प्रदेश / छत्तीसगढ़
ट्रांसफॉर्मर गोदाम में लगी आग की जांच करने CSPDCL ने गठित की उच्च स्तरीय समिति, हफ्तेभर में सौंपेगी रिपोर्ट…
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CAPDCL) ने गुढ़ियारी स्थित क्षेत्रीय भंडार गृह में आग लगने की घटना की जांच के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है. समिति पांच बिन्दुओं पर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी.
समिति में कार्यपालक निदेशक भीम सिंह कंवर, कार्यपालक निदेशक संदीप वर्मा, अति. मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार, अतिमहाप्रबंधक (वित्त) गोपाल मूर्ति, मुख्य सुरक्षा अधिकारी ए.श्रीनिवास राव और अधीक्षण अभियंता डीडी चौधरी शामिल किए गए हैं.
समिति आग लगने के कारणों के संबंध में, दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी / कर्मचारी/ एजेंसी के संबंध में, दुर्घटना से कंपनी को वित्तीय एवं भौतिक रूप से हुई क्षति के संबंध में जांच करने के साथ भंडार गृह के संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और भविष्य में इस प्रकार की अन्य दुर्घटनाओं के रोकथाम के लिए सुझाव देगी.
BJP में शामिल हुए चंद्रशेखर शुक्ला का बड़ा बयान, पूर्व CM बघेल को बताया गोबर चोर, कहा- चोरों के साथ काम करने में हो रही थी परेशानी, इसलिए मोदी परिवार का बना हिस्सा
रायपुर। पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला आज भाजपा में शामिल हो गए हैं. कवर्धा में आयोजित सभा में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में उन्होंने BJP की सदस्यता ली. भाजपा में शामिल होने के बाद चंद्रशेखर शुक्ला ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गोबर चोर कहा. शुक्ला ने कहा कि चोरों के साथ काम करने में परेशानी हो रही थी, इसलिए मोदी परिवार में शामिल हुआ हूं.
उल्लेखनीय है कि चंद्रशेखर शुक्ला ने 9 मार्च को इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर प्रदेश महामंत्री पद से अपना इस्तीफा पेश किया था. इस पत्र में चंद्रशेखर शुक्ला ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा था कि मैंने अपने जीवन के बहुमूल्य और श्रेष्ठ समय अपनी सर्वश्रेष्ठ भूमिकाओं के साथ पार्टी को समर्पित किया, लेकिन पार्टी अपनी मूल विचारधारा से हट कर तुष्टीकरण की दिशा में कार्य करने लगी.
चंद्रशेखर शुक्ला ने आगे लिखा कि अपनी बारम्बार उपेक्षा और अपमान से मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि इन पदों में काम करना मेरे लिए दुश्वार है. निवेदन है कि मुझे प्रदेश महामंत्री के पद से भार मुक्त कर मेरा इस्तीफा स्वीकार करें.
जंगल में पुलिस ने ध्वस्त किया नक्सलियों का कैंप, बड़ी मात्रा में विस्फोटक, नक्सली बैनर और वर्दी बरामद
नारायणपुर। किसकोड़ो एरिया कमेटी के विरुद्ध नारायणपुर-कांकेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अस्थाई नक्सल कैंप को ध्वस्त कर दिया है. इस दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नक्सलियों की विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण, नक्सली बैनर, नक्सली वर्दी और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की. डीआरजी, बस्तर फॉईटर नारायणपुर और सीएएफ 5वीं वाहिनी कैंप अर्रा की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की.
दरअसल, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में नारायणपुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है. इसी कड़ी में ग्राम मातला बी, मसपुर के जंगल-पहाड़ में नक्सलियों की उपस्थित की सूचना पर 4 अप्रैल को थाना एड़का से डीआरजी, बस्तर फॉईटर और कैंप अर्रा से सीएएफ 5वीं वाहिनी की संयुक्त बल कुल 110 ग्राम मातला, वाडगेहनार की ओर नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना हुए थे.
5 अप्रैल को टीम की ओर से मसपुर तमोरा के जंगल में सचिंग के दौरान नक्सलियों की ओर से पहले से लगाए गए संत्री से पुलिस बल के आने की सूचना देकर नक्सलियों को अलर्ट कर दिया, जिस पर नक्सली जंगल का फायदा उठाकर मौके से भाग गए. पुलिस बल ने मौके पर नक्सलियों के अस्थाई कैंप को ध्वस्त कर दिया और मौके से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण, नक्सली बैनर, वर्दी, नक्सल साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामग्री बरामद किया है.
कार्य में लापरवाही बरतना थाना प्रभारी को पड़ा महंगा, एसपी ने किया निलंबित
बिलासपुर। कार्य में लापरवाही बरतना तोरवा थाना प्रभारी को भारी पड़ गया. एक मामले में शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं किये जाने पर थाना प्रभारी अंजना करकेट्टा को एसपी ने निलंबित कर दिया है.
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले नकाबपोश बदमाशों ने तोरवा बस्ती में घुसकर मोहल्ले में जमकर उत्पात मचाया था. इस मामले में शिकायत के बाद भी कोई ठोस जांच नहीं हुई और कार्रवाई नहीं की गई. नकाबपोश गुंडों पर कार्रवाई नहीं करने पर एसपी ने एक्शन लेते हुए टीआई अंजना करकेट्टा पर निलंबन की कार्रवाई की है.
CSPDCL गोदाम में भीषण आग मामला: चोटिल होने के बाद जायजा लेने पहुंचे कलेक्टर गौरव सिंह, प्रभावित परिवारों को दिया जा रहा मुआवजा, आगजनी में बिजली विभाग को 80 करोड़ से अधिक का नुकसान
रायपुर। राजधानी के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के भारत माता चौक के पास छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के गोदाम में शुक्रवार की दोपहर करीब 1 बजे भीषण आग लग गई. आग लगने से वहां खुले में रखे हुए हजारों ट्रांसफार्मर और अन्य उपकरण जलकर खाक हो गए. यहां करीब आठ एकड़ परिसर के स्टोर में रखे 4 हजार ट्रांसफार्मरों में 4 घंटे तक एक-एक कर धमाके होते रहे. वहीं स्टोर के पास 33 केवी के सबस्टेशन के कुछ हिस्सा भी आग की चपेट में आ गए लेकिन सबस्टेशन को खाक होने से बचा लिया गया. इस भीषण आग में बिजली विभाग को 80 करोड़ से अधिक का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है.


आग पर काबू पाने के लिए लगे 40 से अधिक फायर ब्रिगेड
आग लगने की सूचना पर पहले फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला लेकिन आग और भयावह होती गई. जिसके बाद मौके पर 40 से अधिक दमकलें आग बुझाने में जुटीं. आग पर काबू पाने के लिए रायपुर जिले के अलावा दुर्ग जिले से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ी. आग पर नियंत्रण पाने के लिए 25 से 30 SDRF की टीमें पहुंची फिर भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका और उसकी जद में जितनी चीजें आई सब जलकर खाक हो गई. इस आग के पूरे रायपुर में काले धुंए के बादल छाए नजर आए.
वहीं भीषण आग लगने के बाद घटनास्थल से लगे तीन किलोमीटर तक पूरे रास्ते को खाली कराकर बंद कराया गया ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके साथ ही पुलिस ने आसपास के घरों को भी एहतियातन खाली करवाया गया. वहीं घर खाली करने की अपील किये जाने पर एक महिला भावुक होकर रोने लगी. क्योंकि भीषण आग की वजह से उसे अपना घर छोड़ना पड़ रहा था. लेकिन अपने घर को छोड़ना उसकी मजबूरी थी. विकराल रूप लिए इस आग पर 7 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया. हालांकि, यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है कि आग कैसे लगी. वहीं देर शाम सीएम विष्णुदेव साय मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान सीएम ने कहा, यह दुखद घटना है. बड़ा नुकसान हुआ है. मामले की जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
सब स्टेशन में आग से घंटों छाया रहा अंधेरा
इस भीषण आग ने 15 मेगावाट सब स्टेशन को भी अपने चपेट में आने से अशोक नगर गुढ़ियारी, कृष्णा नगर, रामनगर अशोकनगर समेत अन्य इलाकों में बिजली की आपूर्ति होती थी, जो घंटों बंद रही.
अभी भी आग बुझाने का कार्य जारी

भीषण आग पर काबू पाने के बाद आज सुबह भी पूरी तरह से आग बुझाने का कार्य जारी है, बड़े बड़े ट्रांसफार्मर को जेसीबी के सहारे पलटी कर पानी से भिगाया जा रहा है. मौके पर एसडीआरएफ, जिला प्रशासन कलेक्टर, एसडीएम, पुलिस एएसपी लखन पटले सहित बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद हैं.
घटना स्थल पर कलेक्टर हुए चोटिल

रेस्क्यू के दौरान रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को चोट लग गई. उनके जूते को पार कर नुकीला लोहा उनके पैर में गड़ गया. मौक पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कलेक्टर का प्राथमिक उपचार किया.
प्रभावित परिवारों को दिया जा रहा मुआवजा
बिजली विभाग सब डिवीजन आगजनी के राहत कार्यों का आज सुबह कलेक्टर डॉ गौरव सिंह जायजा लेने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने राजस्व अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने के निर्देश दिए. मौके पर ही राजस्व अधिकारियों ने मुआवजे राशि का वितरण किया. कलेक्टर के निर्देश पर अब तक 40 परिवारों को 3 लाख 60 हजार रुपये की राहत राशि का वितरण किया गया है.

नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत पर एफआईआर दर्ज, डिप्टी सीएम साव बोले- हमने पहले कहा था इसे दुर्भाग्यजनक, अब होगी कार्रवाई
रायपुर। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को अनेक मुद्दों पर अपना बयान दिया है. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के बयान पर पलटवार किया. डिप्टी सीएम साव ने गुढ़ियारी सब डिवीजन में आगजनी पर पीसीसी चीफ दीपक बैज के बयान पर कहा कि इस घटना पर जो लोग राजनीति कर रहे हैं वह ठीक नहीं है. साथ ही नेताप्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पर हुए एफआईआर पर कहा कि हमने पहले ही इसकी निंदा की थी कार्रवाई होगी. वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रोग्राम रद्द होने पर कांग्रेस के दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए जमकर निशाना साधा है.
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ है हमने पहले कहा था यह दुर्भाग्यजनक है. ये छत्तीसगढ़ महतारी का अपमान है. मामले में एफआईआर दर्ज हुई है अब कार्रवाई होगी.
बिजली भंडार ग्रह में आग लगने को लेकर दीपक बैज के बयान पर अरुण साव का पलटवार करते हुए कहा कि जो बिजली विभाग में आगजनी की घटना हुई है. यह बड़ा नुकसान है जांच होगी, जांच के बाद रिपोर्ट आएगी और उसपर कार्यवाही होगी. उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासन, हमारे पार्टी के लोग आह बुझाने में लगे थे.मुझे लगता है कि और भयावा स्थिति हो सकती थी उसे नियंत्रित करने का काम किया गया है. इस घटना पर जो लोग राजनीति कर रहे हैं वह ठीक नहीं है.
भूपेश बघेल का कार्टून पोस्ट करने के मामले पर डिप्टी सीएम साव ने कहा कि भगवान के राम की आस्था देश दुनिया में लोगों को है. छत्तीसगढ़ में दोगुनी आस्था है, यह भगवान राम का ननिहाल है. भगवान राम से अनेक चीजे छत्तीसगढ़ में हैं. 500 साल के बाद भगवान राम का भव्य दिव्य मंदिर का लोकार्पण हो रहा था. भगवान के प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को कांग्रेस ने ठुकराया है. कांग्रेस ने अपमान करने का काम किया है. इस दल के बारे में राहुल गांधी को विचार करना चाहिए.
राहुल गांधी के दौरे को लेकर अरुण साव ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे देश में कांग्रेस की हालत है. कांग्रेस से लोग छोड़-छोड़कर जा रहे हैं. कांग्रेस के पास नेतृत्व, नियत और काम नहीं है. राहुल गांधी के आने से लाभ लोगों को नहीं मिलेगा, 11 की 11 सीटें बीजेपी की झोली में आएगी.
अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरा कैंसल होने पर कांग्रेस के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि अमित शाह से कांग्रेस डरती है. अमित शाह छत्तीसगढ़ आयेंगे लगातार आयेंगे.
छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष महंत पर FIR दर्ज : मोदी का सिर फोड़ने वाले विवादित बयान पर एक्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के विवादित बयान को लेकर उनके खिलाफ FIR दर्ज हुई है। बीजेपी ने निर्वाचन आयोग से इसकी शिकायत की थी। दरअसल, महंत ने राजनांदगांव में आयोजित भूपेश बघेल की नामांकन रैली में कहा था कि पीएम मोदी का मूड़ (सिर) फोड़ने वाला आदमी चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी राजनांदगांव के निर्देश पर SDM अतुल विश्वकर्मा ने कोतवाली थाने में FIR दर्ज कराई है। इसमें महंत के छत्तीसगढ़ी में दिए बयान को आधार बनाया गया है। साथ ही कार्रवाई करने की बात कही गई है।
दरअसल, राजनांदगांव में मंगलवार (2 अप्रैल) को भूपेश बघेल के नामांकन के दौरान महंत ने विरोधियों पर निशाना साधा था। जनसभा में महंत ने कहा था, हमें नरेंद्र मोदी का मूड़ (सिर) फोड़ने वाला आदमी चाहिए। रात-दिन तंग करके चीन भेजने वाला आदमी चाहिए। एक संरक्षक चाहिए, अच्छा लाठी धर कर मारने वाला।
वहीं उन्होंने उद्योगपतियों को लेकर कहा कि, नवीन जिंदल ने रायगढ़ और पूरी खदानों को लूट लिया। इन लोगों ने हम छत्तीसगढ़ियों की ऐसी की तैसी की है। हमने ही इन्हें सिर पर चढ़ाकर रखा था। हमें कहने में शर्म नहीं है कि ऐसे लोगों को तो हमें जूते मारने चाहिए।
वहीं उन्होंने उद्योगपतियों को लेकर कहा कि, नवीन जिंदल ने रायगढ़ और पूरी खदानों को लूट लिया। इन लोगों ने हम छत्तीसगढ़ियों की ऐसी की तैसी की है। हमने ही इन्हें सिर पर चढ़ाकर रखा था। हमें कहने में शर्म नहीं है कि ऐसे लोगों को तो हमें जूते मारने चाहिए।
विवाद बढ़ने पर महंत ने दी थी सफाई
इस मामले में विवाद बढ़ने के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास ने सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि, उनके बयान को तिल का ताड़ बना दिया गया। प्रधानमंत्री सम्मानित पद है। मैंने ऐसा कुछ कहा ही नहीं है, लोग पता नहीं क्यों कह रहे हैं। मैं तो कबीरपंथी हूं, मैं इस तरह की गलत बात तो कर ही नहीं सकता। मेरी बातों से बुरा लगा है, तो मैं खेद व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि महंत का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा था कि हम इसकी निंदा करते हैं। मैं भी मोदी के परिवार का हिस्सा हूं। कांग्रेसियों में हिम्मत है तो वे पहले मेरे सिर पर लाठी मारें। कांग्रेसियों का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है, इसलिए वे अनाप-शनाप बोल रहे हैं।
छत्तीसगढ़ से जल्द चलेगी एक और ‘वंदे भारत’, रायपुर से जबलपुर के बीच होगा परिचालन, जानिए पूरी समय-सारणी…
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ को जल्द ही दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन मिलने वाली है. रायपुर से जबलपुर के बीच यह ट्रेन सप्ताह के छह दिन चलेगी. 410 किमी का सफर यह ट्रेन पांच घंटे में तय करेगी. ट्रेन की औसत रफ्तार 69.29 किमी रहेगी.
रेलवे बोर्ड ने रायपुर-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने को लेकर हरी झंडी दे दी है. जल्द ही तारीख का एलान किया जाएगा. वर्तमान में छत्तीसगढ़ में सिर्फ एक बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन हो रहा है. पश्चिम मध्य रेलवे जोन से एक नई वंदे भारत एक्सप्रेस चलने वाली है.
यह रहेगा ट्रेन का टाइम टेबल
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन जबलपुर से सुबह 7.25 बजे छूटेगी. कच्छपुरा, नैनपुर, बालाघाट होते हुए गोंदिया 10.55 बजे पहुंचेगी. गोंदिया से राजनांदगांव, दुर्ग होते हुए पांच घंटे के सफर के बाद 13.20 बजे रायपुर पहुंचेगी. इसी तरह रायपुर से 15.15 बजे रवाना होने के बाद दुर्ग, राजनांदगांव होते हुए 17.35 बजे गोंदिया पहुंचेगी. गोंदिया से में दस मिनट के विश्राम के बाद बालाघाट, नैनपुर कच्छपुरा होते हुए 21.10 बजे जबलपुर पहुंचेगी.
सप्ताह के छह दिन चलेगी ट्रेन
रायपुर-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस की घोषणा के साथ ही ट्रेन के किराए की भी जानकारी दी जाएगी. देश में चलने वाली दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस में प्रति किमी जितना किराया लगता है, उतना ही रायपुर-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का किराया होगा. इसे सप्ताह में 6 दिन चलाया जाएगा. मेंटेनेंस के लिए शुक्रवार के यह ट्रेन नहीं चलाई जाएगी. ट्रेन पूरी तरह चेयरकार होगी.
भाजपा ने फिर जारी किया कार्टून : पूर्व CM बघेल पर साधा निशाना, कहा- जिन्होंने श्रीराम मंदिर का निमंत्रण ठुकराया, वे अब वोट मांगने आ रहे, सबक सिखाना जरूरी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया वार जारी है. शनिवार को भाजपा ने फिर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर कांग्रेस पर तंज कसा है. इस बार BJP ने राजनांदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल पर निशाना साधा है. कार्टून पोस्ट करते हुए भाजपा ने कहा, “राजनांदगांव की जनता सावधान, जिन्होंने श्रीराम मंदिर का निमंत्रण ठुकराया, वे अब वोट मांगने आ रहे हैं. सबक जरूर सिखाना है.”
बता दें कि लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा मीडिया सेल ने कार्टून के सहारे निशाना साधने का अभियान छेड़ रखा है. इसकी शुरुआत राजनांदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से ही की थी, जिन्हें जिहादी गिरोह का अगुवा बताते हुए राजनांदगांव को जिहादगांव बनाने का आरोप लगाया था. इसके बाद से लगातार हर एक कांग्रेस प्रत्याशी का कार्टून बनाकर उन पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं.
भाजपा के स्थापना दिवस पर सीएम विष्णुदेव साय ने दी शुभकामनाएं, कहा – मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की है. अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा कि- “आप सभी को मेरा नमस्कार! विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है. इस अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं.
सीएम साय ने कहा, भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता अटल बिहारी वाजपेयी की भविष्यवाणी सच साबित हुई है. अब सारे देश में अंधेरा छंटा है, सूरज निकला है, कमल खिला है. यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है. समूचे विश्व में आज भारत की पहचान एक सशक्त देश के रूप में हो रही है. राष्ट्रवाद के संकल्प को समर्पित मां भारती को वैभव के शिखर पर फिर से आरूढ़ करने के यज्ञ में लगे सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को साधुवाद देता हूं.
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी का आज स्थापना दिवस है, जिसके प्रथम अध्यक्ष पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी थे. इस अवसर पर सीएम साय ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को नमन किया.
भाजपा कार्यकर्ताओं से बोले बृजमोहन अग्रवाल "किसी भी कार्य में सफलता हासिल करने के लिए आत्मविश्वास बहुत जरूरी है"
रायपुर। रायपुर लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा का प्रचार प्रसार अभियान दिनोदिन तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, किसी भी कार्य में सफलता हासिल करने के लिए आत्मविश्वास बहुत जरूरी है। आत्मविश्वास एक ऐसा भाव है जो हमें अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने और चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देता है। जब हम खुद पर विश्वास करते हैं, तो हम अधिक प्रयास करते हैं, जो हमें सफलता की ओर ले जाता है।
हमारे छोटे-छोटे प्रयासों से ही भारत एक विश्व शक्ति बनकर उभर रहा है। पिछले 10 सालों में मोदी जी के सबका साथ सबका विकास पर काम करते हुए आज देश प्रगति की राह पर अग्रसर है। हम सबको विकसित और समृद्ध भारत बनाने के लिए नरेंद्र मोदी को एक बार फिर से प्रधानमंत्री बनाना है और इस पवित्र काम में पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। सभी कार्यकर्ताओं को योजनाबद्ध तरीके से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि, किसी भी चुनाव की मूल इकाई है बूथ और कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके बूथ में 90 फीसदी से ज्यादा लोग मतदान करें। सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी की 10 साल की उपलब्धियों को जनता को बताएं। यहां के युवा, महिला, गरीब , किसान सभी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी करीब 210 योजनाएं लाए है जिनका लाभ सभी को मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक परिवार की तरह 140 करोड़ देशवासियों के जीवन स्तर को ऊपर उठाया है। हम सब मोदी का परिवार है। यह हमारा कर्तव्य है कि,हम छत्तीसगढ़ की सभी सीटें जीतकर नरेंद्र मोदी को मजबूत करें।
जनसंपर्क और प्रचार में तेजी लाएं कार्यकर्ता
श्री अग्रवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क के साथ ही प्रचार अभियान में भी तेजी लानी चाहिए अब महेश 32 दिन ही बचे हैं ऐसे में प्रचार के जरिए ही हम अपनी योजनाओं को जनता के बीच में ले जा सकते हैं उसके लिए जगह-जगह वॉल पेंटिंग के साथ ही जनसंपर्क अभियान भी चलाएं। तेज गर्मी के कारण सभी कार्यकर्ताओं को सुबह और शाम तीन-तीन घंटे के लिए जनता के बीच में जाकर उनसे बात करनी होगी।
विधानसभा चुनाव के बाद से ही भाजपा के पक्ष में माहौल बन चुका है
श्री अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में बात और थी राज्य में कांग्रेसी सरकार होने के कारण बहुत से मतदाता डरे हुए थे और वह भाजपा के पक्ष में खुलकर सामने नहीं आ पा रहे थे। लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद अब माहौल बदल गया है केंद्र और राज्य दोनों जगह ही भाजपा की सरकार है ऐसे में किसी भी मतदाता को डरने की जरूरत नहीं है वह खुलकर वोट करें।
सांसद सुनील सोनी और विधायक राजेश मूणत ने कार्यकर्ताओं से बृजमोहन अग्रवाल को रिकॉर्ड मतों से जीतने की अपील की
बैठक में सांसद सुनील सोनी और रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्र से बृजमोहन अग्रवाल को 1 लाख से ज्यादा मतों से जीतते हुए रिकॉर्ड बनाने की अपील की।
बैठक में सांसद सुनील सोनी, विधायक राजेश मूणत, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, जयंती भाई पटेल, अशोक बजाज, छगन मुंडला, लक्ष्मी वर्मा, अशोक पांडे, गोवर्धन खंडेलवाल, प्रफुल विश्वकर्मा, ओंकार वैश्य, प्रभा दुबे, गुढ़ियारी मंडल अध्यक्ष बी. श्रीनिवास राव, तात्यापारा मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ठाकुर समेत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बिजली गोदाम में आगजनी : स्थिति का जायजा लेने घटना स्थल पहुंचे सीएम साय, कहा – बड़ा नुकसान हुआ है, जांच के बाद होगी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के बिजली गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में दिनभर अफरातफरी का महौल रहा. वहीं देर शाम सीएम विष्णुदेव साय मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. सीएम ने कहा, यह दुखद घटना है. बड़ा नुक़सान हुआ है. मामले की जांच की जाएगी. जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
सीएम साय ने कहा, आग पर काबू पाने में जिला प्रशासन अमला और लोगों का बड़ा सहयोग मिला है. बड़ी संख्या में आसपास के लोगों को ख़ाली कराए थे. अब उनका विस्थापन किया जा रहा है. यह घटना जांच का विषय है. जांच के बाद रिपोर्ट अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान विधायक राजेश मूणत भी मौजूद रहे.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा रद्द, कल कवर्धा में लेने वाले थे सभा
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का कल कवर्धा दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द कर दिया गया है. इसकी जानकारी पीएचक्यू से जारी की गई है. बता दें कि अमित शाह 6 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कवर्धा के सरदार पटेल मैदान में आयोजित होने वाले जनसभा को संबोधित करने वाले थे. इस आयोजन को लेकर आज कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा समेत अन्य भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया था.
