शेयर बाजार/व्यापार

अमेरिकी अर्थशास्त्री जैफ़्रे सैच्स का बड़ा बयान, ‘भारत पर टैरिफ लगाना ट्रंप की सबसे बड़ी गलती, भरोसा तोड़ा अमेरिका ने’

मुंबई।  अमेरिका के मशहूर अर्थशास्त्री जैफ़्रे डी. सैच्स ने भारत पर टैरिफ लगाने के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले को “मूर्खतापूर्ण और विध्वंसकारी” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम अमेरिका-भारत संबंधों को दीर्घकालिक नुकसान पहुंचाएगा और भारतीय अब यह सबक सीख चुके हैं कि अमेरिका पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

सैच्स ने चेतावनी दी कि इन टैरिफ का असर लंबे समय तक रहेगा। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में अमेरिका टैरिफ हटा भी दे, तब भी भारत के मन में अमेरिका की छवि खराब हो चुकी होगी।

अमेरिकी नीति पर हमला

सैच्स ने इन टैरिफ को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि इनसे किसी भी देश को बातचीत की मेज़ पर लाने में कोई फायदा नहीं हुआ। उल्टा, इसने वर्षों से अमेरिकी विदेश नीति की विश्वसनीयता को कमजोर कर दिया।

इंटरव्यू में सैच्स ने अमेरिकी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने सीनेटर लिंडसे ग्राहम को “सबसे घटिया सीनेटर और मूर्ख” बताया। वहीं ट्रंप के पूर्व व्यापार सलाहकार पीटर नवारो को “अयोग्य” करार देते हुए कहा कि नवारो जैसे सलाहकारों ने अमेरिका की विदेश नीति और साख दोनों को नुकसान पहुंचाया है।

BRICS को मिला एकजुट होने का मौका

सैच्स ने कहा कि अमेरिका द्वारा भारत समेत अन्य देशों पर 25% पेनल्टी टैरिफ लगाने से ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका (BRICS) को एकजुट होने का अवसर मिला। टैरिफ लगाए जाने के 24 से 48 घंटे के भीतर इन देशों के बीच संपर्क तेज हो गया।