प्रदेश / छत्तीसगढ़
लोकसभा चुनाव 2024 : बस्तर में मतदान शुरू होते ही लखमा ने डाला मत, कश्यप ने मंदिर में टेका माथा…
जगदलपुर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बस्तर लोकसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है. सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है. कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने मतदान शुरू होते ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया. वहीं भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप मतदान से पहले मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया.
सुकमा में कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने मतदान के बाद चर्चा में भारी मतों से जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि बस्तर में मौदी मैजिक नहीं दादी मैजिक चला है. उन्होंने जीत के बाद सबसे पहले पोलावरम बांध का मुद्दा सुलझाने और सुकमा तक रेल लाइन लाने की बात कही. वहीं बीजेपी प्रत्याशी ने अपने गृहग्राम कलचा में की भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. इसके बाद वे मतदान करने के लिए रवाना होंगे.

वहीं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के फरसागुड़ा पोलिंग बूथ में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरे देश का वातारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में नजर आ रहा है. देश और प्रदेश को दोगुनी गति से विकास प्रदान करने के लिए सरकार काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि पूरे बस्तर लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी को लोगो ने अपना आशीर्वाद दिया है. पूरे प्रदेश में हमारे प्रत्याशी जीतकर आ रहे हैं. केंद्र और राज्य सरकार मिलकर डबल इंजन की गति से विकास करने वाली है. भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश कश्यप रिकॉर्ड मत से विजय प्राप्त कर रहे हैं.
बता दें कि बस्तर लोकसभा सीट संसदीय क्रमांक -10 मे 8 विधानसभा और 6 जिले शामिल हैं. इन 8 विधानसभा में जगदलपुर, बस्तर, चित्रकोट, कोण्डागांव, नाराय़णपुर, सुकमा, बीजापुर और दंतेवाडा शामिल है. जगदलपुर विधानसभा के 175 मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. वहीं बस्तर विधानसभा में 7 से 5 बजे तक मतदान होगा.
इसके अलावा जगदलपुर विधानसभा के 72 मतदान केंद्र सहित चित्रकोट विधानसभा, बीजापुर विधानसभा, दंतेवाड़ा विधानसभा, कोंडागांव विधानसभा, नारायणपुर विधानसभा और सुकमा विधानसभा में सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा.
व्यावसायिक परीक्षा मण्डल की विभिन्न प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की तिथियों में संशोधन
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए विभिन्न प्रवेश एवं पात्रता परिक्षाओं की परीक्षा तिथियों में संशोधन किया गया है। लोकसभा चुनाव की तिथियां घोषित होने के कारण प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं की पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथियों में संशोधन किया गया है।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा जारी संशोधित तिथियों के अनुसार पी.ई.टी-2024, प्री.एम.सी.ए.-2024 एवं पी.पी.एच.टी.-2024 की परीक्षा 13 जून 2024 को होगी। पी.ए.टी/पी.व्ही.पी.टी., बीएससी (कृषि), बीएससी (उद्यानिकी), पशुपालन में डिप्लोमा और मत्स्यिकी विज्ञान में डिप्लोमा, प्री.बी.ए.बी.एड. और प्री बी.एससी बी.एड. की परीक्षा 16 जून 2024 को होगी।
इसी प्रकार पी.पी.टी. 2024, टीईटी-2024 पात्रता परीक्षा 23 जून 2024 को, प्री.बी.एड.-2024 और प्री.डी.एल.एड.-2024 की परीक्षा 30 जून को तथा बी.एससी नर्सिंग-2024, पोस्ट बेसिक नर्सिंग-2024 एवं एम.एस.सी. नर्सिंग-2024 की परीक्षा 7 जुलाई 2024 को आयोजित की जाएगी।
पूर्व CM बघेल के बयान पर डिप्टी सीएम शर्मा का पलटवार, कहा- क्यों अर्बन नक्सलियों का बढ़ाना चाहते हैं मनोबल
रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि एनकाउंटर को भूपेश बघेल कैसे फर्जी बता सकते हैं. आखिर उनकी क्या मंशा है क्यों फर्जी एनकाउंटर बोल रहे हैं. नक्सली लेटर जारी करके बता रहे हैं कि 29 नक्सली मारे गए हैं. हम लोग भी वही बोल रहे है कि 29 नक्सलियों को जवानों ने ढेर किया है. ये अर्बन नक्सलियों का मनोबल क्यों बढ़ाना चाहते हैं. अर्बन नक्सलियों को क्यों दाना पानी डालने का काम कर रहे हैं. आखिरकार भोले-भाले आदिवासियों को कन्फ्यूज क्यों करना चाहते हैं. मैं यह भूपेश बघेल से पूछना चाहता हूं.
