खेल

रोमांचक मुकाबले में गुजरात ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया, मिलर ने छक्का लगाकर दिलाई जीत

अहमदाबाद।    आईपीएल सीजन 17 के 12वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस हने सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हरा दिया है. अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और 162 रन बनाए. जवाब में गुजरात ने 19.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

गुजरात टाइटन्स के लिए इम्पैक्ट प्लेयर साई सुदर्शन ने सबसे ज्यादा 36 गेंदों पर 45 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और एक सिक्स शामिल रहा. वहीं डेविड मिलर ने 27 गेंदों पर 44 रनों की नाबाद पारी खेली. मिलर ने अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए. मिलर-सुदर्शन के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसने सनराइजर्स को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया. गुजरात की यह तीन मैचों में दूसरी जीत रही. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की तीन मैचों में यह दूसरी हार रही.

हैदराबाद की खराब रही शुरुआत

इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने आई हैदराबाद की शुरुआत खराब रही थी. मयंक अग्रवाल फिर फेल रहे और 17 गेंद में 16 रन बनाकर अजमतुल्लाह ओमरजई की गेंद पर पवेलियन लौटे. इसके बाद ट्रेविस हेड को नूर अहमद ने क्लीन बोल्ड किया. वह 14 गेंद में 19 रन बना सके. अभिषेक शर्मा को मोहित शर्मा ने शुभमन के हाथों कैच कराया. अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए. एडेन मार्करम 19 गेंद में 17 रन और हेनरिच क्लासेन 13 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हुए.

क्लासेन ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए। शाहबाज अहमद 20 गेंद में 22 रन और समद ने 14 गेंद पर 29 रन की पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया। सुंदर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए और खाता नहीं खोल सके. गुजरात की ओर से मोहित ने तीन विकेट लिए. वहीं, ओमरजई, उमेश, राशिद और नूर को एक-एक विकेट मिला.