खेल
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने श्रेयस-ईशान का किया समर्थन, हार्दिक के अनुबंध पर BCCI को लपेटा
स्पोर्ट्स न्यूज़। बीसीसीआई ने बुधवार को अपने सालाना केंद्रीय अनुबंध की घोषणा की जिसमें श्रेयस अय्यर और ईशान किशन को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. इस खबर के बाद दोनों का नाम सुर्ख़ियों में है. इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने अपने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर श्रेयस-ईशान का समर्थन किया है.
इरफान पठान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में उन्होंने न सिर्फ ईशान-श्रेयस का सपोर्ट किया बल्कि हार्दिक पांड्या को कॉन्ट्रैक्ट में रखने को लेकर सवाल खड़े किए. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि श्रेयस और ईशान दोनों ही प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं. उम्मीद है कि वे मजबूती से वापसी करेंगे. अगर हार्दिक जैसे खिलाड़ी लाल गेंद क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हैं, तो क्या उन्हें और उनके जैसे बाकी प्लेयर्स को नेशनल ड्यूटी पर नहीं होने पर व्हाइट बॉल वाले घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना चाहिए? अगर यह सभी पर लागू नहीं होता है, तो भारतीय क्रिकेट मनचाहे परिणाम प्राप्त नहीं कर पाएगा.
गौरतलब है कि इरफ़ान के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया में बहस छिड़ गयी है कि क्या कुछ प्लेयर्स के लिए अलग नियम है? ऐसा इसलिए क्योंकि के मुताबिक अगर किसी भी खिलाड़ी ने एक अक्टूबर के बाद से और सेंट्रेल कॉन्ट्रैक्ट जारी होने तक 3 टेस्ट, 8 वनडे या 10 टी20 मैच खेले हैं तो उस खिलाड़ी को बीसीसीआई के सालाना केंद्रीय अनुबंध में शामिल किया जाएगा. ईशान-अय्यर दोनों को इसमें फिर भी जगह नहीं मिली, जबकि विश्व कप 2023 से बाहर होने वाले हार्दिक को ए ग्रेड दिया गया.
ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को भारी पड़ी मनमानी, बीसीसीआई ने सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से किया बाहर
भारतीय क्रिकेट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. टीम के स्टार खिलाड़ियों में शुमार ईशान किशन और श्रेयस अय्यर को घरेलू क्रिकेट को लगाातार नजरअंदाज करने का खामियाजा भुगतना पड़ा है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा जारी सीजन 2023-24 के लिए खिलाड़ियों की सलाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से दोनों खिलाड़ियों को बाहर कर दिया गया है. वहीं लिस्ट में उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह को ग्रेड-सी में जगह मिली है.
BCCI ने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट जारी करते हुए साफ कहा है कि इस बार श्रेयस अय्यर और ईशान किशन को एन्युअल कॉन्ट्रैक्ट के लिए नहीं चुना गया है. साथ ही BCCI ने दो टूक कहा है कि सभी खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट खेलने को प्राथमिकता दें, जब वो राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हों. बता दें कि BCCI ने पिछले साल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्टड खिलाड़ियों की जो सूची जारी की थी, उसमें श्रेयस और ईशान को जगह दी गई थी. श्रेयस अय्यर 2022-23 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में बी कैटेगिरी में थे, जबकि ईशान किशन को सी श्रेणी में रखा गया था, लेकिन इस बार दोनों को किसी भी ग्रेड में शामिल नहीं किया गया है.
ईशान-श्रेयस ने BCCI को किया नाराज
गौरतलब है कि BCCI के कहने के बावजूद श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। ऐसे में पिछले कुछ दिनों से ये खबरें चल रहीं थीं कि इन दोनों खिलाड़ियों की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से छुट्टी हो सकती है और अब ऐसा हो गया है. एक ओर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज से ब्रेक लेने के बाद लगातार किशन को वापसी करने के लिए रणजी ट्रॉफी खेलने की हिदायत दी जा रही थी. लेकिन किशन ने बीसीसीआई को अनदेखा करते हुए झारखंड की ओर से एक भी रणजी मैच में हिस्सा नहीं लिया. बीसीसीआई ने साफ कर दिया था कि जो भी खिलाड़ी नेशनल ड्यूटी पर नहीं हैं उन्हें रणजी ट्रॉफी में हिस्सा लेना होगा।
वहीं अय्यर को खराब प्रदर्शन की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया. अय्यर ने रणजी ट्रॉफी नहीं खेलने के लिए चोटिल होने का बहाना बनाया. लेकिन नेशनल क्रिकेट एकेडमी ने अय्यर के झूठ की पोल खोल दी. एनसीए ने साफ कर दिया कि अय्यर मैच फिट हैं और उन्हें खेलने में किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है. जिसके बाद बोर्ड ने अय्यर के खिलाफ यह एक्शन लिया है. बीसीसीआई ने इन दोनों खिलाड़ियों पर कार्रवाई करके ये मैसेज भी दे दिया है कि किसी भी कीमत पर घरेलू क्रिकेट को अनदेखा नहीं किया जा सकता है.
BCCI ने 2023-2024 सत्र के लिए इन खिलाड़ियों से किया अनुबंध
बीसीसीआई ने 2023-2024 सत्र के लिए 30 खिलाड़ियों को अनुबंध दिया है. बोर्ड ने इस बार एक नई परंपरा शुरू करते हुए तेज गेंदबाजी अनुबंध भी अलग से दिया है. इस लिस्ट में आकाश दीप, विजयकुमार वैश्यक, उमरान मलिक, यश दयाल और विद्वथ कावेरप्पा शामिल हैं.
ग्रेड ए+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा.
ग्रेड ए: रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या.
ग्रेड बी: सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और यशस्वी जायसवाल.
ग्रेड सी: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, केएस भरत, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और रजत पाटीदार.
बुमराह और केएल राहुल की वापसी को लेकर आ गया बड़ा अपडेट
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. जिसका अंतिम मुकाबला धर्मशाला में 7 मार्च से खेला जाएगा. इस सीरीज में कई खिलाड़ी चोटिल होकर बाहर हो गए हैं. केएल राहुल पहले मैच के बाद ही बाहर हो गए थे. अब अंतिम टेस्ट में भी उनके वापसी को लेकर संशय बना हुआ है. वहीं बुमराह को चौथे टेस्ट मैच में आराम दिया गया था. हालांकि, उनकी वापसी तय मानी जा रही है.
बता दें कि टीम इंडिया सीरीज में 3-1 से आगे चल रही है. सीरीज का अंतिम मुकाबला केवल औपचारिकता ही माना जा रहा है. अगर ये मुकाबला इंग्लैंड जीत भी जाता है तो भी भारत सीरीज पर कब्जा कर लेगी. वहीं टीम इंडिया की टेंशन अब भी मिडिल आर्डर बल्लेबाजी बनी हुई है. केएल राहुल के चोटिल होने के बाद उनकी जगह रजट पाटीदार को टीम में शामिल किया गया था. लेकिन रजत पाटीदार कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं. राहुल की चोट को लेकर अब तक कुछ अपडेट नहीं आया है. ऐसे में अंतिम मुकाबले में भी उनका खेलना मुश्किल ही माना जा रहा है.
वहीं सीरीज के चौथे मैच में वर्कलोड के नाम पर बुमराह को आराम दिया गया था. जिनकी जगह पर आकाशदीप को चौथे टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था. आकाशदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब बुमराह की अंतिम टेस्ट मैच के लिए टीम इंडिया में वापसी तय है. हालांकि, कुछ बल्लेबाज और गेंदबाजों को आखिरी टेस्ट में आराम दिया जा सकता है.