सीएम के सचिव दयानंद ने संभाला कमान, आग बुझाने में लगी है 30 से ज्यादा दमकल की गाड़ियां, अब स्थिति नियंत्रण में
रायपुर। गुढ़ियारी स्थित बिजली विभाग के सब डिवीजन दफ्तर में लगी आग अब नियंत्रण की स्थिति में पहुंच गया है. बिजली विभाग प्रमुख और मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद मौके पर पहुंचकर कमान संभाल रहे हैं. पी दयानंद ने कहा, नुकसान का अभी आंकलन नहीं किया जा सकता है. कोई भी व्यक्ति काे कोई नुकसान नहीं हुआ है. अब आग लगभग नियंत्रण की स्थिति में है.

बता दें कि नेफ़्रो से एक, बीएसपी से, ज़िले की सभी दमकल गाड़ियां इस तरह 30 से ज़्यादा दमकल की गाड़िया आग बुझाने में लगी है. पानी सप्लाई नहीं होने से आधे से अधिक दमकल गाड़ियां खड़ी है. वहीं रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत भी मौके पर पहुंचे हुए हैं. बस्ती और आग के बीच एयरपोर्ट दमकल टीम तैनात हैं. पानी सप्लाई नहीं होने के कारण आग बुझाने में देरी हो रही. पानी सप्लाई मिल जाने से आधे घंटे में आग कंट्रोल करने का दावा किया जा रहा. एयरपोर्ट दमकल टीम के सुपरवाइजर ने कहा, अब गाड़ी से एक इंच आगे आग नहीं बढ़ेगा.
विधायक राजेश मूणत ने कहा, आग लगने की सूचना के बाद दोपहर 2 बजे से यही हुँ. आबादी क्षेत्र में आग लगी है. निगम प्रशासन की टीम आग बुझाने में लगी हुई है. गर्मी का तापमान तेज है. इसके कारण आग लगी है. भविष्य में इन चीजों को दूरुस्थ कराया जाएगा. भगवान की दया से कोई अनहोनी नहीं हुई है.
कलेक्टर हुए चोटिल, मौके पर हुआ प्राथमिक इलाज

रेस्क्यू के दौरान रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को चोट लगी है. जूता से पार कर नुकीला लोहा उनके पैर में गड़ गया है. मौक पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार किया.
छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बालोद के गुंडरदेही में जारी किया घोषणा पत्र
रायपुर। लोकसभा चुनाव 2024 के लिये भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का घोषणा पत्र जिसे न्याय पत्र नाम दिया गया है। कांगेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में जारी किया। राज्य में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने घोषणा पत्र बालोद के गुंडरदेही में जारी किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र 16 सदस्यीय कमेटी ने चिदंबरम जी की अध्यक्षता में व्यापक जन भागीदारी सुझाव के बाद घोषणा पत्र बनाया गया। इस घोषणा पत्र में 5 न्याय स्तंभ के रूप में है तथा 25 गारंटी जनता के लिये है। युवा न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, श्रमिक न्याय, हिस्सेदारी न्याय कांग्रेस के घोषणा पत्र के प्रमुख बिन्दु है। इसके साथ ही बुजुर्गो, अनुसूचित जाति, जनजाति अल्पसंख्यको, गरीबो, विद्यार्थियों सभी समुचित विकास का ध्यान कांग्रेस के घोषणा पत्र में रखा गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिये कांग्रेस पार्टी देश के लोगो पांच न्याय की गारंटी दी है। कांग्रेस का मानना है देश के महिला युवा, किसान, मजदूर, सभी को विकास की मुख्यधारा में लाने के लिये उनको कानूनी संरक्षण मिले इसके लिये कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिये किसान न्याय, युवा न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय तथा हिस्सेदारी न्याय देने का वायदा किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि नारी न्याय में कांग्रेस देश की महिलाओं से वायदा करती है कि कांग्रेस की केन्द्र महिलाओं के लिये महालक्ष्मी योजना लागू करेगी।
1. जिसमें हर गरीब महिला को साल में एक लाख रू. देगी।
2. कांग्रेस की सरकार केंद्रीय नौकरियों में आधी भर्तियां महिलाओं की करेगी।
3. आशावर्कर, आंगनबाड़ी तथा मिड्डे मील कार्यकर्ताओ को केन्द्रीय सहायता कांग्रेस की सरकार बनने पर दुगुना किया जायेगा।
4. महिलाओं के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिये प्रत्येक पंचायत में कानूनी सहायक की नियुक्ति की जायेगी।
