प्रदेश / छत्तीसगढ़
अतिसंवेदनशील इलाके में वोटिंग के बाद हेलीकाप्टर से लौटा मतदान दल, कलेक्टर ने फूल देकर किया स्वागत
गरियाबंद। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव में छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीट पर मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्वक समाप्त हो गए। वहीं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के गरियाबंद जिले के नौ संवेदनशील क्षेत्र में से दो मतदान केंद्र आमामोरा और ओड़ से मतदान कराकर 16 सदस्यीय दल 96 घंटे बाद हेलीकाप्टर से सकुशल लौट आए हैं।
मतदान दल के सदस्यों का फूल देकर स्वागत
मतदान दल को रिसीव करने गरियाबंद कलेक्टर दीपक अग्रवाल खुद पुलिस ग्राउंड में बने हेलीपेड में मौजूद रहे। उन्होंने मतदान दल के सदस्यों का फूल देकर स्वागत किया। इसके बाद मतदान दल को बस में बैठकर स्ट्रांग रूम लाया गया, जहां सभी की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम को सील किया गया।
बिंद्रानवागढ़ में सबसे अधिक 81 प्रतिशत मतदान
मतदान दल से लौटे पीठासीन अधिकारियों ने पिछले 96 घंटे के अपने अनुभव को भी मीडिया से साझा किया। आमामोरा में जहां 63 प्रतिशत तो वहीं ओड़ में 79 प्रतिशत मतदान हुआ। बिंद्रानवागढ़ में सबसे अधिक 81 प्रतिशत मतदान हुआ जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक बताया जा रहा है।
वहीं राजिम में 75 प्रतिशत मतदान हुआ। मंडी प्रांगण में मीडिया से बात करते हुए गरियाबंद कलेक्टर ने बताया कि गरियाबंद जिले के अंतर्गत आने वाली दोनों विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। बिन्द्रानवागढ़ में कुल 81.19 प्रतिशत मतदान हुआ।
बिरनपुर हत्याकांड : CBI ने 12 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच
रायपुर। बेमेतरा जिले के बिरनपुर हत्याकांड की सीबीआई ने जांच शुरू कर दी है. एक युवक की हत्या के मामले से संबंधित आरोपों पर सीबीआई ने छत्तीसगढ़ सरकार से प्राप्त अनुरोध और आगे डीओपीटी भारत सरकार की अधिसूचना के आधार पर 12 आरोपियों के विरुद्ध 26 अप्रैल को फिर से मामला दर्ज किया है. इसके साथ ही सीबीआई ने एक शिकायत के आधार पर 12 व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय दण्ड संहिता की धारा 147, 148, 149, 336, 307, 302 एवं 120-बी के तहत, साजा पुलिस स्टेशन, जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़ में पूर्व में दर्ज प्राथमिकी संख्या 87/2023, दिनांक 08.04.2023 की जांच को अपने हाथों में लिया है.
आरोप है कि एक गांव के कक्षा 07-08 में पढ़ने वाले बच्चे स्कूल से लौट रहे थे, तभी कबाड़ी की दुकान पर काम करने वाले एक समुदाय के लड़कों ने उनकी पिटाई कर दी. इस मामले को लेकर एक मीटिंग आयोजित की गई थी. यह भी आरोप है कि जब पीड़ित अपने दोस्तों के साथ दोपहर में उक्त समुदाय के क्षेत्र में गया, तो उस समुदाय के लोगों ने छत से पथराव करना शुरू कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के सिर में चोटें आईं और वह नीचे गिर पड़ा. इसके बाद उक्त 12 आरोपियों एवं अन्य लोगों ने कथित तौर पर तेज चाकू/घातक हथियारों से पीड़ित की हत्या कर दी. अपनी जांच के दौरान स्थानीय पुलिस को प्राथमिकी में नामित उक्त 12 आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक सबूत मिले एवं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
बाद में स्थानीय पुलिस ने सक्षम अदालत के समक्ष आरोप पत्र दायर किया. वर्तमान में सभी आरोपपत्रित आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं. सीआरपीसी की धारा 173(8) के तहत मामले की आगे की जांच के लिए जारी रखा गया एवं इसकी जांच सीबीआई ने अब अपने हाथों में ले लिया है.
ये हैं आरोपियों के नाम
- नवाब खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- जलील खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- बसीर खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- मुख्तार मोहम्मद, शक्तिघाट बिरनपुर
- सरिक मोहम्मद, शक्तिघाट बिरनपुर
- अब्दुल खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- अकबर खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- मोहम्मद जनाब, शक्तिघाट बिरनपुर
- अयुब खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- निजामुद्दीन, शक्तिघाट बिरनपुर
- रसीद खान, शक्तिघाट बिरनपुर
- कल्लू खान, शक्तिघाट बिरनपुर
उप मुख्यमंत्री अरुण साव का बड़ा आरोप, कहा- कांग्रेस सरकार ने बिरनपुर कांड में की एकतरफा कार्रवाई…
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिरनपुर कांड की सीबीआई जांच पर कहा कि साहू समाज ने भुनेश्वर साहू की हत्या को गंभीरता से लिया है. तुष्टिकरण के कारण भुवनेश्वर साहू की हत्या हुई है. कांग्रेस की सरकार ने एकतरफा कार्रवाई की थी. बिरनपुर में हिंदू समाज को डराया और धमकाया गया. सीबीआई जांच के बाद अपराधी सामने आएंगे.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को रायपुर निवास में पत्रकारों से चर्चा में बिरनपुर के साथ-साथ पीएससी घोटाले की सीबीआई जांच पर कहा कि इससे युवाओं के साथ न्याय होगा. युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले जेल जाएंगे.