हमारे देश के जवानों का हौसला क्यों पास्त करना चाहते हैं उनका मनोबल क्यों गिरा रहे हैं. फर्जी एनकाउंटर बताने का मकसद क्या है ? नक्सली संगठन स्वयं लेटर जारी करके बता रहे हैं, हम भी वही बता रहे हैं. भूपेश बघेल का यह बयान निंदनीय और दंडनीय है. इस तरह के जवानों की शौर्य पर सवाल उठाने वालों को जनता दंड देगी. एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक पर कांग्रेस ने सवाल खड़ा किया था और अब भी कर रहे हैं. इस तरह जवानों के मनोबल गिराने वाले बयान बिलकुल निंदनीय है.
बीजेपी नेता ने कांग्रेस न्याय गारंटी फॉर्म में की छेड़छाड़ और लिखी अपशब्द, कांग्रेस ने शिकायत कर की कड़ी कार्रवाई की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभिषेक कसार ने भाजपा नेता शरद राठौर के खिलाफ शिकायत की है. जिसमें उन्होंने कांग्रेस न्याय गारंटी फार्म में छेड़छाड़ और अपशब्द लिखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का आरोप लगाया है. कसार ने इसके खिलाफ रायपुर कोतवाली थाने में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
अभिषेक कसार ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक न्याय गारंटी पत्र आने के बाद जनता में भारी उत्साह है. भाजपा के नेता अपनी हार देख कर बौखला गए हैं और ऐसा दुष्प्रचार कर रहे हैं. इस मौके पर शहर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, महामंत्री प्रवीण चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष अरुण जंघेल, युवा कांग्रेस रायपुर जिला महासचिव राहुल तिवारी, मोहसीन खान उपस्थित थे.
प्रथम चरण के चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा फायदा, पूर्व विधायक समेत 700 से अधिक लोगों ने थामा बीजेपी का दामन
रायपुर। प्रथम चरण के चुनाव से पहले भाजपा ने प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया. इस प्रवेश कार्यक्रम में भाजपा को बड़ा फायदा मिला. कांग्रेस पूर्व विधायक समेत 700 से अधिक लोगों ने भाजपा का दामन थामा है. प्रवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव मौजूद रहे।
भाजपा प्रवेश कार्यक्रम में पूर्व मंत्री गुरु रुद्र कुमार की बहन प्रियंका गुरु ने भाजपा का दामन थामा. मुख्यमंत्री साय ने बीजेपी का गमछा पहनाकर उनका स्वागत किया. वहीं पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी भी बीजेपी में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने उन्हें भी गमछा पहनाकर स्वागत किया. बताया जा रहा है कि शिशुपाल सोरी लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे थे.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अब चला चली की बेला है. पतझड़ की तरह कांग्रेस रूपी वृक्ष को उनके नेता और कार्यकर्ता पार्टी को छोड़कर उसे ठूँठ में बदलने का काम कर रहे हैं. वैसे तो पूरे देश में यही आलम है. केंद्रीय राजनीति में भी कई दिग्गज नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं. सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ते जा रहे हैं. कांग्रेस में आम कार्यकर्ताओं की कोई पूछ-परख नहीं हो रही है., उल्टे अपनी व्यथा व्यक्त करने, बड़े नेताओं को खरी-खरी सुनाने, सरकार से लेकर संगठन तक मचाई गई लूट पर बोलने वालों को ‘स्लीपर सेल’ तक कहकर अपमानित किया गया. उन्होंने कहा कि इसीलिए अब कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है. सीएम साय ने सभी कार्यकर्ताओं से प्रदेश की सभी 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा की विजय के लिए प्राण-पण से जुटने का आह्वान किया.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस रूपी जहाज को अब डूबने से कोई नहीं बचा सकता, ऐसा कोई दिन नहीं जब कांग्रेस के दिग्गज कांग्रेस पार्टी नहीं छोड़ रहे हैं अब सभी को यह मालूम हो चल चुका है कि कांग्रेस राष्ट्रहित की राजनीति करने वाला दल नहीं रहा, कांग्रेस ने कई कार्य ऐसे किए हैं जो राष्ट्र का भारत का अपमान और अहित करने वाले हैं इसीलिए कांग्रेस के नेता राष्ट्रहित सर्वोपरि के उद्देश्य से आगे बढ़ रही भाजपा का दामन थाम रहे हैं.
शराब घोटाला : अनवर ढेबर और अरविंद सिंह 14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर, पूर्व एमडी त्रिपाठी की 25 अप्रैल तक EOW को सौंपी गई रिमांड
रायपुर। शराब घोटाला मामले में आरोपियों की न्यायिक और पुलिस रिमांड पर कोर्ट ने फैसला सुनाया है. आरोपी आबकारी विभाग के पूर्व एमडी अरुणपति त्रिपाठी को ईओडब्लू की रिमांड पर 25 अप्रैल तक सौंपा गया है. वहीं अनवर ढेबर और अरविंद सिंह को 14 दिन यानी 2 मई तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. यह फैसला एसीबी ईओडब्ल्यू की स्पेशल कोर्ट ने सुनाया है.
बता दें कि छह दिन की रिमांड खत्म होने के बाद आज फिर ईओडब्ल्यू की टीम ने आज आरोपियों को पीएमएलए कोर्ट में पेश किया. इसके पूर्व एसीबी ने तीनों से आमने सामने पूछताछ पूरी कर ली है.
ईओडब्लू ने ईडी की रिपोर्ट पर जिन 71 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. उसमें आबकारी अफसर, बड़े और छोटे शराब कारोबारी, होलोग्राम व्यवसायी, एनजीओ, सिक्योरिटी कंपनियां और कर्मचारी उपलब्ध करवाने वाली एजेंसियां तथा शराब बोतल में भरनेवाली और ट्रांसपोर्ट करनेवाली एजेंसियां हैं. इनमें से ईओडब्लू ने काफी अफसरों के यहां छापे मारकर और 6 घंटे तक पूछताछ कर काफी जानकारी जुटा चुकी हैं. बताते हैं कि अब ईओडब्लू का फोकस छत्तीसगढ़ के तीन बड़ी शराब कंपनियों छत्तीसगढ़ डिस्टलरीज, भाटिया वाइन एंड मर्चेंट्स और वेलकम डिस्टलरीज पर है. शराब बनाना और इनका सरकारी शराब गोदामों को वितरण करने में बड़ा रोल है. मोटे तौर पर यह भी माना जाता है कि बड़े शराब कारोबारियों का इस बिजनेस के सरकारी सिस्टम पर भी खासा प्रभाव रहता है. अब ईओडब्ल्यू इसका आकलन करेगी.