5. देश के सभी जिला मुख्यालयों में कामकाजी महिलाओं के लिये हास्टल बनाया जायेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि किसान न्याय में कांग्रेस देश के किसानों से वायदा करती है कि किसानों के सुख समृद्धि के लिये 5 गारंटी देती है। कांग्रेस की सरकार बनने पर :-
1. एमएसपी को कानूनी दर्ज़ा दिया जाएगा। इसके लिए संसद में एक विशेष कानून पारित किया जाएगा। डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन आयोग के फार्मूले के अनुसार एमएसपी तय की जाएगी।
2. किसानों के ऋण माफ़ करने और आवश्यक ऋण माफ़ी की राशि निर्धारित करने के लिए एक स्थायी कृषि ऋण माफ़ी आयोग की स्थापना की जाएगी।
3. किसानों के फ़सलों के नुक़सान होने पर 30 दिनों के भीतर सीधे बैंक खाते में गारंटीड भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना को फ़िर से डिज़ाइन किया जाएगा।
4. कांग्रेस कृषि उत्पादों के लिए एक आयात-निर्यात नीति बनाएगी और उसे लागू करेगी, जिसमें किसानों के हितों की रक्षा और चिंताएं सर्वोपरि होंगी। यह स्थिर और पूर्वानुमान पर आधारित होने के साथ-साथ किसानों के हितों पर आधारित होगा।
5. किसान जीएसटी मुक्त होंगे। कृषि में इस्तेमाल होने वाले सामानों पर टैक्स से छुट के लिए जीएसटी व्यवस्था में संशोधन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि युवा न्याय में कांग्रेस देश के युवाओं से वायदा करती है कि :- देश की बेरोजगारी दर सर्वोच्च स्तर पर है। कांग्रेस युवाओं को रोजगार देने के लिये युवाओं को 5 गारंटी देती है।
1. भर्ती भरोसा- केन्द्र सरकार में कैलेंडर के नुसार 30 लाख नयी नौकरियां।
2. पहली नौकरी पक्की- प्रत्येक शिक्षित युवा को एक साल के अप्रेंटिसशिप द्वारा 1 लाख रू (8500/ माह)
3. पेपर लीक से मुक्ति- पेपर लीक को पूरी तरह से रोकने के लिये एक नीति
4. गिग इकॉनमी में सामाजिक सुरक्षा- गिग इकॉनमी में युवाओं के लिये बेहतर वर्किंग कंडीशन
5. युवा रोशनी 5000 करोड़ रू का युवाओं के लिये स्टार्ट- अप कोष
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि श्रमिक न्याय में कांग्रेस देश के श्रमिको से वायदा करती है कि :- कांग्रेस की यूपीए सरकार ने रोजगार को कानूनी अधिकार देने के लिये मनरेगा कानून बनाया था, तथा हर मजदूर को न्यूनतम 150 दिवस कार्य मजदूरी मिलने का कानूनी अधिकार दिया है। अबकी बार कांग्रेस की सरकार बनने पर कांग्रेस पार्टी मनरेगा की न्यूनतम मजदूरी 200 से बढ़ाकर 400 रू. करने की गारंटी देती है। इससे देश के मजदूरों की आर्थिक बदहाली दूर होगी तथा उनके जीवन स्तर में परिवर्तन आयेगा।
1. स्वास्थ्य अधिकार- अधिकार के तौर पर मुफ्त आवश्यक डायग्नोस्टिक दवाएं, उपचार, सर्जरी और पुनर्वास उपचार और पैलिएटिव केयर।
2. श्रम का सम्मान- 400 रू प्रतिदिन राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी, मनरेगा, श्रमिकों के लिये भी।
3. शहरी रोजगार गारंटी- शहरी क्षेत्रों के लिये रोजगार गारंटी अधिनियम।
4. सामाजिक सुरक्षा- असंगठित श्रमिकों के लिये जीवन और दुर्घटना बीमा।
5. सुरक्षित रोजगार- कांट्रेक्ट सिस्टम सरकारी कार्यो में बंद होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि हिस्सेदारी न्याय
1. गिनती करो- व्यापक सामाजिक, आर्थिक और जाति जनगणना
2. आरक्षण का हक- एससी, एसटी, ओबीसी आरक्षण पर 50 प्रतिशत की सीमा हटा दी जायेगी।
3. एससी, एसटी सब प्लान की कानूनी गारंटी- जनसंख्या हिस्सेदारी के अनुसार एससी, एसटी उप- बजट
4. जल, जंगल, जमीन का कानूनी हक- वन अधिकार अधिनियम के तहत लंबित दावों का 1 वर्ष के भीतर समाधान
5. अपनी धरती, अपना राज- जहां एसटी सबसे बड़ा सामाजिक समूह, वे अनुसूचित क्षेत्र घोषित होंगे।
अन्य महत्वपूर्ण बिन्दु :-
1. एक राष्ट्र एक चुनाव’ के विचार को अस्वीकार करेगी कांग्रेस
2. विधायकों के दलबदल करने पर स्वतः अयोग्य ठहराए जाने के लिए 10वीं अनुसूची में संशोधन का वादा।
3. कांग्रेस ने मॉब लिंचिंग, पुलिस एनकाउंटर हत्याओं, बुलडोजर न्याय का विरोध करने का वादा किया।
4. कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्रः कांग्रेस का कहना है कि वह स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार, हर साल सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देगी।
