नहीं जानता. बीजेपी अगर मेरा नाम ले रही है, तो किस प्रूफ के साथ ले रही है? आरोप लगाने वालों के ऊपर मानहानि का केस दर्ज करूंगा. बता दें कि इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए पूछा है कि गौरव मेहता और भूपेश बघेल के बीच क्या रिश्ता है ? उन्होंने कहा है कि गौरव मेहता के साथ किसका संबंध है, जांच में सब सामने आ जाएगा.
धान खरीदी को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा, सभी कलेक्टरों को आदेश है कि अनावरी को कम बताया जाए. राज्य सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है. छोटे किसानों को धान खरीदी की नीति में नुकसान हो रहा है. बायोमेट्रिक व्यवस्था से भी धान खरीदी में परेशानी हो रही है. बड़े और छोटे किसानों को टोकन देने में देरी की जा रही है. कई जगह बारदाने की कमी है, 72 घंटे में भुगतान नहीं हो रहा है. धान संग्रहण केंद्रों में धान जाम हो रहा है. सरकार किसानों से धान नहीं खरीदना चाहती.
निकाय और पंचयात चुनाव को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा, सरकार समय पर चुनाव नहीं कराना चाहती. संविधान के अनुसार 5 वर्ष से पूर्व चुनाव कराना जरूरी है, लेकिन खबर है कि राज्य सरकार ने संविधान के विपरीत अधिसूचना जारी की है. सरकार ने 6 माह बाद चुनाव के लिए प्रावधान किया है.
मनेंद्रगढ़। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का बड़ा आरोप लगाया है. कमरो ने कहा है कि सरकार निर्धारित मात्रा में किसानों का धान नहीं खरीद रही है. 21 क्विंटल खरीदी का दावा किया गया था लेकिन सिर्फ 15 क्विंटल की खरीदी की जा रही है.
पूर्व विधायक कमरो ने धान खरीदी केंद्रों का जायजा लेने के बाद भाजपा सरकार पर यह आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि 21 क्विंटल धान खरीदी नहीं होने पर कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर जल्द ही बड़ा आंदोलन करेगी.
विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा धान खरीदी रहा
बता दें कि छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनाव में धान खरीदी सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा रहा है. कांग्रेस ने तो सरकार में रहते हुए ही प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान लागू कर दिया था. इसके बाद दोनों ही पार्टी ने किसानों को ध्यान में रखते हुए घोषणा पत्र तैयार किया था. कांग्रेस ने प्रति एकड़ 20 क्विंटल और प्रति क्विंटल 3200 रुपए में धान खरीदने का वादा किया था. वहीं बीजेपी ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल और प्रति क्विंटल 3100 रुपए में धान खरीदी का वादा किया था.
रायपुर। राजधानी में लगातार अपराध बढ़ रहे. बीते 24 घंटे में तीन हत्याएं हुई है. बढ़ते अपराध को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, भाजपा ने रायपुर को अपराध का गढ़ बना दिया है. महिला-बहनें शहर में सुरक्षित नहीं है. अपराधी अपराध करते हैं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करते हैं. इतनी हिम्मत कहां से आ रही है, कोई ना कोई संरक्षण दे रहा होगा. वहीं भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा है कि जो कानून को हाथ में लेगा उसे उसी की भाषा में जवाब मिलेगा. अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी.
CGPSC मामले में टामन सोनवानी को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में विकास उपाध्याय ने कहा, CSR मद से 45 लाख रुपए NGO में भेजने का जिक्र प्रेस नोट में हुआ है. जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा, भाजपा 15 साल में 14 सीट पर सिमट कर रह गए थे. अगर किसी ने गलती की है तो उसको सजा मिलनी चाहिए. कार्रवाई होनी चाहिए. किन परिस्थितियों में किस व्यवस्था में पैसा डाला गया, उसकी पूरी जांच होनी चाहिए. अगर कोई गलत काम हुआ है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए.
जानबूझकर राइस मिलरों का पेमेंट नहीं कर रही सरकार
धान खरीदी के बीच में राइस मिलर्स असहयोग आंदोलन कर रहे. इस पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा, पिछले 5 साल में राइस मिलों को इतना फायदा पहुंचा कि कई राइस मील खुल गए. बीजेपी की नीति और सोच किसानों को परेशान करने वाली है. जब राइस मिल वाला परेशान होगा तो किसान भी परेशान होगा. पिछले 5 साल राइस मिल वालों को इतनी पर्याप्त मात्रा में धान मिलता था कि वह उसका मिलिंग करते थे. बीजेपी की सोची समझी साजिश है. सरकार जानबूझकर उनका पेमेंट नहीं कर रही है.
