प्रदेश / मध्यप्रदेश
गंगा दशहरा पर नीलगंगा पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, संतों संग किया पूजन, कहा- सिंहस्थ में दुनिया देखेगी सनातन का वैभव और उज्जैन की दिव्यता
उज्जैन। धर्म नगरी उज्जैन में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नीलगंगा आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा की प्रतिमा का विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया। हर साल की परंपरा निभाते हुए मुख्यमंत्री व्यस्त कार्यक्रमों के बीच नीलगंगा सरोवर पहुंचे और गुप्त गंगा के दर्शन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष माहौल
नीलगंगा घाट पर धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष माहौल देखने को मिला। संतों के सानिध्य में हुए इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिंहस्थ 2028 ऐसा आयोजन होगा, जिसमें पूरी दुनिया सनातन संस्कृति का वैभव और उज्जैन की आध्यात्मिक गरिमा देखेगी। उन्होंने कहा कि मां शिप्रा के घाटों पर संतों की भावना और परंपराओं के अनुरूप सिंहस्थ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में कई संत मौजूद रहे
कार्यक्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज, अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज, शंकराचार्य स्वामी नरेंद्रानंद सरस्वती महाराज और नारायण गिरि महाराज सहित कई संत मौजूद रहे। संतों ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें आशीर्वाद दिया।
4 करोड़ 56 लाख की लागत से विकास और सौंदर्यीकरण के काम जारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर नीलगंगा आश्रम स्थित गंगा सरोवर में करीब 4 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत से विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य जारी है। सरोवर के चारों ओर परिक्रमा पथ बनाया जा रहा है और घाटों को भी नया स्वरूप दिया जा रहा है। संतों ने इन कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
क्षिप्रा पर बन रहा 29 किलोमीटर लंबा घाट
इस दौरान हरि गिरि महाराज ने कहा कि उज्जैन में कल्पना से परे विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नासिक कुंभ की बैठक में भी उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के सामने उज्जैन में शिप्रा नदी पर बन रहे 29 किलोमीटर लंबे घाटों की चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री मोहन यादव की दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है।
कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के वरिष्ठ संतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। अंत में संतों ने मुख्यमंत्री का शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी सभी संतों से आशीर्वाद लिया।
वन और जेल विभाग की संयुक्त भर्ती परीक्षा की तारीख में बदलाव, तैयारी के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय
भोपाल। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने वन विभाग और जेल विभाग की संयुक्त भर्ती परीक्षा की तारीख में बड़ा बदलाव किया है। पहले यह परीक्षा 25 मई से शुरू होना थी, लेकिन अब परीक्षा 4 जून 2026 से आयोजित की जाएगी। परीक्षा तिथि आगे बढ़ने से लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिली है, क्योंकि इसी दौरान एसएससी और सीयूईटी जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं भी आयोजित हो रही थीं।
उम्मीदवारों को तैयारी के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय
बताया जा रहा है कि परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सामने दोनों परीक्षाओं में शामिल होने की समस्या खड़ी हो गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों और अभ्यर्थियों की मांग के बाद ईएसबी ने भर्ती परीक्षा आगे बढ़ाने का फैसला लिया। अब उम्मीदवारों को तैयारी के लिए अतिरिक्त समय भी मिल जाएगा। यह भर्ती परीक्षा वन विभाग के वन रक्षक, क्षेत्र रक्षक पदों के साथ-साथ जेल विभाग के जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षक पदों के लिए आयोजित की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा था। हालांकि इस बार आवेदन संख्या उम्मीद से कम रही।
ईएसबी परीक्षा कैलेंडर पर पड़ेगा असर