चौथे टेस्ट में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से दी शिकस्त, सीरीज में 3-1 के अंतर से बनाई अजेय बढ़त
रांची। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया है. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज पर 3-1 से बढ़त बनाते हुए सीरीज पर भी कब्ज़ा कर लिया है. अब सीरीज का अंतिम मुकाबला 7 मार्च से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. ध्रुव जुरेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
बता दें कि इस मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 353 रन बनाए थे. जवाब में भारत की पहली पारी 307 रन पर समाप्त हुई थी. इसके बाद इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 145 रन पर सिमट गई और भारत को 192 रन का लक्ष्य मिला. जवाब में भारत ने मैच के चौथे दिन पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
इस मैच में भारत के लिए ध्रुव जुरेल और शुभमन गिल ने छठे विकेट के लिए नाबाद 72 रन की साझेदारी निभाई. जुरेल 39 रन और शुभमन 52 रन बनाकर नाबाद रहे. इसके अलावा कप्तान रोहित शर्मा 55 रन की पारी खेली.
सीरीज जीतने से 152 रन दूर भारत
रांची। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला रांची में खेला जा रहा है। टीम इंडिया ने तीसरे दिन रविवार को स्टंप्स तक बगैर किसी नुकसान के 40 रन बना लिए हैं। टीम मैच और सीरीज जीतने से 152 रन दूर है। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल नॉटआउट हैं। इंग्लैंड की टीम तीसरे दिन के तीसरे सेशन में दूसरी पारी में 145 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की पहली पारी के 46 रन की लीड के आधार पर भारत को 192 रन का टारगेट मिला। इससे पहले, इंग्लैंड टीम पहली पारी में 353 और भारतीय टीम 307 रन पर ऑलआउट हुई।
आईपीएल सीजन-17 का शेड्यूल जारी, 22 मार्च को पहले मुकाबले में भिड़ेगी CSK और RCB की टीम
इस साल 2024 में होने वाले आईपीएल सीजन 17 का शेड्यूल जारी हो गया है. सीजन का पहला मुकाबला चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच 22 मार्च खेला जाएगा. टूर्नामेंट दो फेज में रिलीज़ किया जाएगा. फ़िलहाल अभी सिर्फ शुरुआती 21 मुकाबलों के शेड्यूल का ही एलान हुआ है. जिसमें 2 डबल हेडरमुकाबले देखने मिलेंगे.
वहीं बाकी बचे हुए मुकाबलों का शेड्यूल लोकसभा चुनाव की पोलिंग की तारीखों के बाद जारी किया जाएगा. फिलहाल 7 अप्रैल तक खेले जाने वाले मुकाबलों के शेड्यूल का ही एलान किया गया है.
गुजरात टाइटंस को तगड़ा झटका, आईपीएल 2024 से बाहर हुए मोहम्मद शमी
आईपीएल 2024 शुरू होने से पहले ही गुजरात टाइटंस की टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आईपीएल के पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं।
गुजरात टाइटंस को बड़ा झटका
मोहम्मद शमी का आईपीएल में लंबा अनुभव रहा है। ऐसे में अगले सीजन में ना होना गुजरात टाइटन्स के लिए बड़ा झटका हो सकता है। हार्दिक पांड्या पहले ही टीम को छोड़कर वापस मुंबई इंडियंस जा चुके हैं। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि गुजरात टाइटंस की टीम किसी खिलाड़ी को शमी के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल करती है.
रांची टेस्ट में कई बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं कप्तान रोहित शर्मा
रांची। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मैच 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा. राजकोट टेस्ट मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा अपने शानदार फॉर्म में लौट आए हैं. इस मैच में उन्होने अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक लगाने के साथ कई नए रिकॉर्ड भी बना दिए, वहीं अब वह रांची टेस्ट मैच में भी रोहित 5 बड़े कीर्तिमान अपने बल्ले से बना सकते हैं. रोहित के अलावा इस मैच में दिग्गज भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे किए थे. इस कीर्तिमान तक पहुंचने वाले वह दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने थे. अब रांची टेस्ट में भी यह दोनों खिलाड़ी बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं.