रायपुर का विकास भाजपा सरकार की देन है : बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। स्वस्थ जनता और समृद्ध समाज ही भाजपा सरकार की पहचान है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन भाजपा सरकार तेजी से काम करते हुए एक नए छत्तीसगढ़ के निर्माण में लगी हुई है। यशस्वी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में सड़कों का जाल बिछा है। नई सड़कों के साथ ही पुरानी सड़कों का चौड़ीकरण हुआ। गांव - गांव को सड़क से जोड़ा गया। भाटापारा और सिमगा समेत पूरे रायपुर का विकास भाजपा सरकार की देन है।
यह बात रायपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को भाटापारा विधानसभा क्षेत्र के सिमगा मंडल में जनसंपर्क के दौरान कही। बृजमोहन अग्रवाल ने जनसंपर्क की शुरुवात सिमगा से की यहां से रोड शो के जरिए बनसांकरा, चौरेंगा, दामाखेड़ा, तुलसी, तोरा, चकवाय, दरचुरा, लिमतरा, कोलिहा, रोहरा के साथ ही भाटापारा ग्रामीण मण्डल के देवरी और दतरेंगी में जनता से संपर्क कर भाजपा के लिए वोट मांगे।
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान बृजमोहन अग्रवाल का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूलमाला पहनाकर और पटाखे फोड़कर उनका स्वागत किया और उनके पक्ष में जमकर नारेबाजी की। इस अभियान के दौरान बृजमोहन अग्रवाल ने भी जनता को संबोधित किया। बृजमोहन अग्रवाल ने नवरात्रि और रामनवमी की बधाई देते हुए कहा कि, माता लक्ष्मी को कमल का फूल पसंद है, जो सुख और समृद्धि का प्रतीक है और भाजपा का निशान भी कमल का फूल है। इसीलिए भाजपा की सरकार समृद्ध छत्तीसगढ़ और समृद्ध राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ के गरीब युवा किसान और महिलाएं सभी के हितों का ध्यान रखकर काम किया जा रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, आगे भी ऐसे ही काम होता रहे उसके लिए हमको एक बार फिर से रायपुर, छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में कमल का फूल खिलाना है और मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने रायपुर में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए जनता से अपील की। इसके लिए एक मतदाता को अपने ज्यादा से ज्यादा रिश्तेदारों और दोस्तों को फूल को वोट देने के लिए समझना होगा। क्योंकि केवल भाजपा सरकार ही चौतरफा विकास कर सकती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकाल महिलाओं को समर्पित रहा है। आने वाले पांच साल में भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मोदी की गारंटी 2024 में 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गांरटी ली है। आयुष्मान के तहत सभी को पांच लाख का मुफ्त इलाज मिलता रहेगा। साथ ही 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। चाहें फिर वो किसी वर्ग का हो। युवाओं को आत्म निर्भर बनाने के लिए मुद्रा योजना की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख की गई। किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी। देश में डेयरी सहकारिता समिति की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। साथ ही दलहन और तिलहन में आत्मर्निभर के लिए किसानों की मदद करेंगे।जिसके लिए अबकी बार 400 पार को हकीकत में बदले और रायपुर का दिल्ली में डंका बजाने के लिए प्रचंड मतों से भाजपा को जिताए। बृजमोहन अग्रवाल को अपने बीच पाकर जनता में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
इस जनसंपर्क अभियान में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, जिला अध्यक्ष सनम जांगड़े, कृष्ण अवस्थी, राधेश्याम नायक, रामकुमार नायक, चंद्रमणि तिवारी, सुनील मिश्रा, शंकर लाल साहू, जिला मंत्री महाबल बघेल, सुनील मिश्रा, सिमगा मंडल अध्यक्ष केजु राम बघेल, भाटापारा नगर मंडल अध्यक्ष मनिंदर सिंह गुम्बर, सुरेश यदु समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद है।
मतदान की हर पल की गतिविधि पर नजर रखने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित
रायपुर। लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत प्रदेश में प्रथम चरण में बस्तर लोकसभा क्षेत्र में हो रहे मतदान की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले स्वयं नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन गतिविधियों की निगरानी कर रही हैं।
लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत प्रथम चरण में बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 1961 मतदान केंद्रों में से 811 मतदान केंद्रों में वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। मतदान के पहले आज सभी केंद्रों से टेस्टिंग भी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में स्थापित कमांड एवं कंट्रोल सेंटर में 16 बड़ी स्क्रीन पर एक साथ 144 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग के जरिए लाइव वीडियो देखी जा सकेगी। जिलावार एवं विधानसभावार हर 30 सेकंड में मतदान केंद्र स्क्रीन पर बदलेंगे जिससे सभी मतदान केंद्रों से आ रहे वीडियो को बारी-बारी से देखा जा सके।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिए वेबकास्टिंग के माध्यम से कुल मतदान केंद्रों में से आधे मतदान केंद्रों से सीधी तस्वीरें प्राप्त की जा रही हैं। निर्वाचन के दौरान मतदान केंद्रों से सीधी तस्वीरें प्राप्त करने के लिए कैमरे स्थापित किए गए हैं। यह पहली बार है कि मतदान केंद्र के अंदर के साथ ही बाहर भी कैमरे लगाए गए हैं जिससे मतदाताओं की कतारों तथा बाहर की अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।
लोकसभा निर्वाचन के दौरान पहले चरण में जहां 811 मतदान केंद्रों से सीधी तस्वीरें प्राप्त की जाएंगी, वहीं दूसरे चरण में होने वाले तीन लोकसभा क्षेत्रों के लिए 3243 मतदान केंद्रों से तथा तीसरे और अंतिम चरण में सात लोकसभा क्षेत्रों में मतदान के दौरान 7856 मतदान केंद्रों से लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। इस प्रकार तीनों चरणों में कुल 11 हजार 910 मतदान केंद्रों पर वेब-कास्टिंग के जरिए मतदान की गतिविधियों पर नजर रखी जाएंगी। स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन को लाइव वीडियो के माध्यम से जिला स्तर के साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय तथा भारत निर्वाचन आयोग के मुख्यालय स्तर पर देखा जा सकेगा।
नक्सलियों के खात्मे के लिए पहले कांग्रेस का खात्मा जरूरी : सीएम विष्णुदेव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो टूक लहजे में कहा है कि नक्सलियों को शहीद बताने वाले, 29 नक्सलियों के मुठभेड़ में मारे जाने को फर्जी एनकाउंटर बताने वाले और मुठभेड़ की जांच की मांग करने वाले कांग्रेसी अब यह साफ-साफ जान लें कि बस्तर की जनता विकास की समर्थक है. सीएम साय ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया कि नक्सलियों के खात्मे के लिए कांग्रेस का खात्मा जरूरी है और इसकी शुरुआत बस्तर की जनता कल 19 अप्रैल को करने जा रही है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया कि कांकेर मुठभेड़ को लेकर जिस तरह के बयान कांग्रेस नेताओं ने दिए हैं, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि नक्सलियों को पाल-पोसकर संरक्षण देने का काम कांग्रेस हमेशा करती रही है जो अब बस्तर की जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेगी. नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के निर्दोष बेटों के खून से बस्तर की धरती को लाल किया है.
सीएम साय ने कहा कि लोकसभा के इस चुनाव में कांग्रेस के सफाए के साथ प्रदेश की भाजपा सरकार नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने जा रही है. प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बहुत जल्द छत्तीसगढ़ के नक्सलवाद से मुक्त कराएगी. सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलियों के सबसे सुरक्षित किले में घुसकर एक साथ 29 नक्सलियों को मार गिराना ऐतिहासिक सफलता है. नक्सलियों पर की गई यह सबसे बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक है.
पूर्व आईपीएस मुकेश गुप्ता को हाईकोर्ट से राहत, लोक आयोग की कार्रवाई पर रोक लगाते हुए प्रकरण किया निरस्त, जानिए क्या था मामला…
बिलासपुर। पूर्व आईपीएस मुकेश गुप्ता के मामले में हाईकोर्ट ने लोक आयोग द्वारा की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाकर दर्ज प्रकरण निरस्त करने का आदेश दिया है. कोर्ट ने याचिकाकर्ता माणिक मेहता को नए सिरे से विधिवत याचिका दायर करने की छूट भी दी है.
रायपुर निवासी माणिक मेहता ने मुकेश गुप्ता के खिलाफ साल 2020 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने मिक्की मेहता मेमोरियल ट्रस्ट के नाम पर राज्य शासन से तीन करोड़ रुपए का अनुदान लिया था. इस अनुदान राशि के जरिए गरीबों के लिए मोतियाबिंद का ऑपरेशन निःशुल्क कराया जाना था, लेकिन मुकेश गुप्ता ने इस रकम का इस्तेमाल अपने पर्सनल लोन पटाने में किया. साथ ही लोक आयोग, एसीबी और ईओडब्ल्यू में मुकेश गुप्ता के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी. इसकी प्रति तत्कालीन मुख्यमंत्री को भी दी गई थी.
