देश

बांग्लादेशी नागरिकों के लिए दो साल बाद फिर टूरिस्ट वीजा शुरू करेगा भारत, उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने की घोषणा

नई दिल्ली। भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए 28 जून 2026 से टूरिस्ट वीजा सेवा दोबारा शुरू करने की घोषणा की है. यह लगभग दो साल बाद बहाल किया जा रहा है. फिलहाल यह ढाका, राजशाही और चिटगांव समेत 5 प्रमुख केंद्रों से मिलेगी. बांग्लादेश में भारत के नए उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बुधवार को कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि हम पर्यटन वीजा के लिए सामान्य आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू कर रहे हैं.

उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बताया कि 28 जून 2026 से बांग्लादेश के नागरिक सामान्य रूप से पर्यटन वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे.

बांग्लादेश में भारत के नए हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी ने गुरुवार को ढाका में अपना पदभार संभालने के साथ ही घोषणा करते हुए बताया कि अभी  पर्यटक वीजा के आवेदन ढाका, राजशाही, चिटगांव, सिलहट और खुलना स्थित केंद्रों से स्वीकार किए जाएंगे साथ ही कहा कि आवेदन 28 जून से फिर से शुरू कर दिए जाएंगे.

भारतीय जनता पार्टी के 76 वर्षीय नेता दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपने क्रेडेंशियल सौंपे और औपचारिक रूप से अपना राजनयिक काम शुरू किया. दिनेश त्रिवेदी को 27 अप्रैल को बांग्लादेश में दूत नियुक्त किया गया था.

बंगभवन राष्ट्रपति महल के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रेसिडेंट गार्ड रेजिमेंट की एक टुकड़ी ने दिनेश त्रिवेदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद तुरंत बाद नए हाई कमिश्नर दिनेश त्रिवेदी भारतीय वीजा केंद्र में पहली बार सार्वजनिक रूप से ट्रैवल वीजा को फिर से शुरू करने की घोषणा की.

आपको बताते चले कि दो साल पहले अगस्त 2024 में सुरक्षा चिंताओं और वहां भारतीय प्रतिष्ठानों पर हमलों के बाद भारत ने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए पर्यटन वीजा जारी करना बंद कर दिया था. इस फैसले का असर भारत के पर्यटन क्षेत्र पर पड़ा है क्योंकि भारत में विदेशी पर्यटकों की सबसे ज्यादा संख्या बांग्लादेशियों की होती रही है.

वहीं, उच्चायुक्त त्रिवेदी ने कहा कि भारत पहले की तरह मेडिकल वीजा तथा मानवीय आधार पर जरूरी मामलों में वीजा सुविधा उपलब्ध कराता रहेगा.