इंग्लैंड के खिलाफ 100 टेस्ट विकेट
राजकोट में खेले गए टेस्ट मैच में आर अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे किए थे. इस कीर्तिमान तक पहुंचने वाले वह केवल दूसरे भारतीय हैं. अब रांची टेस्ट में भी वह एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर सकते हैं. दरअसल, आर अश्विन अब तक टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ 99 विकेट ले चुके हैं.
रांची में अगर वह केवल एक विकेट भी हासिल कर लेते हैं तो यह उपलब्धि उनके नाम हो जाएगी. अब तक कोई भारतीय गेंदबाज इंग्लैंड के खिलाफ 100 विकटों के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया है. भारत की ओर से भागवत चंद्रशेखर (95) और अनिल कुंबले (92) ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 90+ विकेट तो चटकाए लेकिन यह दोनों दिग्गज गेंदबाज भी 100 विकेट के जादुई आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए.
4,000 टेस्ट रन पूरे कर सकते हैं रोहित
आर अश्विन के अलावा कप्तान रोहित शर्मा भी फॉर्म में लौट आए है. कप्तान रोहित शर्मा ने तीसरे टेस्ट में 131 रन की पारी खेली थी. वह टेस्ट क्रिकेट में 4,000 रन पूरे करने से सिर्फ 23 रन दूर हैं. वह अगर ये रन बना लेते हैं तो वह ऐसा करने वाले 17वें भारतीय होंगे. उन्होंने अब तक 57 टेस्ट मैच खेले हैं और 45.19 की औसत से 3,977 रन बनाए हैं. उनके बल्ले से 11 शतक और 16 अर्धशतक निकले हैं. घरेलू सरजमीं पर रोहित ने 62.27 की औसत से 2,242 रन बनाए हैं.
एशिया में 2,500 टेस्ट रन
रोहित एशिया में 2,500 टेस्ट रन पूरे करने वाले 16वें भारतीय बनने से सिर्फ 50 रन दूर हैं. अभी इस खिलाड़ी ने एशिया में 31 मैचों में 56.97 की औसत से 2,450 रन बनाए हैं. भारतीय बल्लेबाजों में केवल वीरेंद्र सहवाग (57.39) का औसत एशिया में रोहित से बेहतर है और उन्होंने इतने ही टेस्ट रन बनाए हैं. रोहित के 11 टेस्ट शतकों में से 9 एशिया में आए हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ 1,000 रन पूरे कर सकते हैं रोहित
रोहित इंग्लैंड के खिलाफ 1,000 टेस्ट रन बनाने वाले 16वें भारतीय भी बन सकते हैं. फिलहाल उनके नाम 12 टेस्ट मैच में 47 की औसत से 987 रन है. उन्होंने इस टीम के खिलाफ 3 शतक और इतने ही अर्धशतक लगाए हैं. इस अनुभवी सलामी बल्लेबाज ने किसी भी अन्य देश के खिलाफ 800 टेस्ट रन भी नहीं बनाए हैं. दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित ने 11 मैच में 738 रन बनाए हैं.
प्रथम श्रेणी क्रिेकेट में पूरे कर सकते हैं 9,000 रन
भारतीय कप्तान प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 9,000 रन भी पूरे कर सकते हैं. 36 वर्षीय रोहित ने अब तक टेस्ट प्रारूप में 118 मैच में 52.72 की औसत से 8,963 रन है. इस दौरान उन्होंने 28 शतक और 36 अर्द्धशतक लगाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 309 रन रहा है. रोहित ने जुलाई 2006 में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था. इसके 7 साल बाद नवंबर 2013 में उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला था.
अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 600 छक्के
रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक 593 छक्के लगाए हैं. अगर वह राजकोट टेस्ट में 7 छक्के और लगा देते हैं तो 600 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. अभी उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी-20 में क्रमशः 80, 323 और 190 छक्के लगाए हैं. वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (553) और पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी (476) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 400 से ज्यादा छक्के लगाने वाले अन्य बल्लेबाज हैं. राजकोट में रोहित ने 3 छक्के लगाए थे.
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच 5 मैच की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. इस सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे है. अब चौथा टेस्ट मैच 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम यह मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी.
कोलकाता नाइट राइडर्स ने खूंखार गेंदबाज को अपनी टीम में कर लिया है शामिल, IPL 2024 में बल्लेबाजों की अब खैर नहीं !
आईपीएल शुरू होने से पहले केकेआर की टीम और उनके फैंस के लिए खुशखबरी सामने आई है. केकेआर ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले अपनी टीम में एक खतरनाक गेंदबाज को शामिल कर लिया है. जो इंटरनेशनल क्रिकेट में तबाही मचा चुका है. ऐसे में अब ये गेंदबाज विरोधी टीमों के लिए चिंता का सबब बनने वाला है.
बता दें कि केकेआर ने अपनी टीम में श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा को अपनी टीम में शामिल कर लिया है. जिन्हें 50 लाख की रिजर्व प्राइस में टीम में शामिल किया गया है. चमीरा श्रीलंका के लिए 100 इंटरनेशल मैच खेल चुके हैं. उन्हें टीम में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के रिप्लेसमेंट के रूप में शामिल किया गया है. चमीरा अपनी स्विंग और घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर देते हैं.
IPL ने प्रेस रिलीज जारी करते हुए लिखा, ‘कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के आगामी सीजन के लिए इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन के रिप्लेसमेंट के रूप में दुष्मंथा चमीरा को टीम से जोड़ा है.
इन टीमों के लिए खेल चुके हैं आईपीएल
2018 और 2021 आईपीएल सीज़न में राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे. 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने IPL में डेब्यू किया. चमीरा ने 2022 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए 12 मैचों में नौ विकेट चटकाए थे.
भारत ने ऐतिहासिक जीत के साथ सीरीज में बनाई बढ़त
राजकोट। भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है. इस मैच में टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे. जिसके बाद इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर सिमटी. भारत ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 430 रन बनाए और पारी घोषित कर दी. इंग्लैंड को 557 रन का लक्ष्य मिला था. जवाब में इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई. रवींद्र जडेजा रहे मेन ऑफ द मैच।
बता दें कि तीसरे टेस्ट में पहले यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान ने बल्लेबाजी में धमाल मचाया और उसके बाद बॉलिंग में रवींद्र जडेजा की दमदार बॉलिंग ने इंग्लैंड का काम तमाम किया. दूसरी पारी में भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 5, कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए. जबकि अश्विन और बुमराह को भी 1-1 विकेट मिला है. इसी के साथ अब भारतीय टीम इस सीरीज़ में 2-1 से आगे हो गई है.
टीम इंडिया ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में अब तक की अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है. इससे पहले टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2021 में 372 रनों से मैच जीता था. वह जीत टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी जीत थी, लेकिन अब लिस्ट में बड़ा फेरबदल हुआ है. वहीं बात करे पूरी दुनिया में तो यह किसी भी द्वारा टेस्ट क्रिकेट में रनों के मामले में 8वीं सबसे बड़ी जीत है.
रनों के हिसाब से भारत की बड़ी जीत
- 434 रन, बनाम इंग्लैंड 2024
- 372 रन, बनाम न्यूजीलैंड 2021
- 337 रन, बनाम साउथ अफ्रीका 2015
- 321 रन, बनाम न्यूजीलैंड 2016
यशस्वी जायसवाल ने बदल दिया टेस्ट क्रिकेट का इतिहास
राजकोट। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में टीम इंडिया से सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने इस मैच की दूसरी पारी में दोहरा शतक जड़ दिया। इस पारी में उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए छक्कों की छड़ी लगा दी। यशस्वी जायसवाल ने इस सीरीज में एक ऐसा कारनामा कर दिया है जो टेस्ट क्रिकेट के 147 साल के इतिहास में कोई नहीं कर सका था।
ऐसा करन वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने जायसवाल
यशस्वी जायसवाल इस सीरीज में काफी शानदार फॉर्म में दिखाई दे रहे हैं। वह सीरीज में 20 से ज्यादा छक्के जड़ चुके हैं। इसी के साथ यशस्वी जायसवाल क्रिकेट के इतिहास में एक टेस्ट सीरीज के अंदर 20 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस रिकॉर्ड में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा है। रोहित शर्मा ने साल 2019 साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 19 छक्के लगाए थे।
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
22 छक्के – यशस्वी जायसवाल बनाम इंग्लैंड (2024)*
19 छक्के – रोहित शर्मा बनाम साउथ अफ्रीका (2019)
15 छक्के – शिमरेन हेमीमीर बनाम बांग्लादेश (2018)
15 छक्के – बेन स्टोक्स बनाम ऑस्ट्रेलिया (2023)
जायसवाल ने इस रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
यशस्वी जायसवाल इस पारी में 236 गेंदों पर नाबाद 214 रन बनाए। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 14 चौके और 12 छक्के जड़े। इसी के साथ उन्होंने टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। इससे पहले 1996 में वसीम अकरम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट पारी में 12 छक्के लगाए थे।
टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी
12 छक्के – यशस्वी जायसवाल
12 छक्के – वसीम अकरम
11 छक्के – नाथन एस्टल
11 छक्के – मैथ्यू हेडन
11 छक्के – ब्रेंडन मैकुलम
11 छक्के – ब्रेंडन मैकुलम
11 छक्के – बेन स्टोक्स ब
11 छक्के – कुसल मेंडिस
एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का डबल धमाका
स्पोर्ट्स डेस्क। शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान में एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की दो खिलाड़ियों ने गोल्ड मेडल जीता. ज्योति याराजी ने महिलाओं की 60 मीटर बाधा दौड़ में और हरमिलन बैंस ने 1500 मीटर में स्वर्ण पदक जीता. ज्योति याराजी ने 60 मीटर बाधा दौड़ में 8.12 सेकंड का समय लेकर अपने ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया. सौ मीटर बाधा दौड़ में 2022 एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता ने पिछले साल इसी स्पर्धा में 8:13 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला था. वह तब उपविजेता रही थीं.
बता दें कि इससे पहले 24 साल की ज्योति ने 8:22 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट में शीर्ष स्थान के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था. ज्योति याराजी ने फाइनल में जापान की असुका टेरेडा (8.21 सेकंड) से काफी बेहतर प्रदर्शन किया. हांगकांग की लुई लाई यियू (8:26 सेकंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया. ज्योति 100 मीटर बाधा दौड़ में मौजूदा एशियाई आउटडोर चैंपियन हैं. उन्होंने पिछले साल बैंकॉक में खिताब जीता था. उन्होंने हांगझोऊ एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था.
1500 मीटर में हरमिलन बैंस ने किया कमाल
दूसरी ओर, दो बार के एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता हरमिलन बैंस ने महिलाओं की 1500 मीटर में कमाल कर दिया. उन्होंने 4:29.55 का समय लेकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता. इससे भारत की स्वर्ण पदक संख्या पिछले साल की तुलना में बेहतर हो गई, जहां तजिंदरपाल सिंह तूर देश के एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता थे.
राजकोट में भी गरजा यशस्वी का बल्ला, तीसरे टेस्ट मैच में जड़ा तूफानी शतक
राजकोट। भारत और इंग्लैंड के बीच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में बाएं हाथ के युवा भारतीय बल्लेबाज और ओपनर यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाज कर अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक लगा दिया है. यह इंग्लैंड के खिलाफ इस सीरीज में उनका दूसरा शतक है. इससे पहले विशाखापट्टनम में खेले गए दूसरे टेस्ट में उन्होंने दोहरा शतक जड़ा था. आज के मैच में भी जायसवाल ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को जमकर पिटाई की ओर 122 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्कों के साथ 100 रन पूरे कर शतक जड़ दिया. वहीं यशस्वी का साथ दे रहे शुभमन गिल ने भी 50 रन पूरे कर लिए है.
बता दें कि आज भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे टेस्ट का तीसरा दिन है. टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी में 445 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर सिमट गई. फिलहाल भारत की दूसरी पारी जारी है. भारत ने दूसरी पारी में 305 रन की बढ़त बना ली है. मौजूदा समय में भारत ने 42.3 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 179 रन बना लिए है. यशस्वी 104 और गिल 56 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है.
यशस्वी ने जड़ा टेस्ट करियर का तीसरा शतक
यशस्वी जायसवाल के टेस्ट करियर का तीसरा शतक है. उन्होंने लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शतक ठोका है. इससे पहले सीरीज के दूसरे मैच में उन्होंने विशाखापट्टनम में दोहरा शतक जड़ा था, जो उनके करियर का पहला दोहरा शतक था. यशस्वी ने महज 7वें मैच में ही तीसरा शतक पूरा किया. करियर के पहले टेस्ट मैच में भी जायसवाल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक जड़ा था. जायसवाल ने जेम्स एंडरसन जैसे गेंदबाज के खिलाफ जमकर रन बनाए. एंडरसन को टेस्ट क्रिकेट का इतना अनुभव है, जितनी उम्र इस समय यशस्वी जायसवाल की है.
शुभमन गिल ने ठोकी फिफ्टी
यशस्वी जायसवाल की शतकीय पारी के बाद टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल ने भी अपनी फिफ्टी पूरी कर ली है. शुभमन ने 98 गेंद में अपना पचासा पूरा किया. उन्होंने चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया.
319 रन पर ढेर हुई इंग्लैंड की टीम, सिराज ने झटके 4 विकेट, भारत के पास 126 रन की लीड
राजकोट। राजकोट टेस्ट में इंग्लैंड टीम 319 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे, इसलिए टीम को 126 रन की बढ़त मिली. भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट लिए. इसके अलावा 2-2 विकेट रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव को मिले, जबकि जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिए.
इंग्लैंड की ओर से बेन डकेट ने सर्वाधिक 153 रन बनाए. कप्तान बेन स्टोक्स 41 और ओली पोप 39 रन बनाकर आउट हुए. इसके अलावा कोई और प्लेयर 20 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका.
इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन के स्कोर पर सिमट गई. टीम ने आखिरी 5 विकेट महज 20 रन बनाने में गंवा दिए. 299 रन के स्कोर पर टीम ने एक समय 5 ही विकेट गंवाए थे. यहां से बेन स्टोक्स 41, बेन फोक्स 13, टॉम हार्टले 9, रेहान अहमद 6 और जेम्स एंडरसन 1 रन बनाकर आउट हो गए.
भारत की दूसरी पारी शुरू
टीम इंडिया ने 126 रन की बढ़त के साथ अपनी दूसरी पारी शुरू की. यशस्वी जायसवाल कप्तान रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे. यशस्वी ने जेम्स एंडरसन के खिलाफ सिंगल लेकर टीम का खाता खोला. वहीं रोहित ने 2 चौके लगाकर पहले ओवर से 9 रन बटोर लिए.
बेन डकेट शतक बनाकर नॉटआउट, टीम 238 रन से पीछे, जानिए मैच का हाल
राजकोट। राजकोट क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 207 रन बना लिए हैं। बेन डकेट 133 रन और जो रूट 9 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। टीम पहली पारी में 238 रन से पीछे है। शुक्रवार को मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया 445 रन पर ऑल आउट हो गई। जैक क्रॉले 15 और ओली पोप 39 रन बनाकर आउट हो गए। रविचंद्रन अश्विन और सिराज ने 1-1 विकेट लिया।
पहली पारी में टीम इंडिया स्कोर 400 पार हो गया है। रविंद्र जडेजा के आउट होने के बाद रविचंद्रन अश्विन और पहला टेस्ट खेल रहे ध्रुव जुरेल ने निचले क्रम में अच्छी बल्लेबाजी की।
इससे पहले मैच के दूसरे दिन भारत की शुरुआत खराब रही। नाबाद बल्लेबाज कुलदीप यादव कुछ खास नहीं कर पाए और 4 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए। वहीं शतक बनाने के बाद रविंद्र जडेजा भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए और 112 के निजी स्कोर पर रूट की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे।
रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट में 500 विकेट पूरे कर रच दिया इतिहास, इन दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़कर निकल गए आगे…
राजकोट। भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे राजकोट टेस्ट मैच में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इतिहास रच दिया है. अश्विन ने टेस्ट में 500 विकेट पूरे कर लिए हैं. इस आकड़े को छूने वाले वे दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. साथ ही अश्विन ने अनिल कुंबले और शेन वार्न जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ दिया है.
