देश

अंजना ओम कश्यप ने खान सर पर दायर किया 2 करोड़ का मानहानि मुकदमा

नई दिल्ली। खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और तोड़फोड़ के मामले में फंसे फैजल खान उर्फ खान सर को फिलहाल राहत मिल गई है। पटना कोर्ट ने खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। वहीं परीक्षा कोचिंग टीचर फैसल खान उर्फ खान सर दूसरे मामले में फंस गए हैं। टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप ने खान सर के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। अंजना ओम कश्यप ने खान सर के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। यह मुकदमा खान सर द्वारा अंजना पर अपमानजनक टिप्पणियां करने के आरोप में दर्ज किया गया है। 2 करोड़ रुपये के मानहानि के इस मुक़दमे में ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म से कथित मानहानि वाली सामग्री को हटाने की मांग की गई।

हालांकि मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस नीना बंसल कृष्णा ने अर्जी पर कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया। अदालत ने लोकप्रिय शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर और अन्य लोगों को अंतरिम राहत संबंधी आवेदन पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 17 जून को होगी।

विवाद की शुरुआत 29 मई 2026 को हुई, जब अंजना ओम कश्यप ने आज तक पर प्रसारित एक शो के दौरान शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण और ऑनलाइन “स्टार टीचर्स” के बढ़ते प्रभाव पर टिप्पणी की थी। इसके बाद खान ने अंजना पर तमाम सवाल उठाते हुए टिप्पणियां की थी। मानहानि मुकदमे में अंजाना ने दावा किया कि कई डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रसारित किए गए वीडियो, पोस्ट और ब्राडकास्ट में उनको लेकर बिकाऊ पत्रकार, चाटुकार, और दल्ली जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही, उन पर दलाली करने और फेक न्यूज की दुकान चलाने का आरोप भी लगाया गया। याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि खान सर ने सार्वजनिक रूप से अंजना कश्यप के बच्चे के स्कूल का नाम उजागर किया। इन सबसे कारण उनके परिवार को उत्पीड़न, अवांछित ध्यान और सुरक्षा संबंधी चिंताओं का सामना करना पड़ा है।