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मतदान के दौरान मतदान केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के धक्का-मुक्की किए जाने के आरोप पर लगा कि राजनांदगांव में शुरू से ही बघेल को विरोध का सामना करना पड़ा है. उनके कार्यकर्ता ही विरोध कर रहे हैं. पोलिंग बूथ में भी उनको कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, ये कांग्रेस के आपसी लड़ाई का मामला है. इससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है.
उप मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही नक्सलियों के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने नक्सलियों को कुछ हिस्से में समेट दिया था, लेकिन बघेल सरकार ने फिर से नक्सलियों को पोषित किया. कांग्रेस सरकार नक्सलियों की भाषा बोलती थी. लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चला है. साय सरकार ने पिछले चार महीने में 90 नक्सलियों को मार गिराया है. 125 गिरफ्तार हुए हैं, और 200 से अधिक ने सरेंडर किया है.
तीसरे चरण के चुनावी तैयारियों पर अरुण साव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में भाजपा के पक्ष में मतदान हुआ है. मोदी को तीसरे बार प्रधानमंत्री बनाने जनता ने वोट किया है. तीसरे चरण के लिए भी हमारे केंद्रीय नेताओं का आना होगा. भीषण गर्मी में भी हमारे कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हैं. जनता का भी भाजपा को आशीर्वाद मिल रहा है.
विधायक मंडावी ने भाजपा नेता पर लाखों के भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, अजय सिंह ने विधायक को बताया विकास विरोधी और नक्सली समर्थक
बीजापुर। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेता अजय सिंह पर 49 लाख के भ्रष्टाचार का आरोप लागया है. इस पूरे मामले को लेकर विधायक विक्रम मंडावी ने गुरुवार को जिला प्रशासन से शिकायत भी की है. दरअसल शुक्रवार को बीजापुर कांग्रेस पार्टी के विधायक विक्रम मंडावी ने बीजापुर कांग्रेस भवन में एक प्रेस वार्ता रखी थी, जिसमें विधायक ने भाजपा नेता अजय सिंह पर चिन्नागेलूर में बन रहे 49 लाख के रपटा पर भृष्टाचार का आरोप लगाया है.
विक्रम मंडावी ने कहा, जो रपटा बन रहा है उसकी लंबाई में कमी है, न सही तरीके से इस रपटा का निर्माण किया गया. यह रपटा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है. इसकी शिकायत हमने कलेक्टर से की है. अगर जांच नहीं होगी और दोषियों पर जिला प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगी तो हम और हमारी कांग्रेस पार्टी की टीम चिन्नागेलूर के उस स्थल में जाकर धरने पर बैठेंगे.
विधायक के आरोप पर भाजपा नेता अजय सिंह ने तल्ख जबाब देते विधायक को विकास विरोधी और नक्सली समर्थक बताया है. विधायक के आरोप पर जुबानी हमला बोलते अजय ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने विधायक अधूरे निर्माण के बावजूद भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे. चिन्ना गेल्लूर से तर्रेम मार्ग पर तोयानाला में रपटा एवं एपरोच रोड निर्माण कार्य जिला निर्माण समिति से कराया जा रहा है.
अजय ने कहा कि 34 लाख के निर्माण कार्य को विधायक 49 लाख बता रहे हैं. चूंकि संवेदनशील क्षेत्र होने से सुरक्षा नहीं मिलने के चलते कार्य रोका गया था. आधी-अधूरी जानकारी जुटा आरोप लगा रहे हैं, जबकि निर्माण कार्य 80 फीसदी बचा हुआ है. ग्रामीणों द्वारा शिकायत की बात भी झूठी है. विधायक जिसे प्रमाण बता रहे हैं, वो प्रमाण नहीं, अधूरी जानकारी है. उनके पास कांग्रेस नेताओं को कारनामों का पूरा लिखा चिठा है. आचार संहिता हटने के बाद कांग्रेस नेताओं समेत विधायक कार्याकाल में देवगुड़ी से लेकर तमाम कार्यों की जांच जरूर होगी.
बीरनपुर कांड की सीबीआई जांच पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का बड़ा बयान, कहा- क्या, क्यों और कैसे हुई घटना इस बात की पूरी तरीके से होगी जांच…
रायपुर। बीरनपुर की घटना पर सीबीआई जाँच को लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि देखिए दो चीजें हैं. घटना क्या हुई, आखिर घटना क्यों हुई और इसके साथ बात आगे कैसे बढ़ी, इसकी जांच होगी. प्रदेश में ऐसा दोबारा होना नहीं चाहिए. सीबीआई इस मामले में पूरी तरीक़े से जाँच करेगी.
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राजनांदगाँव में रोके जाने को लेकर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि मैंने पता किया है. भूपेश बघेल अंदर जा रहे थे, और उनके साथ सौ और लोग भी अंदर जा रहे थे. इसलिए उन्हें आम लोगों ने पहले रोका. बीजेपी के लोग तो बाद में पहुंचे. उनकी आदत जुमला करने की है. अकेले जाएं ना, इतने लोगों को साथ क्यों जा रहे थे.
कांग्रेस के आरोप पर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार पर तो हम पूरी बात करते हैं, महंगाई ज़्यादा है क्या?, अभी नियंत्रित है महंगाई, लेकिन इस तरह से बात कर के वह मुद्दों से भटकाना चाहते हैं. जब भी राम मंदिर की बात आती है, आलू महँगा हो जाता है.