संदेह होगा तो सवाल तो उठेगा : उपाध्याय
मुख्यमंत्री के EVM वाले बयान पर विकास उपाध्याय ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा, EVM पर सवालिया निशान पूरे देश में है. अभी जो रीसेंट में चुनाव हुआ था पूरे देश का सबसे बड़ा चुनाव हुआ था. उस पर भी लोगों ने सवाल उठाया. जहां संदेह होगा वहां पर लोग कहेंगे. मशीन को लेकर लोगों में संदेह है. सामान्य आदमी से आप पूछोगे तो मशीन पर संदेह की बात करेगा. अगर संदेह होगा तो कुछ ना कुछ गड़बड़ी जरूर होगी.
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : राजेश मूणत
राजधानी में लगातार हो रहे अपराध को लेकर विधायक राजेश मूणत ने कहा है कि पुलिस के जूते का वजन दिखना चाहिए. साय सरकार का सख्त आदेश है. कोई भी कानून को हाथ में लेगा उसको उसी भाषा में जवाब मिलेगा. यदि कोई नियमों का उल्लंघन कर रहा है तो साक्ष्य प्रस्तुत कीजिए, उनके खिलाफ शासन सख्त कार्रवाई करेगा।
रायपुर। विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर अधिसूचना जारी हो गई है. इस बार शीतकालीन सत्र की अवधि 4 दिन होने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, विधानसभा सत्र की तिथि घोषित हो गई है. 4 दिन का समय काफी कम है क्योंकि मुद्दे ज्यादा हैं. जनता में सरकार के खिलाफ आक्रोश है. हम सड़क से लेकर सदन तक जनता की लड़ाई लड़ रहे हैं. विधानसभा सत्र की तिथि बढ़ना चाहिए. हम इसकी मांग करते हैं. वहीं सीजीपीएससी मामले में बैज ने कहा, निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए. बदले की भावना से जांच नहीं होनी चाहिए.
रायपुर में डबल मर्डर मामले में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, दीपावली के बाद ही 17 से अधिक घटनाएं हुई है. एक को पुरानी बस्ती में जिन्दा जलाया गया. विधानसभा क्षेत्र में डबल मर्डर का मामला आया है. अपराध पर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है. इनसे प्रदेश की कानून व्यवस्था संभल नहीं रही है.
सीजीपीएससी मामले में बैज ने कहा – निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए
CGPSC मामले में टामन सोनवानी की गिरफ्तारी पर बैज ने कहा, कोई गड़बड़ी है तो निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए. जिस तरीके से सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक भावना से प्रेरित होकर पूरे सरकार को बदनाम करने का काम किया, अगर कोई वास्तव में गड़बड़ी है तो निश्चित रूप से निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए, लेकिन राजनीतिक बदले की भावना से जांच नहीं होनी चाहिए. कांग्रेस का कार्यकाल ही नहीं, पिछले 15 साल में बहुत सारे गोलमाल हुए हैं. बहुत सारे अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए इस तरीके का काम हुआ है. क्या सरकार पिछले 15 सालों को कभी जांच कराएगी? राजनीतिक बदले की भावना से काम नहीं होना चाहिए. अगर कोई दोषी है तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने एक बार फिर सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा है. अबकी बार उन्होंने गुरु घासीदास तमोर पिंगला को टाइगर रिजर्व के तौर पर केंद्र सरकार के बाद साय सरकार द्वारा अधिसूचित किए जाने की खबर के साथ इस कवायद पर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा अडंगा डाले जाने का जिक्र किया है.
पंकज कुमार झा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर किए अपने पोस्ट में कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि अदानी-अदानी चिल्लाने वाली कांग्रेस की दरअसल, छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों पर नजर थी, और जब छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटा दिया तो उसी अदानी से तेलंगाना के जरिए पैसा वसूल रही है.
झा ने इसके साथ ही तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व का जिक्र करते हुए कहा कि साय सरकार के नोटिफिकेशन के साथ ही गुरु घासीदास अभयारण्य देश का तीसरा बड़ा ‘टाइगर रिजर्व’ होगा. इस टाइगर रिजर्व को मोदी सरकार ने 2021 में ही यह स्वीकृति दे दी थी लेकिन छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल की सरकार ने इसके नोटिफिकेशन पर इसलिए रोक लगा दी, क्योंकि फिर इस क्षेत्र का खनिज आदि का दोहन वह नहीं कर पाती.
