प्रदेश / छत्तीसगढ़
पीएम के लिए अपशब्द कहने वाला गिरफ्तार, भाजपा की एफआईआर के बाद हुई कार्रवाई
बिलासपुर। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की आमसभा के बाद प्रधानमंत्री के लिए अपशब्द कहने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बता दें कि मस्तूरी थाना क्षेत्र के भदौरा में शनिवार कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की आमसभा हुई थी.
आमसभा के बाद कन्हैया कुमार पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. इस दौरान किसी ने पीएम के लिए अपशब्द का प्रयोग किया. इसको लेकर भाजपा नेताओं ने मस्तूरी थाना में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. इसके तहत कार्रवाई करते हुए रविवार को पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम अरविंद कुमार सोनी है.
कबीर साहेब जी की विश्व की सबसे विशाल प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुए बृजमोहन अग्रवाल
सबका साथ सबका विकास कबीर साहेब के आदर्शो का प्रतिबिंब है : बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। निर्गुण भक्ति और सामाजिक सुधार के प्रणेता कबीर साहेब जी का जीवन सादगी और त्याग से भरा था। वे जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभावों के कट्टर विरोधी थे। उनके आदर्शो पर चलकर एक सभ्य समाज की स्थापना की जा सकती है। यह बात रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को आरंग स्थित ग्राम परसकोल में विश्व की सबसे विशाल 41 फीट ऊंची सद्गुरु कबीर साहेब जी की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान कही।
सभा को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि, कबीर दास जी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ थे उन्होंने स्त्री शिक्षा और विधवा पुनर्विवाह का समर्थन किया। उनका मानना था कि सभी मनुष्य समान हैं और उन्हें समान अधिकार मिलने चाहिए। भाजपा सरकार भी कबीर साहेब जी के बताए मार्ग पर चलते हुए सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर अग्रसर है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है। महतारी वंदन, किसान समृद्धि, आवास योजना, उज्ज्वला योजना, 35 किलो मुफ्त राशन समेत सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी जाति-धर्म के आधार पर सभी लोगों को मिल रहा है।
श्री अग्रवाल ने यह भी कहा की आने वाले समय में कबीर साहेब के विचारों और उपदेशों को दुनियाभर में फैलाया जायेगा और वसुधैव कुटुम्बकम् की परिकल्पना को पूरा किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर त्रि दिवसीय विशाल सत्संग मेला एवं चौका आरती का भी आयोजन किया गया था।
जिसमे पंथ श्री 1008 हुजूर अर्धनाम साहेब जी, धर्माधिकारी सुधाकर शास्त्री साहेब, महंत संतोष साहेब, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, संजय ढीढी, संरक्षक वेदराम मनहरे, किरण बघेल, मिथलेश साहू, सुनील मिश्रा, द्रोपदी, सुंदरलाल साहू, भुनेश्वर साहू, प्रीतम साहू, तामेश्वर साहू, गोविंदराम साहू, भरत साहू, सुंदर साहू समेत हजारों लोग उपस्थित रहे।

कल चुनावी बिगुल फूंकेंगे बृजमोहन अग्रवाल, भव्य रैली के साथ करेंगे नामांकन दाखिल
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ शासन के शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल कल 15 अप्रैल को रायपुर लोकसभा भाजपा प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर से निकलने वाली उनकी नामांकन रैली में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद सुनील सोनी, मंत्री टंकराम वर्मा सहित सरकार के अन्य कई मंत्री,विधायकगण एवं भाजपा संगठन के वरिष्ठजनों सहित रायपुर लोकसभा क्षेत्र के बूथों में मोर्चा सम्हालें हुए हजारों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
सोमवार को सुबह 11:00 सभी एकात्म परिसर में इकट्ठे होंगे। तत्पश्चात रैली के रूप में वहां से जय स्तंभ चौक,तत्यापारा चौक, सत्ती बाजार, सदर बाजार, कोतवाली चौक, मालवीय रोड, जय स्तंभ चौक, शास्त्री चौक फिर घड़ी चौक होकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगी।
इस संबंध में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भगवान की पूजा अर्चना कर, वरिष्ठजनों से आशीर्वाद लेकर भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता रायपुर लोकसभा में प्रचंड जीत दिलाने के लिए आतुर है। हम पूरी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमें एक बड़े बहुमत की सरकार बनानी है ताकि हम देश की तरक्की और समृद्धि की राह आसान कर सके।
भाजपा के घोषणा पत्र पर कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा- यह संकल्प पत्र नहीं मोदी का फोटो एलबम
रायपुर। कांग्रेस ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में बीजेपी के घोषणापत्र को लेकर प्रेस कांफ्रेस की. इसमें राष्ट्रीय प्रवक्ता और प्रदेश मीडिया प्रभारी राधिका खेड़ा ने कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र नहीं मोदी का फोटो एलबम है. विश्व के अलग-अलग नेताओं के साथ अलग-अलग पोज में फोटो लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी के जुमला पत्र में कुछ था ही नहीं. छत्तीसगढ़ में आकर एक और झूठ का जंजाल बुनने का काम किया गया है.
राधिका खेड़ा ने कहा कि आज भी महादेव एप्प प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है. बीजेपी की आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी है कि महादेव एप्प आज भी चल रहा है. भाजपा हमेशा यह कहती है कि भूपेश बघेल ने हाथ में गंगाजल लेकर शराबबंदी की कसम खाई थी. हम चुनौती देते हैं कि नवरात्र के अवसर पर हाथ में गंगाजल लेकर वह वीडियो दिखाएं, जिसमें कांग्रेस ने यह वादा किया था.
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि देश में भुखमरी, बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है. लोग त्रस्त है. छत्तीसगढ़ की जनता समझ चुकी है उनकी भूल कमल का फूल है. राधिका खेड़ा ने कहा कि हमारा संविधान आज खतरे में है. पत्रकारवार्ता में कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला समेत प्रवक्तागण मौजूद रहे.
खैरागढ़ सभा में गरजे शाह, बोले- झूठ का व्यापार करती है कांग्रेस
राजनांदगांव। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजनांगांव से भाजपा प्रत्याशी संतोष पांडेय के समर्थन में रविवार को खैरागढ़ के फतेह मैदान में जमकर गरजे। अमित शाह ने कहा, कांग्रेस झूठ बोलने से बाज नहीं आती है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बोलते हैं, पीएम मोदी आरक्षण खत्म कर देंगे। लेकिन मैं छत्तीसगढ़ की जनता से कहने आया हूं, आरक्षण को कुछ नहीं होने देंगे। आरक्षण दलितों की हो या आरक्षण पिछड़े वर्ग की हो।
शाह ने कहा, मोदी की तीसरी पारी में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने का काम करेंगे। पूरे देश में नक्सलवाद खत्म हो गया है। देश की पूंछ छत्तीसगढ़ में बाकी है। उसे भी इस बार खत्म करेंगे। पीएम मोदी की सरकार तीसरी बार बनवाइए, हम छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म कर देंगे।
अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राजनांदगांव उम्मीदवार भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा, भूपेश कका इतना सारा भ्रष्टाचार करके पेट नहीं भरा है अभी भी यहां से सांसद बनना चाहते हैं। मैं आज राजनंदगांव की जनता को कहने आया हूं कि आप लोगों ने भूपेश बघेल को विधानसभा में हराया है, इससे भी बड़े मार्जिन के साथ इनको फिर से घर पर भेजने का काम करिए। उन्होंने कहा, भूपेश बघेल ने गंगा जल लेकर शराबबंदी की बात कही थी, लेकिन नहीं किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, लोकसभा का चुनाव महत्वपूर्ण है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। सीएम साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, 5 साल कांग्रेस की सरकार रही, जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया। छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार का गढ़ बना दिया। छत्तीसगढ़ के बेटे-बेटियों को सट्टे का लत लगाने वाले भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुआ है, उसको इस चुनाव में मजा चखाना है।
उधर अप्रैल के तीसरे सप्ताह में कांग्रेस भी बड़ी सभा कराने की तैयारी में है। चर्चा है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा व छग प्रभारी सचिन पायलट की सभा हो सकती है। हालांकि संगठन के पास अभी इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं पहुंचा है।
भाजपा का संकल्प पत्र विकसित भारत का गारंटी पत्र है : बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। रायपुर लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी के संकल्प पत्र को देश और देशवासियों के हित में बताया है। उन्होंने कहा है कि इस संकल्प पत्र में गरीबों महिलाओं युवाओं और किसानों को आत्म निर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
श्री अग्रवाल ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि, आज भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जो मोदी की गारंटी के नाम से जारी किया है जिसमें गरीबों अन्नदाताओं युवाओं और किसानों का विशेष ख्याल रखा गया है आज के संकल्प पत्र विकसित भारत 2047 की दिशा में कार्य करने की तैयारी है मैं इस संकल्प पत्र के लिए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रक्षा मंत्री अमित शाह और समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
इसके जरिए आने वाले पांच साल में फ्री राशन की योजना जारी रहेगी। 70 साल की आयु के हर बुजुर्ग को आयुष्मान योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। चाहें फिर वो किसी वर्ग का हो। 3 करोड़ और घर बनाने का संकल्प लिया है। दिव्यांग साथियों को अब पीएम आवास योजना में प्राथमिकता दी जाएगी, ट्रांसजेंडर साथियों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने की गांरटी ली है। पीएम किसान सम्मान निधि आगे जारी रहेगी। देश में डेयरी सहकारिता समिति की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। दलहन और तिलहन में आत्मर्निभर के लिए किसानों की मदद करेंगे। नैनो यूरिया के ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल पर जोर दिया जाएगा। डिजिटल जनजाति कला अकादमी की स्थापना की जाएगी। 700 से ज्यादा एकलव्य स्कूलों को बनाया जाएगा। बिजली बिल जीरो करने की दिशा में काम करेंगे, पीएम सूर्यघर बिलजी योजना लॉन्च होगी। घर में बिजली मुफ्त, एक्स्ट्रा बिजली से पैसे भी मिलेंगे। मुद्रा योजना की सीमा 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख की गई। श्री अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र गरीबी मुक्त भारत और विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
पीएम के लिए अभद्र शब्द कहने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मामला कन्हैया कुमार की आमसभा का
बिलासपुर। मस्तुरी विधानसभा के भदौरा में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की आमसभा के बाद नारे के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभद्र शब्द कहने वाले के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की पहचान भी कर ली गई है. आरोपी के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है.