नारायणपुर में कांग्रेस नेता की हत्या पर डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा कि यह बहुत दुखद है. जनता नक्सलियों के साथ बिल्कुल साथ नहीं है. इन हत्याओं के पीछे क्या मानसिकता है, पता लगाना चाहिए. नक्सलियों से बात लेने के लिए हम हमेशा तैयार हैं. वहीं छत्तीसगढ़ में मतदान को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि बहुत अच्छा मतदान हुआ है, अच्छी स्थिति है. राजनांदगाँव लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी की जीत होगी, बाक़ी दो लोकसभा में भी बीजेपी आगे है.
चुनाव ड्यूटी में बिना सूचना अनुपस्थित तीन कर्मचारियों को कलेक्टर ने किया निलंबित
रायपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डाॅ. गौरव सिंह ने निर्वाचन ड्यूटी में अनुपस्थित तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. इस संबंध में आज आदेश भी जारी कर दिया गया है.
शासकीय प्राथमिक शाला सोनेसिल्ली में पदस्थ सहायक शिक्षक जानू ध्रुव, कार्यालय उपसंचालक उद्यान में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 नितेश तुरकने व कार्यालय आदिम जाति रायपुर में पदस्थ सहायक ग्रेड 3 राकेश सिंह ध्रुर्वे को लोकसभा निर्वाचन ड्यूटी में बिना किसी सूचना के अनुपस्थित होने के चलते निलंबित कर दिया गया है.
बिरनपुर हत्याकांड की जांच करेगी सीबीआई, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में आज से लगभग एक साल पूर्व दो समुदायों के बीच हुई हिंसा झड़प में भुवनेश्वर साहू की हत्या के बाद आगजनी और बिरनपुर गांव के ही दो और लोगों की हत्या के मामले की जांच सीबीआई करेगी. भारत सरकार के कार्मिक और शिकायत मंत्रालय ने आज इस मामले की सीबीआई जांच को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है. छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित यह दूसरा मामला है, जिसकी जांच सीबीआई करेगी. सीबीआई को इससे पूर्व छत्तीसगढ़ राज्य सेवा परीक्षा 2021 की भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितता और दर्ज अपराध की जांच पड़ताल का जिम्मा सौंपा जा चुका है.
गौरतलब है कि 08 अप्रैल 2023 को बिरनपुर गांव में दो बच्चों के बीच हुए विवाद देखते ही देखते दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प में तब्दील हो गई और इसमें गांव के युवक भुवनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी. इस घटना के बाद विश्व हिन्दू परिषद ने 10 अप्रैल को छत्तीसगढ़ बंद का आव्हान किया, जिससे यह मामला और गरमा गया. बिरनपुर गांव में आगजनी की भी घटना हुई. इस घटना के ठीक तीन दिन बाद 11 अप्रैल को बिरनपुर गांव के ही दो और लोगों के शव बिरनपुर खार में मिले. उसी समय बिरनपुर हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग उठी थी. तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग को खारिज करते हुए पुलिस से जांच का आश्वासन दिया था.
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी यह मामला काफी गरमाया हुआ था. भारतीय जनता पार्टी और विभिन्न हिन्दू संगठनों ने इस मामले की सीबीआई जांच कराने को लेकर धरना प्रदर्शन और आंदोलन भी किया था. छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की केबिनेट ने बिरनपुर हत्याकांड की गंभीरता और जनभावना को देखते हुए इसकी सीबीआई जांच कराने का निर्णय लिया था. छत्तीसगढ़ सरकार की सहमति के बाद केन्द्र सरकार ने इस मामले को सीबीआई को सुपुर्द कर दिया है. यहां यह उल्लेखनीय है कि बिरनपुर में दो समुदायों के बीच हुई झड़प में विधायक ईश्वर साहू के पुत्र भुवनेश्वर साहू की हत्या हुई थी. विधायक ईश्वर साहू ने 21 फरवरी 2024 को विधानसभा सदन में भी इस मामले को उठाते हुए इसकी सीबीआई से जांच कराए जाने की मांग की थी.
बिरनपुर गांव छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा तहसील मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर है. 08 अप्रैल 2023 को इस गांव में बच्चों के बीच झगड़े के बाद हिंसा भड़क गई थी. स्थानीय प्रशासन को बिरनपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 लगानी पड़ी थी. बिरनपुर हत्याकांड मामले में बेमेतरा जिले के पुलिस स्टेशन साजा में दर्ज अपराध क्रमांक 87/2023 की जांच करेगी.
पीएम मोदी ने सीएम से बात कर जाना दूसरे चरण के मतदान का हाल, साय ने कहा- तीनों सीटें जीत रही भाजपा
रायपुर। प्रदेश की तीन लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को दूसरे चरण का मतदान हुआ. राज्य में हुए मतदान के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से बात की और दूसरे चरण की सीटों का हाल जाना. मुख्यमंत्री श्री साय ने पीएम मोदी को बताया कि सभी सीटों पर बड़ी संख्या में भाजपा के पक्ष में मतदान हुआ है. मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण की भी तीनों सीटें भाजपा को मिल रही है. शाम 5 बजे तक कांकेर में 73.50, महासमुंद में 71.13 और राजनांदगांव में 71.87 प्रतिशत मतदान हुआ है. महासमुंद लोकसभा के बिंद्रानवागढ़ विधानसभा में सबसे ज्यादा 78.84 % मतदान हुआ है. वही सबसे कम मतदान महासमुंद विधानसभा में 64.90% हुआ है.
