देश

सूरत में कपड़ा व्यापारियों को मिला खास सुरक्षा, देश का पहला टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन खुलेगा

सूरत।  देश की टेक्सटाइल राजधानी कहे जाने वाले सूरत के व्यापारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने सूरत में देश के पहले ‘विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन’ के निर्माण को मंजूरी दे दी है. यह थाना कपड़ा कारोबार से जुड़े धोखाधड़ी, अपराधों और विवादों की जांच करेगा. कारोबारियों की बहुत ही लंबे समय से टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन के लिए मांग थी जिसे अब जाकर सरकार ने मंजूरी दे दी है.

यह विशेष पुलिस स्टेशन विशेष रूप से कपड़ा उद्योग से जुड़ी धोखाधड़ी, व्यापारिक विवादों और अन्य अपराधों की जांच के लिए समर्पित होगा.

सूरत में करोड़ों रुपये के कपड़ा कारोबार को सुरक्षा और बेहतर कानूनी संरक्षण देने के लिए राज्य सरकार ने शहर में देश के पहले विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन के निर्माण करने की हरी झंडीदिखा दी है. सरकार की योजना है कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को अगले एक से दो वर्षों के भीतर धरातल पर उतार दिया जाए.

फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश हाकिम और सचिव दिनेश कटारिया ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से संगठन मांग कर रहा था. अब इसके अस्तित्व में आ जाने से कपड़ा व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और धोखाधड़ी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकेगी.

मौजूदा समय में व्यापार से जुड़े धोखाधड़ी के मामले अलग-अलग थानों में दर्ज होने के कारण समय पर वस्तु स्थिति का पता नहीं चल पाता है. एक ही आरोपी के खिलाफ चल रहे कई मामलों का ट्रैक रखना मुश्किल होता है.

व्यापारियों का कहना है कि विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन बन जाने से चीटिंग और धोखाधड़ी के मामलों की जांच तेज होगी, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना आसान होगा और बार-बार अपराध करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी.