चलती बस के ऊपर गिरा पेड़, महिला शिक्षक समेत 5 की दर्दनाक मौत
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां आज चलती बस के ऊपर पेड़ गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार 5 लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में 4 महिला और ड्राइवर शामिल हैं। वहीं हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू की। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक 60 लोगों से भरी बस बाराबंकी से हैदरगढ़ के लिए रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि हरख चौराहे के पास बस के सामने एक जानवर आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बस पहले बिजली के पोल से टकराई, सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पेड़ बस के ऊपर ही गिर गया। इस हादसे के बाद बस में फंसे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गयी। यात्रियों की चीख सुनकर राहगीर और आसपास के मौके पर पहुंचे और मदद का प्रयास शुरू किया गया।
इस हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। जेसीबी की मदद से पेड़ को हटवाया गया। करीब 1 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। हादसे में मृतकों की पहचान बाराबंकी निवासी शिक्षा मल्होत्रा (टीचर), मीना श्रीवास्तव (ADO), जूही सक्सेना (ADO), रकीबुल निशा (55) और बस चालक संतोष सोनी के रूप में हुई है। जूही सक्सेना हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकी) थीं, जबकि मीना श्रीवास्तव हरख ब्लॉक में ही सहायक विकास अधिकारी (वेलफेयर) तैनात थीं।