उन्होंने अपने तीखे लेख के अंत में लिखा है कि मैं हमेशा कहता हूं कि कांगरेड जिसकी भी भलाई की बात करने लगे, समझ लीजिए उसकी शामत आने वाली है…
रायपुर। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने BJP सरकार पर रबी फसलों के लिए जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा है कि धमतरी, राजनांदगांव और रायपुर जिले के कलेक्टरों द्वारा आदेश जारी कर धान बोने वाले किसानों को हतोत्साहित किया जा रहा है. धान की जगह दलहन-तिलहन बोने के आदेश जारी किए गए हैं. वहीं धान बोने पर किसानों पर कार्रवाई करने और जुर्माना लगाने मौखिक आदेश भी दिया गया है. इस आदेश का कांग्रेस विरोध करेगी. वहीं भाजपा महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने इस आदेश पर कहा है कि किसानों पर कोई दबाव नहीं है.
दरअसल छत्तीसगढ़ में अक्टूबर से दिसंबर तक रबी फसलों की बोवाई होती है, जहां ज्यादातर किसान ठंड में भी धान की बोवाई करते हैं. बोवाई को लेकर तीन जिला कलेक्टरों द्वारा जारी किए गए आदेश पर अब सवाल उठने लगा है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने बताया कि सारे गांव से जानकारी मिल रही है कि कोटवारों द्वारा मुनादी कराकर धान की फसल नहीं लेने की धमकी दी जा रही. साथ ही धान बोने पर जुर्माना लगाकर कार्रवाई भी करने की चेतावनी दी जा रही है.
धनेंद्र साहू ने ये भी कहा आदेश लिखित में न देकर मौखिक आदेश अधिकारियों द्वारा दिया जा रहा है. धमतरी, राजनांदगांव और रायपुर जिले के कलेक्टरों द्वारा आदेश जारी कर धान की जगह दलहन-तिलहन की खेती करने किसानों पर दबाव बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा, किसानों का अधिकार है कि खेत के अनुकूल फसल लगाए. किसान कोई अफ़ीम या गांजा नहीं उगा रहे, जिसे सरकार बैन कर रही है, लेकिन अब ऐसा फरमान सरकार ने जारी किया है, जिससे सरकार की नीति पर सवाल उठ रहा है. किसान विरोधी नीति भाजपा सरकार ने लाई है.
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू ने इस बात को भी उजागर किया कि रमन सरकार के वक़्त भी सरकार ने ऐसा आदेश जारी किया था, जिसे बाद में विरोध के कारण वापस ले लिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल इस किसान विरोधी आदेश को निरस्त करना चाहिए.
किसानों पर कोई दबाव नहीं : भाजपा
रबी सीजन में धान बुआई नहीं करने के आदेश पर भाजपा महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा, मूलतः छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है. इसमें किसी प्रकार का संशय नहीं है कि धान हमारे लिए प्राथमिकता है. बदलते समय में किसानों को कौन सी फसल लगानी है और उसके लाभ के लिए विचार मंथन होता है, इसके लिए जरूरी नहीं कि इसमें कार्यवाही होगी. किसानों ऊपर कोई दबाव नहीं है. किसान यदि आज 100 रुपए कमा रहा है तो कल 200 कैसे कमाए, इसकी जानकारी देना सरकार की जिम्मेदारी है.
दुर्ग। जिले की वैशाली नगर सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक रिकेश सेन ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। रिकेश सेन ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल लगातार अनर्गल ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी और प्रदेश की साय सरकार को बदनाम कर रहे हैं।
विधायक सेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने हाल ही में अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट में यह टिप्पणी की थी कि “छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार में स्कूल बंद और स्कॉच शुरू है।” इस बयान को लेकर रिकेश सेन ने पूछा कि ‘कौन सा स्कूल बंद हुआ है’, उन्होंने कहा कि यह पूर्व सीएम का यह आरोप पूरी तरह से आधारहीन और भ्रामक है। बता दें कि विधायक सेन ने सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा को शिकायत पत्र सौंपा और दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला के नाम भी शिकायत दी है। उन्होंने आगे कहा कि यदि भूपेश बघेल द्वारा किए गए इन ट्वीट्स का सही जवाब नहीं मिलता है, तो वह इसका जवाब मांगने उनके घर भी जाएंगे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल सोशल मीडिया पर छत्तीसगढ़ की साय सरकार की नीतियों और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार पोस्ट करते रहते है। हाल ही में उन्होंने डिप्टी सीएम अरुण साव और विधायक अजय चंद्राकर का वीडियो साझा कर छत्तीसगढ़ में शराब बंदी को लेकर तंज कस्ते हुए पोस्ट किया था, जिसके कैप्शन में उन्होंने #स्कूल_बंद स्कॉच_शुरू लिखा है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ मदिरा प्रेमियों के लिए लॉच किए गए मनपसंद एप पर सियासत शुरू हो गई है. विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने पलटवार किया है. बैज ने कहा है कि कांग्रेस में सभी कार्यकर्ता से लेकर नेता मर्द हैं. बीजेपी में सिर्फ विजय बघेल मर्द हैं. यदि अजय चंद्राकर को शक है तो बंद कमरे में भूपेश बघेल से बातचीत कर लें, समझ आ जाएगा.