राज्य कर जीएसटी विभाग ने व्यापारियों की सुनी समस्याएं, व्यापार में सहयोग करने का दिया आश्वासन
रायपुर। राज्य कर जीएसटी विभाग रायपुर सिविल लाइंस कार्यालय ने डूमरतराई व्यवसायियों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होटल कारखाना, शदाणी दरबार परिसर डूमरतराई में किया. कार्यक्रम में डूमरतराई, गणेश राम नगर व पगारिया कांप्लेक्स के व्यापारियों की भी समस्याएं सुनी गई एवं मदद का आश्वासन दिया गया.
कार्यशाला में उपायुक्त अंजू कुमार,राज्य कर अधिकारी रवि कुमार, एलपी जोशी, विकास चौबे, राज्य कर निरीक्षक निशांत तिवारी एवं रजनीकांत यदु ने व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न फाइल करने संबंधी समस्या, पंजीयन, अतिरिक्त व्यवसाय स्थान को जीएसटी में जोड़ना, गोडाउन संबंधी बात एवं जीएसटी से संबंधित विभिन्न नोटिस का समय पूर्वक जवाब देना इत्यादि के बारे में चर्चा की.
कार्यक्रम में इस ऑफ डुइंग बिजनेस के तहत व्यापारियों को व्यापार करने में पूरा सहयोग देने एवं उनके व्यापार को करने में सरल सुगम माध्यम देने की बात कही गई. सभी अधिकारियों ने अपने-अपने मोबाइल नंबर साझा किए, ताकि कोई भी समस्या होने पर जानकारी ली जा सके एवं अधिकारियों द्वारा इस तरह की मीटिंग माह में एक शुक्रवार को लिया जाएगा, जिससे कि जीएसटी कार्य सुचारू रूप से क्रियान्वित की जा सके. कार्यक्रम में तनेश आहूजा अध्यक्ष फूट वेयर एसोसिएशन डूमरतराई का विशेष योगदान रहा.
लोकसभा चुनाव 2024 : खैरागढ़ जिले में 75.25 % हुआ मतदान, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लौटे मतदान दल, अफसरों ने किया स्वागत
खैरागढ़। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राजनांदगांव लोकसभा सीट के लिए भी मतदान हुआ. इसके अंतर्गत आने वाले खैरागढ़ जिले में शाम 6 बजे तक 75.25% मतदान दर्ज किया गया. वहीं अब धीरे-धीरे अति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के मतदान दलों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों के मतदान दलों की वापसी का सिलसिला जारी है.
खैरागढ़ जिले में पिपरिया वेयर हाउस गोदाम को स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है, जहां सफलता पूर्वक चुनाव संपन्न कराकर नक्सल प्रभावित बूथ करेलागढ़, साल्हेवारा , बकरकट्टा, गातापार, घाघरा भावे सहित ज़िलेभर की मतदान टीम ईवीएम जमा करने के लिए पहुंच रही है. जिले में सभी जगह शांति पूर्ण मतदान कराकर पहुंची मतदान टीमों का पुष्पगुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत वर्मा और खैरागढ़ एसपी त्रिलोक बंसल ने स्वागत किया.
कांग्रेसी नेताओं समेत एक हजार से अधिक लोग भाजपा में हुए शामिल, सीएम साय ने दिलाई सदस्यता
अभनपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अभनपुर विधानसभा के ग्राम पिपरौद में चुनावी सभा ली. इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं समेत एक हजार से अधिक लोगों ने सीएम के समक्ष भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. भाजपा प्रवेश करने वाले सभी लोगों का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवा गमछा पहनाकर स्वागत करते हुए उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई.
कार्यक्रम में सतनामी समाज के 5 सौ से अधिक लोगों ने विधायक इंद्र कुमार साहू के नेतृत्व में, साहू समाज के 250 से अधिक पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने तहसील अध्यक्ष ब्रम्हानंद साहू के नेतृत्व में और पटेल समाज के 250 से अधिक लोगों ने जिलाध्यक्ष ईश्वर पटेल के नेतृत्व में भाजपा में प्रवेश किया. इसके अलावा कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रतिराम साहू, वरिष्ठ कांग्रेस व मजदूर नेता मेघनाथ साहू, नवापारा की पूर्व पालिका अध्यक्ष देहूती साहू, युवक कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश सचिव अभनपुर युवा कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रवीण कल्ला सहित 100 से अधिक कांग्रेसियों ने मोदी सरकार की रीति-नीति से प्रभावित होकर भाजपा का दामन थामा.
छत्तीसगढ़ की तीन सीटों पर मतदान के बाद डिप्टी सीएम साव बोले – प्रदेश से कांग्रेस का हो रहा सूपड़ा साफ
रायपुर। छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीटों पर मतदान के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रेसवार्ता में कहा कि अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी ईवीएम पर फैसला सुना दिया है. अब कांग्रेस के पास हार के लिए कोई बहाना नहीं बचा है. आज तक एंटी इंकमबेंसी जनता ने सुनी थी, प्रो. इंकमबेंसी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धि है. आज के मतदान से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में शून्य पर आऊट होने वाली है और देश में कांग्रेस पार्टी विपक्ष बनने लायक भी नहीं बची है.