शिकायती पत्र के आधार पर लोक आयोग ने गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और अपने पद के दुरुपयोग का मामला दर्ज कर लिया था. शिकायत में कहा गया था कि मुकेश गुप्ता ने गरीब तबके को चिकित्सीय सुविधा दिलाने के नाम पर अपने पद और प्रभाव का दुरूपयोग किया और छत्तीसगढ़ सरकार से तीन करोड़ रुपए का अनुदान हासिल किया. लेकिन अनुदान राशि से चिकित्सीय सुविधा के बजाय बैंक का कर्ज अदा करके वित्तीय अनियमितता की गई. साथ ही चेरिटेबल ट्रस्ट का संचालन निजी लाभ के लिए किया जाता रहा.
मानिक मेहता की शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू ने भी अपने प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर निलंबित आईपीएस अधिकारी मुकेश गुप्ता, एमजीएम के मुख्य ट्रस्टी जयदेव गुप्ता और डायरेक्टर डॉ. दीपशिखा अग्रवाल के विरूद्ध भादवि की धारा 420, 406, 120 (बी) तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया था.
पहले चरण के मतदान से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी ने दिया इस्तीफा, भाजपा में होंगे शामिल…
कांकेर। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. कांकेर के पूर्व विधायक एवं भूपेश सरकार में संसदीय सचिव रहे शिशुपाल शोरी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. बताया गया कि शिशुपाल शोरी आज भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे भवन में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भाजपा की सदस्यता लेंगे.
पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी 2013 के आईएएस को नौकरी छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए थे. साल 2018 के विधानसभा चुनाव में शिशुपाल शोरी को कांकेर विधानभा से टिकट मिला और सत्ता विरोधी लहर के बीच शिशुपाल शोरी कांकेर विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए और उन्हें सरकार में संसदीय सचिव भी बनाया गया.
लेकिन पिछले साल हुए विधानभा चुनाव के दौरान शिशुपाल शोरी का टिकट काटा गया, जिससे शोरी कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे थे. 2023 के विधानभा चुनाव के दौरान शिशुपाल शोरी का टिकट काट कर पूर्व विधायक शंकर ध्रुवा को कांकेर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी बनाया गया, लेकिन महज 16 वोटों से कांकेर विधानसभा में कांग्रेस पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था.
कोयला घोटाले में दर्ज है एफआईआर
पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी पर प्रदेश के चर्चित कोयले घोटाले पर हुए एफआईआर में 1.10 करोड़ के एक्सटोर्सन को लेकर नाम दर्ज किया था, और ईडी के रडार में थे.
सरकारी आवास नहीं किया है खाली
प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के 6 महीने बाद भी पूर्व विधायक शिशुपाल शोरी ने सरकारी आवास खाली नहीं किया है. पूर्व विधायक शोरी टिकट काटे जाने के बाद से ही भाजपा में शामिल होने का मन बना चुके थे. जिसके वजह से उनके सरकारी आवास को खाली नहीं करने की बात कही जा रही है.
मतदाता फोटो पहचान पत्र के अतिरिक्त 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज दिखाकर भी मतदाता कर सकेंगे मतदान
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के अंतर्गत प्रथम चरण में 19 अप्रैल 2024 को बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान का समय निर्धारित किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कोण्डागांव, नारायणपुर, चित्रकोट,दंतेवाड़ा,बीजापुर एवं कोंटा में मतदान दिवस 19 अप्रैल 2024 शुक्रवार को प्रातः 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। बस्तर विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से सांयकाल 5 बजे तक मतदान होगा। इसी तरह जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के 175 मतदान केन्द्रों में प्रातः 7 बजे से सांयकाल 5 बजे तक और 72 मतदान केन्द्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने बताया कि छत्तीसगढ़ लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग की ओर से सभी मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र जारी किए गए है। आयोग सभी मतदाताओं से अपेक्षा करता है कि वे मतदान स्थल पर अपना मत देने से पहले अपनी पहचान सुनिश्चित करने के लिए आयोग की ओर से जारी निर्वाचक फोटो पहचान पत्र दिखाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने कहा कि यदि कोई निर्वाचक फोटो पहचान पत्र नहीं दिखा पाता है तो भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उनके लिए 12 वैकल्पिक दस्तावेज भी अनुमत किए गए है। ऐसे निर्वाचक जो अपना निर्वाचक फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते है, उन्हें अपनी पहचान स्थापित करने के लिए निम्नलिखित 12 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा - आधार कार्ड, मनरेगा जाब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/लोक उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंकों/डाकघरों द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, एनपीआर के अंतर्गत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/विधान परिषद सदस्यों को जारी किए गए सरकारी पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड शामिल है। मतदाता इनमें से कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेंगे।