वहीं नई उद्योग नीति को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने नई उद्योग नीति को फेल बताते हुए कहा, दो करोड़ नौकरी देने वाले 10 साल में अब तक नौकरी नहीं दे पाए. उद्योग नीति यह सफल नहीं हो सकती. आम जनता से लेकर उद्योगपति सभी नाराज हैं. नई उद्योग नीति फेल है. नगरीय निकाय चुनाव में ये साफ हो जाएगा.
हमेशा से आदिवासियों की विरोधी रही है भाजपा : बैज
जनजातीय गौरव दिवस में मंत्री रामविचार नेताम के बयान पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा, मोदी बीजेपी के भगवान हो सकते हैं, लेकिन आदिवासियों और देश की जनता के नहीं. जनजातीय गौरव दिवस को लेकर बैज ने कहा, भाजपा हमेशा से आदिवासियों की विरोधी रही है. आदिवासियों को जेल भेजना, फ़र्ज़ी एनकाउंटर करना, 15 साल की सरकार में आदिवासियों पर बीजेपी ने अत्याचार किया. हमारी सरकार ने उन्हें छुड़ाने, जल जंगल ज़मीन दिलाने का काम किया इसलिए बीजेपी ढोंग करना बंद करे.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब मामले को लेकर सियासी घमासान तेज होता नजर आ रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पीसीसी चीफ ने हाल ही में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर से जुड़ा एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इसमें विधायक अजय चंद्राकर शराब के मुद्दे पर बयान देते नजर आए. इसके बाद अब विधायक अजय चंद्राकर ने पूर्व सीएम बघेल पर जमकर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अगर भूपेश बघेल में थोड़ी भी राजनीतिक नैतिकता है, तो मेरा पूरा वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट और कांग्रेस के पेज पर शेयर करें. उन्होंने आगे कहा- पूर्व सीएम चुनौती स्वीकार करें. मर्दों जैसी राजनीति करें. नहीं, तो जाकर फिर टेस्टोस्टेरोन-टेस्ट कराए…
बता दें, आबकारी विभाग ने शराब प्रेमियों के लिए एक नया ऐप बनाया है. इसे लेकर गुरुवार को पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा था कि नकली माल से लोग बचेंगे और असली माल पियेंगे. वहीं शराब बंदी पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा था- शराब बंदी कभी बीजेपी का मुद्दा था ही नहीं, शराबंदी कांग्रेस का मुद्दा था. झूठ-मूठ का गंगाजल की कसम खाने वाली ऐसी राजनीति बीजेपी नहीं करती.
वहीं अब पूर्व सीएम द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो को लेकर विधायक अजय चंद्राकर ने उन्हें पूरी वीडियो अपलोड करने की चुनौती देते हुए कहा कि इससे कांग्रेस की करतूत और उनका दृष्टिकोण जनता के सामने आ आएगी, कि शराब बंदी हमने कहा था, या उन्होंने कहा था.
भाजपा विधायक ने पूर्व सीएम बघेल पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह सोचते थे कि भूपेश बघेल मर्दों जैसी राजनीति करते हैं. एक साल के अंदर भूपेश बघेल इतने मुद्दा विहीन हो गए हैं कि उनको एडिट वीडियो के सहारे नेतागिरी चमकानी पड़ रही है. उन्होंने आगे कहा कि “पूर्व सीएम चुनौती स्वीकार करें. मर्दों जैसी राजनीति करें. नहीं, तो जाकर फिर टेस्टोस्टेरोन-टेस्ट कराए…
देखें पूर्व सीएम की तरफ से पोस्ट किया गया विधायक अजय चंद्राकर का वीडियो:
रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनजातीय महोत्सव पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा, आदिवासी महोत्सव के नाम से कांग्रेस कार्यकाल में कार्यक्रम होता था. बीजेपी सरकार को आदिवासी शब्द से नफरत क्यों है? भाजपा सरकार प्रदेश को लूटने का काम कर रही है. जल, जंगल और जमीन को छीनने का काम बीजेपी कर रही है. इस कार्यक्रम से कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
धान खरीदी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा, धान खरीदी की आज शुरुआत हो चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने मांग की थी कि 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो. जानबूझकर सरकार ने 15 दिन लेट धान खरीदी की शुरुआत की. धान खरीदी में कुछ भी व्यवस्थित नहीं है. 15 दिन से किसान धान को लेकर खेतों में रखवाली कर रहे थे. किसानों को इससे काफी नुकसान होगा.