दरअसल, बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मस्तुरी विधानसभा के भदौरा में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव के समर्थन में शनिवार को कन्हैया कुमार की सभा थी. कन्हैया कुमार सभा के बाद जब पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे, तब ही पत्रकारों की तरफ पीछे खड़े किसी युवक ने नारे के अंदाज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभद्र शब्द कहे थे. यह वाक़या पत्रकारों के कैमरों में कैद हो गया. बता दें कि वीडियो पर बीजेपी ने सोशल मीडिया एक्स पर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए थे और पुलिस को शिकायत की थी. बीजेपी छत्तीसगढ़ ने इस अंश का वीडियो सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर लिखा घिनौनी कांग्रेस, कांग्रेस के टुकड़े टुकड़े गैंग वाले नेता के समक्ष प्रधानमंत्री को अभद्र शब्द कहे गए और वहां मौजूद कांग्रेसियों ने इस पर कुछ नहीं कहा. देश देख रहा है कैसे ये मानसिक तौर पर दिवालिया पार्टी महिलाओं के प्रति अपनी सोच प्रदर्शित कर रही है. मामले में बीजेपी ने पुलिस को लिखित शिकायत की, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है.
अग्निशमन सेवा दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर सैनिकों का हुआ सम्मान
बलौदाबाजार। अग्नि शमन सेवा दिवस के अवसर पर आज अमेरा स्थित नगर सैनिक कार्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सैनिकों का सम्मान किया गया. इसके साथ जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया. इसके साथ ही नगर सैनिकों ने पॉम्पलेट वितरण कर आग लगने के कारण और बचाव के तरीके से लोगों को परिचित कराया.
14 अप्रैल 2024 राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी एसडी विश्वकर्मा द्वारा फायरकर्मियों को शील्ड देकर सम्मानित किया. आगजनी के दौरान फायर फायरिंग में शहीद हुए फायरकर्मियों को नमन किया.
इस अवसर पर फायर कर्मियों द्वारा नगर सेना कार्यालय अमेरा से बलौदा बाजार शहर में आग से बचाव एवं रोकथाम के संबंध में जागरूकता रैली निकाला गया. फायर ब्रिगेड वाहन के साथ फायर के जवानों ने पैदल मार्च करते हुए बैनर पोस्टर के माध्यम से तथा पाम्पलेट वितरण कर लोगों को आग से बचाव के बारे में जागरूक किया.
कमांडेन्ट एस डी विश्वकर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में अग्निशमन विभाग को 4 नवंबर 2020 को नगरपालिका से नगर सेना में हस्तानांतरित किया गया है. सन् 2020 से आज दिनांक तक जिले में कुल 300 आगजनी की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिसमें 32 बड़ी आगजनी की घटनाएं हैं. आज इस अवसर पर आगजनी की घटना में काबू पाने के लिए नगर सैनिकों का सम्मान भी किया गया.