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, संयुक्त भर्ती परीक्षा के लिए करीब 3 लाख 92 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं। पिछले भर्ती चक्र की तुलना में यह संख्या कम मानी जा रही है और आवेदन चार लाख का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। इधर, परीक्षा तारीख बदलने का असर अब पूरे ईएसबी परीक्षा कैलेंडर पर पड़ता दिखाई दे रहा है। ईएसबी के 2 अप्रैल को जारी कार्यक्रम के अनुसार, जून महीने में समूह-2 उप समूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा, समूह-3 उपयंत्री भर्ती परीक्षा और पीएनएसटी जैसी बड़ी परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
तैयारी की रणनीति हो रही प्रभावित
वहीं एएनएमटीएसटी परीक्षा भी मई में प्रस्तावित है। ऐसे में वन रक्षक और जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा आगे बढ़ने से आगामी परीक्षाओं के शेड्यूल में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि मई और जून में प्रस्तावित कई भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की रुलबुक अब तक जारी नहीं हुई है। इससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का कहना है कि लगातार बदलती तारीखें और देर से जारी होने वाले नियम पुस्तिका के कारण तैयारी की रणनीति प्रभावित हो रही है।

मध्य प्रदेश में बढ़ते जल संकट पर हाई लेवल बैठक, मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश
भोपाल। मध्य प्रदेश में जल संकट की समस्या विकराल रूप ले रही है। इसे देखते हुए मुख्य सचिव ने अफसर की हाई लेवल की बैठक बुलाई। इस दौरान उन्होंने पीएचई विभाग के कर्मचारी और अधिकारियों की छुट्टी निरस्त कर दी।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कलेक्टर को रोजाना जल व्यवस्था की जल समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के भरोसे न रहे। कई कलेक्टरों ने कहा कि गर्मी ज्यादा होने की वजह से बोरवेल के पंप खराब हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और रोजाना मिल ही चुकायतों पर जिले के कलेक्टर खुद ही एक्शन लें। जल समस्या के लिए पंचायत स्तर पर 10000 की व्यवस्था रहेगी। मुख्य सचिव ने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि 16वें वित्त आयोग की तरफ से दिए गए फंड का जल कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
CM डॉ मोहन ने खाद्य विभाग की समीक्षा की: अनाज की बर्बादी रोकने के लिए IIM मुंबई में ट्रेनिंग लेगा अमला
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खाद्य विभाग की समीक्षा की। उन्होंने कहा- खाद्य विभाग ने उचित मूल्य दुकानों का जन पोषण मार्ट के रूप में उन्नयन किया है। मुख्यमंत्री अन्न सेवा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को मोबाइल पर संदेश भेजकर राशन प्रदाय और वितरण की सूचना देने का प्रावधान किया गया है।
ऑप्टिमाइजेशन से हर महीने बच रहे ₹42 लाख
मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के परिवहनकर्ता के रूट ऑप्टिमाइजेशन के कार्य से परिवहन लागत में सरकार को 42 लाख रुपए प्रति माह की बचत हुई है। मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के वाहनों में जीपीएस के माध्यम से स्टेट लेवल कमांड कंट्रोल सेंटर से मॉनिटरिंग व्यवस्था की गई है। सिविल सप्लाई कारपोरेशन ने सभी स्तरों पर ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था की है।
यूलिप (ULIP) सॉफ्टवेयर से सत्यापन
गोदाम में स्कंध के भंडारण की क्षति को कम करने के लिए वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अमले को भारतीय प्रबंध संस्थान मुंबई में प्रशिक्षण दिलवाने की पहल सराहनीय है। निगम कर्मियों के कौशल उन्नयन की गतिविधियां जारी रखी जाएं। उपार्जन, मिलिंग और परिवहन के लिए उपयोग में लिए जा रहे वाहनों का यूलिप (ULIP) सॉफ्टवेयर से सत्यापन किया जा रहा है।
भाजपा का बड़ा दांव: निगम-मंडल पदाधिकारियों के लिए नया नियम, नहीं मिलेगा मंत्री का दर्जा और प्रोटोकॉल
भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी चुनावों और सांगठनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। संगठन ने अब निगम और मंडलों में नियुक्त होने वाले पदाधिकारियों के लिए नियमों को कड़ा कर दिया है। इस नए कदम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करना और आंतरिक गुटबाजी पर पूरी तरह से लगाम लगाना है।
मंत्री का दर्जा और प्रोटोकॉल नहीं मिलेगा
इसी कड़ी में फिलहाल मंत्री का दर्जा और प्रोटोकॉल नहीं मिलेगा। निगम-मंडलों के पदाधिकारियों को मिलने वाले पारंपरिक मंत्री पद के दर्जे और वीआईपी प्रोटोकॉल पर फिलहाल रोक रहेगी। अब जोर केवल काम और जिम्मेदारी पर होगा। पार्टी संगठन इन सभी पदाधिकारियों को उन विधानसभा क्षेत्रों में भेजेगा जहां बीजेपी पिछले चुनावों में हार गई थी या जहां संगठन बेहद कमजोर स्थिति में है।