रायपुर दक्षिण उपचुनाव जीत रही कांग्रेस : बैज
रायपुर दक्षिण उपचुनाव को लेकर पीसीसी चीफ बैज ने कहा, उपचुनाव कांग्रेस पार्टी जीत रही है. परिवर्तन के लिए दक्षिण के मतदाताओं ने मतदान किया. मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं. सभी कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओ ने भी ईमानदारी के साथ प्रचार किया. चुनाव कांग्रेस जीत रही है.
अजय चंद्राकर के बयान पर किया पलटवार
आबकारी विभाग की ऐप को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार को घेरा. विधायक अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा, ये सरकार की नई पालिसी है. स्कूलों में डस्टर नहीं है, टीचर नहीं है, फैकल्टी नहीं है, इसके लिए ऐप क्यों नहीं जारी की? शिक्षा मंत्री नहीं है, कोई व्यवस्था नहीं है और ऐसा बयान दे रहे. अजय चंद्राकर बेशर्मी की हदें पार कर चुके हैं.
रायपुर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी जनता को प्रलोभन देने के लिए सोने के सिक्के बांट रही है. दीपक बैज ने चुनाव आयोग से इस पर संज्ञान लेने की मांग की है.
दरअसल, आज कांग्रेस भवन में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने दक्षिण उपचुनाव को लेकर कांग्रेस के मुद्दे और रणनीति को लेकर जानकारी दी. इसी बीच उन्होंने बीजेपी पर जनता को प्रलोभन देने अलग-अलग सामग्रियां बांटने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग को संज्ञान में लेने की बात कही.
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा बीजेपी दक्षिण का उपचुनाव जीतने के लिए हर हथकंडे अपना रही है. इससे साफ़ होता है कि बीजेपी डरी हुई है. उन्होंने कहा बीजेपी बिछिया, पायल, साड़ी, 5 सौ से एक हजार का नोट, ताश की गड्डी, सोने के सिक्के, दारू और अंटा गोलियां बांट रही है. इससे पता चलता है कि बीजेपी कितनी डरी हुई है.
उन्होंने इस पर चुनाव आयोग को संज्ञान में लेने की भी बात कही. दीपक बैज ने कहा, बीजेपी चुनाव जीतने के लिए खुलेआम नियमों का उल्लंघन कर रही है. लेकिन दक्षिण की जनता ने ठान लिया है कि इनके सोने, कंबल, साड़ी सब कुछ ले लेंगे लेकिन वोट कांग्रेस को ही देंगे.
रायपुर। रायपुर दक्षिण उप चुनाव में फिर से स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा गरमा गया है. पूर्व मंत्री एवं विधायक अजय चंद्राकर ने चुनाव में प्रचार कर रहे कांग्रेस प्रभारी और कांग्रेस प्रत्याशी, दोनों को बाहरी बताते हुए भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को स्थानीय बताया है.
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मीडिया से चर्चा में रायपुर दक्षिण में प्रचार में जुटे कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे के खिलाफ कुछ भी कहने से इंकार करते हुए उन्होंने बीजेपी की टीम का हिस्सा बताते हुए नेट बॉलर करार दिया है.
इसके अलावा दक्षिण में बीजेपी द्वारा ताश के डिब्बे बांटने के पीसीसी चीफ दीपक बैज के आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि भाजपा ऐसा काम नहीं करती है. दीपक बैज ने किसी दुकान या सटोरी से ताश की डिब्बी ली होगी. कांग्रेस ऐसे ही लोगों की पार्टी है.
वहीं दीपक बैज के भिलाई में बदमाश के एनकाउंटर को लेकर दिए गए बयानों पर आपत्ति जताते हुए भाजपा विधायक ने छत्तीसगढ़ के हर अपराध से कांग्रेस का संबंध बताया. अजय चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस को अपराध, एनकाउंटर और नक्सल के बारे में बोलने का अधिकार नहीं है. दीपक बैज कांग्रेस के अध्यक्ष नहीं, भूपेश बघेल के प्रवक्ता लगते हैं. सुशीलानंद की जगह दीपक बैज को ले लेनी चाहिए.
इसके अलावा संत राजीव लोचन के चार बच्चे पैदा करने वाले बयान पर कांग्रेस नेता कवासी लखमा और अमरजीत भगत के बयानों पर विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कवासी लखमा दूसरों की भाषा बोलते हैं, नहीं बोलेंगे तो पवित्र गठबंधन टूट जाएगा. पूर्व मंत्री अमरजीत भगत पर कहा कि प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करने से पहले अपना क़द देख लें. ये भी देख ले कि कपड़े कितने साफ़ हैं.
रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज अलग-अलग जगहों में जनसभा को संबोधित किया. भूपेश बघेल ने तीन जनसभाएं चंगोराभाठा, कुशालपुर और सिविल लाइन में की. वहीं पीसीसी चीफ बैज ने पुरानी बस्ती में जनसंपर्क किया और सिविल लाइन वार्ड श्याम नगर में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा के पक्ष में वोट की अपील की.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि दक्षिण उपचुनाव को लेकर 13 तारीख को वोटिंग होना है. 13 तारीख को जब वोट होगा तो दक्षिण विधानसभा को नया विधायक मिलेगा. क्योंकि 34 साल से एक विधायक ही जीतता रहा और कुछ काम नहीं हुआ. लेकिन जनता अब बदलाव चाहती है इस बार बदलाव का लहर चल चुका है और इस बदलाव के लहर को दुनिया की ताकत नहीं रोक सकती. आप सभी का आर्शीवाद कांग्रेस पार्टी के लिये है. 10 महीने हुये इस सरकार को लेकिन छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया है. बस्तर से लेकर सरगुजा तक और रायपुर अपराध का गढ़ बन गया है. रायपुर में दिन दहाड़े गोली चलती है और बलौदाबाजार में कलेक्टर और एसपी आफिस जला दिये गये. कलेक्टर और एसपी दरवाजे के पीछे से भाग जाते है. कवर्धा के लोहारीडीह में तीन साहू समाज के लोगों की हत्या हो जाती है. एक को फांसी में टांगकर मार दिया जाता है उनकी बेटी कहती है कि यह हत्या है और सरकार कहती आत्महत्या है. यह घटना सरकार की लापरवाही को उजागर करती है. सूरजपुर में जिला बदर व्यक्ति दिन दहाड़े हत्या करके चला जाता है बलरामपुर में पुलिस की पिटाई से एक व्यक्ति की मौत हो जाती है और कह रहे थे कि बाथरूम में फांसी लगा लिया ऐसी हो ही नहीं सकता. पुलिस प्रशासन की लापरवाही को उजागर करता है. सरगुजा में दिन दहाड़े लूट हो जाता है और मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर में गोली चलता है और प्रदेश का सबसे बड़ा जेल रायपुर सेन्ट्रल जेल के पास गोली चलता है यह सरकार का हाल है. दीपावली के 5 दिन के अंदर 9 हत्या हो जाता है. बस्तर से पढ़ने आये छात्र की चाकू मारकर हत्या हो जाता है. रायपुर सुरक्षित नहीं है, रायपुर अपराध का गढ़ बन चुका है. सबसे जरूरी यह है कि अपराध को रोकना है और आपका एक-एक वोट अपराध के खिलाफ होगा. महतारी वंदन के नाम पर सरकार को सत्ता मिली. लेकिन चुनाव जीतने के बाद आधे लोगों को इस योजना का लाभ मिला और जिसको लाभ मिल रहा है उसको भाजपा के नेता धमकाने का काम कर रहे कि हमे वोट दो नही तो इस योजना का पैसा नही मिलेगा.
उन्होंने कहा, भाजपा के नेता चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किये थे लेकिन चुनाव जीते ही वादों को भूल गये. 500 रू में गैस सिलेंडर देने का वादा किये थे यह भी भूल गये. चार साल जब बीत जायेगा तब पांचवे साल गैस सिलेंडर देंगे और बोलेंगे हमने वादा पूरा किया लेकिन जनता समझदार यह भाजपा के बातों में आने वाली नही है. भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओें को धोखा देने का काम किया, युवा मंत्रियो के बंगले के बाहर नौकरी के लिये आंदोलन कर रहे तो मंत्री लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे है. इसलिये दक्षिण की जनता परिवर्तन करेगी, दो प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे पहला भाजपा का प्रत्याशी सुनील सोनी जो महापौर और सांसद रह चुके है लेकिन सबसे निष्क्रिय सांसद रहे है. दूसरी तरफ हमारी पार्टी ने आकाश शर्मा को टिकट दिया और टिकट मिलते ही उन्होंने सुनील सोनी से प्रश्न किया कि आपके शासनकाल के कोई भी तीन कार्य गिना दीजीये लेकिन उन्होंने तीन काम भी नही गिना पाया. एक तरफ निष्क्रिय चेहरा है और दूसरी तरफ युवा और सक्रिय चेहरा है. हमारा प्रत्याशी आकाश शर्मा चुनाव जीतेगा. आपका काम के लिये स्वतंत्र व सक्षम रूप से जब चाहे तब आपका काम कर सकता है. दक्षिण विधानसभा में इसलिये बदलाव है.