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के पूर्ण हुए मतदान के बाद भाजपा को अभूतपूर्व जनसमर्थन मिलने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा है कि बस्तर के बाद अब कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा की जनता-जनार्दन ने पूरे छत्तीसगढ़ के विकास के लिए भाजपा के पक्ष में भारी संख्या में स्वस्फूर्त मतदान किया है. शुक्रवार को मतदान के दूसरे चरण में मतदान का प्रतिशत भाजपा के लिए काफी उत्साहजनक है और भाजपा का यह विश्वास फलीभूत होने जा रहा है कि प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है.
साव ने छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में शुक्रवार को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दल, सुरक्षा बलों के जवान, राजनैतिक कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए आभार जताया. उन्होंने कहा, तीनों लोकसभा क्षेत्रों में भारी मतदान न केवल मतदाताओं का लोकतंत्र के उत्सव के प्रति उत्साह को दर्शाता है बल्कि छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार के सुशासन और “मोदी की गारंटी“ के प्रति जनता का भरोसा भी इससे स्पष्ट हो गया है भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौसम की प्रतिकूलता और नक्सल हिंसा की परवाह किए बगैर अथक परिश्रम किया. इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को भी साव ने बधाई दी.
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के रूझान से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में मतदान के तीसरे और अंतिम चरण में कार्यकर्ता और अधिक उत्साह के साथ भाजपा के पक्ष में अभूतपूर्व जनसमर्थन जुटाएंगे और दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, सरगुजा, जांजगीर-चाँपा और कोरबा में भी भाजपा की ऐतिहासिक जीत की पटकथा लिखेंगे. छत्तीसगढ़ की सभी सीटों पर भाजपा प्रचंड मतों से विजयी होगी. नक्सलवाद के दंश से लहूलुहान बस्तर संभाग के काँकेर संसदीय क्षेत्र के साथ ही राजनांदगाँव संसदीय क्षेत्र की जनता ने एक ओर जहाँ अब छत्तीसगढ़ को कांग्रेसमुक्त राज्य बनाने के अभियान को आगे बढ़ाया है. साव ने कहा कि राजनांदगाँव में कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को लेकर इस संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में ही काफी आक्रोश है. वहीं अपने शासनकाल में भूपेश सरकार के भ्रष्ट कारनामों ने जनाक्रोश बढ़ाने का काम किया है. प्रदेश के गृह मंत्री और महासमुंद जिले के प्रभारी मंत्री रहे महासमुंद संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी की कार्यप्रणाली से न केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, अपितु साहू समाज में भी आक्रोश साफ नजर आया है.
उप मुख्यमंत्री साव ने मतदान के दूसरे चरण के बाद शुक्रवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांकेर, राजनांदगाँव और महासमुंद लोकसभा सीटों में भारी संख्या में मतदाताओं ने मतदान कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि पूरा छत्तीसगढ़ अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत – विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ कदमताल करने का ख्वाहिशमंद है. छत्तीसगढ़ की जनता एक ओर नक्सली हिंसा से पूरी तरह मुक्ति चाहती है, वहीं दूसरी तरफ वह सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए भाजपा की सरकार चाहती है. कांग्रेस के प्रति व्याप्त आक्रोश पहले व दूसरे चरण के मतदान में व्यक्त होकर कांग्रेस की चूलें हिलाने वाला साबित होगा. प्रदेश की पिछली कांग्रेस सरकार के नाकारापन से रुष्ट जनमानस का स्पष्ट रुझान भाजपा के पक्ष में नजर आ रहा है. शुक्रवार को तीनों लोकसभा सीटों की जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान करके यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के झूठ को बर्दाश्त नहीं करने वाली है और इसलिए बस्तर के रास्ते पूरे प्रदेश में कांग्रेसमुक्त अभियान शुरू हुआ है. भाजपा के प्रति यही विश्वास और उत्साह पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है और भाजपा का कमल प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर खिलेगा, इसमें कोई दो राय नहीं है.
साव ने कहा कि 2014 एवं 2019 के लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी भाजपा के पक्ष में भारी मतदान हुआ है. मतदाताओं और कार्यकर्ताओं में “मोदी सरकार“ को लेकर फिर एक बार केन्द्र में सत्ता में लाने के लिए अभूतपूर्व उत्साह देखा गया है और हमें विश्वास है कि भाजपा इन तीनों सीटों पर भारी बहुमत से विजयी होने जा रही है. केन्द्र सरकार ने पिछले 10 वर्षों में जनता की सहूलियतों एवं उनके जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं. मोदी सरकार की योजनाओं का विशेष रूप से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए हैं. यही कारण है कि हमारी माताओं बहनों ने मोदी को फिर एक बार सत्ता सौंपने के लिए बढ़चढ़ कर मतदान में भाग लिया है. साव ने कहा कि प्रदेश एवं देश में डबल इंजन की भाजपा सरकार के कारण हुए अभूतपूर्व विकास को जनता ने ‘कमल छाप’ पर बटन दबाकर अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है. प्रदेश की सभी 11 सीटों पर भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है. इसके साथ ही देश में भाजपा “अबकी बार 400 पार“ के अपने संकल्प को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, और कांग्रेस नीत विपक्ष अपने बुने मकड़जाल में उलझकर रह गया है.