गृह जिले और विधानसभा में नहीं मिलेगी जिम्मेदारी
लागू होगा ‘नो होम टर्फ’ (No Home Turf) फॉर्मूला: नेताओं को उनके गृह जिले या गृह विधानसभा क्षेत्र में कोई जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाएगी। उन्हें पूरी तरह से नए और अलग क्षेत्रों में जाकर काम करना होगा। अक्सर देखा जाता है कि गृह क्षेत्रों में स्थानीय नेताओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई और गुटबाजी शुरू हो जाती है। ‘नो होम टर्फ’ फॉर्मूले से इस आंतरिक कलह को रोकने में मदद मिलेगी।
संगठन ने दिया बड़ा संदेश
बीजेपी ने आगामी चुनावी चुनौतियों को देखते हुए समय से पहले ही जिम्मेदारियां तय करने का फैसला किया है, ताकि कमजोर सीटों पर समय रहते मजबूत पकड़ बनाई जा सके। संगठन ने साफ कर दिया है कि पद अब केवल प्रतिष्ठा या आराम के लिए नहीं, बल्कि मैदान में उतरकर पार्टी के लिए पसीना बहाने और परिणाम देने के लिए दिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश में दौड़ेंगी 5,206 नई बसें: जुलाई से शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना, लोगों का सफर होगा आसान
भोपाल। मध्य प्रदेश में आम लोगों के सफर को आसान बनाने के लिए सरकार बड़ी तैयारी कर रही है। प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना की शुरुआत जुलाई तक हो सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए कहा है कि योजना जल्द से जल्द फील्ड में शुरू हो। सीएम ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना शीघ्र प्रारंभ की जाए.आपको बता दे कि योजना के पहले चरण में प्रदेश के 1,164 मार्गों पर अगले दो साल में 5,206 नगर बसें चलाई जाएंगी।
मध्य प्रदेश सरकार ने योजना के लिए प्रदेश को कुल 7 बड़े परिवहन क्षेत्रों में बांटा है, जिनमें उज्जैन, भोपाल, जबलपुर, सागर, ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और रीवा शामिल हैं। सबसे ज्यादा 608 बसें इंदौर क्षेत्र में चलेंगी, जबकि भोपाल क्षेत्र में 398 बसों का संचालन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा, ताकि शहरों और उपनगरीय इलाकों में लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके। इसके साथ ही दूसरे राज्यों से आने वाले मालवाहक वाहनों की जांच के लिए परिवहन चौकियों और टोल नाकों को भी हाईटेक बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए अलग से “मप्र राज्य सड़क सुरक्षा सचिवालय” बनाया जाएगा। वहीं ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीयन प्रमाण पत्र अब डिजिटल रूप में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार जल्द ही ई-डिटेक्शन सिस्टम भी शुरू करेगी, जिससे कैमरे अपने आप वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन कर नियम तोड़ने वालों की पहचान कर सकेंगे।
जीतू पटवारी का दावा: सरकार को निपटाने में लगे हैं शिवराज, कैलाश और प्रहलाद, बीजेपी के ही नेता अपनी सरकार को बता रहे माफिया
भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रदेश में सियासत पारा गर्म है। उनके बयान की सीएम डॉ मोहन यादव के निंदा के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का भी बयान सामने आया है। जीतू ने कहा- देश की अर्थव्यवस्था डूब गई। देश बेरोजगार हो गया। देश में सरकार ट्रंप चलाता है, देश संकट में है, यह बीजेपी के पाप है। हमारे पड़ोस के देश में सस्ता पेट्रोलियम मिलता है और हम महंगा बेचते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अब ऐसे मामले में भी पाकिस्तान दोषी है क्या, कांग्रेसी दोषी है? नरेंद्र मोदी देश को बेचने का काम कर रहे हैं, यह अकल्पनीय तरीके से बेच रहे हैं। देश के हर घर पर इसका असर आने लगा है। बीजेपी के नेताओं कार्यकर्ताओं की घरों पर भी इसका असर आ रहा है।
यह आवाज बीजेपी के नेताओं की
सरकार बताएं नगर सिंह चौहान को एक मंत्री ने कहा कि यह शराब माफिया है। चिंतामणि मालवीय को कहा भू- माफिया है। हिम्मत सिंह कोठारी ने कहा सरकार और उसका प्रशासन आम लोगों को लूट रहा है। महेंद्र हाडिया कहते हैं कि महापौर चोर है। हम जो बोल रहा है वह हमारा दायित्व है, लेकिन यह आवाज बीजेपी के नेताओं की है।
सरकार को निपटाने में लगे मंत्री
मोदी की एक गारंटी पूरी नहीं हुई, सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई। शिवराज सिंह चौहान, कैलाश विजयवर्गी, पहलाद पटेल पूरी ताकत से सरकार निपट जाए यह सहयोग कर रहे हैं। विरोध कर रहे हैं, हमें इसकी खुशी नहीं होती लेकिन जब यह आपस में लड़ते हैं तो प्रदेश के साथ दिक्कत होती है।
ट्रेड डील देश का अपमान
राहुल गांधी के बयान पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा- अमेरिका ईरान का युद्ध हो रहा था, तब भारत ने भारत के हितों का ध्यान नहीं रखा। डॉलर के मुकाबले रुपया का क्या हुआ, कौन जिम्मेदार, यह देश का अपमान नहीं है। ट्रेड डील देश का अपमान नहीं है। अडानी अंबानी को संपत्ति दे दी। 227 लोगों के पास 100 लाख करोड़ की संपत्ति पहुंच गई यह देश का अपमान नहीं है। गरीब और गरीब हो गया, खून के आंसू रो रहा है। देश का अपमान मोदी, बीजेपी और आरएसएस ने किया है।
गजब का प्रदेश और गजब की सरकार
मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड देखे। PS मतलब इक्वल टू रैंक आती है कैबिनेट मंत्री, पहले मंत्रियों से समीक्षा की, कोई अधिकारी चेक करेगा, गजब का प्रदेश गजब की सरकार है। अरे पहले मंत्रियों को अधिकार देना चाहिए, फिर उसका रिपोर्ट कार्ड लेना चाहिए। मंत्रियों के पास सिर्फ एक अधिकार है, लूटना चोरी करना भ्रष्टाचार करना। सरकार को बताना चाहिए क्या एक भी प्रदेश में मंत्री है जो स्वतंत्र रूप से कम कर सकता है क्या? PS देगा क्या मंत्री का रिपोर्ट कार्ड, जनता देख रही है समीक्षा और जनता कर रही है समीक्षा।
उज्जैन में होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक: गृहमंत्री अमित शाह करेंगे सिंहस्थ की तैयारियों का मुआयना, CM डॉ मोहन ने दी जानकारी
भोपाल। मध्य क्षेत्रीय परिषद की अगली 27वीं बैठक वर्ष-2027 में मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में होगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 19 मई को बस्तर में परिषद की 26वीं बैठक में इस आशय की सहमति दे दी। मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक लेने के बाद गृहमंत्री शाह उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारी को लेकर हो रही व्यापक नागरिक व्यवस्थाओं, मानव प्रबन्धन और आपदा प्रबंधन का भी मुआयना करेंगे। इसे लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश नक्सल मुक्त हो चुका है। इस विचारधारा का मूल गढ़ बस्तर ही हुआ करता था। केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक बस्तर में ही करके देश में नक्सलवाद की समाप्ति का जन संदेश दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 20 मई को मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट की बैठक से पहले मंत्रियों के साथ बीते सप्ताह राज्य में हुई विशेष गतिविधियों और सरकार को मिली उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की। उन्होंने प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने में अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री शाह की ओर से पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव समेत ‘नक्सल उन्मूलन अभियान’ में सक्रिय योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया गया है।
मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा लाने का प्रयास करेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार जिले में स्थित भोजशाला परिसर को लेकर मप्र उच्च न्यायालय की इंदौर खंडपीठ के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नियंत्रण हमारी प्राथमिकता है। इसमें कोई ढिलाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय ने करीब 750 साल पुराने और धार्मिक-ईश वंदना से जुड़े इस मसले का सकारात्मक और शांतिपूर्ण समाधान किया है। सरकार इस विषय से जुड़े सभी पक्षों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उच्च न्यायालय के निर्णय का पालन कराएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार मां वाग्देवी की वास्तविक प्रतिमा विदेश से स्वदेश लाने के लिए केंद्र सरकार के साथ हर जरूरी प्रयास और समन्वय करेगी। मुख्यमंत्री ने इस बड़े फैसले के मद्देनजर मध्यप्रदेश में शांति, सौहार्द और सद्भावना बनाए रखने के लिए प्रदेशवासियों को सरकार की ओर से बधाई भी दी।
प्रधानमंत्री का सम्मान देश का सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। उन्हें विदेश में मिल रहा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पूरे देश का सम्मान है। उन्होंने धान, जवार-बाजरा, कपास, तिल, सोयाबीन और अन्य फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में पीएम मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों को यह नई सौगात दी है।
सरकार फ्रांस के साथ हर क्षेत्र में मिलकर काम करेगी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों को बीते सप्ताह हुए इंडो-फ्रांस कान्क्लेव (भारत-फ्रांस निवेश सम्मेलन) के सफल आयोजन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार फ्रांस के साथ हर क्षेत्र में मिलकर काम करेगी। फ्रांस के राजदूत थियरी माथू, आईएफसीसीआई की महानिदेशक पायल एस कंवर और लगभग 150 प्रतिनिधियों से इसमें हिस्सा लिया, जिसमें भारतीय और फ्रांसीसी कंपनियों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राजनियक, नीति निर्माता, शासकीय अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि शामिल थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पोमा रोपवेस, एआई वैनसिटी एण्ड मेडिकेप्स यूनीवर्सिटी, डासाल्ट सिस्टमस, सफलेट, सियस्ट्रा, एन्जी सहित विश्व के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सीईओ-सीओओ और बहुराष्ट्रीय कंपनी प्रतिनिधियों की इस कान्क्लेव में सहभागिता मध्यप्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों के प्रति दिनों-दिन बढ़ रहे वैश्विक विश्वास का प्रतीक है।
निगम-मंडलों के पदाधिकारियों को मिला प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में राज्य सरकार के अधीन विभिन्न निगम, मंडल, बोर्ड, आयोग, प्राधिकरणों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की हाल ही में नियुक्ति की गई है। शासकीय विभागों के प्रमुख निगम, मंडल, बोर्ड, आयोग एवं प्राधिकरण के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के लिए प्रदेश में पहली बार कार्य प्रशिक्षण एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि यह हमारी सरकार का एक नवाचारी प्रयास है। इसमें सभी नए पदाधिकारियों को उनके पदीय दायित्वों के निर्वहन की रीति-नीति, नियम-कायदे और वित्त प्रबंधन के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देकर सभी से मन लगाकर प्रदेश के विकास के लिए काम करने की अपील की।
25 मई से आग उगलेगा आसमान, पारा 46 डिग्री तक पहुंचने के आसार
भोपाल। राजधानी भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में अब गर्मी का सबसे खतरनाक दौर शुरू होने जा रहा है। 25 मई से शुरू हो रहा नौतपा इस बार लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले आने वाले नौतपा के नौ दिनों में प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी दिन में सड़कें तपेंगी, हवा आग बरसाएगी और लू लोगों को बेहाल कर देगी।
25 मई को रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा सूर्य
हिंदू पंचांग के अनुसार 25 मई को दोपहर 3 बजकर 44 मिनट पर सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा। इसी के साथ नौतपा की शुरुआत होगी, जो 2 जून तक चलेगा। मौसम विज्ञान और ज्योतिष दोनों ही नजरियों से इस अवधि को बेहद अहम माना जाता है। माना जाता है कि इन नौ दिनों की गर्मी ही मानसून और बारिश के मिजाज का संकेत देती है।हालांकि तपिश के इस दौर में थोड़ी राहत के संकेत भी हैं।
तेज हवाएं चल सकती हैं
मौसम विभाग के मुताबिक शाम के समय तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं एक अच्छी खबर यह भी है कि मानसून इस बार तय समय से पहले 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। अगर ऐसा होता है तो जून की शुरुआत में मध्यप्रदेश को भी राहत मिल सकती है।
भोपाल में फिलहाल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज
राजधानी भोपाल में फिलहाल अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का दिन में बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।
अग्नि परीक्षा से कम नहीं नौ दिन
इन नौ दिन प्रदेशवासियों के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होंगे। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने, ज्यादा पानी पीने और लू से बचाव करने की सलाह दी है।
निष्क्रिय और खराब परफॉर्मर वाले जिला अध्यक्षों की होगी छुट्टी! AICC कर रहा रिपोर्ट तैयार, वन टू वन के बाद संगठन में बड़ी सर्जरी
भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। प्रदेश में निष्क्रिय और खराब परफॉर्मर वाले जिला अध्यक्षों की छुट्टी हो सकती हैं। इसे लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) रिपोर्ट तैयार कर रहा है। रिपोर्ट के बाद चर्चा होगी। इसके बाद वन टू वन चर्चा के बाद एक्शन होगा।
दरअसल, संगठन सृजन में कई जिला अध्यक्षों को जिम्मेदारी मिली थी। अब निष्क्रिय और खराब परफॉर्मर वाले जिला अध्यक्षों की छुट्टी होगी। इसे लेकर एआईसीसी रिपोर्ट तैयार कर रहा है। इस संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि संगठन सृजन के मूल सिद्धांत पर काम हो रहा है। कनेक्टिव सेंटर से काम कर रहे हैं। एक्टिवेशन के लिए एक्शन ले रहे हैं।