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपचुनाव बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफा देने के कारण हो रहा है. पहले वह भारतीय जनता पार्टी के मंत्री थे और भाजपा को बर्दाश्त नहीं हुआ तो मंत्री पद से हटा के लोकसभा का टिकट दे दिया और वह मंत्री पद से भी इस्तीफा नहीं देना चाहते थे लेकिन भाजपा के अंदर जो अन्दरूनी लड़ाई चल रहा है जिसके चलते वह मजबूरी में बृजमोहन अग्रवाल को इस्तीफा देना पड़ा और बृजमोहन अग्रवाल को सांसद बना के केन्द्र में भेज दिया गया. जिसके बाद यह दक्षिण विधानसभा का सीट खाली हुआ और वहां फिर से उपचुनाव हो रहा है. भाजपा के बहुत से नेता टिकट का मांग कर रहे थे. सबको दरकिनार कर के जो सबसे निष्क्रिय है जो कभी महापौर, कभी सांसद के लिये फिट कर देते है जो कोई काम के नहीं है उनको प्रत्याशी बना के भाजपा ने भेज दिया है. जब वह सांसद थे तब वह एक भी पैसा का काम नहीं किया और जब वे महापौर थे तब भी कोई उपलब्धि नहीं हुई. जो हाल प्रत्याशी के है वैसी ही हाल अभी सरकार के भी है. विष्णुदेव सरकार में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में जितना भी योजना शुरू किये थे उन सभी योजनाओं को बंद कर रहे है. बिजली बिल माफी योजना के लाभ मिल रहा था वह बंद हो गया, हाट बाजार क्लिनिक योजना जिसमें दवाइयां मुफ्त में दिया जाता था उसको बंद कर दिया गया, राजीव युवा मितान के माध्यम से 50 रू. में घर पहुंच सेवा मिल रहा था 13 प्रकार के जैसे राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र जैसे अनेको काम को भाजपा की सरकार ने बंद करवा दिया. जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से नगर निगम में एक भी पैसा विकास के लिये नहीं दिये है, चाहे रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग भिलाई, महासमुंद हो कोई भी जगह विकास कार्य के लिये भाजपा के सरकार ने एक भी पैसा नहीं दिया. जो भी योजना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने चालू करवाया था सब को बंद कर दिया गया.
बघेल ने कहा, छत्तीसगढ़ के मान और सम्मान को बढ़ाने के लिए जो राज गीत छत्तीसगढ़ के लिए घोषित किये थे जो हर जिला मुख्यालय में छत्तीसगढ़ महतारी के मूर्ती के स्थापना किये और हरेली, तीजा, कर्मा जंयती, छेरछेरा पुन्नी के त्योहार की छुट्टी घोषित किये और छत्तीसगढ़ीया ओलंपिक की भी शुरूआत पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में किया, जहां स्कूल के बच्चो के साथ-साथ 50 से 60 साल के सियान महिला भी फुगड़ी और कबड्डी खेलते थे और अच्छे से अच्छे आयोजन किया जा रहा था, जिसको भाजपा की सरकार आने के बाद छत्तीसगढ़ीया ओलंपिक को बंद कर दिया. विश्व आदिवासी दिवस की छुट्टी घोषित किये थे बड़े से बड़े आयोजन होते थे पूरे प्रदेश में उसको भी बंद कर दिया. जितने भी समाज है पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय जमीन दिये, भवन निर्माण करवाया और हरदीहा साहू समाज जहां कांदूल में 5 एकड़ जमीन साहू समाज को दिया गया. लेकिन भाजपा के सरकार ने जीतने भी समाज की पैसा स्वीकृत किये थे टेंडर को उसको निरस्त कर दिया गया. छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने का काम पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुआ. वर्तमान में राशन कार्ड जो मिल रहा है उसमें पांच किलो लिखा है जो चुनाव के वजह से 35 किलो दे रहे है और यह नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनाव तक रहेगा जिसके बाद जो कार्ड में छपे पांच किलो उतना ही चावल दिया जायेगा.
भूपेश बघेल ने कहा, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में राशन कार्ड बनाने में कोई दिक्कत नहीं हो रहा था अब भाजपा की सरकार में नया राशन कार्ड बनवाना बंद कर दिया. भाजपा महतारी योजना के बात करती है जिसमें से कुछ महतारी को पैसा मिल रहा है और कुछ महतारी को पैसा नहीं मिल रहा है. आंगबाड़ी कार्यकर्ता आंदोलन में है पैसा नहीं मिलने के कारण और शिक्षक आंदोलन में भर्ती प्रक्रिया नहीं होने कारण. भाजपा के सरकार में केवल लूट मचा है और कमीशनखोरी में भाजपा की सरकार लगी हुयी है. आज छत्तीसगढ़ में कोई सुरक्षित नहीं है राजधानी रायपुर में ऐसा कोई भी दिन नहीं है जिसमें चोरी, हत्या, डकैती और चाकू बाजी न हो. आज पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था तार-तार हो गया है. आज स्कूल में बच्ची सुरक्षित नहीं है, कालेज में बेटी सुरक्षित नहीं है, बस स्टैण्ड में बहने सुरक्षित नहीं है, आज कोई आदमी सुरक्षित नहीं है. ये विष्णु का सुशासन है बोल रहा है. इससे बड़ा कुशासन कोई दूसरा नहीं हो सकता. लूट करने में लगे हुये है. आज लूटने में मशगूल हो गये है. शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में कोई काम नहीं हुआ, लूट मची है पूरे प्रदेश में और लूटने का काम भाजपा की सरकार कर रही है. बल्कि भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम भाजपा की सरकार कर रही है.