प्रवासी निर्वाचकों को जो अपने पासपोर्ट में विवरणों के आधार पर निर्वाचक नामावालियों में पंजीकृत है, मतदान केंद्र में केवल उनके मूल पासपोर्ट (तथा अन्य कोई पहचान दस्तावेज नहीं) के आधार पर ही पहचाना जाएगा।
रामनवमी पर दिखी हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने किया शोभायात्रा का स्वागत, बांटे फल और पानी
मनेन्द्रगढ़। रामनवमी पर मनेन्द्रगढ़ जिले से सांप्रदायिक सौहार्द्र की मिसाल पेश करने वाली तस्वीर सामने आई है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. जिसे देखकर लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं. दरअसल, देश में रामनवमी के मौके पर जगह जगह शोभायात्रा निकाली गई. इस दौरान मनेन्द्रगढ़ में भी रामनवमी पर शहर के राम मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई. जब शोभायात्रा विवेकानंद तिराहे पहुंची तो मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शोभायात्रा पर फूलों की बारिश की. साथ ही शोभायात्रा में शामिल लोगों को फल और पानी वितरण किया.
श्रीराम शोभायात्रा का स्वागत करने वाले इरशाद ने कहा कि हिन्दू-मुस्लिम भाईचारा बना रहे, यही हमारे देश हिंदुस्तान की पहचान और तहज़ीब है. इरशाद ने कहा कि हम सब धर्मों के लोगों को एक दूसरे के त्योहारों पर इकट्ठा होकर बधाइयां देनी चाहिए और मिल कर पर्व मनाना चाहिए.
चुनाव से पहले बीजेपी के लिए बड़ी खुशखबरी, 2 लाख 80 हजार अनियमित कर्मचारियों ने दिया समर्थन
रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत देशभर में शुक्रवार 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान होना है. इस बीच भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. दरअसल, छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ एवं समस्त कर्मचारी संगठन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी को वोट देने का समर्थन पत्र लिखा है.
संघ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गढ़पाले ने इस समर्थन पत्र में लिखा- छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा की घोषणा पत्र में मोदी के गारंटी के मुताबिक 100 दिन के भीतर अनियमित कर्मचारियों के लिए कमेटी गठित की जाएगी. सरकार बनने के बाद इस वादे को पूरा कर दिया गया है। जिससे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को विष्णु के सुशासन पर भरोसा है.
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने कर्मचारियों का जताया आभार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने 2 लाख 80 हजार कर्मचारियों द्वारा भाजपा को समर्थन देने हेतु आभार जताया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव ने कहा भाजपा जो कहती है, वह करती है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ द्वारा प्रदेश के 2,80,000 अनियमित कर्मचारियों एवं उनके परिवार जनों ने भाजपा को अपना वोट देने के संबंध में समर्थन पत्र दिया है. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी एवं विष्णु सरकार के सुशासन पर अपना विश्वास जताने वाले अनियमित कर्मचारियों का आभार जताता हूं. निश्चित ही भाजपा ही देशवासियों की चिंता कर हर वर्ग को न्याय देने का काम करती है और करती रहेगी.
लोकसभा चुनाव 2024 : बस्तर में निष्पक्ष मतदान के लिए चुनाव आयोग ने किया पुख्ता इंतजाम, सुरक्षा के लिए 60 हजार जवान रहेंगे तैनात…
रायपुर। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में बस्तर सीट पर 19 अप्रैल को होने वाले मतदान की चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने बस्तर में होने वाले चुनाव के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए क्षेत्र के मतदाताओं से निष्पक्ष रूप से मतदान करने की अपील की है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने बस्तर में होने वाले प्रथम चरण के चुनाव की जानकारी देते हुए बताया कि 196 संवेदनशील मतदान केंद्र है, जिसकी सुरक्षा को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह सजग है. वहीं पूरे बस्तर में 300 कंपनियां तैनात की गई हैं. पिछले एक हफ्ते से 60 हजार जवान तैनात हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बस्तर सीट से 11 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनके लिए 1961 मतदान केंद्र में मतदाता मतदान करेंगे. बस्तर लोकसभा में कुल 14 लाख 72 हज़ार 207 मतदाता हैं. लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 6 विधानसभाओं में सुबह 7 से 3 बजे तक, वहीं बस्तर और जगदलपुर में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा. वहीं 800 मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग की जाएगी.
भाजपा कार्यकर्ता की हत्या के पीछे नक्सलियों की मंशा पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उठाया सवाल, कहा- आखिर भाजपा कार्यकर्ता ही क्यों निशाने पर हैं?
रायपुर। बस्तर में नक्सलियों के भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि मैं भी जानना चाहता हूं कि भाजपा कार्यकर्ता ही निशाने में क्यों हैं? यह नक्सलियों की कायरता है. हर व्यक्ति को सुरक्षा नहीं दी जा सकती हैं. हमारे जवान बस्तर में पूरी मजबूती से सामना कर रहे हैं.
लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में बस्तर होने वाले चुनाव की तैयारियों पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सली घबराए हुए हैं, बदहवास हैं. उन्होंने फिर से हत्या की है. नारायणपुर में घर में घुसकर मारा है. सिविलियन को मार रहे हैं. दहशत फैलाना चाहते हैं, इसलिए ऐसा कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि मतदान में जितने सुरक्षा दल जा रहे हैं, वह सुरक्षित लौटकर आए, यह ईश्वर से प्रार्थना है. सबसे अपील है कि पुलिस के सभी निर्देशों को माने. अति उत्साह में कोई कुछ ना करें. जो सैनिक और सुरक्षाकर्मी हैं, वह भी अति उत्साह में ना आएं.
नक्सलियों से संवाद के लिए समिति के गठित करने के विषय पर गृह मंत्री ने कहा कि समिति गठित करने की क्या आवश्यकता है. मैं स्वयं तैयार हूं. समिति को गठित करूं और वह बात करें ऐसी कोई औपचारिकता नहीं है. हम सीधे बात के लिए तैयार हैं. शांति बहाल होनी चाहिए. बस, यही एक भाव हमारी सरकार का है.
कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत के नक्सलियों को शहीद कहने पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले राज बब्बर ने भी कहा था. नक्सली जब मारे गए हैं, तो उन्हें लग रहे कि सब कुछ फर्जी हो रहे हैं. जिस समय विभाग ने कहा था 50 नक्सली मारे गए, उसी समय नक्सलियों ने भी प्रेस नोट जारी कर कहा था कि हमारे 50 आदमी शहीद हुए. नक्सली खुद इस बात को कह रहे हैं, और फिर भी कहा जाए कि फर्जी इनकाउंटर है, तो मैं समझ नहीं पा रहा हूं.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा नक्सल घटनाओं पर सवाल उठाए जाने पर गृह मंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल को कैसे पता चल रहा है कि यह फर्जी एनकाउंटर है. वहीं भूपेश के पूर्व की घटनाओं पर बयान देने की बात पर कहा कि यह उनका अभी का बयान है. उटपटांग बातें ना करें. ढाई सौ सड़कें, 90 पुल-पुलिया क्यों नहीं बनाएं.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर के मतदाताओं को सुरक्षा इंतजाम को लेकर किया आश्वस्त, कहा- निर्भीक होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में दें आहुति…
रायपुर। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए शुक्रवार को होने वाले मतदान से एक दिन पहले उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी मतदाताओं से मतदान करने का अपील की है. बस्तर के मतदाताओं को उन्होंने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि निर्भीक होकर अपने घरों से निकलकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी आहुति दें. ये आपका अधिकार है.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार की तरफ से मतदान के लिए पूरी तैयारी की गई है. निर्वाचन आयोग अपनी पूरी तैयारी कर ली है. लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने अधिकार का आवश्यक उपयोग करें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बस्तर की शांति और खुशहाली के लिए, बस्तर के विकास के लिए आगे बढ़े. नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत करें, और बीजेपी को जीतना है.