भाजपा कार्यालय में पटाखे फोड़कर मनाया गया जश्न
दूसरे चरण के मतदान के बाद सामने आ रहे मतदान प्रतिशत के आधार पर भाजपा की शानदार व ऐतिहासिक विजय का दावा करते हुए उत्साहित भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की शाम एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में जमकर आतिशबाजी की और परस्पर बधाइयों का आदान-प्रदान किया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दुहराते हुए कहा कि इस बार भाजपा “400 पार“ का लक्ष्य अर्जित करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनना तय है. इस दौरान प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, उमेश घोरमोड़े, जिला महामंत्री सत्यम दुवा मौजूद थे।
बेमेतरा में बोले अमित शाह- दो साल में नक्सलवाद को खत्म कर देंगे
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ में तीसरे चरण के मतदान को लेकर भाजपा ने ताकत झोंक दी है। गृहमंत्री अमित शाह दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के बेमेतरा के बेसिक स्कूल में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे हैं। अमित शाह ने अपने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय के नारे के साथ की। उन्होंने कहा तीसरी बार मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है कि नहीं बनाना है।
विजय बघेल को फिर से सांसद बनाना है कि नहीं बनाना है। छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटे मोदी की झोली में डालना है। अमित शाह ने युवाओं को अपने जिगर का टुकड़ा बताया। उन्होंने भद्रकाली महामाया मंदिर को प्रणाम किया है। ठाकुर प्यारेलाल जी को प्रणाम कर अपनी बात शुरू कर रहा हूं। हमारे ही युवा भुनेश्वर साहू कि कांग्रेस वोट बैंक ने जान ली थी।
कोई नहीं मानता था कि ईश्वर साहू रविन्द्र चौबे जैसे कद्दावर नेताओं को हरा देंगे लेकिन उनका सुपड़ा साफ हो गया। पूर्व प्रधानमंत्री माननीय अटल बिहारी वाजपेई ने छत्तीसगढ़ को बनाने का काम किया है। 20 साल तक भाजपा की सरकार छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार चली। 20 साल में भारतीय जनता पार्टी ने बीमारू राज्य से विकसित राज्य बनाया।
गृहमंत्री ने कहा कि पीडीएस का चावल हमने गरीबों गरीबों तक पहुंचाया। आने वाले दो सालों में छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद को समाप्त कर देंगे। कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण नक्सलवाद को पालने पोषण काम किया।
मोदी जी ने ऐसा काम किया जो 1000 साल तक कोई नहीं कर पाया
अमित शाह ने कहा नक्सलियों को समाप्त करने का काम भारतीय जनता पार्टी ने किया है। राम मंदिर बनना चाहिए था कि नहीं बनना चाहिए था। मोदी जी ने ऐसे काम किए हैं जो 1000 साल तक कोई नहीं कर पाएगा। राहुल गांधी राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए क्योंकि उन्हें वोट बैंक का डर लगता है। जो लोग वोट बैंक की राजनीति करने के लिए रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा में नहीं गए वे लोग देश में शासन करने की हकदार नहीं है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर हमारा है कि नहीं है लोगों से कहा जोर से बोल खरगे के कान तक आवाज जानी चाहिए। आप सभी ने मोदी जी की दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया 5 अगस्त 2019 को धारा 370 को कश्मीर से समाप्त कर दिया गया। कश्मीर हमेशा के लिए भारत का हिस्सा बन गया है। मैं जब पार्लियामेंट में कश्मीर कभी लेकर खड़ा हुआ उसे समय विजय जी थे राहुल बाबा ने कहा धारा 370 मत हटाइए।
असंगठित कामगार कांग्रेस और किसान कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी भाजपा में शामिल, बृजमोहन अग्रवाल ने भगवा गमछा पहनकर कराया प्रवेश
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रवादी विचारों एवं सिद्धांतों से प्रभावित होकर कांग्रेस व अन्य दलों के लोग निरंतर भाजपा प्रवेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज असंगठित कामगार कांग्रेस एवं किसान कांग्रेस के दर्जनों पदाधिकारी ने अपने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं रायपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल के समक्ष भाजपा प्रवेश किया। श्री अग्रवाल ने सभी लोगों को भगवा गमछा पहन कर उनके भाजपा प्रवेश पर अभिनंदन किया है।
गौरतलब है कि असंगठित कामगार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आलोक पांडे ने हाल ही में भाजपा प्रवेश किया था इसके बाद अब संगठन छोड़ने वालों की झड़ी लग गई है। इसी तारतम्य में आज प्रदेश संयोजक राजीव अवस्थी जिलाध्यक्ष जितेश शर्मा के नेतृत्व में असंगठित कामगार कांग्रेस विधि सेल के प्रदेश संयोजक राघवेंद्र सिंह चंदेल , किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गणेश तिवारी, आरंग ब्लाक अध्यक्ष प्रतीक तिवारी, रायपुर जिला उपाध्यक्ष संदीप पांडे,किसान कांग्रेस आरंग सत्यानरण शर्मा, धरसीवा ब्लॉक अध्यक्ष निशांत शर्मा, राजेंद्र कुमार सुजोरिया, धरसीवा खरोरा के अनुराग दुबे,अमरजीत सिंह चावला,पोषण सिन्हा,गौरव अग्रवाल।
इस संबंध में आलोक पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विकास परक सोच के साथ आगे बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस पार्टी देश व धर्म के विरोध में काम करने वालों को संरक्षण देकर आगे बढ़ रही है। ऐसे में भारत के किसी भी देशभक्त नागरिक को कांग्रेस पार्टी से जुड़कर रहना एक अपराध बोध सा प्रतीत होता है। यही वजह है कि लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल प्रदेश के जननेता है। उनके सक्षम नेतृत्व में रायपुर लोकसभा जीतकर भाजपा कीर्तिमान रचेगी।
मतदान के लिए प्रेरित करने रामकृष्ण हॉस्पिटल की अनुकरणीय पहल, स्याही लगी उंगली दिखाने पर इलाज में 30 प्रतिशत की मिलेगी छूट
रायपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सहभागिता प्रदान करते हुए जिले के प्रतिष्ठित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल ने सराहनीय पहल की है. 07 मई को मतदान करने वाले नागरिकों को उंगली पर स्याही का निशान दिखाने पर स्पेशल डिस्काउंट ऑफर की घोषणा की है. कलेक्टर डॉ. सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थानों के लिए भी अनुकरणीय बताया है.
रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ अखिल ने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह से मुलाकात कर उन्हें अपने इस ऑफर से अवगत कराया. हॉस्पिटल द्वारा मतदान तिथि 07 मई को वोट देने वाले मतदाताओं और उनके परिवारजनों को सभी प्रकार के स्वास्थ्य जांच में 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. इसके साथ ही ओपीडी फिजिशियन कंसल्टेशन में भी 30 प्रतिशत की छूट हॉस्पिटल द्वारा दी जाएगी, जिससे लोग अधिक से अधिक वोट करने के लिए प्रेरित हाेंगे.
हॉस्पिटल प्रबंधन ने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए और नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने यह पहल की गई है. हॉस्पिटल द्वारा मतदान के दिन से 12 मई तक रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदाताओं के लिए निःशुल्क एंबुलेंस पिकअप की सुविधा भी रहेगी. इसके साथ ही उन्हें ओपीडी बिलिंग में भी प्राथमिकता मिलेगी, जिससे मतदान करने वाले नागरिकों को प्रतीक्षा नही करना पड़ेगा. मतदाताओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से यह स्कीम लागू की जा रही है, जो 07 मई से 12 मई 2024 तक उपलब्ध रहेगी. प्रबंधन द्वारा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को इस आशय का पत्र भी सौंपा गया है. इस दौरान नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप उपस्थित थे.
तीन लोकसभा सीटों में शाम 5 बजे तक 72.13 फीसदी हुआ मतदान, जानिए विधानसभावार आंकड़े
रायपुर। देश के 13 राज्यों में आज दूसरे चरण का मतदान 88 सीटों में शुरू हो गया है. इसमें से छत्तीसगढ़ की तीन लोकसभा सीट कांकेर, महासमुंद और राजनांदगांव में भी मतदान हो रहा है. तीनों लोकसभा सीटों में कुल 24 विधानसभा क्षेत्र शामिल है. प्रत्याशियों की बात करें तो राजनांदगांव लोकसभा से 15, महासमुंद लोकसभा से 17 और कांकेर लोकसभा से 9 प्रत्याशी मैदान में हैं. निर्वाचन आयोग ने शाम 5 बजे तक का मतदान प्रतिशत जारी कर दिया है. इसके मुताबिक 72.13 प्रतिशत मतदान हुआ है.
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार कांकेर में 73.50, महासमुंद में 71.13 और राजनांदगांव में 71.87 प्रतिशत मतदान हुआ है. महासमुंद लोकसभा के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा में सबसे ज्यादा 78.84 % मतदान हुआ है. वही सबसे कम मतदान महासमुंद विधानसभा में 64.90% हुआ है.
छत्तीसगढ़ की तीनों लोकसभा सीटों में मतदान का समय
राजनांदगांव लोकसभा, महासमुंद और कांकेर के क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. इसके साथ ही कुछ मतदान केंद्रों में वोटिंग समय कम की गई है. जिसमें कांकेर लोकसभा क्षेत्र के कांकेर, भानुप्रतापपुर, केशकाल और अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा. राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के मोहला मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा. महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 9 मतदान केंद्र में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा.
तीन लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या
कुल मतदाता- 52,84,938
पुरुष मतदाता- 26, 05,350
महिला मतदाता- 26,79,528
थर्ड जेंडर- 60
18 से 19 आयु वर्ग के मतदाता- 1,62,624
जानिए विधानसभावार मतदान प्रतिशत
कांकेर लोकसभा
अंतागढ़ – 73.00 %
भानुप्रतापपुर – 75.00 %
डौंडीलोहारा – 72.41%
गुण्डरदेही – 71.70 %
कांकेर – 76.00 %
केशकाल – 73.58 %
संजारी बालोद – 72.56 %
सिहावा – 74.52 %
महासमुंद लोकसभा
बसना – 71.07 %
बिन्द्रानवागढ़ –78.84 %
धमतरी – 70.16 %
खल्लारी – 66.34 %
कुरूद – 74.40 %
महासमुंद –64.90 %
राजिम – 72.02 %
सरायपाली – 70.27 %
राजनांदगांव लाेकसभा
डोंगरगांव – 73.23 %
डोंगरगढ़ –68.83 %
कवर्धा – 70.20 %
खैरागढ़ – 75.25 %
खुज्जी – 75.22 %
मोहला मानपुर – 75.00 %
पंडरिया –68.30 %
राजनांदगांव – 72.48 %
विरासत टैक्स के बहाने हमारे पूर्वजों की सम्पत्तियों को दूसरों को सौंपने की बात कह रही कांग्रेस- सीएम साय
रायपुर/तमनार। मनमोहन सिंह जब प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुस्लिम लोगों का है. अभी जो कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार हुआ है, उसमें वो विरासत टैक्स लेने का संकेत दे रही है. कांग्रेस की ऐसी खतरनाक भावनाओं से हम सबको सचेत रहना है, उसको करारा जवाब देना है. यह बात मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ के तमनार में जनसभा को संबोधित करते हुए कही.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पहले राजीव गांधी और अब राहुल गांधी के सलाहकार सैम पित्रोदा के द्वारा बनाए गए घोषणा पत्र में हमारे पूर्वजों की संपत्तियों को विदेश में लागू नियम की तरह दूसरे लोगों में बांटने की साफ झलक मिल रही है. साय ने कहा कि संपत्ति बनाया हमारे पूर्वजों ने और कांग्रेस बांटेगी दूसरों को. हम बिल्कुल भी ऐसा होने नहीं देंगे.
