देश

महाकुंभ में फिर से लगी आग, कई टेंट जलकर हुए राख

प्रयागराज।    महाकुंभ मेला क्षेत्र में एक बार फिर से आग लगी है. ये आग सेक्टर 22 में झूंसी छतनाग घाट और नागेश्वर घाट के बीच में लगी है. आगजनी में कई टेंट जल गए हैं. मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी है. आग बुझाने में दो फायर टेंडर लगे हुए हैं. बताया जा रहा है कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को अचानक से कई टेंट जलने लगे. जिसे देख श्रद्धालु अपने-अपने टेंटों से बाहर निकले और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी. वहीं इस आगजनी में जनहानि की सूचना नहीं है.

 

बता दें कि इससे पहले बीते 19 जनवरी को मेला क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज सेक्टर-19 कैंप में भीषण आग लगी थी. आग की लपटें 5 किलोमीटर दूर तक उठती दिखाई दी थी. यहां पर श्रद्धालु अपने टेंट में खाना बना रहे थे. इसी दौरान सिलंडेर ब्लास्ट हुआ और आग लग गई थी. देखते ही देखते आग फैलती गई. आग लगने से 2 दर्जन से ज्यादा टेंट जलकर खाक हो गए थे.  हवा की वजह से आग सेक्टर 19 से 20 तक पहुंच गई थी. ये आग शाम 4 बजे के आसपास लगी थी.

19 जनवरी को शास्त्री ब्रिज के पास लगी आग