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलते हुए ही भाजपा सरकार गरीबों और वंचितों के हित में कार्य कर रही है : बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। भारतीय संविधान के निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना जीवन सामाजिक न्याय के लिए समर्पित कर दिया और उन्होंने हमेशा ही समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए काम किया। यह बात रायपुर लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर कहीं। राजधानी रायपुर के कचहरी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। उन्होंने बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती की सभी को हार्दिक बधाई दी।
लोगों को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि, बाबासाहेब ने शिक्षा को सबसे महत्वपूर्ण बताया था। उन्होंने कहा था कि, शिक्षा ही एकमात्र ऐसा हथियार है जिससे आप अपनी गरीबी और पिछड़ेपन को मिटा सकते हैं। आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार उनके आदर्शों पर चलते हुए कार्य कर रही है। देश भर एकलव्य स्कूल, केंद्रीय विद्यालय नवोदय विद्यालय समेत सैकड़ों शिक्षा के नए संस्थान खोले जा रहे है। इतना ही नहीं पिछले 10 साल के मोदी कार्यकाल के दौरान एम्स आईआईटी, एनआईटी, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी जैसे उच्च शिक्षण संस्थान में भी बढ़ोतरी हुई है।
श्री अग्रवाल ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य भाजपा सरकार की अनेकों योजनाएं गरीबों, महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है जिनका फायदा समाज के लोग उठा रहे हैं और उनके जीवन स्तर ऊंचा उठ रहा है।
श्री अग्रवाल ने लोगों से आह्वान किया कि, आइए हम सब बाबा साहेब के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लें और एक ऐसे भारत का निर्माण करने का संकल्प लें जो बाबा साहेब के सपनों का भारत हो। जहां सभी को समान अधिकार और कार्य करने के अवसर प्राप्त ही। कार्यक्रम में संयोजक सुनील बांद्रे, संजय राजघाटे, कमलेश रामटेक, राहुल रामटेक, मकरंद, रवि गोलकर, भोजराज, नरेश गायकवाड, अनूप खेलकर, शशांक डाबरे, राजकुमार रामटेक, मदनलाल समेत हजारों की संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
भिलाई स्टील प्लांट में दिखा कश्मीर और शिमला जैसा नजारा, बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने जमकर लूटी मौज
भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई इस्पात संयंत्र अग्निशमन सेवा विभाग का फायर स्टेशन में रविवार को कश्मीर और शिमला जैसे हिल स्टेशन सा नजारा था। ऐसा लग रहा था मानों जमकर बर्फबारी हुई हो और बच्चे, बुजुर्ग, युवा व महिलाएं इसमें उत्साह से सराबोर हो खेलते नजर आए। हालांकि यह बर्फ की चादर नहीं गंभीर रूप से लगे आग पर काबू पाने के लिए डाले फोम टेंडर से बना झाग था।
भिलाई इस्पात संयंत्र अग्निशमन सेवा विभाग द्वारा राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर यह आयोजन किया गया था। इस दौरान मुंबई डाक यार्ड में भीषण अग्निकांड पर काबू पाने के दौरान बलिदानी 66 अग्निशमन वीराें को नमन करते हुए श्रद्वांजलि दी गई। वहीं भिलाई इस्पात संयंत्र अग्निशमन सेवा विभाग के जवानों ने परेड एवं शौर्य प्रदर्शन भी किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र में प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन वीराें को श्रद्धांजलि अर्पित करने राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस तथा संविधान निर्माता डा भीमराव आंबेडकर के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने आंबेडकर जयंती का आयोजन किया जाता है। आज भी भिलाई इस्पात संयंत्र के अग्निशमन केंद्र परिसर में प्रात: 8 बजे से संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता के मुख्य आतिथ्य में आयोजन हुआ।
उल्लेखनीय है कि छग राज्य में भिलाई इस्पात संयंत्र अग्निशमन सेवा विभाग सबसे मजबूत एवं अत्याधुनिक माना जाता है। कई भीषण अग्निकांड में भिलाई इस्पात संयंत्र अग्निशमन सेवा विभाग के जवानों ने अपना शौर्य दिखाते हुए आग पर काबू पाया है। आज आयोजन के दौरान अंतिम दौर में आयल से लगे भीषण आग को बुझाने में उपयोग में आने वाले फोम टेंडर का भी प्रदर्शन किया गया। इस फोम से मैदान पर झाग की परत फैल जाती है। जिससे बर्फ के बिछे होने का अहसास होता है। वहीं प्रदर्शन के दौरान इस झाग में बच्चे खेलते नजर। वहीं वहां मौजूद लोग भी स्वयं को नहीं रोक पाए।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दिलाई गई मतदान की शपथ
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में आज शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को मतदान के महत्व को बताते हुए मतदाता जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रेरा के सदस्य धनंजय देवांगन ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार भी है और कर्तव्य भी। लोकतंत्र के महापर्व में सबकी भागीदारी आवश्यक है। इसके साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित सभी को मतदान करने तथा कराने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर संचालक कोष लेखा एवं पेंशन महादेव कावरे, विभागीय जांच आयुक्त दिलीप वासनीकर, अपर संचालक जनसंपर्क आलोक देव, औद्योगिक न्यायालय के जज एस एल मात्रे, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, अपाक्स के अध्यक्ष सत्येन्द्र देवांगन, सोजलीफ कोफाउंडर अनिल बनज, विद्युत मंडल के अभियंता राजकुमार सोनकर, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ अध्यक्ष राम सागर कोसले, संतोष कुमार वर्मा व शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष देवलाल भारती, कांति सूर्यवंशी सचिव मंत्रालय संघ, प्रीति चौरे, वीरेंद्र मीरचे, राजेश हीरा, आर के पात्रे, शैलेन्द्र बोरकर, हरीश कंवर, शेंडे, टेम्बुरने, महेंद्र बागडे, बी एल साहू आदि अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ द्वारा मनाई गई बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में आज शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 133 वीं जन्म जयंती समारोह मनाई गई। बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उपस्थित अधिकारियों ने बाबा साहब के जीवन दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही डॉ. अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। अटल नगर नवा रायपुर में इंद्रावती भवन के समीप अम्बेडकर चौक में आयोजित कार्यक्रम में संचालक कोष लेखा एवं पेंशन महादेव कावरे, सदस्य रेरा धनंजय देवांगन, विभागीय जांच आयुक्त दिलीप वासनीकर, अपर संचालक जनसंपर्क आलोक देव, औद्योगिक न्यायालय के जज एस एल मात्रे, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, अपाक्स के अध्यक्ष सत्येन्द्र देवांगन, सोजलीफ कोफाउंडर अनिल बनज, विद्युत मंडल के अभियंता राजकुमार सोनकर, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ अध्यक्ष राम सागर कोसले, संतोष कुमार वर्मा व शासकीय संयुक्त कर्मचारी संघ अध्यक्ष देवलाल भारती आदि अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन कर आदरांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर भारत के संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया।
संचालक, कोष लेखा और पेंशन श्री महादेव कावड़े ने कहा कि हम जिस मुकाम और जगह पर आज हैं वह सब बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की वजह से हैं। भारत का संविधान, प्रावधान और बाबा साहेब के विचार को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने संविधान में स्वतंत्रता, समानता और भाई-चारे के प्रावधान भारत देश के हरेक व्यक्ति के लिए किया है।
सदस्य रेरा धनंजय देवांगन ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर के कार्यो, संघर्ष, उपलब्धि और संविधान के बारे में सबको जानकारी है। हम उनके आदर्शों को अपनाने की बात करते हैं। डॉ भीमराव अम्बेडकर ने कहा था मेरे बाद करोड़ो भीमराव अम्बेडकर होना चाहिए। लेकिन आज तक उनके आदर्शों और व्यक्तित्व तक नहीं पहुँच पाएं हैं। शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ते रहना चाहिए। हमारा पूरा संविधान डॉ भीमराव अम्बेडकर ने ड्राफ्ट किया।
विभागीय जांच आयुक्त दिलीप वासनीकर ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर एक समाजशास्त्री, मानवशास्त्री, अर्थशास्त्री, इतिहास और राजनीति सभी क्षेत्रों का ज्ञान था। उन्हें 9 भाषाओं का ज्ञान था एवं 32 डिग्रियां प्राप्त की। सबसे बड़ा पवित्र ग्रंथ भारतीय संविधान है और हमारे मुक्तिदाता डॉ भीमराव अम्बेडकर हैं। उनका संघर्ष और जो उन्होंने अभाव में जीवन यापन किया उससे बड़ा संघर्ष और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने जो त्याग किया, उससे बड़ा त्याग कोई नहीं कर सकता।
अपर संचालक, जनसंपर्क विभाग आलोक देव ने कहा कि बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती आज केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के 25 देशों में मनाया जा रहा है। आज के इस दिन को यूनेस्को ने शिक्षा दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और दुनिया के 25 देशों में इस दिन को शिक्षा दिवस के रूप में मनाया जाता है। बाबा साहब का छत्तीसगढ़ से बहुत प्यारा नाता रहा है। 12 दिसम्बर 1945 को बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर का पहली बार छत्तीसगढ़ आगमन हुआ। बाबा साहब का प्रभाव छत्तीसगढ़ में उनके आने से पहले से था। बाबा साहब दलित शोषित का उत्थान कैसे किया जाए इस बारे में वह निरन्तर प्रयास करते रहते थे। बाबा साहब का प्रभाव उस रूप में आजादी से पहले से था। एस.एल.मात्रे, जज, औद्योगिक कोर्ट ने कहा कि बाबा साहब संविधान के पितामह है। डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शोषितों, वंचितों और महिलाओं के लिए कार्य किया। इस मौके पर उपस्थित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों सर्व अनिल कुमार बनज, कमल वर्मा, सत्येन्द्र देवांगन, राजकुमार सोनकर धर्मेन्द्र घृतलहरे, आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
भाजपा के घोषणा पत्र पर CM विष्णुदेव साय बोले, भारत के भविष्य का सुनहरा रोडमैप है BJP का संकल्प पत्र
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। भाजपा के संकल्प पत्र पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। सीएम साय ने कहा, भाजपा का संकल्प भारतीय लोकतांत्रिक के भरोसे, विश्वास बहाली के साथ भारत के भविष्य का सुनहरा रोडमैप है। हमारा यह संकल्प पत्र संविधान की तरह पवित्र है।
2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने संकल्प जारी किया था जो पार्टी का विजन डाक्यूमेंट था। जिस पर लोगों को सहज विश्वास नहीं होता था कि ये संकल्प पत्र में जो है वो कभी पूरा भी हो सकता है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों लोकसभा चुनाव में संकल्प पत्र में देश की जनता से किए वादे को अक्षरश: क्रियान्वित किया।
पिछले 10 वर्षों में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 2024 के संकल्प पत्र में 70 साल की उम्र से ऊपर के किसी भी वर्ग के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये की मुफ्त इलाज की सुविधा होगी। प्रधानमंत्री आवास के तहत तीन करोड़ लोगों को मकान, 2029 तक गरीबों को मुफ्त राशन दिया जाएगा।
अग्निशमन सेवा दिवस पर राजधानी में निकली दमकल वाहनों की रैली, आगजनी से बचाव का दिया गया संदेश…
रायपुर। अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में रविवार को फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की रैली निकाली गई. इस अवसर पर डीआईजी एलपी वर्मा ने बताया कि आने वाले दिनों में नया रायपुर और उरला में अग्निशमन स्टेशनों की स्थापना होगी.
बता दें कि 14 अप्रैल को हर वर्ष अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है, इस अवसर पर आज रायपुर के टिकरापारा थाने से जागरूकता मार्च कार्यक्रम का आगाज किया गया. दमकल विभाग के अधिकारियों ने टिकरापारा थाने से अग्निशमन गाड़ियों को शहर के लिए रवाना किया और आमजनता को आग लगने के कारणों से बचाव के संदेश भी दिए गए.
बता दें कि 14 अप्रैल, 1944 को मुम्बई बंदरगाह पर फोर्टस्टीकेन नामक मालवाहक जहाज खड़ा था, जिसमें रूई की गांठें, विस्फोटक सामग्री एवं युद्ध उपकरण भरे हुए थे, उसमें अकस्मात भयानक आग लग गयी थी. मुम्बई के अग्नि शमन दल के जवान आग को बुझाने की लगातार कोशिश कर रहे थे.
आग बुझाते समय जहाज में विस्फोटक सामग्री होने के कारण भयानक विस्फोट हुआ और इस आगजनी में आग बुझाने वाले दमकल के 66 अग्निशमन कर्मी आग की लपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हुए थे. इन बहादुर अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन सेवा दिवस मनाया जाता है.
अब रायपुर एयरपोर्ट में सुरक्षा जांच की लंबी प्रक्रिया से बचेंगे हवाई यात्री, सोमवार से शुरू होगा डिजी यात्रा का ट्रायल
रायपुर। हवाई यात्रियों को अब स्वामी विवेकानंद विमानतल में लंबी सुरक्षा जांच की प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। बताया जा रहा है कि सोमवार 15 अप्रैल से यहां डिजी हवाई यात्रा का ट्रायल शुरू हो जाएगा और आने वाले दिनों में पूरी तरह से इसे लागू किया जाएगा। हालांकि डिजी हवाई यात्रा का सुविधा अभी केवल विस्तारा एयरलाइंस के यात्रियों की ही मिल पाएगी, क्योंकि बताया जा रहा है कि इंडिगो एयरलाइंस की वेबसाइट डाउन है, इसके कारण ही विमानन कंपनी ने घोषणा की है कि अभी डिजी यात्रा व सेल्फ बैगेज ड्राप की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
विमानन अधिकारियों का कहना है कि चेहरे को पहचानने वाली इस तकनीक पर आधारित डिजी यात्रा की मदद से विमानतल पर जांच के दौरान यात्रियों को काफी सुविधा होगी। लोगों को जांच की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। स्वामी विवेकानंद विमानतल के निदेशक एसडी शर्मा ने बताया कि सोमवार से डिजी यात्रा का ट्रायल शुरू हो जाएगा, इसकी तैयारी पूरी हो गई है। अभी विस्तारा एयरलाइंस द्वारा ही यह सुविधा शुरू की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हवाई यात्रियों के सफर को आसान बनाने के लिए शुरू की जाने वाली डिजी यात्रा की सुविधा देश के 14 नए विमानतलों में भी शुरू होगी। साथ ही वर्ष 2025 में इसमें 11 और नए विमानतल जोड़े जाएंगे। डिजी यात्रा की सुविधा शुरू होने वाले विमानतलों में चेन्नई, भुवनेश्वर, कोयंबटूर, इंदौर, बागडोगरा, चंडीगढ़, रांची, नागपुर, पटना, रायपुर, श्रीनगर, विशाखापत्तनम आदि है।
डिजी यात्रा की सुविधा लेने के लिए हवाई यात्रियों को अपने मोबाइल में डिजी यात्रा एप भी डाउनलोड करना होगा। बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा ई-पासपोर्ट आधारित नामांकन भी शुरू करने जा रही है, इससे विदेशी नागरिकों को भी डिजी यात्रा का लाभ मिलेगा। आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2022 से नवंबर 2023 के बीच डिजी यात्रा एप का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। एप ने एंट्री व बोर्डिंग गेट पर लगने वाले समय को कम कर दिया है। डिजी यात्रा की शुरूआत दिसंबर 2022 में हुई थी।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ को बताया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पत्र…
रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा के संकल्प पत्र के विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पत्र करार दिया है. उन्होंने कहा कि एक आत्मनिर्भर भारत, एक सशक्त भारत एक समृद्ध भारत का ये संकल्प पत्र है. संकल्प पत्र सबका साथ सबका विकास, सबका विश्वास सबका प्रयास वाला संकल्प पत्र है.
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पिछले 10 सालों में मोदी जी ने विश्वसनीयता बनाई है. देश के लोगों को के जीवन को सुलभ बनाया है. मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया है. ये निश्चित रूप से भारत के विकसित भारत के संकल्प का संकल्प पत्र है. 400 पार का नारा भी धरातल में आने वाला है.
कांग्रेस के न्याय गारंटी और संकल्प पत्र में से जनता किस पर भरोसा करेगी वाले सवाल पर अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वादे और दावों को देश की जनता परख चुकी है. कांग्रेस पार्टी हमेशा झूठा वादा करती है, झूठ का पुलिंदा लेकर आती है. सरकार में आने के बाद कांग्रेस जनता को भूल जाती है. छत्तीसगढ़ में हमने देखा था सरकार में बड़े-बड़े वादे लेकर आए और एक भी वादा पूरा नहीं किया. देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के झूठे वादों पर नहीं आने वाली है.
संकल्प पत्र की घोषणा के दौरान छत्तीसगढ़ से योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं को बुलाए जाने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि देश भर में भाजपा सरकार की योजनाओं का लोगों को लाभ मिला है. उनके अनुभवों को भी पार्टी ने देश के सामने रखा है. किस प्रकार से उनके जीवन में बीजेपी सरकार के कारण परिवर्तन आए है. प्रदेश में महतारी वंदन योजना माता और बहनों के सशक्तिकरण के लिए महत्वाकांक्षी योजना है.
रायपुर और दुर्ग में कल होने वाली नामांकन रैली को लेकर अरुण साव ने कहा कि कल दुर्ग और रायपुर में हमारे प्रत्याशी नामांकन भरेंगे. नामांकन की तैयारी में हमारे कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं. बड़ी संख्या में लोग हमारी प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहेंगे.
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे पर उन्होंने कहा कि हमारे केंद्रीय नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ में दौरा हो रहा है. पीएम और रक्षामंत्री का आगमन हुआ. आज गृहमंत्री जी का आगमन हो रहा है. इससे हमारे मिशन 11 को ताकत मिलेगी. भाजपा भारी बहुमत के साथ 11 की 11 सीट जीतेगी.
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के पीएम मोदी को लेकर गाली देने के वायरल वीडियो पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के नेता, जो देश के टुकड़े होने की बात करते है, उनको गरीब मां के बेटे के प्रधानमंत्री होना बर्दाश्त नहीं हो रहा है. उनके देश के टुकड़े करने के मंसूबे कामयाब नहीं हो रहे हैं, इसलिए इस प्रकार की भाषा का उपयोग कर रहे हैं. इनकी मानसिकता जग जाहिर है.
बिजली गोदाम आगजनी मामला: जांच रिपोर्ट के लिए 15 दिन करना पड़ेगा इंतजार, सचिव दयानंद ने कहा- दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के गुढ़ियारी स्थित क्षेत्रीय भंडार में आगजनी प्रकरण की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने की समय सीमा 15 दिन बढ़ा दी गई है. यह निवेदन समिति ने किया था, जिसे पाॅवर कंपनी प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है. वहीं आग से जनहानि रोकने एवं निकट बस्तियों के निवासियों की निजी संपत्तियों को बचाने में मिली सफलता की सराहना मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित जनप्रतिनिधियों ने की है.
क्षेत्रीय भंडार में 5 अप्रैल की दोपहर लगभग 1 बजे आग लगी थी, जिसके कारण ट्रांसफॉर्मर और ड्रमों में रखे ऑयल के कारण जल्दी ही विकराल रूप ले लिया था. अवकाश दिवस होने के कारण वहां सुरक्षाकर्मी ही उपस्थित थे. सुरक्षाकर्मियों ने वहां उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों तथा ट्रेनिंग सेंटर से पानी लेकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया. जल्दी ही वहाँ पॉवर कंपनियों के अध्यक्ष पी. दयानंद, एमडी राजेश कुमार शुक्ला, ईडी भीम सिंह कंवर, संदीप वर्मा, ज्योति नंनोरे तथा बड़ी संख्या में अधिकारीगण पहुंच गए थे. कलेक्टर गौरव सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह, नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा, राज्य आपदा मोचनबल प्रमुख आदि घटनास्थल पर पहुंच गए थे. उनके निर्देश पर नगर निगम रायपुर सहित विभिन्न संस्थाओं जैसे हिंदुस्तान पेट्रोलियम, माना विमानतल, अदानी, गोदावरी, हीरा आदि उद्योग समूहों का अग्निशमन बल पहुंच गया था.
132 केव्ही सब-स्टेशन का बचाव
घटनास्थल के निकट 132 केव्ही उपकेंद्र है, जहां आग पहुंचने से बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था. इस उपकेंद्र के ध्वस्त होने पर शहर की बड़े हिस्से की विद्युत आपूर्ति भी बाधित होती. अतः इसे बचाने की बड़ी प्राथमिकता भी सामने थी. फोम का उपयोग करते हुए आग को इस दिशा में आगे बढ़ने से रोका गया. इस तरह अग्नि दुर्घटना और उसके प्रभाव कोे सीमित क्षेत्र में रोकने में बड़ी सफलता मिली.