लोहारीडीह कांड में एक व्यक्ति शिवप्रसाद साहू उर्फ कचरू साहू को फांसी में लटका दिया जाता है और उसको आत्महत्या बताया गया और उनकी लड़की ने हत्या बताया है जिसके बाद आज हाईकोर्ट जबलपुर आदेश दिया है कि फिर से उसका पोस्टमार्टम करने का आदेश दिया गया. मध्यप्रदेश की सरकार यहां के सरकार के दबाव के कारण मामला रफा दफा करना चाहते थे लेकिन कचरू साहू पुत्री 9वी की छात्रा ने कहा जब मैं लोहारीडीह गया था तब उनकी बात को सुना और वह बताया की पापा ने आत्महत्या नहीं किया है, उनकी हत्या हुई है तो अब उनके न्याय मिलेगा. पुलिस की उपस्थिति में दूसरे व्यक्ति का घर को जलाकर वहीं मार दिया जाता है. दोनों साहू समाज के है और तीसरा साहू समाज प्रशांत साहू को पुलिस कस्टडी में पीट-पीटकर मार डाला वैसे ही भाटापारा, बलरामपुर, रेंगाखार में भी पुलिस ने भी एक व्यक्ति की थाना में पीट-पीटकर मार डाला. आज कोई जाति, वर्ग, समाज नहीं बचा है जो विष्णुदेव सरकार में अपमानित महसूस न कर रहा हो. छत्तीसगढ़ के लोग अपने आप को अपमानित और ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं. अगर यह उपचुनाव भारतीय जनता पार्टी की हार होती है तो यह सरकार में बड़ा परिवर्तन आयेगा और वह परिवर्तन जनता के पक्ष में आयेगा. महाराष्ट्र के चुनाव में भी चुनाव प्रचार कर रहा हूं वहां भी बहुत सा परिवर्तन चल रहा है. जिस प्रकार से छत्तीसगढ़ के मान सम्मान बढ़ाने का काम कांग्रेस के सरकार में हो रहा था जिसको आज एक-एक कर के जैसे गरीब, नौजवान, बेरोजगारी भत्ता जैसे अनेको योजना को बंद कर दिया गया जिसके खिलाफ और यहीं सब बात को लेकर 13 तारीख को पंजा के पक्ष में बटन दबाना है.
दक्षिण विधानसभा प्रत्याशी आकाश शर्मा ने कहा कि यह चुनाव दो व्यक्ति के बीच का है एक 65 साल के ऐसे व्यक्ति जो तीन बार महापौर और एक बार सांसद रहे है और हमेशा निष्क्रिय रहे है. दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी ने मुझ जैसे युवा नेता पर भरोसा जताया है. 13 तारीख को शाम 5 बजे आप सभी मेरा साथ दीजिए उसके बाद मैं हमेशा आपका साथ दूंगा, यह चुनाव कांटे की टक्कर का चुनाव है चुनाव अब बराबरी पर आ चुका है. भाजपा जनता को बरगलाने का काम कर रही है, लेकिन जनता भाजपा के बहकावे में नही आने वाली है. भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी निष्क्रिय है, जनता बदलाव का मन बना चुकी है.
आकाश शर्मा ने कहा, मैं हमेशा आप लोगों के दुख-सुख में खड़ा रहूंगा. 13 नवंबर को 1 नंबर पर बटन दबाकर आप सभी को कांग्रेस पार्टी को जिताना है. आप सभी का भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है. कांग्रेस की सरकार में बहुत कार्य हुये थे बहुत सारी योजनाओं को लाभ मिलता था लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद सभी योजनाएं बंद हो गयी है. महतारी वंदन योजना का पैसा कई लोगों को नही मिल रहा है लेकिन जब जनता के आर्शीवाद से मैं जीतकर आउंगा तो यह पैसा सबको मिलेगा. छत्तीसगढ़ में अपराध बढ़ गये है. क्योकि दक्षिण का उपचुनाव कांग्रेस पार्टी जीतेगी तो भाजपा सरकार को झटका लगेगा और परिवर्तन आयेगा. आप सभी से निवेदन है कि मतदान करके कांग्रेस पार्टी को विजय बनाये.