ईरान के राष्ट्रपति से मिले पीएम मोदी, जंग के बाद पहली मुलाकात
नई दिल्ली। उज्बेकिस्तान के बाद किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात की है. इस द्विपक्षीय बैठक को बेहद ही अहम माना जा रहा है. फरवरी में ईरान वॉर शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी.
इस बारे में PM ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘बिश्केक में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से मुलाकात हुई. हमने ईरान के साथ भारत की पुरानी दोस्ती को अलग-अलग क्षेत्रों में और मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया. हम आने वाले समय में अपने व्यापार के दायरे को बढ़ाना और उसमें विविधता लाना चाहते हैं. हमने क्षेत्र के मौजूदा हालात पर चर्चा की. भारत स्थायी शांति सुनिश्चित करने की दिशा में की जा रही सभी कोशिशों का समर्थन करना जारी रखेगा.’
ईरानी दूतावास ने बैठक के बाद जारी किया बयान
भारत में ईरानी दूतावास के आधिकारिक अकाउंट ने पोस्ट में कहा है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियान ने शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन और शंघाई प्लस शिखर सम्मेलन में भाग लेने और संबोधित करने के लिए किर्गिस्तान की अपनी यात्रा के पहले चरण के दौरान भारत के पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और बातचीत की.
भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बैठक के बारे में पोस्ट करते हुए बताया कि पीएम मोदी ने बिश्केक में एससीओ समिट के दौरान ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ एक सार्थक बैठक की. बयान में आगे कहा गया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की. साथ ही पश्चिम एशिया क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा की.