5. कांग्रेस पार्टी का घोषणापत्रः हम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की दक्षता और मतपत्र की पारदर्शिता को जोड़ने के लिए चुनाव कानूनों में संशोधन करेंगे। मतदान ईवीएम के माध्यम से होगा, लेकिन मतदाता मशीन से उत्पन्न मतदान पर्ची को वोटर-वेरिफ़िएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) इकाई में जमा करने में सक्षम होगा। इलेक्ट्रॉनिक वोट टैली का मिलान वीवीपीएटी पर्ची टैली से किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी तथा निराशा के इस दौर देश में कांग्रेस न्याय पत्र देश के लोगों में आशा की किरण पैदा करती है। जनता लोकसभा चुनाव में मोदी के कुशासन से मुक्ति पाकर अपने लिये विकास और समृद्धि के नये द्वार खोलेगी। कांग्रेस का शुरू से मानना है कि देश का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब हर वर्ग के नागरिकों की आर्थिक समृद्धि के द्वार खोले जाये। इसलिये कांग्रेस ने किसान न्याय गारंटी, युवा न्याय गारंटी, नारी न्याय गारंटी, श्रमिक न्याय गारंटी तथा हिस्सेदारी न्याय की गारंटी देने का निर्णय लिया है।
बिजली विभाग आगजनी घटना : अब तक 6 हजार ट्रांसफॉर्मर जलकर खाक
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित भारत माता चौक के पास बिजली विभाग के सब डिवीजन दफ्तर में लगी आग में 6 हजार ट्रांसफॉर्मर जलकर खाक हो गया है. पूरे बिजली सब डिवीजन आग की चपेट आ गया है. इस भीषण आग में लगातार ब्लास्ट हो रहे हैं. अब तक 50 से ज्यादा ब्लास्ट हो चुके हैं. इस घटना से पूरे गुढ़ियारी इलाके में अफरा-तफरी मच गई है.
वहीं हादसे की सूचना मिलने पर रायपुर कलेक्टर, एसपी, एसडीएम सहित जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. लाउड स्पीकर के माध्यम से आस-पास के तीन बस्तियों को खाली करा दिया गया है. यह भीषण आग अब भी नियंत्रण के बाहर है.
वहीं ट्रांसफॉर्मर वर्कशॉप में आगजनी के मामले में पूर्व विधायक और लोकसभा चुनाव के कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने सवाल उठाएं हैं. उन्होंने कहा कि ये आगजनी किसी लापरवाही से हुई या ये कोई षड्यंत्र है इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए. हजारों लोगों की जान खतरे में पड़ गई.
मुख्यमंत्री के वीडियो से छेड़छाड़ कर प्रचारित किये जाने के मामले में भाजपा ने की शिकायत, छवि धूमिल करने का लगाया आरोप
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का वीडियो एडिट कर उसे प्रचारित करने के खिलाफ भाजपा ने FIR दर्ज करायी है। भाजपा का प्रतिनिधिमंडल आज सिविल लाइन थाने पहुंचा और शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, निर्वाचन आयोग समिति प्रमुख विजय शंकर मिश्रा, सोशल मीडिया संयोजक सोमेश पांडे, रसिक परमार प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, अमित साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा दिनांक 3 अप्रैल 2024 को महासमुंद में मंच से दिए गए उद्बोधन से छेड़छाड़ कर कांग्रेस पार्टी के राजनांदगांव प्रत्याशी भूपेश बघेल के लिए वोट अपील करते हुए दिखाया गया है, जो न केवल आपत्तिजनक है, वरन चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की छवि धूमिल करने का प्रयास भी है।
आवेदक उक्त कृत्य से निजी तौर पर बेहद आहत हैं और उन्हें मानसिक संताप हुआ है। अतः सोशल मीडिया में जारी उक्त वीडियो निर्माता के विरुद्ध अपराध दर्ज कर दंडात्मक कार्यवाही करने एवं उक्त सोशल मीडिया साईट चैनल को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कांग्रेस बुरी तरह चुनाव हार रही है इसीलिए अब वह इस प्रकार के कृत्य कर रही है यह कांग्रेस की हताशा, निराशा है। ऐसे कृत्य करने पर कांग्रेस के लोगों पर अपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए और तत्काल कार्यवाही होनी चाहिए। कांग्रेस पूरी तरह से मानसिक दिवालियापन का शिकार है व राजनीति के निम्नतम स्तर पर उतर आई है। आदिवासी समाज से आने वाले प्रदेश के सरल सहज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की वीडियो एडिट करना जनता स्वीकार नहीं करेगी। प्रदेश की जनता इसका करारा जवाब देगी।