राजनीति

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी का जवाब, नितिन नबीन बोले- देशहित के काम को गद्दारी कहना गलत

नई दिल्ली। राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को गद्दार कहने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की प्रतिक्रिया सामने आई है। नितिन नबीन ने कहा कि, राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है।

चरित्र में दिख रही हार की निराशा- नितिन नबीन

नितिन नबीन ने कहा कि, मैं मानता हूं कि भारतीय राजनीति में जहां सुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं मानता हूं कि लगातार हो रही हार, निराशा कहीं न कहीं उनके स्वभाव और चरित्र में दिख रही है।

उन्होंने कहा कि, आज हम भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है। क्या नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है? क्या देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? क्या तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में बढ़ाना गद्दारी है?

अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार- राहुल

दरअसल आज बुधवार (20 मई) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली पहुंचे थे, जहां उन्होंने आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, जो संविधान पर आक्रमण करता है, जो संविधान नष्ट करता है उसे आप क्या कहेंगे? गद्दार कहेंगे। इसलिए मैंने खुलकर कहा है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। उन्होंने देश का धन अडानी अंबानी को बांटा, देश की संस्थाओं को खत्म किया, वोट चोरी कराई। RSS के लोग सुन लें, आपने कहा कि मुझे माफी मांगनी चाहिए, मैं कभी माफी नहीं मागूंगा। मैं फिर कहूंगा कि अमित शाह और नरेंद्र मोदी गद्दार हैं क्योंकि उन्होंने संविधान पर आक्रमण किया।

आर्थिक तूफान को लेकर राहुल ने किया आगाह

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, चुनाव से पहले कहा गया कि पेट्रोल, गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तो अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर बाहर बेचते हैं और उस पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यह सच्चाई है।

राहुल गांधी ने कहा कि, नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। अब आर्थिक तूफान आ रहा है। उन्होंने कहा कि, नरेंद्र मोदी और हिंदुस्तान की सरकार आपको नहीं बचा पाएगी। वे आपसे कहेंगे, रोएंगे और कहेंगे कि मेरी गलती नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है क्योंकि इन्होंने इसे (संविधान) खत्म किया है।