भारत को वैश्विक मंच पर जो सम्मान मिल रहा है उसका वह हकदार है - व्लादिमीर पुतिन
नई दिल्ली। भारत शुक्रवार को अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस खास मौके पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को बधाई देते हुए दोनों देशों की दोस्ती को "विशेष और गौरवशाली रणनीतिक साझेदारी" बताया है।
पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं भेजते हुए कहा कि भारत ने सामाजिक-आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर जो सम्मान प्राप्त कर रहा है, वह उसका पूरा हकदार है और वैश्विक मुद्दों के समाधान में भी वह सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है।
भारत स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में पुतिन के संदेश की जानकारी दी। पुतिन ने अपने संदेश में दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की भी सराहना की।
पुतिन ने कहा, "हम भारत के साथ अपनी विशेष और गौरवशाली रणनीतिक साझेदारी को अत्यधिक महत्व देते हैं।" उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों देशों के साझा प्रयासों से विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग का लगातार विस्तार होता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि यह साझेदारी दोनों देशों के लोगों के हितों पर आधारित है और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।