बस्ती में बचाव, जनहानि नहीं
अग्नि दुर्घटना के निकट आबादी बस्ती है. क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत ने जिला प्रशासन की मदद से यहाँ मोर्चा संभाला हुआ था. बस्ती के लोगों को हटाने उनके भोजन-पानी आदि की व्यवस्था करने में प्रशासन के साथ विधायक मूणत की टीम लगी रही. इससे एक ओर लोगों की हिम्मत बढ़ाने में मदद मिली वहीं दूसरी ओर आग बुझाने के काम में एकाग्रता भी बनी रहीं. सही समय पर लोगों को घटनास्थल के पास से हटा देने से भी जनहानि से बचा जा सका. विधायक मूणत ने इसके लिए प्रशासन की सराहना की है. वहीं बस्ती की दिशा में रखे ऑयल के ड्रमों को अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा काफी जोखिम लेकर हटवाया गया और उसका ढक्कन खोला गया अन्यथा यह खतरनाक बम विस्फोट जैसा रूप ले सकता था, जिससे जान-माल की हानि की आशंका थी.
रिकॉर्ड सुरक्षित
भंडार गृह लगभग 8 एकड़ के क्षेत्रफल में फैला है. यहां पर खुले में नए, पुराने-कंडम हर तरह के ट्रांसफार्मर रखे जाते हैं. इसके साथ ही मीटर, केबल, ऑयल, कंडक्टर आदि सामान रहता है. भंडार में रखी सामग्री का रिकॉर्ड वहां स्थित कार्यालय भवन के अलावा सर्वर में भी रहता हैं. जांच समिति द्वारा घटना के पहले का रिकॉर्ड मंगवाया गया है. वहीं सर्वर के रिकॉर्ड से मिलान के बाद भौतिक मूल्यांकन करने की बात कही गई है. घटनास्थल पर मौजूद कुछ कागजी दस्तावेज, कुछ रजिस्टर आदि जले है लेकिन उससे भंडार के भौतिक सत्यापन में कोई विशेष बाधा नहीं आई है. तेजी से बचाव के कारण 90 से अधिक ट्रांसफार्मर सहित बहुत सा महंगा सामान बच गया है, जिसे उपयोग में लाया जा सकता है. इसके अलावा पुलिस द्वारा भी आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. यह सब देखते हुए जांच समिति ने 15 दिन के अतिरिक्त समय की मांग की गई। घटना से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन जांच समिति की रिपोर्ट के आने के बाद ही किया जा सकेगा.
उच्चस्तरीय जांच समिति
घटना के दिन ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना की जांच के निर्देश दिए गए थे। दूसरे दिन 6 अप्रैल को ही छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की ओर से जांच समिति गठित कर दी गई और आदेशानुसार तत्काल जांच प्रारंभ कर दी गई. जांच समिति को इन बिन्दुओं पर जांच करने का आदेश दिया गया है:- आग लगने के कारणों के संबंध में, उक्त दुर्घटना हेतु जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी/ऐजेंसी के संबंध में, उक्त दुर्घटना से कंपनी को वित्तीय एवं भौतिक रूप से हुई क्षति के संबंध में, भंडार गृह के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में सुझाव, भविष्य में इस प्रकार की एवं अन्य दुर्घटनाओं के रोकथाम के लिए सुझाव समिति को एक सप्ताह का समय दिया गया था लेकिन समिति ने 15 दिन का अतिरिक्त समय मांगा है.
अफवाहों से बचना जरूरी: दयानंद
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष एवं प्रदेश के ऊर्जा सचिव पी.दयानंद ने कहा है कि दुर्घटना के लिए जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। जांच समिति ने तत्काल प्रभाव से अपना कार्य प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना को लेकर कतिपय स्वार्थी तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाए जाने की जानकारी मिल रही है, जो उचित नहीं है. दुर्घटना के कारण और क्षति को जांच पश्चात् ही बताया जा सकता है लेकिन बचाव, पुनर्वास, प्रबंधन में कोई कोताही सामने नहीं आई है.
जनहानि तथा जनसंपत्ति हानि की रोकथाम सराहनीय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 5 अप्रैल को घटना के दिन ही घटनास्थल का दौरा किया था और रोकथाम, बचाव, पुनर्वास आदि कार्यों का निरीक्षण किया था. जिस पैमाने पर आगजनी हुई थी उसे कुछ घंटों में ही नियंत्रित कर लेने के लिए प्रशासन तथा अन्य संस्थाओं की मदद से मिली सफलता को उन्होंने सराहनीय निरूपित किया है. शासन-प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर निजी क्षेत्र की संस्थानों ने आग बुझाने के लिए जिस प्रकार फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराए, उसकी भी सराहना सीएम साय ने की है.