सीएनजी के बढ़े दामों पर विपक्ष का हमला
पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सीएनजी के बढ़े दामों को लेकर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि मोदी राज में जनता अब छाती पीट रही है। 2014 में कहा था कि डीजल पेट्रोल का रेट कम होगा। इन्होंने कहा था कि हर एक के अकाउंट में 15 लाख आएंगे। दो करोड़ लोगों को रोजगार मिलेगा। सब उल्टा चल रहा है। कमर्शियल सिलेंडर के रेट बढ़ गए। दूध महंगा हो गया। सीएनजी महंगी हो रही है। विदेश नीति और आर्थिक नीति सब फेल है। यह इसलिए सब हो रहा है, देश में अब अराजकता जैसा माहौल है।
युवाओं को साधने पर कही ये बात
वहीं पीसी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस युवाओं की है। संगठन सृजन के बाद लगातार कांग्रेस यूथ वोटर तक पहुंच रही है। नई प्लानिंग के तहत हम युवाओं से संवाद कर रहे हैं। उनके बीच में पहुंच रहे हैं। लगातार युवाओं की लड़ाई को भी लड़ रहे हैं। युवा किसानों की समस्या की बात हो, नीट परीक्षा मामला हो, मोदी गारंटी मामला हो, युवाओं को यह भी बता रहे कि दिल्ली की सरकार अगर ऐसी चलती रही तो भविष्य खतरे में होगा। यह महामारी है, इसे टिकना होगा।
कांग्रेस नेता का अनूठा प्रदर्शन: भ्रष्टाचार की निशानी जर्जर सड़क पर बैठकर कराया मुंडन, दोषियों पर जल्द कार्रवाई की मांग
इछावर। सीहोर नगर अपने अनूठे और अनोखे कामों के लिए जाना जाता है। इसी कड़ी में सीहोर में भ्रष्टाचार का अनूठे तरीके से विरोध करने का मामला सामने आया है। यहां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी एक जर्जर सड़क का अनोखा विरोध करने का एक मामला सुर्खियों में है, जिसमें प्रदेश की पहली एफडीआर तकनीक से बनी सीहोर-श्यामपुर सड़क पर कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने मुंडन कराकर इसके निर्माण में हुए भ्रष्टाचार का विरोध किया।
बता दें कि सीहोर से श्यामपुर तक लगभग 28 किमी तक बनी 30 करोड़ की लागत वाली इस सड़क के निर्माण के समय इसकी गुणवत्ता को लेकर बड़े बड़े दावे किए गए थे। कहा गया था कि इस तकनीक से बनी सड़क में लागत कम आती है और इसकी उम्र आम सड़क से दुगुनी होती है। लेकिन ये अपने निर्माण के एक साल में जगह जगह से उखड़कर पूरी तरह नष्ट हो गई, जिससे इसके निर्माण में जमकर किए गए भ्रष्टाचार की कहानी खुद ब खुद बयां हो रही है।
पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर से श्यामपुर तक जाने वाली ये सड़क सीहोर के शहरी और ग्रामीण इलाके को आपस में जोड़ती है तथा ये जिले की एक प्रमुख सड़क है, जिसका उपयोग लोग शाजापुर और राजगढ़ जाने के लिए प्रमुखता से करते हैं। यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में इस सड़क के जर्जर होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई लोग इस जर्जर सड़क पर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं और अपने वाहन से गिरकर गंभीर रूप से घायल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके निर्माण में भारी गड़बड़ी करने वालों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि ये सड़क भारी गड़बड़ी तथा भ्रष्टाचार का एक जीता जागता प्रमाण है।
पंकज शर्मा ने कहा कि पूर्व में भी हमारे द्वारा इस गुणवत्ताहीन सड़क का कई बार विरोध किया गया था, लेकिन सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार के दोषियों पर कार्रवाई ना होना दुर्भाग्यपूर्ण और आश्चर्यजनक है तथा इसमें बड़े लोगों की मिलीभगत की तरफ इशारा करता है, उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में सख्त रुख अपनाकर दोषियों को सजा देने की मांग की है तथा ऐसा ना होने पर कांग्रेस पार्टी द्वारा उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
तिघरा जलाशय में सुरक्षा होगी पुख्ता: जबलपुर हादसे से लिया सबक, कलेक्टर ने दिए बोटिंग के कड़े नियम लागू करने के निर्देश
ग्वालियर। बरगी क्रूज हादसे के बाद ग्वालियर के मशहूर पिकनिक स्पॉट तिघरा जलाशय में अब पर्यटकों की सुरक्षा और भी पुख्ता होगी। गर्मी के मौसम में बढ़ती भीड़ को देखते हुए कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर एक संयुक्त टीम ने बोट क्लब का विस्तृत निरीक्षण किया। इस टीम में SDRF, पुलिस और तकनीकी विभाग के अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने सुरक्षा के हर पहलू को बारीकी से परखा।
मनोरंजन के साथ पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि
ग्वालियर की लाइफलाइन कहे जाने वाले तिघरा जलाशय में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ऐसे में जबलपुर के बरगी क्रूज हादसे के बाद अचानक SDRF, सीएसपी और ई-एंड-एम विभाग की संयुक्त टीम तिघरा बोट क्लब पहुंची। कलेक्टर रुचिका चौहान के सख्त निर्देश हैं कि जलाशय में मनोरंजन के साथ-साथ पर्यटकों की जान की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए, निरीक्षण के दौरान टीम ने एक-एक लाइफ जैकेट की गुणवत्ता और उनकी संख्या की जांच की।
बोट संचालन की व्यवस्था का लिया जायजा
अधिकारियों ने बोट संचालन की व्यवस्था का जायजा लिया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बोट क्षमता से अधिक पर्यटकों को न ले जाए। साथ ही, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बोट क्लब के पास क्या इंतजाम हैं, इसकी भी समीक्षा की गई। टीम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह का सुधार तत्काल किया जाए। बोट्स के टेक्निकल मेंटेनेंस और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग में कोई ढिलाई न बरती जाए।
सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पर कार्रवाई
बता दें कि छुट्टियों के दिनों में तिघरा में बड़ी संख्या में लोग बोटिंग का आनंद लेने पहुंचते हैं। प्रशासन की इस सक्रियता का मकसद किसी भी अनहोनी को टालना और पर्यटन को सुरक्षित बनाना है। ग्वालियर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले बोट संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
MP कांग्रेस का ऐलान: 7 अप्रैल को नेशनल हाईवे जाम करेगी पार्टी, जीतू पटवारी बोले-
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस 7 अप्रैल को नेशनल हाइवे जाम करेगी। बड़वानी से मुरैना तक जाम होगा। इस रोड के हर जिले में जाम होगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त बातें कही। उन्होंने मंडियों में बिक रहे गेहूं और धान पर भाव का अंतर देने की मांग की। कहा- मंडियों में कम दर में बिक रहे गेहूं और के धान में भाव का अंतर देने की मांग की।
गवर्नमेंट कोलेप्स हो गया
जीतू पटवारी ने कहा- किसी भी घटना में मंत्री की जवाबदेही तय नहीं हो रही है। हर घटना में ऐसा हो रहा है। गवर्नमेंट कोलेप्स हो गया है। इस मामले में केंद्र को हस्तक्षेप करना चाहिए। परिवहन में छोटी गाड़ियों में 50-50 आदिवासी जाते हैं, परिवहन मंत्री आखिर क्या कर रहे हैं। आज मप्र में एग्जिट पोल कराया जाए तो 10-90 से सरकार हार जाएगी।
कुछ जज बेईमान
असलम चमड़ा और यासीन मछली को जमानत मिलने के सवाल पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू बोले- फैसले सरकार प्रभावित करती है। समाज में एक परसेप्शन है। ये मैं नहीं कह रहा। पहले का परसेप्शन ये था कि कुछ जज बेईमान हैं अब परसेप्शन है कि बहुत कम ईमानदारी से काम कर रहे हैं।
दिग्विजय ने मेरी तारीफ की
दिग्विजय सिंह के बयान पर पटवारी बोले- प्रदेश अध्यक्ष की दिल्ली में पकड़ नहीं होना चाहिए क्या? दिग्विजय ने मेरी तारीफ की है। शिष्य जब अच्छा काम करता है तो गुरु गौरवान्वित महसूस करता है। उन्होंने कहा बहुत हार्ड वर्किंग कर रहे हैं, उन्होंने मेरी तारीफ की है।
‘दलितों और आदिवासियों को न्याय दिला पाएगी सरकार?’, UCC पर बरसे नेता प्रतिपक्ष
भोपाल। मध्य प्रदेश में जल्द ही समान नागरिक संहिता कानून यानी UCC लागू होगा। इसे लेकर सरकार ने कमेटी का गठन कर दिया है। वहीं इस पर सियासत भी शुरू हो गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कई सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि यूसीसी सर्वसम्मति से लागू होगा या जबरन थोपा जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि बीजेपी संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि दलित-आदिवसी यूसीसी में रहेंगे या नहीं ? सरकार ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है। क्या पीछे के दरवाजे से दलित-आदिवासियों को UCC में शामिल करना चाहती है। क्या 7 लोगों की कमेटी यूसीसी से ये तय करेगी की किसे रहना चाहिए और किसे नहीं ? सरकार को कमेटी के बजाय प्रदेश की जनता से आम राय लेना चाहिए।
असलम चपड़ा की जमानत पर कही ये बात
असलम चमड़ा को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि असलम हो या सौरभ शर्मा, सरकार का संरक्षण इन लोगों पर है। असलम के कनेक्शन नगर निगम से जुड़े हुए है। उसके तार मंत्री से कैसे जुड़े है ये सबको पता है। सौरभ शर्मा के तार विभाग से कैसे जुड़े है ये सबको पता है। विपक्ष ने अपना काम किया लेकिन सत्ता पक्ष ने आरोपियों को बचाया।
ओबीसी आरक्षण पर भी दिया बयान
