दिल्ली - वाशिंगटन की सीधी फ्लाइट होगी बंद!
दिल्ली। एअर इंडिया ने ऐलान किया है कि अगले महीने से दिल्ली से वाशिंगटन डीसी के बीच सीधी फ्लाइट का संचालन बंद कर दिया जाएगा। कंपनी का कहना है कि यह फैसला कई परिचालन कारणों और बेड़े में कमी के चलते लिया गया है। यह रोक 1 सितंबर से लागू होगी।
एअर इंडिया ने बताया कि उसके कई बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि कंपनी 26 विमानों में रेट्रोफिट का काम कर रही है। यह कार्यक्रम जुलाई से शुरू हुआ है और 2026 के अंत तक चलेगा। इस दौरान कई विमान लंबे समय तक उड़ान के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
एअर इंडिया ने बताया कि पाकिस्तान के एयरस्पेस के बंद होने से उसकी लंबी दूरी की उड़ानों पर असर पड़ा है। इससे फ्लाइट रूट लंबे हो गए हैं और संचालन मुश्किल हो गया है। कंपनी ने कहा कि जिन यात्रियों की वाशिंगटन उड़ानें 1 सितंबर के बाद बुक हैं उनसे संपर्क कर उन्हें दूसरे विकल्प दिए जाएंगे, जैसे दूसरी फ्लाइट पर रीबुकिंग या पूरा रिफंड मिलेगा।
हालांकि, यात्रियों के पास अभी भी एक-स्टॉप फ्लाइट का विकल्प रहेगा जिसमें वे न्यूयॉर्क, नेवार्क, शिकागो या सैन फ्रांसिस्को के जरिए वाशिंगटन जा सकेंगे। इसके लिए एअर इंडिया ने अलास्का एयरलाइंस, यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एयरलाइंस से साझेदारी की है।