बता दें कि टेस्ट में सबसे तेज 500 विकेट लेने का रिकॉर्ड मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने 87वें टेस्ट में यह अनोखी उपलब्धि हासिल की थी. वहीं अब अश्विन ने 98वें टेस्ट मैच में टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट हासिल किया है. इससे पहले पूर्व भारतीय कप्तान अनिल कुंबले ने 105 और ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर शेन वॉर्न ने 108वें टेस्ट में ये कीर्तिमान रचा था.
ये कारनामा करने वाले 9वें गेंदबाज हैं अश्विन
अश्विन टेस्ट क्रिकेट में 500 विकेट पूरा करने वाले दुनिया के नौवें गेंदबाज हैं. साथ ही वह ऐसे पांचवें स्पिनर हैं, जिन्होंने 500 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं.
सबसे तेज 500 विकेट लेने वाले खिलाड़ी
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 500 विकेट लेने का रिकार्ड मुथैया मुरलीधरन (श्रीलंका) के नाम है. मुरलीधरन ने 87 टेस्ट में ये कारनामा किया था. वहीं आर. अश्विन ने ये कारनामा 98 टेस्ट में कर दिखाया है. अनिल कुंबले ने 105 टेस्ट में, शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया) 108 टेस्ट में और ग्लेन मैक्ग्रा (ऑस्ट्रेलिया) 110 टेस्ट में ये उपलब्धि हासिल की थी.
बेन डकेट ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर लगाई क्लास, इंडिया के खिलाफ जड़ा पहला शतक
राजकोट। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मैच में इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज ने बेन डकेट ने भारत के खिलाफ पहला शतक लगाया है. डकेट के टेस्ट करियर का यह तीसरा और भारतीय सरजमीं पर पहला शतक है. यह पहला मौका है, जब उन्होंने भारत के खिलाफ किसी पारी में 50 से अधिक रन बनाए हैं.
बेन डकेट ने जैक क्रॉली के साथ मिलकर सीरीज की सात पारियों में छठे-पचास से अधिक की साझेदारी की, क्योंकि उन्होंने अपना जवाब सकारात्मक रूप से शुरू किया. भारत को सतह पर कोई चुनौती उत्पन्न करने के लिए बहुत कम अवसर मिले.
बेन डकेट का भारत के खिलाफ प्रदर्शन
बेन डकेट ने भारत के खिलाफ अब तक 5 टेस्ट खेले हैं और पांचों मैच ही भारतीय सरजमीं पर खेले हैं. उन्होंने इन टेस्ट सीरीज की 8 पारियों में 34 से अधिक की औसत से 230 से अधिक रन बनाए हैं. भारत के खिलाफ उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर इसी पारी में आया है. पहले के मैचों में उन्होंने बड़े रन बटोरने के लिए काफी संघर्ष किया, लेकिन इस बार उन्होंने सफलता हासिल की।
बेन डकेट का टेस्ट करियर
बेन डकेट ने साल 2016 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट करियर का डेब्यू किया था. वह ऊपरी क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने अब तक 18 टेस्ट की 33 पारियों में लगभग 45 की औसत से 1,340 से अधिक रन बनाए हैं. वह इस फॉर्मेट में अब तक 3 शतक और 7 अर्धशतक भी जड़ चुके हैं. घरेलू मैदान पर उनकी औसत 50.30 की रही है, जबकि विदेशों में यह लगभग 38 ही है.