सिंघार ने ओबीसी आरक्षण पर सुनवाई टलने पर भी प्रतिक्रिया दी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से जुड़े लोग अपने परिवार वालों को वकील बनाना चाहते हैं, लेकिन ओबीसी पर ध्यान नहीं देती। सरकार ओबीसी आरक्षण पर जनता को गुमराह कर रही है। बीजेपी सिर्फ OBC के वोट लेना चाहती है, बस मुख्यमंत्री का चेहरा OBC के नाम का दिखा रही है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि ‘सरकार बार-बार कोर्ट के पाले में गेंद क्यों डाल रही है ? सरकार अपने ही प्रदेश के लोगों के साथ अन्याय कर रही है।’
जल्द आएगी प्रदेश कार्यसमिति की सूची: MP में 1 से 30 मई तक प्रशिक्षण वर्ग, BJP अध्यक्ष बोले- भगवान राम के दरबार में होगी पहली बैठक
भोपाल। मध्य प्रदेश में बीजेपी प्रदेश दफ्तर में बैठक बुलाई गई थी। जिसमें प्रशिक्षण वर्ग की कार्य योजना को लेकर चर्चा की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि एमपी में 1 से 30 मई तक प्रशिक्षण वर्ग होंगे। 11 विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जायेगा। वहीं उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश कार्यसमिति बनने वाली है।
बीजेपी का दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 शुरू हो गया है। इसे लेकर मंगलवार को भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर में बैठक बुलाई गई थी। जिसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रशिक्षण महाअभियान के पश्चिम मध्य क्षेत्र के जोन प्रभारी केसी पटेल शामिल हुए।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बैठक खत्म होने के बाद कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के लिये कार्ययोजना पर चर्चा की गई है। पार्टी की अपनी कार्यपद्धति है, लगातार यह कार्यक्रम चलते हैं। हर साल कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाता है। उन्होंने बताया कि 1 मई से 30 मई तक प्रशिक्षण वर्ग होंगे। 11 विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जायेगा।
हेमंत खंडेलवाल ने यह भी बताया कि प्रदेश कार्यसमिति बनने वाली है। कार्यसमिति की घोषणा के बाद पहली कार्यसमिति की बैठक ओरछा में मई महीने में भगवान राम के दरबार में होगी। वहीं निगम मंडलों में नियुक्ति को लेकर भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि कई बार सबकी सर्वानुमति एक नाम पर नहीं बन पाती है। विरोध सतयुग में भी था। कई बार समय लगता है, धीरे-धीरे नियुक्ति करते जा रहे है। सरकार और संगठन की नियुक्ति में काबिल जनप्रतिनिधियों को ही नियुक्त किया जाएगा।
इंदौर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त एक्शनः नगर निगम ने अवैध हिस्सों पर चलाया बुलडोजर
इंदौर। शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन का सख्त एक्शन जारी है। साउथ तोड़ा इलाके में निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन भवन के अवैध हिस्सों पर बुलडोजर चला दिया है।
निर्माण में कई हिस्से नियमों के खिलाफ
दरअसल, साउथ तोड़ा क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में स्वीकृति के विपरीत निर्माण किया जा रहा था। करीब 3 हजार स्क्वेयर फीट में बन रहे इस निर्माण में कई हिस्से नियमों के खिलाफ पाए गए। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध हिस्सों को तोड़ दिया।
नियमों के उल्लंघन पर सीधा बुलडोजर
यह कार्रवाई मोहम्मद शरीफ के निर्माणाधीन भवन पर की गई, जहां नियमों का उल्लंघन सामने आया था। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की इस कार्रवाई से साफ है कि अवैध निर्माण करने वालों पर अब सख्ती बढ़ने वाली और नियमों के उल्लंघन पर सीधा बुलडोजर चल सकता है।
रनवे पर दौड़ रही फ्लाइट की मेडिकल इमरजेंसी, अचानक रोका टेक ऑफ, मची अफरा-तफरी
भोपाल। राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट में रनवे पर दौड़ रही फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी हो गई। एक शख्स के बीमार होने की वजह से इसे अचानक रोक दिया गया। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दरअसल, सुबह 8:55 पर एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-1886) दिल्ली जा रही थी। फ्लाइट रनवे पर थी और उड़ान भरने के लिए दौड़ रही थी। तभी इसमें बैठे एक पैसेंजर की तबीयत खराब खो गई और उन्होंने विमान रोकने के लिए कहा।
मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए टेक-ऑफ रोककर विमान वापस स्टैंड पर लाया गया। मरीज को इलाज के लिए उतार कर फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हो गई।