साय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पाकिस्तानी हमारे सैनिकों को मारकर उनके शव के साथ खेलते थे. ये सब देखकर भी कांग्रेस की सरकार केवल शांति वार्ता करती थी, कोई ठोस कदम नहीं उठाती थी. लेकिन जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने उन्होंने एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान की बोलती बंद कर दी, उनकी धमकी-चमकी बंद कर दी. ये है नया भारत. आज मोदी की वजह से पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है. इसलिए इस लोकसभा में चुनाव में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है.
पीएससी भर्ती की सीबीआई जांच का वादा पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में प्रदेश में पीएससी घोटाला हुआ. जिसकी जांच भाजपा सरकार बनने पर सीबीआई से कराने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था. उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही हमने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी और अब मोदी सरकार ने जांच की अनुमति भी दे दी है. अब हमारे बेटे-बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने नहीं बख्शे जाएंगे, उसकी जगह जेल होगी.
घोटालेबाज थी भूपेश सरकार
कांग्रेस और भूपेश बघेल को घेरते हुए साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए. भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था. कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया. प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया. नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए. तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया.
कांग्रेस को जीरो पर करना है आउट
उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया. महादेव सट्टा एप निर्बाध रूप से चले इसके लिए 508 करोड़ रुपए प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा, एफआईआर भी दर्ज हुआ. जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं. आज भी कई भ्रष्ट अधिकारी जेल गए हैं. ये सब उनके किये की सजा उनको मिल रही है. कांग्रेस को फिर से सबक सिखाना है. छत्तीसगढ़ से कांग्रेस को जीरो में आउट करना है.
12 लाख किसानों को दिया 2 साल का बोनस
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं. उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं. शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी. 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया. 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रुपए क्विंटल धान की कीमत दी. साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किए वरन् महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है.
फिर शुरू होगी चरण पादुका योजना
उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं. 5500 रुपए प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने के भी आदेश दे दिए हैं और खरीदी के लिए हमनें 15 दिनों का समय भी तय कर दिया है. चरण पादुका योजना की भी पुनः शुरुआत होगी. साथ ही उन्होंने मोदी की गारंटी में जो बचे वादे हैं उनको भी सांय-सांय पूरा करने की बात कही.
बंद नहीं होगी महतारी वंदन योजना
साय ने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है इसलिए जनता को अलग-अलग मुद्दों पर भरमा रही है, तरह-तरह के षड़यंत्र कर रही है. लेकिन मैं आप सभी को आश्वस्त करने आया हूँ कि हताश और निराश हो चुकी कांग्रेसियों के इस बहकावे में बिल्कुल मत आइये. जब तक छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार है महतारी वंदन योजना भी बंद नहीं होगी. महिलाओं को निरंतर इसका लाभ मिलता रहेगा. हर महीने के पहले सप्ताह में राशि दे दी जाएगी.
आरक्षण खत्म करने का दे रहे भ्रम
सीएम साय ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं. डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण ख़त्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं. उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा. कोई भी ताकत आरक्षण को ख़त्म नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है तो अब वे आरक्षण ख़त्म होने का भ्रम फैला रहे हैं.
जनता को ठगने नया पैतरा आजमा रही कांग्रेस
विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे. लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है. साय ने कहा कि प्रदेश की जनता ने पहले ही छत्तीसगढ़ की सत्ता भाजपा को सौंप दी है और केंद्र में कांग्रेस के आने की कोई संभावना ही नहीं है. ये सब जानते हुए भी कांग्रेसी जनता को ठगने का नया पैंतरा ले कर आए हैं, जिसका जनता करारा जवाब देगी.
यह विकसित भारत बनाने का चुनाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है. एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं. 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं. वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं. क्योंकि एक गरीब ही दूसरे गरीब के मर्म को समझता है. मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया. उन्होंने कहा कि ये चुनाव मोदी के नेतृत्व में 2029 तक भारत को विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति और 2047 तक विकसित भारत बनाने का चुनाव है.
राधेश्याम राठिया का बताया अनुभव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारे प्रत्याशी राधेश्याम राठिया को जनसेवा का लम्बा अनुभव है. उन्होंने सरपंच से लेकर जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, एसटी मोर्चा और किसान मोर्चा सब में काम किया. राधेश्याम राठिया को काम करने का लम्बा अनुभव है और वे मृदुभाषी और कर्मठ हैं. उनको कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से जिताकर लोकसभा भेजना है. ये आप सभी से आग्रह करने आया हूँ.
150 से अधिक कांग्रेसी हुए भाजपा में शामिल
जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष रायगढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक अग्रवाल ने भाजपा प्रवेश किया. उनके साथ 150 से अधिक कांग्रेसियों ने भाजपा की सदस्यता ली और भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड मतों से जिताने का संकल्प लिया.
जनसभा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, पूर्व विधायक सुनीति राठिया, गुरुपाल भल्ला, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शकील मोहम्मद, सतीश बेहरा सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे.